वर्ल्ड

View All
Published / 2022-02-25 07:39:10
एक दिन में 800 रूसी सैनिक ढेर, टैंक-विमान भी तबाह : यूक्रेन

एबीएन सेंटल डेस्क। रूस के हमले के बीच यूक्रेन ने बड़ा दावा किया है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसकी सेनाओं ने रूस के 800 सैनिकों को मार गिराया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में टैंक और विमान भी तबाह कर दिए हैं। डिफेंस मिनिस्ट्री ने कहा कि गुरुवार शाम को किए गए ऑपरेशन के तहत रूसी सेना के 30 टैंकों, कई विमानों और हेलिकॉप्टरों को भी तबाह कर दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देश में आपातकाल लगाने का ऐलान किया है और देश के हर सक्षम व्यक्ति से रूसी आक्रमण के खिलाफ हथियार उठाने का आह्वान किया है। क्रेन के रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट किया, डिप्टी डिफेंस मिनिस्टर हन्ना मालयार ने बताया है कि दुश्मन के 800 सैनिक मार गिराए हैं। इसके अलावा 7 हेलिकॉप्टर और 6 टैंक भी तबाह कर दिए गए हैं। सोमवार को रूस की ओर से यूक्रेन के दो क्षेत्रों डोनेत्सक और लुहान्सक को स्वतंत्र घोषित कर दिया था। इसके बाद गुरुवार सुबह से रूस की ओर से यूक्रेन पर हमलों की शुरुआत कर दी गई थी। रूस के हमले के बाद से यूके, अमेरिका, कनाडा समेत दुनिया के कई देशों ने उस पर बैन लगाए हैं। हालांकि इसके बाद भी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सेनाओं को पीछे हटाने के कोई संकेत नहीं दिए हैं।

Published / 2022-02-25 04:45:28
रूस पर प्रतिबंध लगायेंगे बाइडेन, नहीं करेंगे "सामना"

एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन संकट पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि कई हफ्तों से हम जो चेतावनी दे रहे थे वो हो गया। बाइडेन ने कहा कि बिना सबूतों के यूक्रेन पर निराधार आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि रूस को इसका अंजाम भुगतना होगा। दुनिया के अधिकतर देश रूस के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि रूस सच्चाई छुपाने के लिए प्रोपेगेंडा कर रहा है। बाइडेन ने कहा कि हम रूस के कारोबार करने की क्षमता को रोक देंगे। उन्होंने कहा कि रूस का आधे से ज्यादा इंपोर्ट कम कर देंगे। रूस अमेरिका और ईयू के साथ व्यापार नहीं कर पाएगा। आज हम रूस के चार और बैंकों पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। बाइडेन ने कहा कि जी-7 देश मिलकर रूस को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना इस जंग में हिस्सा नहीं लेगी। बाइडेन ने यूक्रेन और रूस के बीच जारी संघर्ष को लेकर साफ कर दिया कि अमेरिकी सेना इस जंग में हिस्सा नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि रूस के आसपास अमेरिकी सैनिक अड्डे अलर्ट पर हैं। पूर्व के सहयोगी देशों में हमारी सेना रहेगी। नाटो के सभी देशों को हमारा समर्थन रहेगा। बाइडेन ने अमेरिकी गैस कंपनियों से अपील की कि वह युद्ध से मौके का फायदा न उठाएं। अमेरिका पर भी युद्ध का असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि तेल उत्पादक देशों से तेल की कीतमें न बढ़ाने पर बात करेंगे।

Published / 2022-02-25 04:36:05
हमले में पहले दिन 137 नागरिकों की मौत हुई : वोलोदिमीर जेलेंस्की

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस ने पहले दिन की लड़ाई में यूक्रेन में जबरदस्त तबाही मचाई है। रूसी सैनिकों ने गुरुवार को चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर कब्जा कर लिया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के सलाहकार मायहेलो पोडोयक ने बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। पोडोयक ने कहा, यूक्रेन ने चेर्नोबिल पर नियंत्रण खो दिया है। हमारी सेना ने रूसी सैनिकों से भीषण जंग लड़ी। उन्होंने कहा रूसियों के इस मूर्खतापूर्ण हमले के बाद यह कहना असंभव है कि चेर्नोबिल संयंत्र सुरक्षित है भी या नहीं। वहीं, जेलेंस्की ने कहा है कि पहले दिन की लड़ाई में कुल 137 लोगों की जान गई है। इसके अलावा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन पर रूस के हमले से पैदा हुई स्थिति के मद्देनजर गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात कर तत्काल हिंसा रोकने की अपील की तथा सभी पक्षों से कूटनीतिक बातचीत और संवाद की राह पर लौटने के ठोस प्रयास करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रूस-यूक्रेन के बीच शुरू हुई हिंसा को तत्काल समाप्त करने और राजनयिक वार्ता के रास्ते पर लौटने के लिए सभी पक्षों से ठोस प्रयास करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने बातचीत में अपने लंबे समय से दृढ़ विश्वास को दोहराया कि रूस और नाटो समूह के बीच मतभेदों को केवल ईमानदारी और बातचीत के माध्यम से ही सुलझाया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से छात्रों की सुरक्षा के संबंध में भारत की चिंताओं के बारे में रूसी राष्ट्रपति को भी अवगत कराया और बताया कि भारत उनके सुरक्षित निकास और भारत लौटने को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि उनके अधिकारी और राजनयिक दल सामयिक हित के मुद्दों पर नियमित संपर्क बनाए रखेंगे।

Published / 2022-02-24 17:50:48
यूक्रेन मुद्दा : रूस को मिला चीन-ईरान का साथ

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूसी सैनिकों द्वारा गुरुवार को यूक्रेन पर हमले के बाद दोनों तरफ से जानमाल के नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। एक तरफ जहां यूक्रेन का कहना है कि हमने अब तक 50 रूसी सैनिकों को मार गिराया है और उनके 6 विमान नष्ट कर दिए हैं, तो वहीं दूसरी ओर, हमले में अब तक यूक्रेन के 40 जवानों और 10 नागरिकों की मौत हो गई है। रूस के इस हमले को लेकर कई देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा और कड़ी आलोचना कर रहे हैं। हालांकि इस महायुद्ध में रूस को चीन और ईरान का साथ मिला है। बता दें कि चीन ने पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन में रूस के हमलों को आक्रमण कहने से इनकार कर दिया। यही नहीं उसने इसके बजाय संकट को और खराब करने के लिए अमेरिका और उसके सहयोगियों की जमकर आलोचना की। रूस के निकट सहयोगी चीन ने यूक्रेन मुद्दे से जुड़े सभी पक्षों से संयम बरतने तथा और तनाव बढ़ाने वाला कोई भी कदम उठाने से परहेज करने की अपील की। चीन ने इस सवाल को दरकिनार कर दिया कि क्या गुरुवार तड़के यूक्रेन पर रूसी सेना का हमला एक आक्रमण था। इसके जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि इस मामले की जड़ें ऐतिहासिक एवं वर्तमान परिदृश्य में समाई हुई हैं।

Published / 2022-02-24 13:12:58
रूस-यूक्रेन विवाद : सुरक्षा बलों की तैनाती को और मजबूत करने पर पर सहमत हुआ नाटो

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन में सैन्य हमले में अब तक 9 लोगों मौत हो गई जबकि 7 अन्य घायल हो गए। वहीं हमले के बाद नाटो ने यूक्रेन और रूस के पास स्थित अपने पूर्वी किनारे में अपनी जमीनी, समुद्री बलों और वायुसेना की तैनाती को मजबूत करने पर सहमति जतायी। नाटो के दूतों ने आपातकालीन वार्ता के बाद एक बयान में कहा कि हम गठबंधन के पूर्वी हिस्से में अतिरिक्त रक्षात्मक जमीनी और वायुसेना, साथ ही अतिरिक्त समुद्री परिसंपत्ति तैनात कर रहे हैं। बयान में कहा गया कि हमने सभी आकस्मिक स्थिति का जवाब देने के लिए अपने बलों की तैयारी बढ़ा दी है। उत्तरी अटलांटिक परिषद की एक बैठक के बाद ब्रुसेल्स (बेल्जियम ) स्थित नाटो मुख्यालय में मीडिया से स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि हमारे पास अपने हवाई क्षेत्र की रक्षा करने वाले 100 से अधिक जेट और उत्तर से भूमध्य सागर तक समुद्र में 120 से अधिक जंगी जहाजों बेड़ा है। हम अपने गठबंधन को हमले से बचाने के लिए जो भी जरूरी होगा, वह करेंगे। बता दें कि नाटो के 30 सदस्य देशों में से कुछ यूक्रेन को हथियार, गोला-बारूद और अन्य उपकरणों की आपूर्ति कर रहे हैं। नाटो यूक्रेन के समर्थन में कोई सैन्य कार्रवाई शुरू नहीं करेगा, जो उसका एक करीबी भागीदार है। संघर्ष के निकटतम देश - एस्टोनिया, लातविया, लिथुआनिया और पोलैंड - नाटो की स्थापना संधि के अनुच्छेद 4 के तहत दुर्लभ परामर्श शुरू करने वालों में शामिल हैं, जो तब किया जा सकता है जब क्षेत्रीय अखंडता, राजनीतिक स्वतंत्रता या किसी की (नाटो सदस्यों में से किसी की) सुरक्षा खतरे में होती है। दूतों ने कहा कि हमने सभी सहयोगियों की रक्षा के लिए अपनी रक्षात्मक योजना के अनुरूप, गठबंधन में प्रतिरोधक क्षमता और रक्षा को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि हमारे कदम एहतियाती, आनुपातिक और गैर-उकसावे वाले हैं।

Published / 2022-02-24 13:12:22
यूक्रेन मुद्दा : नागरिक और सैन्य संस्थानों को रूस ने बनाया निशाना...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस ने यूक्रेन पर कई सस्थानों पर मिसाइल हमला किया है। रूस ने 30 से अधिक मिसाइल दागीं हैं। इसमें कैलिबर क्रूज मिसाइल से भी हमला किया गया है। रूस की सेना यूक्रेन की राजधानी कीव के बेहद करीब पहुंच गई है। रूस ने नागरिक, सैन्य ठिकानों को अपना निशाना बनाया है। यूक्रेन की उत्तरी कीव में सेना इंटर कर चुकी हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर का बयान : यूक्रेन हालात पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एव के प्रतिनिधि से बातचीत हुई है। उहनोंने बताया कि यूक्रेन को लेकर बातचीत हुई है। ईयू के प्रतिनिधि के साथ हालात कैसे सुधारे जाएं इस पर बात हुई है। विदेश मंत्री ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। ब्रिटेन के पीएम बॉरिस जॉनसन क्या बोले : ब्रिटेन ने यूक्रेन पर आक्रमण के साथ रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा चुने गए रक्तपात और विनाश के रास्ते की बृहस्पतिवार को निंदा की और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ निर्णायक कार्रवाई का वादा किया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इसे यूरोपीय महाद्वीप के लिए एक तबाही करार दिया। जॉनसन मामले पर राष्ट्र को भी संबोधित करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वह जवाबी कार्रवाई के समन्वय के लिए जी-7 के नेताओं से संपर्क कर रहे हैं, जिसमें अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान शामिल हैं। रूस ने की शांतिभंग : नाटो के महासचिव जेन्स स्टॉल्टेनबर्ग ने कहा है कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से यूरोपीय महाद्वीप की शांति भंग हो गई है। स्टॉल्टेनबर्ग ने शुक्रवार को नाटो गठबंधन के नेताओं का शिखर सम्मेलन बुलाने का आह्वान किया है। रूस ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर आक्रमण कर उसके शहरों और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले या गोलीबारी की। यूक्रेन सरकार ने कहा कि रूसी टैंक और सैनिक सीमा पर घूम रहे हैं। साथ ही उसने रूस पर पूर्ण युद्ध छेड़ने का भी आरोप लगाया। नाटो ने यूक्रेन को सैन्य मदद का ऐलान किया है। हालात पर नजर : यूक्रेन और रूस विवाद पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ा बयान दिया है। राजनाथ ने कहा कि किसी भी बात का हल शांति से निकलना चाहिए, युद्ध इसका हल नहीं हो सकता, यूक्रेन में फंसे भारतीयों पर राजनाथ सिंह ने कहा- यूक्रेन में कई प्लेन भेजे गए, वहां की स्थिति जो है उसकी वजह से प्लेन वहां उतर नहीं पा रहें। फ्रांस ने की रूस की निंदा : फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि फ्रांस युद्ध छेड़ने के रूस के फैसले की कड़ी निंदा करता है और यूक्रेन के लिए समर्थन का वादा करता है। मैक्रों ने कहा कि रूस को अपने सैन्य अभियानों को तुरंत समाप्त करना चाहिए। उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर बात की। फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय के एक बयान के अनुसार, मैक्रों से बातचीत में जेलेंस्की ने यूक्रेन के लिए यूरोप के एकजुट सहयोग की मांग की। मैक्रों ने कहा कि फ्रांस युद्ध को समाप्त करने के लिए अपने भागीदारों और सहयोगियों के साथ काम कर रहा है।

Published / 2022-02-24 06:18:48
रूस को रोकने की कोशिश इतिहास का सबसे बुरा अंजाम होगा : पुतिन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आखिरकार गुरुवार को यूक्रेन के खिलाफ एलान-ए-जंग कर दिया है। उन्होंने सैन्य कार्रवाई का एलान करते हुए यूक्रेन की सेना को हथियार डालने और घर लौटने के लिए कहा है। पुतिन ने यह भी कहा कि यदि कोई दूसरा देश बीच में आया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उधर, राजधानी कीव समेत यूक्रेन के कुछ इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। कीव एयरपोर्ट पर कब्जे के प्रयास की भी खबर है। रूस के एलान पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि जंग के लिए रूस जिम्मेदार होगा। पुतिन की चेतावनी-कोई दखल न दे, वरना इतिहास का सबसे बुरा अंजाम होगा- पुतिन ने पश्चिमी देशों व नाटो को भी परोक्ष रूप से धमकाते हुए कहा कि हमारे बीच में कोई दखल न दे और हमारे देश व हमारे लोगों को खतरा पैदा नहीं करे। उन्हें समझ लेना चाहिए कि ऐसे दखल की दिशा में रूस का तत्काल जवाब मिलेगा और ऐसा अंजाम भोगना पड़ेगा, जो इतिहास में कभी देखने को नहीं मिला होगा। पुतिन ने कहा कि वह सारे फैसले कर चुके हैं, चाहे जो अंजाम हो। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने कहा है कि जंग व मौतों के लिए रूस जिम्मेदार होगा। व्हाइट हाउस हालात पर नजर रखे हुए है। वह कल जी-7 देशों के नेताओं से बात करेंगे। पुतिन ने अमेरिका को भी दखल नहीं देने की धमकी दी है। पुतिन ने कहा कि यह रूस के लिए जीवन और मौत का वक्त है। हमने रेड लाइन पार कर ली है। पुतिन के एलान के तुरंत बाद ही यूक्रेन में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके और राजधानी कीव में बड़े धमाकों की खबरें मिली हैं। रूस के टेलीविजन नेटवर्क आरटी ने खबर दी है कि समूचे यूक्रेन में धमाके हुए हैं। डोनबास प्रांत में सैन्य कार्रवाई जारी है। उधर, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस हालात पर विचार हो रहा है। अब देखना होगा कि पुतिन के आदेश पर यूक्रेन व उसके पश्चिमी मित्र देश क्या कदम उठाते हैं। यदि अमेरिका नीत नाटो की सेना इसे नहीं मानती है तो और वह मैदान में कूदती है तो यूरोप की सरजमीं पर बड़ी जंग का आगाज हो सकता है, जैसी कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी जनता के नाम अपने संदेश में आशंका जताई है। दुनिया पुतिन को रोके : यूक्रेन के विदेश मंत्री की गुहार- उधर, यूक्रेन के विदेश मंत्री ने यूएन में कहा कि उनका देश अपना बचाव करेगा और जीतेगा। पुतिन ने अभी-अभी यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया है। यूक्रेन के शांतिपूर्ण शहरों पर हमले हो रहे हैं। यह आक्रामकता का युद्ध है। दुनिया पुतिन को रोक सकती है और उसे भी करना चाहिए। अब कार्रवाई करने का समय है।

Published / 2022-02-24 05:50:04
यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई जगह बैलिस्टिक मिसाइलों से हो रहे हमले

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं। पुतिन ने कहा है कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है। पुतिन ने आगे कहा कि अगर कोई दूसरा देश बीच में आता है तो उसके खिलाफ भी जवाबी कार्रवाई होगी रूसी द्वारा हमले शुरू करने के बाद यूक्रेन सरकार ने कीव एयरपोर्ट को खाली करवाना शुरू कर दिया है। कीव-खारकीव समेत कई यूक्रेनी शहरों में मिसाइल से हमला : रूस ने कीव-खारकीव समेत कई यूक्रेनी शहरों में मिसाइल से हमला शुरू कर दिया है। स्थिति भयावह होती जा रही है। यूक्रेन को नरसंहार से मुक्त करना है: रूस- संयुक्त राष्ट्र में रूस के प्रतिनिधि ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित विशेष अभियान यूक्रेन के लोगों की रक्षा के लिए हैं, जो वर्षों से पीड़ित हैं। हमारा लक्ष्य यूक्रेन को नरसंहार से मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के अनुरूप निर्णय लिया गया है हम यूक्रेन में स्थिति का विश्लेषण करेंगे। यूक्रेन के पूर्वी बंदरगाह शहर मारियुपोल में शक्तिशाली विस्फोट : रूस द्वारा जंग के एलान के बाद यूक्रेन के पूर्वी बंदरगाह शहर मारियुपोल में शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी गई।

Page 95 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse