एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी ने सभी टीवी चैनलों पर पूर्व प्रधानमंत्री व पीटीआई प्रमुख इमरान के भाषणों और प्रस कॉन्फ्रेंस के प्रसारण और पुन: प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया है। पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया समूह ने यह जानकारी दी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को इमरान खान द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की मांग की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से न्यायाधीशों का एक आयोग गठित करने की मांग की। इमरान खान ने शरीफ और गृह मंत्री के साथ-साथ एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पर उनकी हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया था। इमरान खान ने अपने ऊपर हमले के एक दिन बाद आरोप लगाया कि तीन व्यक्ति प्रधानमंत्री शहबाज, गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल नसीर - उनकी हत्या के प्रयास के पीछे थे। उन्होंने बंद कमरे में उनकी हत्या की साजिश रची। उन्होंने दावा किया इसका वीडियो भी उनके पास है और अगर उन्हें कुछ होता है तो इसे जारी कर दिया जायेगा। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने अपने खिलाफ अदालती अवमानना मामले की सुनवाई टालने का अनुरोध किया है। इमरान ने अपनी याचिका में कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष मांगा गया जवाब नहीं दे पाएंगे, क्योंकि वह घायल हैं और इलाज करा रहे हैं। इस बीच पाकिस्तानी सेना ने अपने वरिष्ठ अधिकारी पर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा लगाए आरोपों को निराधार करार दिया है। आरोपों को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए सेना ने सरकार से सरकारी प्रतिष्ठान को बदनाम करने वालों के खिलाफ जांच और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केन्या में भयंकर सूखा पड़ गया है। 40 सालों में ऐसा पहली बार है जब केन्या में इतना भयानक सूखा पड़ा है। इसकी वजह से वन्यजीवों पर संकट आ गयी है। बताया जा रहा है कि सूखे का सबसे ज्यादा असर हाथियों और ज़ेबरा पर पड़ा है। सूखे की वजह से मरने वाले वन्यजीवों में बड़ी संख्या ज़ेबरा और फिर हाथियों की है। अबतक 1000 से ज्यादा वन्यजीवों की मौत हो गई है और इसमें 381 सिर्फ ज़ेबरा शामिल हैं। वन्यजीवों में मरने वालों में दूसरी बड़ी संख्या हाथियों की है और बताया गया है कि अबतक 205 हाथियों की मौत हो गयी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मरने वाले अन्य वन्य जीवों में 49 ग्रेवी ज़ेबरा और 51 भैंस शामिल हैं। केन्याई स्टेट एजेंसियों द्वारा किए गए सर्वे में जानकारी दी गई है कि इतनी बड़ी संख्या में जानवरों की मौत पानी की कमी की वजह से हुई है। टूरिज्म, वाइल्डलाइफ और हेरिटेज मंत्रालय द्वारा जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक मांसाहारी जानवर आमतौर पर सूखे से कम प्रभावित होते हैं। हालांकि, मांसाहारी जानवर सूखे के बाद शिकार की कम आबादी की वजह से ज्यादा प्रभावित होते हैं। उन्हें शिकार नहीं मिलने की वजह से अंत में उनकी भूख की वजह से मौत हो जाती है। केन्या के इन क्षेत्रों में हाथियों की 65% आबादी : बताया गया है कि अंबोसेली, सावो और लाईकिपिया-सांबुरु क्षेत्रों में हाथियों की 65 फीसदी आबादी रहती है, जो सूखे से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। यही वजह है कि इन क्षेत्रों में हाथियों की मौत सबसे ज्यादा हुई है। केन्याई टूरिज्म मंत्रालय की रिपोर्ट में बताया गया है कि दिन बीतने के साथ-साथ सूखे की स्थिति और भी बदतर होती जा रही है, जो कि फरवरी और अक्टूबर 2022 के बीच वन्यजीवों की मृत्यु दर में बढ़ोतरी का सबूत है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सबसे ज्यादा प्रभावित इकोसिस्टम को अर्जेंट तौर पर पानी की जरूरत है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। पाकिस्तानी सेना ने एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी को बदनाम करने को लेकर इमरान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की है। वहीं, लाहौर हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर इमरान खान को उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की गई है। पाक सेना ने शुक्रवार को पाक सरकार से आग्रह किया कि वह पीटीआई प्रमुख इमरान खान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करे। खान ने अपनी हत्या के प्रयास में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के शामिल होने का आरोप लगाया है। इसे लेकर इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा, पीटीआई अध्यक्ष द्वारा सेना व खासतौर से एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ निराधार और गैर-जिम्मेदाराना आरोप लगाए हैं। ये बिल्कुल अस्वीकार्य हैं। इसलिए पाक सरकार से आग्रह किया गया है कि वह इमरान खान के आरोपों की जांच करे और सेना व उसके अधिकारियों को बदनाम करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाये। इमरान खान को गुरुवार को पंजाब प्रांत में वजीराबाद में उनके लंबे मार्च के दौरान एक हमलावर ने गोली मारी थी। उन्हें चार गोलियां लगी थीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खान ने उन पर हमले को लेकर आरोप लगाया है कि पीएम शहबाज शरीफ, गृह मंत्री राना सनाउल्लाह और आईएसआई के एक शीर्ष जनरल मेजर जनरल फैसल समेत तीन लोगों के इशारे पर उन पर गोलियां चलाई गईं। खान के आरोपों का खंडन करते हुए, डीजी आईएसपीआर ने एक बयान में कहा कि पाक सेना एक पेशेवर और अनुशासित संगठन है। इसका उसे गर्व है। उसके किसी अधिकारी या कर्मचारी के गैर कानूनी कृत्यों की जांच व न्याय का पूरा तंत्र है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय मेधा का डंका पश्चिमी देशों में खूब बज रहा है। ब्रिटेन में ऋषि सुनक की प्रधानमंत्री के रूप में हालिया ताजपोशी के बाद अब अमेरिका में श्रीराम कृष्णन की धूम है। जो दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क द्वारा ट्विटर का टेकओवर करने की प्रक्रिया के बाद उनकी मदद कर रहे हैं। यह संयोग ही है कि ट्विटर के भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल की जगह अब श्रीराम मस्क के सहयोगी बने हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मस्क ने ट्विटर 44 अरब डॉलर के सौदे में खरीदा है। तो बदलाव की इस मुहिम में अब श्रीराम की बड़ी भूमिका बतायी जा रही है। फिलहाल ट्विटर की प्रशासनिक व्यवस्था में लाये जा रहे बड़े बदलावों के सूत्रधार श्रीराम को बताया जा रहा है। चेन्नई में जन्मे श्रीराम ने ट्विटर पर लिखा भी है कि वे अब एलन मस्क की मदद कर रहे हैं। फिलहाल, श्रीराम एक प्रतिष्ठित इनवेस्टमेंट कंपनी में कार्यरत हैं, जिसका काम स्टार्ट अप्स में बड़ी भूमिका निभाना है। दरअसल, पेशे से इंजीनियर श्रीराम को स्टार्टअप्स में बड़े निवेशक के रूप में पहचान मिली है। वे अमेरिका की कई प्रतिष्ठित कंपनियों व क्रिप्टो करेंसी में निवेश के लिये चर्चित रहे हैं। दरअसल, ट्विटर में काम कर चुके श्रीराम ने अपने कैरियर की शुरूआत 2007 में चर्चित माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के साथ की थी। तमिलनाडु की अन्ना यूनिवर्सिटी के एसआरएम कॉलेज में इंजीनियरिंग करने वाले श्रीकृष्ण ने सिर्फ इक्कीस साल की उम्र में सुनहरे भविष्य का सपना लिये अमेरिका प्रवास किया था। मध्यवर्गीय परिवार में जन्मे श्रीराम के पिता एक बीमा कंपनी में काम करते थे। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वे आरती से मिले और बाद में उन्हें जीवन साथी बनाया। जब श्रीराम ने ट्विटर के साथ काम किया तो कंपनी की विकास दर में बीस फीसदी का इजाफा हुआ था। दरअसल, फेसबुक व स्नैप के साथ काम कर चुके श्रीराम किस्सागोई का शौक भी रखते हैं। वे अपनी पत्नी आरती राममूर्ति के साथ एक चर्चित पॉडकास्ट शो भी चलाते रहे हैं। कहा जा रहा है कि एलन मस्क अपना मुनाफा बढ़ाने के लिये जो नये कदम उठा रहे हैं उसके मूल में श्रीराम का दिमाग काम कर रहा है। कयास लगाया जा रहा है कि फिलहाल ब्लू टिक के बदले फीस व एडिट बटन से नये फीचर्स में बदलाव जैसे फैसलों के पीछे श्रीराम ही हैं। हालांकि, कुछ फैसलों को लेकर अमेरिका में विरोध भी चल रहा है। कहा जा रहा है कि ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को स्थित मुख्यालय में बड़े फैसले श्रीराम के निर्देश पर ही हो रहे हैं। तभी उन्होंने सार्वजनिक घोषणा करके एलन मस्क की मदद करने की बात स्वीकारी थी। दरअसल, इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में बड़े बदलावों को लेकर कयास लगाये जा रहे हैं। कुछ नये फीचर्स के साथ ही सुविधाओं के विस्तार की बात भी की जा रही है। साथ ही ट्वीट संदेश की शब्द सीमा बढ़ाने का भी विचार है। एक बदलाव यह भी होने का कयास है कि ट्विटर अकाउंट उपयोगकर्ता लॉग आउट के बाद भी ट्वीट्स व स्टोरी देख सकेंगे। फिलहाल, एक वेंचर कैपिटल फर्म में सहभागी श्रीराम का कैरियर शानदार रहा है। इससे पहले वर्ष 2013 में वे फेसबुक प्रबंधन से जुड़े थे। तीन साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए आक्रामक व्यापारिक रणनीतियों को अंजाम देने का काम किया। उपभोक्ता मनोविज्ञान पर पकड़ रखने वाले श्रीराम ने कंपनियों को नये बदलावों से बड़े मुनाफे दिलाये। इसके बाद अपने करीब दो साल के कार्यकाल में कोर कंज्यूमर उत्पाद टीम का नेतृत्व करते हुए ट्विटर को बड़ा मुनाफा दिलाया। इसी तरह याहू के साथ भी उनकी पारी उत्साहवर्धक रही। संयोग देखिये कि याहू पर चैटिंग करते हुए ही उनकी मुलाकात आरती राममूर्ति से हुई थी। बाद में वे पढ़ाई के दौरान मिले और फिर विवाह किया। एक बेटी की मां आरती सैन फ्रांसिस्को में परिवार संभालने के साथ ही नेटफ्लिक्स व फेसबुक के साथ भी काम कर चुकी हैं। साथ ही वह अपने एक शो ‘गुड टाइम’ के जरिये सिलिकॉन वैली में खासी सुर्खियां बटोर चुकी हैं। इस शो में अमेरिका के नामी उद्योगपति व तकनीकी कंपनियों के दिग्गज मेहमान बन चुके हैं जिनमें मार्क जुकरबर्ग व एलन मस्क जैसे दिग्गज भी शामिल हैं। बहरहाल, श्रीराम ट्विटर के नये मालिक एलन मस्क के मार्गदर्शक बनकर खूब चर्चा में हैं। बदलाव कर रही टीम का नेतृत्व करने पर कयास लगाये जा रहे हैं कि वे कंपनी के नये सीईओ बन सकते हैं। कहा तो यह भी जाता है कि दुनिया के सबसे धनी बहुआयामी उद्यमी एलन मस्क श्रीराम के मित्र हैं। उम्मीद लगाई जा रही है कि बेहद रचनात्मक सोच रखने वाले मस्क ट्विटर को दुनिया में प्रभावकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बना सकते हैं।
एबीएन सेंटल डेस्क। इजराइल के प्रधानमंत्री याइर लापिड ने बृहस्पतिवार को चुनाव में हार स्वीकार कर ली और विपक्षी नेता बेंजामिन नेतन्याहू को फोन कर चुनावी जीत पर बधाई दी। नेतन्याहू के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी दलों के गठबंधन ने संसद में बहुमत हासिल कर लिया है। नेतन्याहू-नीत दक्षिणपंथी गुट ने 120-सदस्यीय संसद में 64 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर लिया। लापिड ने नेतन्याहू से कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय के सभी विभागों को सत्ता के व्यवस्थित हस्तांतरण की तैयारी करने के निर्देश दिये हैं। लापिड ने ट्वीट किया, इजराइल की संकल्पना किसी भी राजनीतिक विचार से ऊपर है। मैं नेतन्याहू को इजराइल और यहां के लोगों के लिए शुभकामनाएं देता हूं। इजराइल के लोगों ने देश में राजनीतिक गतिरोध को तोड़ने के लिए मंगलवार को चार साल में अभूतपूर्व पांचवीं बार मतदान किया। केंद्रीय निर्वाचन समिति के ताजा आंकड़ों के अनुसार, नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को 31 सीट, प्रधानमंत्री याइर लापिड की येश अतीद को 24, रिलीजियस जियोनिज्म को 14, नेशनल यूनिटी को 12, शास को 11 और यूनाइटेड टोरा जुदाइस्म को आठ सीटें प्राप्त होंगी। इजराइल में वर्षों तक नेतन्याहू राजनीतिक रूप से अजेय प्रतीत हो रहे थे, लेकिन 2021 में पार्टियों के एक अभूतपूर्व गठबंधन द्वारा सत्ता से बाहर किए जाने के बाद उन्हें एक करारा झटका लगा था। इस गठबंधन का एकमात्र लक्ष्य उन्हें सत्ता से बाहर करना था। इजराइल में 2019 में 73 वर्षीय नेतन्याहू पर रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी एवं विश्वासघात के आरोप लगने के बाद से राजनीतिक गतिरोध चला आ रहा है। नेतन्याहू इजराइल के सर्वाधिक समय तक प्रधानमंत्री रहे हैं, जिन्होंने लगातार 12 वर्षों तक और कुल मिलाकर 15 साल तक देश पर शासन किया। उन्हें पिछले साल सत्ता से हटना पड़ा था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। फेसबुक इंडिया के हेड अजीत मोहन ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, मेटा प्लेटफॉर्म्स ने आज घोषणा की है कि उसके इंडिया हेड अजीत मोहन ने एक और अवसर तलाशने के लिए पद छोड़ दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहन अब प्रतिद्वंद्वी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैप से जुड़ने जा रहे हैं। मेटा में ग्लोबल बिजनेस ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट निकोला मेंडेलसोहन ने एक बयान में कहा, अजीत ने कंपनी के बाहर एक और अवसर तलाशने के लिए मेटा में अपनी भूमिका से हटने का फैसला किया है। अजीत मोहन जनवरी 2019 में मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में फेसबुक इंडिया में शामिल हुए थे। उनके कार्यकाल के दौरान, कंपनी के दो प्रोडक्ट- व्हाट्सएप्प और इंस्टाग्राम ने भारत में 200 मिलियन से अधिक यूजर्स जोड़े। मेटा से पहले, मोहन ने चार साल तक स्टार इंडिया की वीडियो स्ट्रीमिंग सर्विस हॉटस्टार के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के रूप में काम कर चुके हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर फायरिंग हुई है। उनको पैर में गोली लगी है और उन्हें लाहौर ले जाया जा रहा है। इमरान खान के कंटेनर पर फायरिंग की गई गई है। इसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है। पाकिस्तान के वजीराबाद में घुसने पर उन पर फायरिंग हुई है। इमरान खान लॉन्ग मार्च निकाल रहे हैं। उसी के दौरान उन पर ये हमला हुआ है। उनकी पार्टी पीटीआई के लॉन्ग मार्च की रविवार तक इस्लामाबद पहुंचने की योजना है। हालांकि पीटीआई नेता अजहर मशवानी ने कहा है कि इमरान खान सुरक्षित हैं जबकि अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फायरिंग में कई पीटीआई नेता घायल हुए हैं। सिंध के पूर्व गर्वनर भी घायल हुए हैं। मौके पर अफरा-तफरी मची हुई है। जैसे ही फायरिंग हुई उन्हें गाड़ी में बैठाया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें गंभीर चोट लगी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सऊदी अरब पर ईरान के हमले की आशंका के बीच ईरान की ऐतिहासिक जामकरन मस्जिद पर एक बार फिर लाल झंडा फहराया गया है। कहा जाता है कि ईरान में इस लाल झंडे का साफ मतलब है जंग का ऐलान। इससे पहले साल 2020 में जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या के बाद ईरान ने जामकरन मस्जिद पर लाल झंडा फहराते हुए अमेरिका के खिलाफ जंग का ऐलान किया था। 3 साल के अंदर ये दूसरा मौका है जब ईरान ने खुलेआम जंग का ऐलान किया है। बता दें कि सऊदी अरब ने अमेरिका के साथ खुफिया जानकारी साझा की है जिसमें कहा गया है कि ईरान सऊदी में कई जगहों पर हमला कर सकता है। इस जानकारी के सामने आते ही खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सऊदी और अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse