वर्ल्ड

View All
Published / 2022-02-19 16:53:35
यूक्रेन तनाव : बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ रूस ने शुरू किया रणनीतिक सैन्य अभ्यास

एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन को लेकर बढ़ते तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ रणनीतिक सैन्य अभ्यास की शुरूआत कर दी है। यह दावा रूस की समाचार एजेंसी आआऊए नोवोस्ती ने क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के हवालेसे किया है। दरअसल, बीते कुछ दिनों से यूक्रेन और रूस के बीच जारी तनाव को लेकर अलग-अलग खबरें आ रही हैं। रूस अपने सैनिकों को वापस बुलाने का दावा कर रहा है। वहीं, अमेरिका इस मसले पर रूस पर भरोसा नहीं करने की बात कर रहा है। इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के हवाले से जानकारी आई थी कि शनिवार को रूस के सभी सामरिक बल सैन्य अभ्यास करेंगे और खुद रूसी राष्ट्रपति ब्लामिदिर पुतिन इसकी निगरानी करेंगे। दूसरी तरफ अमेरिका, नाटो देशों और पश्चिमी देश रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले की आशंकाएं जाहिर कर चुके हैं। ऐसे में पूर्वी यूक्रेन में स्थितियां तनावपूर्ण हैं और अशांत इलाकों में गोलीबारी की भी खबरें आ रही हैं।

Published / 2022-02-19 16:06:43
आने वाले हफ्ते में राजधानी कीव समेत यूक्रेन पर हमला करेंगे रूसी बल : बाइडेन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें यकीन है और उनके पास यह मानने की वजह है कि रूसी बल आने वाले हफ्ते में राजधानी कीव समेत यूक्रेन पर हमला करेंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रूस हमला करता है तो वह विध्वंसकारी और अनावश्यक युद्ध का जिम्मेदार होगा। बाइडन ने रूस और अमेरिका में बढ़ते तनाव के बीच यह टिप्पणियां की है। अमेरिका ने आशंका जतायी है कि रूस की यूक्रेन पर हमला करने की योजना है। रूस ने बार-बार इससे इनकार किया है। व्हाइट हाउस से पत्रकारों से बातचीत में बाइडन ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका हर उस वजह को खत्म करने की हरसंभव कोशिश कर रहा है जिसे रूस यूक्रेन पर हमला करने की आड़ बना सकता है तथा वह उसे आगे बढ़ने से रोकने की भी कोशिश कर रहा है। बाइडन ने कहा, देखिए, हमे यकीन है कि रूसी बल आने वाले सप्ताह या आने वाले दिनों में यूक्रेन पर हमला करने की योजना बना रहे हैं। हमें यकीन है कि वे यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाएंगे जहां, 28 लाख निर्दोष लोग रहते हैं। उन्होंने कहा, कोई गलती न करें। अगर रूस अपनी योजना को आगे बढ़ाता है तो वह विध्वंसकारी और अनावश्यक युद्ध का जिम्मेदार होगा। अमेरिका और हमारे सहयोगी देश नाटो क्षेत्र की एक-एक इंच जमीन की रक्षा करने के लिए तैयार हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यकीन है कि रूस यूक्रेन पर हमला करने जा रहा है। उन्होंने यूक्रेन में सैनिकों को भेजने की संभावना से इनकार किया लेकिन कहा कि अमेरिका, यूक्रेन के लोगों का सहयोग जारी रखेगा। यह पूछने पर कि क्या उन्हें लगता है कि आक्रमण की स्थिति में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेन्स्की का यूक्रेन छोड़ना बुद्धिमानी वाला कदम होगा, इस पर बाइडन ने कहा, इसका फैसला उन्हें करना है। मैंने जेलेन्स्की से कई दफा बात की है। उन्होंने कहा, हम रूस को उसके कदमों के लिए जवाबदेह ठहराएंगे। पश्चिम देश एकजुट और दृढ़ संकल्पित हैं। अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो हम उस पर गंभीर प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हैं। लेकिन मैं फिर कहता हूं कि रूस अब भी कूटनीति का रास्ता चुन सकता है। तनाव कम करने में अभी देर नहीं हुई है। बाइडन ने कहा कि अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रूसी विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव 24 फरवरी को मुलाकात करने पर राजी हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर रूस उस तारीख से पहले सैन्य कार्रवाई करता है तो यह स्पष्ट है कि उन्होंने कूटनीति के लिए दरवाजा बंद कर दिया है। उन्होंने कहा, वे युद्ध को चुनेंगे और उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। क्रेमलिन ने सैन्य ताकत को बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर परमाणु अभ्यास करने की शुक्रवार को घोषणा की थी।

Published / 2022-02-19 05:02:51
डब्ल्यूएचओ की चेतावनी : ओमिक्रॉन हो रहा असरहीन, लेकिन बीए.2 से रहें सावधान

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना वायरस महामारी में तीसरी लहर लाने वाले ओमिक्रॉन वैरिएंट का असर दुनिया भर में धीमा हो रहा है। कई देश संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए कड़े प्रतिबंधों को हटा रहे हैं। लेकिन, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एक अधिकारी ने ओमिक्रॉन सब-स्ट्रेन को लेकर एक नई चिंता जताई है। ओमिक्रॉन के नए रूप चिंता का सबब : डब्ल्यूएचओ में कोविड-19 तकनीकी प्रमुख मारिया वान केरखोव ने गुरुवार को एक ब्रीफिंग में कहा, वायरस विकसित हो रहा है और ओमिक्रॉन में कई सब-स्ट्रेन हैं जिन्हें हम ट्रैक कर रहे हैं। इसके BA.1, BA.1.1, BA.2 और BA.3 नए रूप हैं। यह काफी अविश्वसनीय है कि कैसे ओमिक्रॉन दुनिया भर में चिंता का सबब बनते हुए डेल्टा से आगे निकल गया। इसके वीडियो को भी डब्ल्यूएचओ ने ट्विटर पर पोस्ट किया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा, अधिकांश सीक्वेंस इस सब-वैरिएंट BA.1 के हैं। हम BA.2 के मामलों में वृद्धि देख रहे हैं। वीडियो के साथ किए गए ट्वीट में डब्ल्यूएचओ ने कहा कि पिछले सप्ताह कोविड -19 से लगभग 75,000 लोगों की मौत हुई थी। डब्ल्यूएचओ के अधिकारी ने कहा कि दूसरों वायरस की तुलना में BA.2 अधिक संक्रामक है। बीए.2 अधिक घातक : केरखोव ने कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि BA.2, BA.1 से अधिक घातक है, लेकिन हम निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन हल्का नहीं है लेकिन डेल्टा से कम खतरनाक है। हम अभी भी ओमिक्रॉन के मामलों में बड़ी संख्या में मौतें देख रहे हैं। यह सामान्य सर्दी नहीं है, यह इन्फ्लूएंजा नहीं है। हमें अभी वास्तव में सावधान रहना होगा। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि पिछले सप्ताह कोविड -19 से लगभग 75,000 लोगों की मौत हुई थी। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, BA.2 अब दुनिया भर में दर्ज किए गए पांच नए ओमिक्रॉन मामलों में से एक के लिए जिम्मेदार है। मंगलवार को एक ब्रीफिंग में डब्ल्यूएचओ ने कहा कि कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमण की एक नई लहर यूरोप के पूर्व की ओर बढ़ रही है। अधिकारियों से टीकाकरण और अन्य उपायों में सुधार करने का आग्रह किया।

Published / 2022-02-19 03:23:39
यूक्रेन संकट : अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने प्रदर्शित की नाटो की एकता

एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन को लेकर बढ़ते संकट के बीच उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने शुक्रवार को नाटो की एकता का झंडा बुलंद किया और रूस को चेतावनी दी कि यदि राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन यूक्रेन पर हमला करते हैं तो अमेरिका और उसके पश्चिमी सहयोगी कठोर पाबंदियों के साथ जवाब देने के लिए तैयार हैं। नाटो के महासचिव जेन्स स्टोलटनबर्ग के साथ बैठक में हैरिस ने संकट के समय गठबंधन द्वारा किए गए कार्यों के लिए उनका धन्यवाद किया। हैरिस ने स्टोलटनबर्ग से कहा, हम कूटनीति के पक्षधर हैं और ऐसा ही चाहते हैं क्योंकि यह रूस के साथ हुई हमारी बातचीत बातचीत से जुड़ा है, लेकिन हम इसे लेकर भी प्रतिबद्ध हैं कि, अगर रूस आक्रामक रवैया अपनाता है तो हम सुनिश्चित करेंगे कि इसको लेकर कड़ी पाबंदियां लगे। उन्होंने कहा, हम जानते हैं कि इस संबंध में गठबंधन (नाटो) मजबूत है।

Published / 2022-02-19 03:14:13
यूक्रेन : कार में धमाके के बाद गैस पाइपलाइन में लगी आग; बाइडेन बोले- पुतिन ने कर लिया है आक्रमण का फैसला

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस और यूक्रेन में तनाव के बीच पूर्वी यूक्रेन में विद्रोहियों के कब्जे वाले एक प्रमुख शहर से गुजरने वाली एक अंतरराष्ट्रीय तेल पाइपलाइन में शुक्रवार को विस्फोट हो गया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर आक्रमण करने का फैसला कर लिया है। रूस-यूक्रेन संकट पर बोलते हुए बाइडेन ने कहा कि इस समय तक मुझे विश्वास है कि उन्होंने निर्णय ले लिया है। बाइडेन ने पहले कहा था कि उन्हें विश्वास नहीं है कि रूसी नेता ने अपना मन बना लिया है, लेकिन स्वीकार किया कि पुतिन की सोच में उनकी अंतर्दृष्टि सीमित थी। बाइडेन ने कहा कि हमारे पास यह मानने का कारण है कि रूसी सेना आने वाले दिनों में यूक्रेन पर हमला करने का इरादा रखती है। हमें विश्वास है कि वे यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाएंगे। हम रूस को उसके कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराएंगे। पश्चिम एकजुट और संकल्पित है। अगर रूस यूक्रेन पर और हमला करता है तो हम उस पर कड़े प्रतिबंध लगाने को तैयार हैं। रूस अभी भी कूटनीति चुन सकता है। आगे बढ़ने और बातचीत की मेज पर लौटने में देर नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि रूस अपनी योजनाओं का अनुसरण करता है, तो वह एक विनाशकारी और अनावश्यक पसंद के युद्ध के लिए जिम्मेदार होगा। हम यूक्रेन में लड़ने के लिए सेना नहीं भेजेंगे, लेकिन हम यूक्रेनी लोगों का समर्थन करना जारी रखेंगे। इस बीच पूर्वी यूक्रेन में एक विस्फोट हुआ है, बताया जाता है कि शुक्रवार देर रात एक गैस पाइपलाइन में आग लग गई। डोनेट्स्क में कार में बम विस्फोट के कुछ घंटों बाद मास्को समर्थक, अलगाववादी-नियंत्रित क्षेत्र में लुहान्स्क के पास पाइपलाइन में आग लग गई। इससे समझा जाता है कि रूसी आक्रमण शुरू हो चुका है।

Published / 2022-02-18 17:05:32
ब्रिटेन में डेल्टाक्रॉन का एक और मामला सामने आया

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है कि फिर से एक और नया वेरिएंट डेल्टाक्रॉन सामने आया है। यह डेल्टा और ओमिक्रॉन का हाइब्रिड वेरिएंट है। वास्तव में असली हो सकता है। दरअसल, शुरुआत में इस लैबोरेटरी की गलती बताया गया था। डेल्टाक्रॉन का मामला तब सामने आया जब ब्रिटेन में एक मरीज का इलाज किया गया जो कि कोरोना के डेल्टा और ओमिक्रॉन दोनों वेरिएंट से संक्रमित हुआ था। रिपोर्ट में बताया कि हालांकि यह अब स्पष्ट नहीं है कि इस हाइब्रिड वेरिएंट की उत्पत्ति ब्रिटेन में हुई है या फिर बाहर से आया है। यूके हेल्थ सिक्योरिटी एजेंसी के अनुसार, कोरोना के नए वेरिएंट से जुड़ी रोगों की गंभीरता और इस पर वैक्सीन का प्रभाव फिलहाल अभी अज्ञात नहीं है। अधिकारियों ने इस कम गंभीर श्रेणी वाला वेरिएंट बताया है क्योंकि इससे जुड़े मामले बेहद कम है। इस वैरिएंट को लेकर बहुत अधिक खतरा पैदा नहीं करना चाहिए। क्योंकि यूके में ओरिजिनल डेल्टा और ओमिक्रॉन वैरिएंट के खिलाफ इम्युनिटी का लेवल बहुत मजबूत व बेहतर है। इसलिए, मैं इस समय बहुत ज्यादा चिंतित नहीं हूं। उन्होंने कहा कि अगर डेल्टा और ओमिक्रॉन दोनों के मामले कम हो रहे हैं, तब सैद्धांतिक रूप से इस वेरिएंट के संक्रमण का ट्रांसमिशन इतना आसान नहीं होगा। बता दें कि करीब एक महीने पहले साइप्रस के एक संक्रामक रोग विशेषज्ञ ने कहा था कि उन्होंने डेल्टाक्रॉन वैरिएंट की पहचान की है।

Published / 2022-02-18 14:55:37
धोखाधड़ी : पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को समन, 21 दिन के अंदर होना होगा पेश

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका में एक न्यायाधीश ने गुरुवार को आदेश दिया कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी कारोबारी गतिविधियों की जांच के सिलसिले में सवालों के जवाब दर्ज कराएं। न्यायाधीश आर्थर एन्गोरोन ने आदेश दिया कि ट्रंप और उनके दो बच्चे इवांका तथा डोनाल्ड ट्रंप जूनियर न्यूयॉर्क के अटॉर्नी जनरल लेतिशिया जेम्स द्वारा दिसंबर में जारी किए गए सम्मन का पालन करें। उन्होंने कहा कि ट्रंप और उनके दो बच्चे 21 दिनों के अंदर अपने बयान दर्ज कराएं। न्यायाधीश ने ट्रंप और जेम्स के कार्यालय के वकीलों की दो घंटे तक चली जिरह के बाद यह फैसला दिया। अदालत ने कहा कि अंतिम विश्लेषण में, राज्य के अटॉर्नी जनरल ने एक कारोबारी ईकाई की जांच शुरू की और संभावित वित्तीय धोखाधड़ी के प्रचुर सबूतों का पता लगाया तथा वह इस कारोबार से जुड़े कई लोगों से सवाल-जवाब करना चाहती हैं। उनके पास ऐसा करने का स्पष्ट अधिकार है। इस फैसले के खिलाफ अपील की जा सकती है। ट्रंप के प्रवक्ता ने अभी इस फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं की है। जेम्स ने कहा कि उनकी जांच में ऐसे सबूत मिले हैं कि ट्रंप की कंपनी ने कर्ज और कर में छूट लेने के लिए गोल्फ कोर्स और स्काईस्क्रैपर्स जैसी संपत्तियों के मूल्यांकन में फजीर्वाड़ा किया।

Published / 2022-02-18 10:37:52
नीदरलैंड : 139 Km/hrs की रफ्तार वाले तूफान का अलर्ट, 170 उड़ानें रद्द

एबीएन सेंट्रल डेस्क। नीदरलैंड की ध्वजवाहिका वायुसेवा केएलएम ने तूफान के मद्देनजर शुक्रवार की करीब 170 उड़ानों को रद्द कर दिया है। केएलएम ने यहां जारी बयान में कहा, गुरुवार 17 फरवरी और शुक्रवार 18 फरवरी को एम्सटडर्म में तूफानी मौसम के कारण एम्स्टडर्म हवाई अड्डे से शिफोल के लिए हमारी उड़ानें बाधित हो सकती हैं। कंपनी ने बयान में कहा कि 167 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। नीदरलैंड की मौसम सेवा ने गुरूवार को देश में यूनिस तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम सेवा के अनुसार तूफान के शुक्रवार को देश में टकराने की आशंका है। उन्होंने कहा तूफान के कारण देश के कुछ हिस्सों में 139 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।

Page 99 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse