वर्ल्ड

View All
Published / 2022-01-15 17:37:13
समुद्र के अंदर ज्वालामुखी विस्फोट, अमेरिका में सुनामी की चेतावनी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रशांत द्वीपीय देश टोंगा के पास शनिवार को समुद्र के अंदर एक ज्वालामुखी विस्फोट हुआ है। इस विस्फोट के बाद अमेरिका में पश्चिमी तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। इस विस्फोट का एक वीडियो होनुलुलु नेशनल वेदर सर्विसेज ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से साझा किया है। इस वीडियो के साथ इसने लिखा कि आज टोंगा के पास एक विशाल ज्वालामुखी विस्फोट बाहरी अंतरिक्ष से देखा गया। ज्वालामुखी विशेषज्ञों के अनुसार टोंगा में पिछले 30 साल में यह सबसे बड़ा ज्वालामुखी विस्फोट था। उधर, टोंगा मैसम विज्ञान सेवा के अनुसार पूरे देश के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की सेना ने कहा है कि हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता पड़ने पर अगर सहायता मांगी जाती है तो हम इसके लिए तैयार हैं। जानकारी के अनुसार यह ज्वालामुखी विस्फोट टोंगा के हंगा टोंगा हंगा हापाई ज्वालामुखी में हुआ है। यह ज्वालामुखी टोंगा की राजधानी नुकुअलोफा से लगभग 64 किलोमीटर दूर उत्तर की ओर है।

Published / 2022-01-15 08:21:06
अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने दी जानकारी : ऑपरेशन फॉल्स फ्लैग के जरिए यूक्रेन पर हमला कर सकता है रूस

एबीएन डेस्क। यूक्रेन के खिलाफ रूसी हमले की निगरानी करने वाली अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि रूस की गतिविधि से लग रहा है कि वह अगले 30 दिनों के भीतर यूक्रेन पर जमीनी आक्रमण कर सकता है। लेकिन इसके लिए रूस जो खतरनाक प्लान बना रहा है वह अमेरिका और यूक्रेन के लिए बड़ा झटका हो सकता है। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय समुदाय में अपनी छवि को बनाए रखने के लिए रूस फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन के जरिए यूक्रेन पर हमले की योजना बना रहा है। रूस पर यह आरोप उस समय लगाया गया है जब यूक्रेन की सरकारी वेबसाइटों पर बड़े पैमाने पर साइबर हमले हुए।व्हाइट हाउस की प्रवक्ता जेन साकी ने कहा कि हमारे पास ऐसी जानकारी है जो इंगित करती है कि रूस ने पूर्वी यूक्रेन में फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन के संचालन के लिए पहले से ही सेना के एक समूह को तैनात कर दिया है। सभी जवानों को खतरनाक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं एक अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर ये बातें सामने आ रही हैं कि रूसी सेना की योजना सैन्य आक्रमण से कई सप्ताह पहले इन गतिविधियों को शुरू करने की है, जो जनवरी के मध्य और फरवरी के मध्य में शुरू हो सकती है। फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन यानी जब किसी देश की तरफ से या किसी एजेंसी की तरफ से कोई कोवर्ट ऑपरेशन चलाया जाता है। इस ऑपरेशन का दोष किसी दुश्मन देश या फिर किसी सेकेंड पार्टी को दिया जाता है। फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन को अंजाम देने वाले की पहचान को पूरी तरह से छिपाया जाता है। इतना ही नहीं, इस तरह के ऑपरेशन को अंजाम देने वाला यदि पकड़ा जाता है तो उसमें अपनी भूमिका से पूरी तरह से मुंह फेर लिया जाता है। इस तरह के ऑपरेशन को अंजाम देने वाले गुप्तचरों को इस बात की पूरी जानकारी होती है कि यदि वे पकड़े गए तो सरकार उन्हें किसी तरह से भी स्वीकार नहीं करेगी। रूस के साथ सीमा विवाद के बीच यूक्रेन पर एक बड़ा साइबर हमला हुआ है जिसके बाद से देश की कई सरकारी वेबसाइटें बंद हैं। यूक्रेन ने नागरिकों से डरने व इससे भी बड़े खतरे की आशंका जताई है। जबकि रूस, जो पहले ही पड़ोसी सीमा पर एक लाख से ज्यादा सैनिक भेज चुका है, ने एक अभ्यास में और अधिक बलों की तैनाती की तस्वीरें टीवी पर जारी की हैं। रूस ने इस पर चुप्पी बरती है।

Published / 2022-01-15 08:16:37
चीन में कोरोना लॉकडाउन से बढ़ी भूखमरी, खाना बचाने के लिए सोने का तरीका बदल रहे लोग !

एबीएन डेस्क। कोरोना वायरस के प्रकोप से डरा चीन संक्रमण को रोकने के लिए ने सभी हदें पार कर दी है। जीरो कोविड पॉलिसी के तहत चीनी सरकार लोगों को घरों के अलावा स्टील के बक्सों तक में कैद कर रही है। चीन का दावा है कि शिआन में 5 जनवरी के बाद से कोरोना काबू में है। सरकार की ओर से नियमों को और ज्यादा कड़ा कर दिया गया है और लोग अभी भी अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। हालत यह है कि लोगों के पास खाने जैसी मूलभूत चीजें भी खत्म हो चुकी हैं और अब वे त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। गत 9 जनवरी को द एपोच टाइम्स से बात करते हुए शिआन के यांटा जिले की एक निवासी ने कहा कि वह कभी कोरोना पॉजिटिव हुई ही नहीं फिर ङी उनका घर सील कर दिया गया है। काई जियायिंग ने कहा कि उनके् आवासीय परिसर को 21 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। लॉकडाउन के शुरुआत में हमने खुद को सांत्वना दी लेकिन कुछ दिनों बाद मैं निराश हो गई और आज सुबह मैं पागल हो गई।उन्होंने बताया कि बीते तीन दिनों में वह और उनके पति सिर्फ थोड़ा-सा खाना ही खरीद पाए हैं और उन्हें नहीं पता कि अब कब कुछ और खरीद पाएंगे। काई ने कहा कि मुझे चिंता है कि हमारे पास जल्द ही खाने के लिए कुछ नहीं होगा। हम अपना पेट नहीं भर सकते। हम हर रोज खाने के बाद शाम को 3 से 4 बजे तक सो जाते हैं। हम खाना बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा सोते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के पास खाने के लिए सिर्फ एक कटोरी चावल, करीब पांच किग्रा आटा, सात कप नूडल्स और थोड़ा-सा मीट बचा हुआ है। इतने राशन में काई का परिवार मुश्किल से एक हफ्ते तक खाना खा सकता है। फोन पर दिए इंटरव्यू में हर किसी के पास एक दर्दनाक कहानी है। चीन के शून्य कोविड रणनीति के कारण पूरे देश में करीब दो करोड़ लोग अपने-अपने घरों में कैद हैं। इनमें शियान के अलावा आन्यांग और युझोउ शहर भी शामिल हैं। इन शहरों के लोगों को खाने-पीने का सामान खरीदने तक के लिए बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। बता दें कि ओमीक्रोन के दो मामले सामने आने के बाद चीन ने सोमवार देर रात 55 लाख लोगों के शहर आन्यांग में लॉकडाउन लगा दिया था। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, चीन हजारों की संख्या में लोगों को शियान शहर के बाहरी इलाकों में बने क्वारंटीन शिविरों में कैद कर रहा है। इन शिविरों में कैद रहे लोगों ने रिपोर्ट में बताया है कि वहां गर्भवती महिलाओं, बुजुर्ग और बच्चों को भी रखा गया है। उन लोगों ने जीरो कोविड राज्य में डिटेंशन कैंपों की भयावहता को भी बताया है। ऑनलाइन शेयर किए जा रहे एक वीडियो में लोगों को लकड़ी के बिस्तर और शौचालय से सुसज्जित छोटे बक्से में दिखाया गया है। इस जगह पर उन्हें दो हफ्तों तक रहने के लिए मजबूर किया जाता है। इन शिविरों में कैद लोगों को पीपीई किट पहने कुछ लोग खाना देते नजर आ रहे हैं। जिन लोगों को इन क्वारंटीन कैंप्स में कैद किया गया था, उन लोगों ने बताया है कि उन्हें बहुत कम खाना दिया जाता था।

Published / 2022-01-15 05:09:36
ब्राजील: राष्ट्रपति की मंजूरी के बगैर शुरू हुआ 5-11 साल के बच्चों का टीकाकरण

एबीएन डेस्क। दुनियाभर में रोज संक्रमण के लाखों मामले फिर सामने आने के बाद कई देशों ने कोविड-19 रोधी टीकाकरण तेज कर दिया है। ब्राजील में तो राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो की आपत्तियों के बावजूद बच्चों के टीकाकरण को मंजूरी दे दी गई। शुक्रवार से ब्राजील में पांच से 11 साल तक के बच्चों को टीके देने की शुरुआत हो गई। साओ पाउलो के एक अस्पताल में राज्य के गवर्नर जोआओ डोरिया की उपस्थिति में बच्चों का टीकाकरण शुरू हुआ। पहला टीका आठ साल के डेवी सेरेम्रामिवे जावंत को लगा। यह भी उल्लेखनीय है कि ब्राजील में वयस्कों के टीकाकरण अभियान की शुरुआत भी जनवरी 2021 में साओ पाउलो में ही हुई थी। ब्राजील के अन्विसा हेल्थ प्राधिकारियों ने एक माह पहले टीकाकरण के लिए बच्चों के नए आयु समूह का एलान किया था। ब्राजील के 2 करोड़ से ज्यादा बच्चे फाइजर-बायोनटेक वैक्सीन के पात्र है। यदि उनके माता-पिता चाहें तो वे टीके लगवा सकते हैं। देश के लोगों व बीमार बच्चों को टीकाकरण अभियान में प्राथमिकता दी जा रही है। कोविड से अब तक 300 बच्चों की मौत : राष्ट्रपति ने बच्चों के टीकाकरण को मंजूरी देने वालों के नाम भी मांगे हैं। उधर, अन्विसा के अधिकारियों ने राष्ट्रपति के इस बयान को फासीवादी बताया है। प्राधिकरण ने अपने स्टाफ को खतरे को देखते हुए सुरक्षा की मांग की है। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक कोविड से 6.20 लाख मौतें हो चुकी हैं। मृतकों में 300 बच्चे हैं। नवंबर में ओमिक्रॉन वैरिएंट सामने आने के बाद से नए सिरे से महामारी फैल रही है। गुरुवार को दैनिक मामले बढ़कर 1 लाख तक पहुंच गए, जो कि दो सप्ताह पहले मात्र 6000 थे।

Published / 2022-01-13 07:40:22
मुक्त व्यापार समझौता : भारत के साथ वार्ता शुरू करेगा ब्रिटेन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ब्रिटेन सरकार ने बृहस्पतिवार को भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की बातचीत शुरू करने की घोषणा की और इसे ब्रिटिश व्यापारियों को भारतीय अर्थव्यवस्था की कतार में सबसे आगे रखने का सुनहरा अवसर बताया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि FTA भारत के साथ देश की ऐतिहासिक भागीदारी को अगले स्तर पर ले जाएगा और उन्होंने कहा कि स्कॉच व्हिस्की, वित्तीय सेवाओं और नवीनीकरण प्रौद्योगिकी जैसे कुछ अहम क्षेत्रों को इससे लाभ मिलेगा। पहले दौर की वार्ता अगले सप्ताह शुरू होने की संभावना है, जिसे सरकार ने कहा कि यह पक्षकारों के बीच औपचारिक वार्ता की ब्रिटेन की सबसे तेज शुरुआत है। जॉनसन ने कहा, भारत की उभरती अर्थव्यवस्था के साथ व्यापार समझौता ब्रिटिश कारोबारों, कामगारों और उपभोक्ताओं को बड़ा फायदा पहुंचाती है। चूंकि हम भारत के साथ अपनी ऐतिहासिक भागीदारी को अगले स्तर तक ले जाना चाहते है तो ब्रिटेन की स्वतंत्र व्यापार नीति नौकरियां पैदा कर रही है, वेतन बढ़ा रही है और देशभर में नवोन्मेष लेकर आ रही है। उन्होंने कहा, ब्रिटेन के पास विश्व स्तरीय कारोबार और दक्षता है जो स्कॉच व्हिस्की से लेकर वित्तीय सेवाओं और नवीनीकरण प्रौद्योगिकी तक है। हम विश्व स्तर पर अपना स्थान मजबूत करने और देश में नौकरियां पैदा करने के लिए हिंद-प्रशांत की उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अवसरों का लाभ उठा रहे हैं। जॉनसन का यह बयान तब आया है जब अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए विदेश मंत्री एनी मैरी ट्रेवेलियान 15वीं ब्रिटेन-भारत संयुक्त आर्थिक एवं व्यापार समिति के लिए नयी दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करने के लिए तैयार हैं। ट्रेवेलियान ने कहा, भारत के साथ समझौता ब्रिटिश कारोबारों को कतार में सबसे आगे रखने के लिए सुनहरा अवसर है क्योंकि भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से वृद्धि कर रही है। 2050 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा, जहां तकरीबन 25 करोड़ मध्यम वर्ग के खरीददार होंगे। हम अपने काबिल ब्रिटिश निर्माताओं और विनिर्माताओं के लिए इस नए बाजार में पैठ बनाना चाहते हैं।

Published / 2022-01-13 07:35:35
अमेरिका में आफत : एक दिन में 1.42 लाख लोग अस्पताल में भर्ती

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका अभी डेल्टा वैरियंट से जूझ ही रहा था कि इसी बीच वहां ओमिक्रॉन की लहर ने संक्रमण की दर के साथ एक विकराल रूप धर लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के अस्पतालों में लोगों के भर्ती होने की दर पिछली सर्दी के शिखर को भी पार कर चुकी है। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विस से मिले डेटा के मुताबिक देशभर में वायरस के संक्रमण के चलते 1,42,388 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया, यह आंकड़ा पिछले साल 14 जनवरी के आंकड़े को भी पार कर चुका है। अस्पताल में भर्ती होने की दर पिछले दो हफ्तों में बढ़कर 83 फीसदी पर जा पहुंची है। ओमिक्रॉन से अस्पतालों में जो मरीजों की बाढ़ आई है उसकी वजह से पहले से ही थका हुआ अस्पताल का स्टाफ बुरी तरह से हताश हो चुका है। डॉक्टर, नर्स और दूसरे स्वास्थ्य कर्मियों को चूंकि वैक्सीन लग चुकी है, इसलिए वो गंभीर रूप से बीमार तो नहीं हो रहे हैं, लेकिन संक्रमित होने की वजह से वह दूसरे मरीजों का इलाज करने में अक्षम हैं। ऐसे में दूसरी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के इलाज में भी दिक्कतें आ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि कोविड-19 से जुड़ी मौतों के पीछे डेल्टा वेरियंट हो सकता है, पिछले एक हफ्ते में अस्पताल में भर्ती होने में 33 फीसदी बढ़ोतरी और मौतों में 40 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है। वहीं सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल की निदेशक रोशेल वेलेन्सकी का कहना है कि तेजी से संक्रमण फैलाने वाले ओमिक्रॉन वैरियंट का आने वाले हफ्तों में पीक आने की संभावना है। देश भर में जो अभी मामले सामने आ रहे हैं, उनमें 90 फीसदी ओमिक्रॉन वेरियंट से जुड़े हुए हैं। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि ओमिक्रॉन पिछले वेरियंट से कम घातक है। ऐसे में हाल में हुई मौतों को लेकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसके पीछे वजह डेल्टा वेरिएंट हो सकता है। दक्षिण अफ्रीका को आधार बनाकर देखा जाए तो समझ में आता है कि ओमिक्रॉन के मामले में संक्रमण जितना तेजी के साथ बढ़ा, उसके गिरने की दर भी उतनी ही तेज रही। लेकिन ज्यादा लोगों के संक्रमित होने का मामला इसलिए चिंताजनक हैं, क्योंकि इससे ऐसे लोगों की जिंदगी को खतरा बन जाता है, जो पहले से ही किसी बीमारी से जूझ रहे हैं या जिनकी इम्यूनिटी कमजोर है। ऐसे में सुरक्षा ही सबसे बड़ा बचाव है। ऐसा माना जा रहा है कि ओमिक्रॉन से लोग गंभीर रूप से बीमार नहीं हो रहे हैं और उनके अस्पताल जाने की नौबत नहीं आ रही है। लेकिन जिस तेजी के साथ आंकडे बढ़ रहे है उसके बाद अभी कुछ भी कहना जल्दी होगी, और एक तरफ अमेरिका जो डेल्टा की वजह से पहले ही हैरान है और यहां के अस्पताल डेल्टा वैरियंट से ही निपट रहे हैं, ऐसे में ओमिक्रॉन के मामले बढ़ने के साथ देश भर के अस्पतालों, आपातकालीन केंद्र में और भीड़ बढ़ सकती है जो पहले से ही थक चुके डॉक्टर और स्टाफ हो बुरी तरह परेशान कर सकती है।

Published / 2022-01-13 02:39:05
पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश के कारण परिवार के 5 सदस्यों सहित 23 लोगों की मौत

एबीएन डेस्क। उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश के चलते मकान की छत गिरने से एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (केपी) में भारी बारिश से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई। हो गई। घटना मंगलवार को देर रात पेशावर में इंकलाब कॉलोनी में हुई। बचाव अधिकारियों ने बताया कि परिवार के सभी सात सदस्य मलबे में दब गए, जिनमें से पांच की मौत हो गई। शेष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तान में प्राकृतिक आपदा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 3 से 10 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी के दौरान पाकिस्तान के केपी के विभिन्न हिस्सों में छत और दीवार गिरने के साथ-साथ भूस्खलन की घटनाओं में लगभग 46 लोग घायल हुए थे। न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 से 10 जनवरी तक केपी के विभिन्न जिलों में 109 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए थे। इससे पहले भी उत्तरी पाकिस्तान में भारी बर्फबारी के कारण कारों में फंसे 23 पर्यटकों की मौत हो गई थी। राजधानी इस्लामाबाद से 64 किलोमीटर दूर पूर्वोत्तर में स्थित मुरी को सरकार ने आपदा क्षेत्र घोषित किया है। हजारों की संख्या में पर्यटक बर्फबारी का मजा लेने के लिए हिल स्टेशन मुरी पहुंचे थे।

Published / 2022-01-12 02:21:41
उत्तर कोरिया ने अब हाइपरसोनिक मिसाइल का किया परीक्षण, फिर दी दुनिया को चुनौती

एबीएन डेस्क। उत्तर कोरिया ने एक बार फिर दुनिया को चुनौती दे डाली है। एक दिन पहले मंगलवार को बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण करने वाले इस देश ने अब हाइपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के हवाले से यह खबर सामने आई है। देश के तानाशाह किम जोंग उन ने पिछले दिनों रक्षा कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की बात कही थी। मंगलवार को किया था पिछली बार से ज्यादा उन्नत मिसाइल का किया परीक्षण : उत्तर कोरिया ने मंगलवार को एक और बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण किया जिसे हाल ही में कुछ समय पहले दागी गई हाइपरसोनिक मिसाइल से ज्यादा सक्षम माना जा रहा है। उत्तर कोरिया ने एक सप्ताह से भी कम समय में नया परीक्षण किया है जो बताता है कि प्योंगयांग किस तेजी से उन्नत हथियार विकसित करने में जुटा है। दक्षिण कोरिया व जापान की सेनाओं ने इस परीक्षण की पुष्टि की। दक्षिण कोरियाई साझा प्रमुखों के स्टाफ ने बताया, मौजूदा मिसाइल ने ध्वनि से 10 गुना अधिक रफ्तार से 60 किमी की अधिकतम ऊंचाई तक 700 किमी (435 मील) की यात्रा की। जापान के पीएम फुमियो किशिदा ने कहा, यह अत्यंत खेदजनक है कि उत्तर कोरिया लगातार मिसाइल दाग रहा है। अमेरिका ने परमाणु प्रोग्राम त्यागने को कहा : अमेरिका और उसके पांच सहयोगियों ने उत्तर कोरिया से अनुरोध किया कि वह अपने प्रतिबंधित परमाणु एवं बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को त्याग दे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से प्योंगयांग के मिसाइल प्रक्षेपणों समेत उसके निरंतर, अस्थिर करने वाले और गैर कानूनी कदमों का विरोध करने की भी अपील की।

Page 107 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse