एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के तीन हफ्ते हो चुके हैं। जंग को खत्म करने की कोशिशें जारी हैं लेकिन इस बीच यूक्रेन में खासी तबाही हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर आक्रमण को लेकर युद्ध अपराधी बताया। शिकागो क्लब के मालिकों ने कहा है कि वे इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल क्लब चेल्सी को खरीदने के लिए बोली लगाएंगे। चेल्सी के मालिक रोमन अब्रामोविच को उनकी हिस्सेदारी बेचने को बाध्य किया गया है क्योंकि ब्रिटिश सरकार ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध छेड़ने वाले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रिश्तों के कारण उन्हें प्रतिबंधित किया था, जिसके बाद प्रीमियर लीग ने भी यह कदम उठाया। इसके बाद रिकेट्स परिवार ने चेल्सी को खरीदने में सार्वजनिक तौर पर रुचि दिखाई है। रूस से गंवाए 7 हजार से ज्यादा सैनिकः अमेरिकी खुफिया - अमेरिकी खुफिया विभाग से जानकारी मिली है कि यूक्रेन के साथ जंग में रूस की सेना ने 7,000 से अधिक सैनिकों को खो दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स से बात करने वाले अमेरिकी अधिकारियों ने आगाह किया कि उनके रूसी हताहतों की संख्या सटीक नहीं है। रूस की सेना ने 5 दिन बाद मेयर को छोड़ा : यूक्रेन के दक्षिण पूर्व में स्थित शहर मेलितोपोल के मेयर को रूस की सेना ने पांच दिन तक बंधक बनाकर रखने के बाद मुक्त कर दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के चीफ ऑफ स्टाफ अन्द्रेई येरमक ने यह जानकारी दी, लेकिन यह खुलासा नहीं किया कि महापौर को कैसे छोड़ा गया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस से जारी जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी संसद को संबोधित करते हुए साफ किया कि उनकी सेना पीछे हटने को तैयार नहीं है। जेलेंस्की ने कहा कि हम किसी भी तरह का युद्ध करना नहीं चाहते हैं। हम युद्ध को जल्द से जल्द रोकना चाहते हैं। रूस हमलों के लिए मिसाइल का लगातार इस्तेमाल कर रहा है। हालात ये हो चुके हैं कि यूक्रेन के खूबसरत शहर अब खंडहर में तब्दील हो गए हैं। अमेरिकी संसद को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने अमेरिका को दूसरे विश्वयुद्ध की भी याद दिलाई। मौके पर जेलेंस्की ने यूक्रेन की तबाही का एक वीडियो अमेरिका की संसद को भी दिखाया। जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना दिन रात हमारे ऊपर मिसाइल से हमल कर रही है। रूस की सेना हमारी धरती पर नहीं हमारे अधिकार पर हमला कर रही है। हमारी आजादी पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को रूस के ऊपर और कड़े प्रतिबंध लगाने चाहिए और अमेरिकी कंपनियों को भी रूस छोड़ देना चाहिए। इससे रूस की ताकत कमजोर होगी और वह युद्ध को रोक देगा। जेलेंस्की ने अपने भाषण में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को थैंक्यू कहा। उन्होंने कहा कि अब तक की जंग में अमेरिका ने जिस तरह से हमारी मदद की है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि रूसी सेना दिन रात आसमान से मौत बरसा रही है इसलिए हमें अमेरिका से और घातक हथियारों की जरूरत है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि आज के वक्त में नेता होने का मतलब है कि आप शांति का नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि अमेरिका को अपने सभी पोर्ट रूस के लिए बंद कर देने चाहिए। ज़ेलेंस्की ने ये भी साफ कर दिया कि यूक्रेन रूस से जंग के बीच कभी भी सरेंडर नहीं करेगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि मैं कुछ ज्यादा मांग कर रहा हूं कि यूक्रेन के ऊपर नो फ्लाई जोन का नियम लागू किया जाए। अगर ये लागू हो जाएगा तो रूस हमपर हमला नहीं कर सकेगा। उन्होंने कहा, अगर हमारी मांग गलत है तो अमेरिका बताए कि रूस को रोकने के लिए उसके पास कोई और प्लान है क्या?
एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन और ब्रिटेन में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दे दी है। चीन ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जहां अपने कई शहरों में लॉकडाउन लगा दिया है तो वहीं ब्रिटेन में बीते 7 दिन में कोरोना संक्रमण मामलों में 77 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली है। दुनियाभर के देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की है। बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना के नए डेल्टाक्रॉन वेरिएंट पर नजर रखने और इसके कारण होने वाले प्रभाव पर नजर बनाए रखने को कहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इंटरनेशनल ट्रेवल प्वॉइंट्स यानी हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर एक बार फिर जांच और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया है। दुनियाभर के कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत में कोरोना संक्रमितों की जीनोम सीक्वेंसिंग करने को कहा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या देंश में कोरोना का काई नया वैरिएंट आया है या नहीं। बता दें कि चीन और यूरोप के कई देशों में कोरोना के नए वेरिएंट डेल्टाक्रॉन के मामले बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। ब्रिटेन के डेली डैशबोर्ड डेटा से पता चला है कि ब्रिटेन में 109,802 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिससे एक सप्ताह में 77.4 फीसदी की छलांग दर्ज की गई है। हालांकि, इस आंकड़ों में स्कॉटलैंड के चार दिनों के संक्रमण के आंकड़े भी शामिल हैं, जहां लगातार मामले बढ़ रहे हैं। यही वजह है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के पूर्व अधिकारी ने चेतावनी दी है कि ओमिक्रॉन का सब-वेरिएंट खसरा जितना ही संक्रामक है। इसकी वजह से अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों में सप्ताह-दर-सप्ताह 12.7% की वृद्धि देखने को मिली है, लेकिन डेली वायरस से होने वाली मौतें 5.7% गिरकर 200 तक रह गई हैं। मामलों में वृद्धि BA.2 के रूप में दर्ज की गई है, जो अब ब्रिटेन में अधिकांश कोविड मामलों के लिए जिम्मेदार है। डेल्टाक्रॉन सबसे पहले सांस की नली को प्रभावित करता है : विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है, BA.2 वेरिएंट जिस मुख्स वायरस से विकसित हुआ है, यह उसके बराबर ही खतरनाक है। विशेषज्ञ इससे पहले भी इस वायरस से अलर्ट रहने की सलाह दे चुके हैं। यह ओमिक्रॉन से विकसित हुआ है। डेल्टाक्रॉन सबसे पहले सांस की नली को प्रभावित करता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन संकट के बीच तानाशाह किम जोंग एक बार फिर से ताकत की आजमाइश करने लगे हैं। दरअसल, दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा कि उत्तर कोरिया की सेना ने बुधवार को एक अज्ञात मिसाइल दागी, लेकिन इसका प्रक्षेपण तुरंत विफल हो गया। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने अपने एक बयान में कहा कि उत्तर कोरिया ने आज करीब साढ़े नौ बजे सुनान क्षेत्र से एक अज्ञात मिसाइल दागा लेकिन यह माना जाता है कि प्रक्षेपण के तुरंत बाद यह धाराशायी हो गई। इस साल अब तक कुल 10 हथियारों का परीक्षण : उत्तर कोरिया इस साल अब तक कुल 10 हथियारों का परीक्षण कर चुका है जिसमें कि एक विफल रहा है। इनमें सात मिसाइल और दो टोही उपग्रह शामिल थे। वहीं उत्तर कोरिया के ताबड़तोड़ प्रक्षेपण पर दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने नाराजगी जताई है। दोनों देशों ने पिछले हफ्ते बयान जारी कर कहा था कि उत्तर कोरिया द्वारा दागी गई अधिकतर मिसाइल अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) प्रणाली के थे। ऐसी मिसाइल का प्रक्षेपण पहले कभी नहीं किया गया था। उत्तर कोरिया पर अमेरिका ने लगाए और प्रतिबंध : उत्तर कोरिया द्वारा अंतर महाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण के तहत किए गए दो परीक्षणों के बाद अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने उस पर और प्रतिबंध लगा दिए हैं। वित्त मंत्रालय ने 4 मार्च को हुए मिसाइल परीक्षण को रेखांकित करते हुए तीन रूसी संस्थानों को इसमें मदद करने के आरोप में प्रतिबंधित करने की घोषणा की। ये कंपनियां हैं- एपोलॉन, जील-एम और आरके ब्रिज। इन कंपनियों से जुड़े दो लोगों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इन प्रतिबंधों के चलते ये कंपनियां अमेरिका में अपनी संपत्तियों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगी। वहीं, दक्षिण कोरिया ने कहा है कि उसे उत्तर कोरियाई परमाणु परीक्षण स्थल की पुरानी सुरंगों की मरम्मत के संकेत मिले हैं। इन सुरंगों को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग-उन के बीच 2018 में हुई बातचीत के कई माह पहले ध्वस्त कर दिया गया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन जंग के 20वें दिन क्रेन के साथ शांति वार्ता चलने के बावजूद रूस लगातार यूक्रेनी शहरों में रिहायशी इलाकों पर बमबारी कर रहा है। इस बीच रूसी सेना ने बड़ा दावा किया है कि खेर्सोन इलाका पूरी तरह से उसके नियंत्रण में आ चुका है। यूक्रेन की राजधानी के एक रिहायशी इलाके में मंगलवार को रूस ने कई हवाई हमले किए, जिससे कीव में 15 मंजिला एक इमारत में आग लग गई। हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गयी और कई अन्य के इमारत में फंसे होने की आशंका है। कीव क्षेत्र के प्रमुख ओलेक्सी कुलेबा ने यूक्रेनी टेलीविजन को बताया कि रूस ने उत्तर-पश्चिमी उपनगर इरपिन, बुका और होस्तोमेल में भी रात भर हमले किए। यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने फेसबुक पर बताया कि रूसी सेना ने मंगलवार को दक्षिण में बंदरगाह शहर मारियुपोल पर कब्जा करने की कोशिश एक बार फिर शुरू की और पूर्व में खारकीव शहर पर तोपों से फिर गोले दागे। रूस के सरकारी टेलीविजन चैनल पर एक समाचार कार्यक्रम के दौरान सोमवार शाम एक महिला यूक्रेन में रूस के आक्रमण का विरोध करते हुए एक पोस्टर पकड़े स्टूडियो में घुस गई। देश में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के विरोध में उठाया गया यह काफी साहसी कदम है, वह भी ऐसे समय में जब रूस देश में स्वतंत्र मीडिया को अवरुद्ध या बंद करने के पूरे प्रयास कर रहा है और युद्ध को लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ कोई भी खबर दिखाना अपराध की श्रेणी में आता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 20वां दिन है। इस बीच दोनों देशों के बीच अब तक कई बार बातचीत हो चुकी है, लेकिन जंग को समाप्त करने के लिए आम सहमति नहीं बन पा रही है। लंबी खिचती जंग के बीच रूस के सैन्य उपकरण और गोला-बारूद तेजी से खत्म हो रहे हैं। पूर्व अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने दावा किया है कि रूस के पास सिर्फ दस दिन का ही गोला-बारूद बचा है। वहीं यूक्रेन बनाम रूस मामले में अंंतरराष्ट्रीय अदालत 16 मार्च को अपना फैसला सुना सकती है। यूके के मंत्रियों ने रूसी उत्पादों पर लगाए नए प्रतिबंध : यूनाइटेड किंगडम (यूके) के मंत्रियों ने रूस के उत्पादों पर नए निर्यात प्रतिबंध और शुल्क लागू किए हैं। इससे पहले रूस के हितों और वहां के कुलीन वर्ग को निशाना बनाना आसान करने के उद्देश्य के साथ आर्थिक अपराध विधेयक पारित किया जा चुका है। यूके रूस और बेलारूस को उनके सैकड़ों नियार्तों के लिए विश्व व्यापार संगठन के सबसे पसंदीदा राष्ट्र टैरिफ तक पहुंच से वंचित करेगा। यूक्रेन के विदेश मंत्री ने की इस्राइली समकक्ष से बात : यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने आज अपने इस्राइली समकक्ष याइर लापिद से बात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि इस्राइल प्रतिबंधों से बचने में रूस का सहारा नहीं बनेगा। कुलेबा ने इस्राइल के मध्यस्थता प्रयासों और मानवीय मदद के लिए आभार जताया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, हमने यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने के तरीकों पर चर्चा की। हम सहमत हुए कि इस्राइल आने वाले यूक्रेन के नागरिकों के अधिकारों का सम्मान किया जाएगा। कीव में फिर कर्फ्यू : यूक्रेन की राजधानी कीव में एक बार फिर से कर्फ्यू लगाया गया है। यह कर्फ्यू 15 मार्च रात आठ बजे से 17 मार्च सुबह सात बजे तक लागू रहेगा। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि नागरिकों को बम धमाके से बचने के लिए सिर्फ बंकरों में जाने की अनुमति होगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 19वां दिन है। दोनों देशों के बीच सुलह का कोई रास्ता निकलता नहीं दिख रहा है। रूस और यूक्रेन के बीच चौथे दौर की बातचीत आज हुई जो मंगलवार को भी जारी रहेगी। इस बीच रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले और भी ज्यादा तेज कर दिए गए हैं। यूक्रेन के 24 शहरों को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, खबर आई है कि इस युद्ध को समाप्त करने के लिए इस्राइल मध्यस्थता करेगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक बार फिर नाटो से यूक्रेन के हवाई क्षेत्र को बंद करने की अपील की है। उधर, यूक्रेन के प्रधानमंत्री ने यूरोपीय परिषद की संसदीय असेंबली को संबोधित किया और पुतिन के इरादों पर सवाल उठाए। 35 फीसदी तक गिर सकती है यूक्रेन की अर्थव्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा है कि अगर रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध ऐसे ही चलता रहा तो यूक्रेन की अर्थव्यवस्था में 35 फीसदी तक की गिरावट आ सकती है। आईएमएफ ने सोमवार को कहा कि युद्ध जारी रहने की स्थिति में यूक्रेन की अर्थव्यवस्था 35 फीसदी तक गिर सकती है। इस संघर्ष से वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर भी संकट घिर सकता है। रोमन अब्रामोविच को प्रतिबंधित करेगा ईयू : यूरोपीय संघ (ईयू) के शीर्ष राजनयिकों ने रोमन अब्रामोविच को प्रतिबंधित रूसी अरबपतियों की सूची में शामिल करने पर सहमति जताई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह फैसला रविवार को हुई बैठक में इस पर अनौपचारिक रूप से सहमति व्यक्त की गई थी। प्रतिबंध ईयू के आधिकारिक जर्नल पर प्रकाशित होने के बाद प्रभावी होंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस की तरफ से यूक्रेन पर बर्बर हमलों का सिलसिला जारी है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेना ने अब नागरिक ठिकानों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। अकेले मारियूपोल में अब तक दो हजार से ज्यादा आम नागरिकों के मारे जाने से जुड़े दावे सामने आ चुके हैं। इस बीच यूक्रेन को लगातार अपने स्टारलिंक नेटवर्क के जरिए इंटरनेट मुहैया कराने वाले एलन मस्क का भी गुस्सा फूटा है। उन्होंने सोमवार को एक के बाद एक ट्वीट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को आमने-सामने की लड़ाई की चुनौती दे दी। इतना ही नहीं उन्होंने पुतिन को कायर तक करार दे दिया। क्या बोले एलन मस्क : इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट्स में पुतिन को को यूक्रेन पर बम बरसाने के लिए घेरा। उन्होंने कहा, मैं पुतिन को आमने-सामने लड़ाई की चुनौती देता हूं। दांव पर यूक्रेन होगा। मस्क ने इसमें पुतिन का नाम रूसी भाषा में लिखा, जबकि यूक्रेन का नाम यूक्रेनी में ही लिखा। अपने अगले ट्वीट में मस्क ने रूसी भाषा में कहा, क्या तुम लड़ाई के लिए तैयार हो : इस ट्वीट में मस्क ने रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन को भी टैग किया। इसी ट्वीट पर जब एक यूजर ने लिखा कि रूसी राष्ट्रपति कोई भी लड़ाई आसानी से जीत जाएंगे तो मस्क ने जवाब में कहा, अगर पुतिन इतनी आसानी से पश्चिम को अपमानित कर सकते हैं, तो मेरी चुनौती स्वीकारनी चाहिए, लेकिन वे ऐसा करेंगे नहीं। यूक्रेन को लगातार मदद पहुंचा रहे हैं मस्क : गौरतलब है कि एलन मस्क लगातार यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्वीट करते रहे हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने इस युद्ध में अहम भूमिका निभाते हुए यूक्रेन को स्टारलिंक सैटेलाइट की मदद से इंटरनेट पहुंचाया था। इसके अलावा वे अलग-अलग मौकों पर सोशल मीडिया के जरिए रूसी अधिकारियों को ट्रोल करते भी नजर आए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse