एबीएन सेंट्रल डेस्क। काठमांडू, नेपाल में रविवार को हुए संसदीय और प्रांतीय चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गये हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा अपने गृह जिले धनकुटा से लगातार सातवीं बार निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने ऐसा करने का रिकार्ड दर्ज किया है।
कार्यवाहक सरकार के प्रधानमंत्री को 25 हजार 534 मत मिले और उन्होंने प्रतिनिधि सभा के सदस्य पद के लिए 13 हजार 42 वोट हासिल करने वाले अपने प्रतिद्वंद्वी सागर ढकाल को हराया। साल 2015 में संविधान की घोषणा के बाद से यह दूसरा आम चुनाव है।
नेपाल के चुनाव आयोग के अनुसार 20 नवंबर को हुए संसदीय और प्रांतीय चुनाव में लगभग 61 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। मुख्य चुनाव आयुक्त दिनेश कुमार थपलिया ने कहा था कि यह मतदान प्रतिशत चुनाव आयोग की अपेक्षा से कम है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। तुर्की में लोग बुधवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से दहशत में आ गये। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक सुबह 6 बजकर 38 मिनट पर अंकारा से 186 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में भूकंप आया। भूकंप की गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे थी। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.0 आंकी गई है।
तुर्की सरकार के आपदा और आपातकालीन प्रबंधन प्रेसीडेंसी के मुताबिक भूकंप का केंद्र इस्तांबुल से करीब 200 किलोमीटर पूर्व में डुजसे प्रांत के गोलकाया शहर में था। झटके तुर्की के दो बड़े शहर इस्तांबुल और राजधानी अंकारा में भी महसूस किया गया। ड्यूज के मेयर फारूक ओजलू ने कहा है कि भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इलाके की बिजली भी काट दी गयी।
मेयर फारूक ओजलू ने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं हैं लेकिन अधिकारी संभावित नुकसान का आकलन कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि तुर्की के शहर दूजहे में वर्ष 1999 में एक शक्तिशाली भूकंप आया था। इसमें लगभग 800 लोगों की जान चली गयी थी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका ने तीन दिन में दूसरी बार भारत की प्रशंसा की है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कारीन जीन-पियरे ने भारत के साथ संबंधों को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि हम भारत के साथ संबंधों का सम्मान करते हैं।
कारीन जीन-पियरे ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच बहुत ही महत्वपूर्ण संबंध है। आपने राष्ट्रपति को पिछले हफ्ते बाली में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अभिवादन और मुलाकात करते देखा। यह स्पष्ट रूप से यह एक महत्वपूर्ण संबंध है। इसका हम वास्तव में सम्मान करते हैं।
इससे पहले, कारीन जीन-पियरे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए की गई टिप्पणी (आज का युग युद्ध का नहीं है) को जी-20 संयुक्त घोषणा में जोड़ने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भूमिका की सराहना कर चुकी हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन में आग लगने से एक कारखाना तबाह हो गया। आग की लपटों से झुलसे 36 लोगों की मौके पर मौत हो गई। यह हादसा सोमवार दोपहर हुआ। कारखाना (कैक्सिंडा ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड) हेनान प्रांत के वेनफेंग जिले के आन्यांग शहर में हैं। यह जानकारी सरकारी मीडिया ने मंगलवार सुबह दी।
सरकारी मीडिया के मुताबिक दो लोग अब भी लापता हैं। साथ ही दो लोग मामूली रूप से झुलस गये हैं। सूचना मिलते ही पहुंचे दमकल के 63 वाहनों को रात 8 बजे तक आग पर नियंत्रण करने में सफलता मिली।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान डेनिस अलीपोव ने भारत के साथ संबंध को लेकर बहुत बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत में एक लोकप्रिय कहावत है, दोस्ती से ज्यादा कुछ नहीं होता...।
भारत और रूस के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली में रूसी संस्कृति उत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर भारतीय अधिकारियों के साथ रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव भी मौजूद थे। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान डेनिस अलीपोव ने भारत के साथ संबंध को लेकर बहुत बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज की रात बहुत खास है; क्योंकि कोरोना महामारी के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विराम लग गया था, जो फिर से शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में एक लोकप्रिय कहावत है, दोस्ती से ज्यादा कुछ नहीं होता...। रूस-भारत रणनीतिक साझेदारी के भरोसेमंद और मैत्रीपूर्ण चरित्र दुनिया भर के देशों के लिए एक सटिक उदाहरण है।
कोरोना महामारी से उबरने के बाद कार्यक्रम
रूसी राजदूत ने कहा कि कोरोना महामारी के उबरने के बाद आज रात हम रूस और भारत के पारस्परिक सांस्कृतिक उत्सवों की अद्भुत परंपरा को फिर से शुरू कर रहे हैं। रूस-भारत राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ पर यह हमारे देशों के बीच समृद्ध और विविध सांस्कृतिक बंधनों, ऐतिहासिक मित्रता, आपसी हित और विश्वास का एक बहुत ही ज्वलंत उदाहरण होगा।
दिल्ली के अलावा मुंबई और कोलकाता में भी मनाया जायेगा उत्सव
रूसी राजदूत ने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक सप्ताह तक उत्सव चलेगा। नई दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में लोग आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह उत्सव रूस और भारत के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ की सबसे रंगीन प्रदर्शन होगी, जिसे हम इस वर्ष मना रहे हैं। भारत में एक लोकप्रिय कहावत है दोस्ती से ज्यादा कुछ नहीं होता...।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सोलोमन द्वीप में मंगलवार को 7.0 की तीव्रता का भूकंप आया। चश्मदीदों ने बताया कि झटके से टेलीविजन और अन्य सामान जमीन पर गिर गये। समाचार एजेंसी ने बताया कि भूकंप मंगलवार सुबह 7 बजकर 33 मिनट पर आया। सोलोमन द्वीप पर आए भूकंप से संबंधित और जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, भूकंप के बाद तट पर सुनामी अलर्ट जारी कर दिये गये हैं।
खबर के मुताबिक मलंगो में भूकंप के जोरदार झटके लगे हैं। भूकंप के झटके सुबह सोलोमन द्वीप पर महसूस किये गये हैं। इलाके में भूकंप के जोरदार झटके लगे। फिलहाल किसी तरह के जानमाल की हानि की खबर नहीं है। सोलोमन तट के एक क्षेत्र में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में सोमवार को भूकंप आया, जिससे दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और लोगों को अपनी जान बचाने के लिए सड़कों और गलियों में खड़े होना पड़ा। सरकारी अधिकारियों से मिली सूचना के अनुसार भूकंप में कम से कम 46 लोगों की जान चली गयी और 700 के करीब लोग घायल हैं।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने कहा कि 5.6 तीव्रता का भूकंप पश्चिम जावा प्रांत के सियांजुर क्षेत्र में 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई में केंद्रित था। सियांजुर जिला स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि घरों सहित दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत के सियानजुर में भूकंप के बाद नगर पालिका अधिकारी अपने घायल सहयोगी को इमारत से बाहर निकालते हुए।
दक्षिण जकार्ता में एक कर्मचारी विडी प्रिमाधनिया ने कहा, भूकंप बहुत तेज महसूस हुआ। मेरे सहयोगियों और मैंने नौवीं मंजिल पर आपातकालीन सीढ़ियों के साथ हमारे कार्यालय से बाहर निकलने का फैसला किया। विशाल द्वीपसमूह राष्ट्र में अक्सर भूकंप आते हैं, लेकिन जकार्ता में उन्हें महसूस करना असामान्य है। इंडोनेशिया, 27 करोड़ से अधिक लोगों का एक विशाल द्वीपसमूह भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और सूनामी से अक्सर प्रभावित होता रहता है।
मालूम हो, इस साल फरवरी में, पश्चिम सुमात्रा प्रांत में 6.2 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई थी और 460 से अधिक घायल हो हुए थे। जनवरी 2021 में, पश्चिम सुलावेसी प्रांत में 6.2 तीव्रता के भूकंप से 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 6,500 लोग घायल हो गए थे। 2004 में हिंद महासागर में आए एक शक्तिशाली भूकंप और सूनामी ने एक दर्जन देशों में लगभग 230,000 लोगों की जान ली थी , जिनमें से अधिकांश इंडोनेशिया में थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। नौ माह से जारी रूस और यूक्रेन के बीच जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच, अपने देश की तबाही की दास्तां बयां करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि नौ माहों में रूस ने 4700 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं। इन हमलों में सैकड़ों शहर बर्बाद हो गये हैं।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रविवार को जारी वीडियो संबोधन में कहा कि यूक्रेन पर हमले के लिए रूस मिसाइलों का जमकर उपयोग कर रहा है। रूस ने यूक्रेन पर इसी साल 24 फरवरी को हमला बोला था। बीते करीब 270 दिनों में रूस ने यूक्रेन पर 4,700 से ज्यादा प्रक्षेपास्त्र दागकर उसे एक खंडहर देश में तब्दील कर दिया है। जंग में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है।
हजारों मारे गये, 30 लाख से ज्यादा विस्थापित
रूसी हमलों में यूक्रेन के सैकड़ों शहर बर्बाद हो गए। सैकड़ों लोगों समेत हजारों लोगों की मौत हुई है। यूक्रेन के 30 लाख से ज्यादा लोग विस्थापित होकर पड़ोसी देशों में शरण लेने को मजबूर हुए हैं। जहां रूस ने कब्जा कर लिया है, वहां से लोगों को भी जबर्दस्ती रूस भेजा गया। जो इसके लिए तैयार नहीं हुए, उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया।
कड़ाके की ठंड में बिजली गुल, लाखों लोग प्रभावित
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने दुनिया को अपने देश की हालत बताते हुए अपने संदेश में कहा कि रूस के हमलों की वजह से देश के करीब 20 लाख लोग बिना बिजली के जीवन जीने को मजबूर हैं। रूसी हमलों में यूक्रेन की बिजली व संचार आपूर्ति पर भी बुरा असर पड़ा है। बिजली आपूर्ति ठप होने से कड़ाके की ठंड में लोगों को बगैर बिजली रहना पड़ रहा है। रूसी खतरे के कारण यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्रों के दो रिएक्टर बंद कर दिए गए हैं। जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमलों से यूक्रेन का आधे से अधिक बिजली क्षेत्र तबाह हो चुका है। तापमान लगातार गिर रहा है और लोगों की मुसीबतें बढ़ रही हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse