एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के समक्ष यूक्रेन के मुद्दे पर बात की है। उन्होंने यूक्रेन पर रूस द्वारा किये जाने वाले संभावित हमले को लेकर अमेरिका की चिंता से उन्हें रूबरू कराया और इस तनाव के एक राजनयिक समाधान का जिक्र किया। प्राइस ने कहा, ब्लिंकन ने यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष के राजनयिक समाधान को जारी रखने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता को दोहराया। अमेरिका को पता है कि रूस यूक्रेन पर किसी भी समय आक्रमण करने की क्षमता रखता है और अमेरिका को इसी की चिंता है जिसका जिक्र ब्लिंकन ने लावरोव के सामने किया और इस संघर्ष को रोकने के उपाय पर बल दिया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पूरी दुनिया की निगाह अब रूस-यूक्रेन पर टिकी हैं। दोनों देश जंग के बेहद करीब हैं वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एलान कर दिया है कि रूसी सेना आज हमला कर सकती है। इससे पहले रूस ने यूक्रेन सीमा पर बहुत बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद के साथ मिसाइलों की तैनाती की है। साथ ही सैटेलाइट तस्वीरों में स्पष्ट देखा जा सकता है कि यूक्रेन सीमा से 110 किमी दूर रूसी सैनिकों ने तंबू लगाकर जंग की पूरी तैयारी की हुई है। इस बीच अमेरिका एक बार फिर यूक्रेन के साथ खड़ा दिखाई दिया है। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने बयान में कहा है कि हम यूक्रेन पर रूस के किसी भी हमले का निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार हैं, जिसकी अभी भी बहुत अधिक संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हम रूस के साथ सीधे टकराव की स्थिति नहीं चाहते। हालांकि मैं एक बात स्पष्ट करना चाहूंगा कि यदि रूस ने यूक्रेन में अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाया तो हम पूरी आक्रामक क्षमता के साथ मुंहतोड़ जवाब देंगे। कनाडा देगा यूक्रेन को मदद : सिर पर मंडराते संकट के बादलों की इस घड़ी में कनाडा ने भी यूक्रेन की मदद का फैसला किया है। कनाडा ने कहा है कि वह यूक्रेन को करीब 70 लाख डॉलर से ज्यादा के घातक हथियार देगा। इन हथियारों में मशीनगन, पिस्तौल, कार्बाइन, 15 लाख राउंड गोला--बारूद, स्नाइपर राइफल और विभिन्न संबंधित उपकरण शामिल हैं। इस तरह की मदद मिलने से यकीनन यूक्रेन के सुरक्षाबलों को मदद मिल सकेगी। यूक्रेन के राजदूत ने भारतीय मीडिया पर साधा निशाना : इधर, भारत में यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा ने मंगलवार को रूस के साथ जारी तनातनी के कूटनीतिक समाधान की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि हालात इतने बुरे नहीं हैं कि छात्रों को वापस बुलाना पड़े। उन्होंने कहा कि भारत को ऐसा करने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। युद्ध जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने भारतीय टीवी मीडिया पर तनाव को बढ़ा-चढ़ा कर पेश कर डर का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया। राजदूत पोलिखा ने कहा कि भारत के टीवी चैनल तनाव को बढ़ा-चढ़ा कर पेश कर रहे हैं। दहशत फैला रहे हैं। इनकी रिपोर्टिंग का सार यह है कि रूस और यूक्रेन के बीच कभी भी युद्ध छिड़ सकता है। इससे यूक्रेन की आर्थिक स्थिति खराब हो सकती है। यूक्रेन के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यूक्रेन की 10 वेबसाइटों पर साइबर हमले : रूस की सैन्य वापसी की घोषणा के बीच यूक्रेन की सरकारी वेबसाइटों और बड़े बैंकों पर साइबर हमले हो गए। यूक्रेन के कम से कम 10 वेबसाइटों ने काम करना बंद कर दिया है। इनमें रक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और दो बड़े बैंकों की वेबसाइट शामिल हैं। यूक्रेन के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि ये हमले पडोसी देश से हो रहे हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिकी रक्षा सूत्रों ने दावा किया है कि कल सुबह साढ़े पांच बजे(स्थानीय समयानुसार) रूस अपने सैनिकों के साथ यूक्रेन पर हमला करेगा। अमेरिका का ये भी दावा है कि तड़के तीन बजे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस हमले की आधिकारिक घोषणा करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूसी सेना बुधवार को स्थानीय समयानुसार तड़के 3 बजे व्लादिमीर पुतिन की घोषणा के बाद साढ़े 5 बजे कई मोर्चों पर यूक्रेन पर आक्रमण शुरू कर देगा। भारतीय समयानुसार, युद्ध का ऐलान आज रात साढ़े 12 बजे होगा। जबकि देर रात ढाई बजे रूस यूक्रेन के हिस्सों पर हमला बोल देगा। द मिरर का कहना है कि रूसी सैनिकों के साथ युद्ध टैंक सीमा पार करने से पहले कीव के सैन्य और सरकारी कमांड और नियंत्रण केंद्रों पर हवाई हमला करेगा। अमेरिकी सूत्रों के मुताबिक, रूस की पहली कोशिश राजधानी कीव को अपने कब्जे में लेने की होगी। एक वरिष्ठ अमेरिकी सूत्र ने द मिरर को बताया कि अपने सैन्य बलों का उपयोग करके रूस यूक्रेन के दक्षिणी तट पर एक साथ भी हमला कर सकता है। उन्होंने एक पंक्ति के साथ चेतावनी दी- बुधवार तड़के तीन बजे। गौरतलब है कि यूक्रेन की पूर्वी सीमा के पास रूस के पास 126,000 से अधिक सैनिक हैं और उत्तर में बेलारूस में 80,000 सैनिक हैं। सैनिकों की घरवापसी का ऐलान : रूस ने मंगलवार को इससे पहले कहा था कि सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रहीं कुछ सैन्य टुकड़ियां अपने सैन्य अड्डे के लिए लौटना शुरू करेंगी। हालांकि, रूस ने वापसी का ब्योरा नहीं दिया है, लेकिन इससे यह उम्मीद जगी थी कि शायद रूस की योजना यूक्रेन पर हमला करने की न हो। रूस को अमेरिकी की धमकी : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक बार फिर रूस को यूक्रेन पर आक्रमण करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि यूक्रेन पर अगर रूस हमला करता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। रूस ने यूक्रेन की सीमा के समीप करीब 100,000 सैनिकों का जमावड़ा कर रखा है। इस कदम पर पश्चिम देश उसे चेतावनी दे रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि उसका इरादा यूक्रेन पर हमला करने का है। हालांकि रूस ने बार-बार इनकार किया है कि उसकी यूक्रेन पर हमला करने की कोई योजना है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र में कहा कि जरूरी है कि दुनिया आतंकवादी साजिशों के पीछे के सरगनाओं को उनकी करतूतों के लिए जिम्मेदार ठहराए और उनकी धमकियों को धत्ता बताए। भारत ने कहा कि यह भी समान रूप से आवश्यक है कि उन्हें खुद को आतंकवाद के पीड़ित के रूप में दिखाकर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने का मौका न दिया जाए। आतकंवाद निरोधी समिति में आतंकवाद निरोधी समिति कार्यकारी निदेशालय पर दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के सदस्यों देशों के कामकाज पर भारत के राष्ट्रीय बयान (आधकारिक बयान) में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई दूतावास के काउंसलर राजेश परिहार ने कहा कि दुनिया ने 2008 मुंबई आतंकवादी हमला, 2019 पठानकोट आतंकवादी हमला और 2019 पुलवामा आतंकवादी हमले की त्रासदी देखी है। उन्होंने कहा, यह समान रूप से आवश्यक है कि इन आतंकवादी हमलों की साजिश करने वाले सरगनाओं का पता लगाया जाए और उन्हें स्वयं को आतंकवाद पीड़ित बताकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने का अवसर ना दिया जाए। हमें उनकी धमकियों को धत्ता बताकर उन्हें उनकी करतूतों के लिए जिम्मेदार ठहराना होगा। पाकिस्तान का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, हम सभी को पता है कि इन हमलों के सरगना कहां से आते हैं। यह निराशाजनक है कि इन कायराना हमलों के पीड़ितों को अभी तक न्याय नहीं मिला है और इसके षड्यंत्रकारी, जिम्मेदार और वित्त पोषण करने वाले आजाद घूम रहे हैं और उन्हें अभी भी राज्य का समर्थन तथा मेजबानी मिल रही है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने साल के प्रारंभ से ही मिसाइलों का परीक्षण शुरू कर चुके परमाणु शक्ति संपन्न उत्तर कोरिया से उत्पन्न खतरों व ताइवान के हालोत पर चर्चा करने के लिए हवाई में शनिवार को जापान एवं दक्षिण कोरिया के अपने समकक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी जे ब्लिंकन ने जापानी विदेश मंत्री हयाशी योशिमासा और दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्री चुंग यूई-योंग से ताइवान जलडमरूमध्य में शांति और स्थिरता के महत्व पर जोर दिया। ब्लिंकन, योशिमासा और यूई-योंग ने त्रिपक्षीय सहयोग के महत्वपूर्ण महत्व की पुष्टि की और कहा कि हम 21 वीं सदी की सबसे अधिक दबाव वाली चुनौतियों का समाधान करना चाहते हैं। ब्लिंकन और विदेश मंत्रियों ने जोर दिया कि उनके तीन देश एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के बारे में एक साझा दृष्टिकोण रखते हैं, जो समावेशी है, और नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था के लिए साझा सम्मान है। विदेश मंत्रियों ने संयुक्त राज्य अमेरिका की नई जारी इंडो-पैसिफिक रणनीति का स्वागत किया। इस बीच, हालांकि तीनों देशों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि उनका उत्तर कोरिया के प्रति कोई शत्रुतापूर्ण भाव नहीं है और वे बिना किसी पूर्व शर्त के उसके साथ बैठक के लिए तैयार है। ब्लिंकन ने बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उत्तर कोरिया भड़काने में लगा है तथा तीनों ही देशों ने हाल के उसके मिसाइल परीक्षणों की निंदा की। जापान के अपने समकक्ष योशीमारसा हयाशी और दक्षिण कोरिया के अपने समकक्ष चुंग इयू-यंग के साथ भेंटवार्ता के बाद उन्होंने कहा, हम अपनी पहल और अपने संकल्प में बिल्कुल एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि तीनों ही देश उत्तर कोरिया के संदर्भ में अगले कदमों को लेकर एक-दूसरे से घनिष्ठ संवाद में जुटे हैं लेकिन उन्होंने उसके बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा कुछ दिनों के भीतर रूस द्वारा आक्रमण करने की चेतावनी को तूल नहीं देने के बीच रविवार को अमेरिका ने यूक्रेन सीमा के पास रूसी सैनिकों की संख्या में इजाफा होने के संबंध में चेतावनी दी। व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को जेलेंस्की के साथ करीब 50 मिनट तक बात की और उन्हें समर्थन की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, नाम नहीं बनाते की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका ने यूक्रेन की सीमा पर रूसी सैनिकों की एक लाख की संख्या के अपने दावे में सुधार करते हुए रविवार को 1,30,000 से अधिक सैनिकों का जमावड़ा होने का दावा किया है। अमेरिका ने रविवार को चेतावनी दी कि और अधिक संख्या में रूसी सैनिक यूक्रेन की सीमा के पास जमा हो रहे हैं और कुछ उड़ानों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सीरियाई सेना ने देश के उत्तर पश्चिमी इलाके में विद्रोहियों के कब्जे वाले एक गांव को निशाना बनाते हुए तोप के गोले दागे, जिसमें एक ही परिवार के दो बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई। विपक्षी कार्यकर्ताओं ने यह जानकारी दी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जिस वक्त उक्त घर पर हमला किया गया, उस वक्त घरवाले अच्छे मौसम का मजा लेते हुए चाय पी रहे थे। इदलिब प्रांत के मरात अल नासान गांव में हमले के बाद एक विमान ने क्षेत्र के चक्कर लगाए। विपक्ष के संगठन सीरियन सिविल डिफेंस ग्रुप ने कहा कि बच्चों की उम्र तीन और सात वर्ष थी। इसने कहा कि पिछले छह माह में रूस समर्थित सीरियाई सरकार द्वारा इदलिब में किए गए हमलों में कुल 65 बच्चे मारे गए हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। इज़रायल ने अपने नागरिकों से एक बार में यूक्रेन छोड़ने की अपील की है और कीव से तेल अवीव के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए एयरलाइंस के साथ परामर्श कर रहा है। यह जानकारी इजरायल के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को दी। मंत्रालय ने कहा कि यदि आवश्यक हुआ, तो इज़रायल अपने नागरिकों को निकालने की तैयारी कर रहा है। मंत्रालय ने कहा कि इसके लिए एक विशेष संकट पैनल का गठन किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse