वर्ल्ड

View All
Published / 2021-12-31 15:23:57
ऑस्ट्रेलिया में ओमिक्रॉन का कहर : एक दिन में आये 32 हजार से अधिक मामले

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ऑस्ट्रेलिया में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन की वजह से एक बार फिर संक्रमण के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। देश में कुछ दिन पहले 24 घंटे में आने वाले मामलों की संख्या पहली बार 10 हजार के पार गई थी लेकिन शुक्रवार को यह संख्या उस रिकॉर्ड को भी तोड़कर 32 हजार से अधिक तक पहुंच गई। विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण के मामले बढ़ने की वजह अपेक्षाकृत अधिक संक्रामक ओमीक्रोन स्वरूप और सिडनी और अन्य इलाकों में पांबदियों में दी गई ढील है। अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण के 15 हजार से अधिक मामले सिडनी में आए हैं जबकि पांच हजार मामले न्यू साउथ वेल्स राज्य के अन्य हिस्सों में आए हैं। विक्टोरिया राज्य में करीब छह हजार मामले आए हैं जहां पर देश का दूसरा सबसे बड़ा राज्य मेलबर्न है। संक्रमण के मामलों में वृद्धि की वजह से अस्पताल भर्ती होने वालों और मरने वालों की भी संख्या बढ़ रही है। हालांकि यह स्थिति महामारी की पिछली लहर के स्तर पर नहीं पहुंची है। इसलिए सिडनी के मशहूर हार्बर ब्रिज और ओपेरा हाउस सहित कई शहरों में नववर्ष की शुरुआत आतिशबाजी से करने की योजना पूर्ववत है। बहरहाल, अधिकारियों का मानना है कि इन आयोजनों में महामारी पूर्व के मुकाबले कम भीड़ जुटेगी। महामारी से पूर्व सिडनी में करीब 10 लाख लोगों की भीड़ नववर्ष मनाने के लिए जुटती थी।

Published / 2021-12-31 13:06:24
नया साल : न्यूजीलैंड में जोरदार स्वागत, ऑकलैंड में भी जबरदस्त आतिशबाजी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। साल 2021 का आज आखिरी दिन है। इसी के साथ दुनियाभर में नए साल के स्वागत की तैयारी जोर-शोर से हो रही है। न्यूजीलैंड में नए साल का आगमन हो गया और इसका जोरदार तरीके से स्वागत किया गया। मौके पर ऑकलैंड में आतिशबाजी की गई जो देखने लायक थी। अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण न्यूजीलैंड नए साल का स्वागत करने वाले दुनिया के पहले देशों में सेए एक है। यहां नया साल दूसरे देशों से पहले मनाया जाता है। न्यूजीलैंड में नए साल और उससे अगले दिन सार्वजनिक अवकाश रहता है।

Published / 2021-12-31 03:26:01
रूस ने तालिबान को मान्यता देने किया इंकार

एबीएन डेस्क। रूस ने गुरूवार को कहा की अफगानिस्तन में तालिबान शासन को अभी मान्यता देने का सवाल ही नहीं उठता है। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा कि रूस को तालिबान की ओर से मॉस्को में दूत भेजने की कोई अधिसूचना प्राप्त नहीं हुई है। ज़खोरोवा ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अंतरिम सरकार की मान्यता पर अफगानिस्तान के अधिकारियों के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि तालिबान से कहा गया है कि काबुल में एक वैध सरकार होनी चाहिए। देश में आतंकवादी और चरमपंथी मुद्दों को सुलझाया जाना चाहिए। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए प्रभावी उपाय और शासन को मानवाधिकारों में विश्वास होना चाहिए।

Published / 2021-12-30 03:54:31
जिम्बाब्वे में त्योहारी मौसम में सड़क हादसों में 77 लोगों की मौत

एबीएन डेस्क। जिम्बाब्वे में 15 से 27 दिसंबर के बीच हुए 1,295 सड़क हादसों में कम से कम 77 लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पिछले वर्ष इसी दौरान 1,216 दुर्घटनाओं में 66 लोगों की मौत हुई थी। पुलिस प्रवक्ता पॉल न्याथी ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि क्रिसमस के दिन 10 भीषड़ सड़क दुर्घटओं में 13 लोगों की मौत हुई। एक ही दिन में कुल 91 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिसमें 59 लोग घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि 26 दिसंबर को सड़क दुर्घटाओं में 12 लोगों की मौत हुई और 25 लोग घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं राजमार्गों पर तेज गति, असावधानी, गलत निर्णय और लापरवाही के कारण हुई। उन्होंने कहा, जिम्बाब्वे पुलिस चालकों को सतर्क रहने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने का आग्रह करती है। हम चालकों याद दिलाते हैं कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है जिसमें सभी वाहन चालकों के सहयोग की आवश्यकता है।

Published / 2021-12-30 03:23:13
ओमीक्रोन, डेल्टा के मिलने से संक्रमण के मामलों की सुनामी आने की जताई आशंका : डब्ल्यूएचओ

एबीएन डेस्क। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने कहा कि वह कोविड-19 के ओमीक्रोन और डेल्टा स्वरूपों के मिलने से संक्रमण के मामलों की सुनामी आने की आशंका को लेकर चिंतित है, लेकिन उम्मीद जताई कि दुनिया अगले साल में इस महामारी को पछाड़ देगी। कोरोना वायरस सबसे पहले सामने आने के लगभग दो साल बाद संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी के शीर्ष अधिकारियों ने आगाह किया कि वायरस के सबसे नए स्वरूप ओमीक्रोन से हल्के-फुल्के लक्षण वाला संक्रमण होने की ओर इशारा करने वाले शुरुआती आंकड़ों को पूरी तरह मान लेना अभी जल्दबाजी होगी। दक्षिण अफ्रीका में पिछले महीने सबसे पहले सामने आए वायरस के इस स्वरूप का संक्रमण अमेरिका और यूरोप के हिस्सों में फैलता जा रहा है। डब्ल्यूएचओ के 194 सदस्य देशों में से 92 देश इस साल के अंत तक अपनी 40 प्रतिशत आबादी का टीकाकरण कराने के लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाए हैं जिसके बाद इसके महानिदेशक टेड्रस अधनम घेब्रेयेसस ने सभी से नए साल पर यह संकल्प लेने का आग्रह किया है कि जुलाई की शुरुआत तक देशों की 70 प्रतिशत जनसंख्या के टीकाकरण के अभियान का समर्थन करें। डब्ल्यूएचओ के आंकड़ों के अनुसार दुनियाभर में पिछले सप्ताह सामने आये कोविड-19 के मामलों की संख्या उससे पहले के सप्ताह की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक हो गई और अमेरिका महाद्वीपीय देशों में सर्वाधिक बढ़ोतरी देखी गई है। संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी ने मंगलवार को जारी अपनी साप्ताहिक महामारी संबंधी रिपोर्ट में कहा कि 20 से 26 दिसंबर के बीच दुनियाभर में करीब 49.9 लाख नए मामले सामने आए। इनमें से आधे से अधिक मामले यूरोप में आए। हालांकि यूरोप के मामलों में एक सप्ताह से पहले की तुलना में केवल तीन प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि अमेरिका महाद्वीपीय क्षेत्र में नए मामले 39 प्रतिशत बढ़कर करीब 14.8 लाख हो गये। अकेले अमेरिका में 34 प्रतिशत वृद्धि के साथ 11.8 लाख से अधिक मामले हो गए। अफ्रीका में नए मामलों में 7 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ संक्रमितों की संख्या करीब 2,75,000 हो गई। उसने कहा, नए स्वरूप ओमीक्रोन से संबंधित जोखिम बहुत ज्यादा बना हुआ है। मुझे इस बात की बहुत चिंता है कि डेल्टा के प्रकोप के दौरान ही ओमीक्रोन का अधिक संक्रामक होना मामलों की सुनामी लाने की आशंका दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले ही थक चुके स्वास्थ्य कर्मियों और स्वास्थ्य प्रणाली पर अत्यधिक बोझ पड़ेगा।

Published / 2021-12-29 08:51:33
उत्तर कोरिया: किम जोंग के सत्ता में 10 साल पूरे होने पर अहम बैठक

एबीएन डेस्क। उत्तर कोरिया ने कोरोना वायरस महामारी और अमेरिका के साथ कूटनीतिक गतिरोध के बीच पिछली परियोजनाओं की समीक्षा करने तथा नई नीतियों पर चर्चा करने के लिए एक अहम राजनीतिक सम्मेलन की शुरुआत की है। किम जोंग उन ने सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की केंद्रीय समिति की पूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में इस साल प्रमुख नीतियों की समीक्षा की जाएगी और समाजवादी निर्माण के विकास के नए दौर में जीत के अगले चरण की शुरुआत के लिए रणनीतिक और सामरिक नीतियों पर फैसला लिया जाएगा। पूर्ण बैठक उत्तर कोरिया में सर्वोच्च स्तर की निर्णय निर्धारण इकाई होती है। किम अमेरिका और दक्षिण कोरिया के साथ संबंधों पर अपनी स्थिति या अपने देश के परमाणु कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए पूर्ण बैठकें करते थे। अभी तक यह पता नहीं है कि यह बैठक कब तक चलेगी।

Published / 2021-12-28 08:49:16
नए नियमों के सहारे ओमिक्रोन से निपटेगा फ्रांस

एबीएन सेंट्रल डेस्क। फ्रांस सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप से निपटने के लिए सोमवार को कुछ नए नियम लागू करने की घोषणा की, हालांकि नव वर्ष से पहले कड़े प्रतिबंध नहीं लगाए गए। फ्रांस के प्रधानमंत्री ज्यां कास्टेक्स ने बताया कि अगले सप्ताह से बंद केन्द्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में दो हजार और खुले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में पांच हजार लोग ही शामिल हो पाएंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फ्रेंच रिवेरा पर फोर्ट डी ब्रेगनकॉन में अपने अवकाश निवास से इस संबंध में सरकार के महत्वपूर्ण सदस्यों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस भी की। नए उपाय पिछले दिसंबर में लागू किए गए उपायों की तुलना में कम सख्त हैं, जब पूरे देश में रात में कर्फ्यू लगा दिया गया था। कास्टेक्स ने पुष्टि की कि स्कूलों को निर्धारित समय तीन जनवरी से एक बार फिर खोला जाएगा। ये होंगे नए नियम : • संगीत समारोहों के दौरान लोगों से अपनी जगह पर बैठे रहने की अपील । • बार में लोगों के खड़े होने की भी अनुमति नहीं होगी। • सिनेमाघरों, खेल केन्द्रों और सार्वजनिक परिवहनों में खाने और पीने की सुविधाओं पर प्रतिबंध होगा। • सप्ताह में तीन दिन घर से कार्य करने की सलाह । • ये नए नियम कम से कम तीन सप्ताह तक लागू रहेंगे। • फ्रांस में एक दिन में सर्वाधिक 1,00,000 से अधिक संक्रमण के मामले सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।

Published / 2021-12-28 07:53:23
ओमिक्रॉन की दहशत : चार दिनों के अंदर दुनियाभर में 11,500 उड़ानें रद्द

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। अमेरिका से लेकर भारत तक संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कई देशों में इसे लेकर प्रतिबंध फिर से लगाने की तैयारियां भी हो चुकी हैं। इस बीच एक बार फिर कोरोना का काला साया विमानन उद्योग पर दिख रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीते शुक्रवार से लेकर अब तक दुनियाभर में 11,500 से ज्यादा उड़ानों को रद्द किया गया है। नए साल के मौके पर इस तरह से उड़ानों का रद्द होना पर्यटकों और एयरलाइंस कंपनियों दोनों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। उड़ानों पर नजर रखने वाली फ्लाइट अवेयर के मुताबिक, ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रकोप का असर दुनियाभर में पड़ रहा है। इसके मुताबिक, सोमवार को करीब 3000 उड़ानों को रद्द किया गया था, जबकि मंगलवार को 1100 और फ्लाइटों को रद्द किया गया है। अमेरिका और ब्रिटेन समेत दुनिया के कई देशों में ओमिक्रॉन के खतरे के बीच कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित लोगों की संख्या में तेज इजाफा देखने को मिल रहा है। यूरोप और संयुक्त राज्य अमेरिका के कई राज्यों में कोरोना के मामले फिर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने लगे हैं। इसे बाद एहतियात के तौर पर कई उड़ानों को रद्द किया गया है। गौरतलब है कि उड़ानें ऐसे समय में रद्द की गई हैं जबकि क्रिसमस और नए साल के मौके पर दुनियाभर के सैलानी घूमने के लिए निकलते हैं। उड़ानें रद्द होने से इन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुनियाभर में उड़ानों को रद्द किए जाने के आंकड़ों को देखें तो शुक्रवार से अब तक करीब 11,500 उड़ानों को रद्द किया गया है, जबकि हजारों की संख्या में उड़ानें देरी से चल रही हैं। एयरलाइंस कंपनियों की मानें तो कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खौफ के चलते स्टाफ की कमी हो गई है, जिससे ये बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। गौरतलब है कि पश्चिम के कई हिस्सों में संक्रमण नई ऊंचाई पर है। अमेरिका ने बड़े पैमाने पर श्रम की कमी की चिंताओं के बीच अधिक लोगों को काम पर लौटने की अनुमति दी है और सामजिक अलगाव की अवधि को 10 से पांच दिनों तक कम कर दिया। इससे भी संक्रमण के मामलों में इजाफा हुआ है।

Page 110 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse