वर्ल्ड

View All
Published / 2022-11-18 20:31:28
ट्विटर की ‘ब्लूटिक सब्सक्रिप्शन सेवा’ 29 को फिर से होगी बहाल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने कहा है कि ट्विटर की आठ अमेरिकी डॉलर वाली ब्लूटिक सब्सक्रिप्शन सेवा 29 नवंबर को फिर शुरू होगी। ट्विटर पर 27 अक्तूबर को मस्क के नियंत्रण से पहले ब्लूटिक मशहूर हस्तियों, सरकार से जुड़े लोगों, पत्रकारों और अन्य हस्तियों को दिया जाता था। इसके लिए पहले प्रोफाइल को सत्यापित किया जाता था। ट्विटर ने 6 नवंबर को कहा कि कोई भी 8 डॉलर देकर ब्लूटिक ले सकता है। बताया गया कि कंपनी ने आय बढ़ाने के उपायों के तहत ऐसा किया। हालांकि, इस फैसले से फर्जी खाते बढ़ गये, जिसके बाद ट्विटर को अस्थायी रूप से इस सेवा को रोकना पड़ा।

Published / 2022-11-16 17:48:37
पोलैंड में रूसी मिसाइल नाटो एक्टिव, आर्टिकिल 4 और 5 से तय होगी एंट्री

एबीएन सेंट्रल डेस्क। इस साल 24 फरवरी को यूक्रेन में रूसी आक्रमण शुरू होने के बाद कई बार ऐसे मौके बने, जब दुनिया को विश्व युद्ध होने या फिर युद्ध में परमाणु बम का इस्तेमाल होने की आशंका महसूस हुई, लेकिन पहली बार यूक्रेन युद्ध में नाटो के देश आ चुके हैं। जब उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के एक सदस्य देश, पोलैंड में मंगलवार को एक विस्फोट हुआ, जिसके बारे में पोलैंड विदेश मंत्रालय ने कहा कि, रूसी मिसाइल गिरने की वजह से ऐसा हुआ है।  
पोलैंड में रूसी मिसाइल गिरने की वजह से दो लोगों की मौत हो गई है और रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना यूक्रेनी सीमा से लगभग 6 किमी दूर प्रेवोडोव में हुई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों ने दमकलकर्मियों का हवाला देते हुए कहा गया है, कि पोलैंड में रूसी मिसाइल गिरा है, जो नाटो का हिस्सा है। विस्फोट के बाद पोलैंड ने अपनी सेना को सतर्क कर दिया है और तत्काल विस्तृत स्पष्टीकरण प्रदान करने के लिए रूसी दूत को भी तलब किया है।  
वहीं, रूस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक के बाद वारसॉ की बात भी शुरू हो गई है। समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि, पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा ने अपने अमेरिकी समकक्ष जो बाइडेन के साथ बातचीत की है और व्हाइट हाउस ने कहा है कि, वाशिंगटन और वारसॉ अगला कदम क्या होगा, इसके लिए साथ मिलकर काम करेंगे। फिर भी राष्ट्रपति डूडा, पोलैड में गिरे रूसी मिसाइल को लेकर सतर्क हैं। उन्होंने कहा कि, मिसाइल किसने दागी है, इसका फिलहाल कोई ठोस सबूत नहीं है। 
उन्होंने कहा कि, फिलहाल हमारे पास इस बात के स्पष्ट सबूत नहीं हैं कि मिसाइल किसने दागी। जांच चल रही है। यह संभवत, रूस निर्मित था। रूस ने इस बात से इंकार किया है, कि उसकी मिसाइलों ने पोलैंड को निशाना बनाया। रूसी रक्षा मंत्री ने टेलीग्राम पर एक बयान में कहा कि पोलैंड की मीडिया और पोलैंड के अधिकारियों का ये बयान, कि उन्होंने रूसी मिसाइल को पोलैंड के क्षेत्र में मार गिराया है, ये बयान जानबूझकर उकसाने वाले हैं। लेकिन, चूंकी पोलैंड नाटो का हिस्सा है, लिहाजा अब युद्ध में नाटो की एंट्री हो सकती है और फिलहाल नाटो संगठन के ज्यादातर नेता इंडोनेशिया के बाली में जी-7 शिखर सम्मेलन में मौजूद हैं।  
नाटो संगठन के आर्टिकिल 4 के आधार पर, पोलैंड के अनुरोध पर नाटो प्रमुख जेन्स स्टोलेनबर्ग के बेल्जियम के ब्रसेल्स बुधवार को एक आपात बैठक की अध्यक्षता करने की उम्मीद है।  पोलैंड में हुए धमाके के बाद इंडोनेशिया में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन से अलग अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने नाटो के नेताओं के साथ एक आपातकालीन बैठक की है। बैठक उनके होटल के एक बॉलरूम में एक बड़ी गोल मेज पर हुई है, जिसमें कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, यूके के पीएम ऋषि सुनक, जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज, इतालवी पीएम जियोर्जिया मेलोनी और यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उसुर्ला वॉन डेर लेयेन की उपस्थिति देखी गई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन भी इस आपात बैठक में मौजूद थे, जिसके पास अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा है।

Published / 2022-11-14 12:46:38
तुर्की : राजधानी में बम धमाका, 6 की मौत, 53 गंभीर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने इस्तांबुल के लोकप्रिय इस्तिकलाल एवेन्य पर रविवार को हुए एक भीषण विस्फोट को हमला करार दिया और कहा कि घटना में छह लोगों की मौत हुई है तथा 53 जख्मी हुए हैं। इस्तिकलाल एवेन्य में हुए विस्फोट की वजह फौरन साफ नहीं हो सकी है। सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू की खबर के मुताबिक, विस्फोट की जांच करने का जिम्मा पांच अभियोजकों को दिया गया है।

ऑनलाइन पोस्ट की गई वीडियो में दिख रहा है कि आग की लपटें निकल रही हैं और फिर जोर का धमाका हुआ, राहगीर मुड़े और भागने लगे। अन्य फुटेज में दिख रहा है कि एम्बुलेंस, दमकल की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि इलाके में दुकानों को बंद कर दिया गया है। तुर्किये की मीडिया निगरानी संस्था ने विस्फोट की रिपोर्टिंग पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है।

इस कदम से प्रसारक विस्फोट के दौरान और उसके बाद के वीडियो नहीं दिखा पायेंगे। रेडियो एवं टेलीविजन की सर्वोच्च परिषद ने पहले भी हमलों और दुर्घटनाओं के बाद इस तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। इस्तांबुल के गवर्नर अली येरलीकाया ने ट्विटर पर कहा कि घायलों का इलाज किया जा रहा है। तुर्की में 2015 से 2017 के बीच कई बार विस्फोट हुए थे जिनका संबंध इस्लामिक स्टेट और गैर कानूनी कुर्दिश समूहों से था। 

Published / 2022-11-11 22:29:54
चीन से फिर खतरा... लगातार बढ़ रहा कोरोना, बीजिंग में पार्क बंद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन में कोविड-19 की नयी लहर के बीच राजधानी बीजिंग में सिटी पार्क को बंद कर दिया गया है और अन्य पाबंदियां लगा दी गई हैं। इसके अलावा, दक्षिणी शहर गुआंगझू एवं पश्चिमी मेगासिटी चोंगकिंग में 50 लाख से अधिक लोग शुक्रवार को लॉकडाउन में रहे। देश में शुक्रवार को कोविड-19 के 10,729 मामले दर्ज किये गये। इनमें से लगभग सभी लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि उनमें संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है। बीजिंग के 2.1 करोड़ लोगों की दैनिक जांच के साथ इस बड़े शहर में 118 और नए मामले दर्ज किये गये। शहर के कई स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो गई है, अस्पतालों ने सेवाओं को सीमित कर दिया है और कुछ दुकानें एवं रेस्टोरेंट बंद हैं तथा उनके कर्मचारी पृथक-वास में हैं। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कुछ इलाकों में लोग प्रदर्शन करते और पुलिस एवं स्वास्थ्य कर्मियों से लड़ते दिख रहे हैं। चीन के नेताओं ने बृहस्पतिवार को देश के शून्य-कोविड-19 नीति को लेकर लोगों की नाराजगी पर जवाब देने का वादा किया था। इस नीति के कारण लाखों लोगों को अपने-अपने घरों में बंद होना पड़ता है तथा इससे अर्थव्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ता है।

Published / 2022-11-11 15:42:58
अमेरिकी वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने स्वीकारा : भारत दुनिया की सबसे तेज अर्थव्यवस्था में से एक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत यात्रा पर आईं अमेरिकी वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने कहा है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उत्तर प्रदेश के नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही। येलेन ने कहा कि अमेरिकी वित्त मंत्री के रूप में मेरी यह पहली भारत यात्रा है। मुझे यहां आकर खुशी हो रही है, क्योंकि भारत अपनी आजादी के 75वें वर्ष का जश्न मना रहा है और जी-20 का अध्यक्ष बनने की तैयारी कर रहा है। जैसा कि राष्ट्रपति बाइडन ने कहा है कि भारत अमेरिका के अटल भागीदारों में से एक है। अमेरिकी वित्त मंत्री ने माना कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। हम महामारी के प्रभाव से निपट रहे हैं और यूक्रेन में रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बर्बर युद्ध से पैदा हुए हालातों के व्यापक आर्थिक तंगी का भी सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत व अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार पिछले साल सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। हमें उम्मीद है कि यह और बढ़ेगा। हमारे लोग व कंपनियां दैनिक आधार पर एक दूसरे पर निर्भर हैं। भारत संवाद के लिए व्हाट्सएप का लगातार उपयोग करता है। कई अमेरिकी कंपनियां इंफोसिस से कामकाज पर यकीन करती हैं। भारतीय मूल के प्रतिभावान लोग गूगल, माइक्रोसॉफ्ट व अन्य बड़ी अमेरिकी कंपनियों के उच्च पदों पर आसीन हैं। अमेरिकी वित्त मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र जनता की भलाई करता है और विश्व अर्थव्यवस्था का पथ भारत व अमेरिका द्वारा मिलकर किए जाने वालों कामों से तय होगा। यह बात भारत-प्रशांत क्षेत्र की समृद्धि और सुरक्षा के लिए भी सच है। भारत-अमेरिकी रिश्ते लगातार बढ़ते रहेंगे।

Published / 2022-11-11 15:34:07
मेक्सिको : बार में अंधाधुंध फायरिंग से नौ की मौत, दो घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। सेंट्रल मेक्सिकन स्टेट गुआनाजुआतो के एक बार में हुई गोलीबारी में 9 लोगों की मौत हो गई और 2 घायल बताये जा रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि एक सशस्त्र समूह बुधवार रात 9 बजे स्थानीय समयानुसार सेलेया के बाहर अपासियो एल आल्टो शहर में बार में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर गोलियां चला दीं। गुआनाजुआतो स्टेट पुलिस के मुताबिक गोलीबारी की इस घटना में 5 पुरुष और 4 महिलाएं मारी गईं। वहीं, 2 अन्य महिलाएं घायल बतायी जा रही हैं। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि, हमलावरों की अभी तक पहचान नहीं हो पायी है। वहीं, इस घटना के बाद राज्य और संघीय अधिकारियों की इकाइयों के साथ-साथ नेशनल गार्ड को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। वहीं, अपराधियों ने इस घटना के बाद एक पोस्टर भी छोड़े हैं। लेकिन पुलिस अबतक अपराधियों की पहचान नहीं कर सकी है। मीडिया रिपोर्ट के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात स्थानीय समयानुसार करीब 9 बजे हथियारों से लैस एक समूह बार में पहुंचा था। जहां गिरोह के कुछ अपराधियों ने गोलियां चलाई और एक धमकी भरे पर्चे भी छोड़े। इससे पहले मेक्सिको में स्थित मैक्सिकन सिटी हॉल में हुई सामूहिक गोलीबारी में कम से कम 18 लोगों के मारे गये थे। मारे गये लोगों में मेयर कॉनराडो मेंडोजा, मेयर के पिता और पूर्व मेयर जुआन मेंडोजा और नगरपालिका के पुलिस अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा रिपोर्ट में कहा गया था कि बंदूकधारी ने सड़क पर जाकर बसों और अन्य वाहनों में आग लगा दी। सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये एक वीडियो में आपराधिक समूह लॉस टकीलेरोस ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। मेक्सिको में आए दिन गोलीबारी की घटनाएं होती रहती हैं। यहां अक्सर गैंगवार होते रहते हैं। इस बार भी जो गोलीबारी हुई है, उसे भी गैंगवार ही बताया जा रहा है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

Published / 2022-11-10 10:29:29
ब्रिटेन : किंग चार्ल्स और कैमिला पर अंडा फेंकनेवाला गिरफ्तार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ब्रिटेन के किंग चार्ल्स और उनकी पत्नी क्वीन कैमिला की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। यह हादसा उस समय हुआ जब एक पारंपरिक समारोह में पहुंचने के बाद एक युवक ने दोनों लोगों पर अंडा फेंका। हालांकि इस घटना से दोनों बेफिक्र नजर आए। नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे। समारोह में किंग चार्ल्स ने मां को श्रद्धांजलि भी दी थी और महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का अनुसरण करने की बात कही थी। इस मौके पर किंग चार्ल्स के साथ उनकी पत्नी क्वीन कंसर्ट कैमिला और उनके बेटे और उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम व नये प्रिंस आफ वाल्स भी मौजूद रहे थे।

Published / 2022-11-09 22:54:23
मेटा से हटाये जायेंगे 11,000 कर्मचारी, जकरबर्ग बोले- यह बड़ा कठिन फैसला...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा ने अपने 11,000 कर्मचारियों को बाहर निकालने का फैसला लिया है। इसकी जानकारी देते हुए मेटा के सीईओ और फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग ने कहा है कि यह मेटा के इतिहास में किए गए बदलावों में यह सबसे कठिन बदलाव है। बता दें कि एक दिन पहले बुधवार को मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों से सोमवार को बातचीत की। बातचीत में उन्होंने मेटा में होने जा रही छंटनी को कन्फर्म कर दिया था। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को बताया कि बुधवार सुबह से कंपनी में छंटनी की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। एक डाउनकास्ट मीटिंग के दौरान उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से उठाये गये गलत कदमों के लिए वे जिम्मेदार है। कंपनी के विकास के लिए उनके अति आशावादी दृष्टिकोण के कारण उन्होंने जरूरत से अधिक कर्मचारी भर्ती किये। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार जकरबर्ग के साथ मीटिंग में शामिल एक कर्मी ने इस बात की पुष्टि की है। खबरों के अनुसार आज यानी बुधवार से मेटा में हजारों कर्मचारियों की छंटनी शुरू हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार जिन कर्मचारियों की छंटनी की जानी है, उन्हें कम से कम चार महीने का वेतन मिलेगा। जकरबर्ग ने छंटनी का सामना करने वालों में भर्ती और व्यावसायिक टीम के सदस्यों के होने का उल्लेख किया है। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार छंटनी योजना की आंतरिक घोषणा बुधवार सुबह करीब 6 बजे होने की आशंका है। बैठक से परिचित लोगों के अनुसार मेटा के मानव संसाधन प्रमुख लोरी गोलर ने समूह को बताया कि जो कर्मचारी अपनी नौकरी खो देंगे, उन्हें कम से कम चार महीने का वेतन दिया जायेगा।

Page 50 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse