वर्ल्ड

View All
Published / 2023-06-25 17:05:16
अमेरिका : गोलीबारी में दो की मौत, 15 घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका में मिशिगन राज्य के सागिनॉ में पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी और 15 लोग घायल हो गये। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा- प्रारंभिक जांच के मुताबिक पार्टी में शामिल लोगों के बीच झगड़ा हुआ जिसके कारण गोलियां चलायी गयीं।। जवाब में भीड़ में से अन्य लोगों ने भीड़ पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे कई लोग घायल हो गये। जैसे ही लोग घटनास्थल से भाग गये, कई लोग वाहनों की चपेट में आने से घायल हो गये।

पुलिस ने कहा कि सिगिनॉ में स्ट्रीट पार्टी में गोलीबारी में कम से कम पांच अलग-अलग कैलिबर के हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। सोशल मीडिया पर पार्टी का प्रचार किया गया था। 

पुलिस ने कहा- पंद्रह लोग बंदूक की गोली से या किसी वाहन की चपेट में आने से घायल हो गये थे। 19 वर्षीय पुरुष और एक 51 वर्षीय महिला की मौत हो गयी है। सभी पंद्रह पीड़ितों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Published / 2023-06-23 23:36:27
सवाल पूछने पर पाकिस्तान के वित्त मंत्री ने पत्रकार को जड़ दिया थप्पड़

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान में एक पत्रकार ने वित्त मंत्री से आईएमएफ से जुड़ा एक सवाल पूछ दिया। इससे बौखलाये मंत्री ने पत्रकार को थप्पड़ जड़ दिया। घटना का एक वीडियो, जिसे संबंधित पत्रकार ने साझा किया है। वीडियो में नजर आता है कि डार सीढ़ियों से नीचे जा रहे हैं और पत्रकार ने उनसे पूछा कि डार साहब, क्या आप आज बात करेंगे? मंत्री ने जवाब दिया कि इतना बोलने के बाद मैं अभी (नेशनल असेंबली से) बाहर आया हूं।

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के रुके हुए फंड के बारे में सवाल पूछे जाने पर पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार संसद भवन में एक पत्रकार पर अपना आपा खो बैठे।नेशनल असेंबली सत्र को संबोधित करने के बाद डार अपने सुरक्षा गार्डों के साथ संसद भवन से बाहर निकल रहे थे, तभी एक रिपोर्टर ने उनसे कुछ सवाल पूछे। 

घटना का एक वीडियो, जिसे संबंधित पत्रकार ने साझा किया है। वीडियो में नजर आता है कि डार सीढ़ियों से नीचे जा रहे हैं और पत्रकार ने उनसे पूछा कि डार साहब, क्या आप आज बात करेंगे? मंत्री ने जवाब दिया कि इतना बोलने के बाद मैं अभी (नेशनल असेंबली से) बाहर आया हूं।

उस पर पत्रकार ने पूछा कि क्या आईएमएफ सौदा हो रहा है और आज प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की आईएमएफ प्रमुख के साथ बैठक का जिक्र किया, जो पेरिस में एक शिखर सम्मेलन के मौके पर हुई थी। हालांकि, इस सवाल पर भी डार चुप रहे। इसके बाद पत्रकार ने डील हासिल करने में सरकार की विफलता का कारण पूछा, जिस पर वित्त मंत्री ने कहा कि क्योंकि आप जैसे लोग सिस्टम में हैं। अपने बचाव में रिपोर्टर ने कहा कि हम सिस्टम में नहीं हैं और हम सिर्फ सवाल पूछते हैं। तभी डार, जो उस समय तक पार्किंग स्थल पर पहुंच चुके थे, गुस्से में पत्रकार की ओर मुड़े।

डार ने रिपोर्टर से पूछा आप क्या चाहते हैं? उससे कहा कि खुदा का खौफ करो। वह पत्रकार से भिड़ गये और थप्पड़ मारा। जिस पर पत्रकार ने जवाब दिया क्यों लड़ रहे हो सर? जिसके बाद मंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और उन्हें वाहन की ओर ले गये। बाद में रिपोर्टर ने एक और वीडियो जारी किया जिसमें उसने पूरी घटना का ब्यौरा दिया।

Published / 2023-06-21 23:45:56
यूएन हेड ऑफिस में एक साथ 180 देशों के लोगों ने किया योग, बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त अमेरिका में हैं। पीएम मोदी का अमेरिका का यह पहला राजकीय दौरा है। इंटरनेशनल योगा डे के मौके पर पीएम मोदी ने आज संयुक्त राष्ट्र में 180 देशों के लोगों के साथ योगा किया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने आज सुबह एक वीडियो संदेश में कहा कि भारत के नागरिकों ने हमेशा नये विचारों का स्वागत किया है। पीएम मोदी ने योग दिवस की बधाई देते हुए देते हुए कहा कि योग का प्रसार पूरी दुनिया को एक परिवार के रूप में समाहित करता है।

एक साथ 180 देशों के लोगों ने किया योग, यूएन हेड ऑफिस में बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 180 देशों के नागरिकों ने एक साथ इस योग सेशन में हिस्सा लिया, इसके लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने यूएन हेड ऑफिस में 50 मिनट तक किया योग
पीएम मोदी ने यूएन हेड ऑफिस में करीब 50 मिनट तक योग किया। इस दौरान उन्होंने कई आसनों का अभ्यास किया है।

पीएम मोदी ने यूएन हेड ऑफिस में अपनी स्पीच में कहा - सभी खुश रहें, सभी स्वस्थ्य रहें
पीएम नरेंद्र मोदी ने यूएन हेड ऑफिस में संबोधन के दौरान योग के कई फायदे गिनाये हैं। पीएम मोदी ने कहा कि योग आप कहीं भी कर सकते हैं, यह अकेले भी किया जा सकता है, किसी के साथ भी किया जा सकता है। योग एक जीवनशैली है। यह पूरी तरह से कॉपीराइट फ्री है। उन्होंने अपने संबोधन में आखिरी में कहा - सभी खुश रहें, सभी स्वस्थ्य रहें।

Published / 2023-06-21 23:41:19
पीएम मोदी के नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र में आयोजित योग सत्र में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

एबीएन सेंट्रल डेस्क। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में आयोजित योग सत्र को सर्वाधिक देशों के लोगों की सहभागिता के मामले में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। 

राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा के पहले चरण में यहां आए मोदी ने नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ऐतिहासिक समारोह का नेतृत्व किया। इसमें संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारियों, राजनयिकों और जानीमानी हस्तियों ने भाग लिया। 

अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित योग सत्र ने सर्वाधिक देशों की नागरिकता वाले लोगों की सहभागिता के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा- मैं आप सभी को यहां देखकर प्रसन्न हूं।

आप सभी का आने के लिए शुक्रिया। मुझे बताया गया है कि आज यहां लगभग हर राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने वाले लोग हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बुधवार को यहां आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम के उद्घाटन संबोधन में योग दिवस मनाने के लिए दुनिया का आभार जताते हुए कहा कि योग भारत एक अति प्राचीन परंपरा है और भारत की तमाम प्राचीन परंपराओं की तरह यह परंपरा न केवल जीवंत है, बल्कि गतिमान भी है। 

मोदी ने कहा- योग कॉपी राइट, पेटेंट और रॉयलटी के भुगतान से मुक्त है। योग को हर उम्र, हर लिंग और हर शारीरिक स्थिति में अपनाया जा सकता है। आप इसका अभ्यास घर पर, काम पर और यात्रा के दौरान कहीं भी कर सकते हैं।

Published / 2023-06-18 12:46:07
आईएसआईएस आतंकियों की ताबड़तोड़ फायरिंग, 38 विद्यार्थी समेत 41 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) की सीमा के निकट दक्षिण-पश्चिमी युगांडा में एक स्कूल में आतंकवादी हमले में 38 छात्रों सहित 41 शव बरामद किये गये। मपोंडवे के मेयर ने यह जानकारी दी।  

वहीं, पुलिस ने कहा- गत रात डीआरसी सीमा से लगभग 02 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मपोंडवे में लुबिरिरा उच्चतर विद्यालय विद्यालय एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेस (एडीएफ) के विद्रोहियों ने आतंकवादी हमला किया। एक छात्रावास को जला दिया गया और एक खाद्य भंडार को लूट लिया गया। विद्यालय से अब तक 41 शव बरामद किये जा चुके हैं। और उन्हें बवेरा अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। आठ अन्य की हालत गंभीर है।

पुलिस ने शनिवार को एक बयान में कहा कि अलायड डेमोक्रेटिक फोर्सेज ने सीमावर्ती कस्बे म्पोंडवे में एक स्कूल पर शुक्रवार देर रात हमला किया। लुबिरिहा माध्यमिक विद्यालय, जो निजी स्वामित्व में है, कांगो सीमा से लगभग 2 किलोमीटर (1.2 मील) की दूरी पर स्थित है। बयान में कहा गया है कि युगांडा सरकार के सैनिकों ने हमलावरों को कांगो के क्षेत्र में ट्रैक किया। 

स्थानीय डेली मॉनिटर अखबार ने अनाम सुरक्षा स्रोतों का हवाला देते हुए बताया कि हमलावरों ने भागने से पहले कई लोगों का अपहरण कर लिया। एक प्रभावशाली राजनीतिक नेता विनी कीजा ने ट्विटर पर कायरतापूर्ण हमले की निंदा की। इस क्षेत्र के एक पूर्व विधायक, किजा ने लिखा- स्कूलों पर हमले अस्वीकार्य हैं और बच्चों के अधिकारों का घोर उल्लंघन है।

उल्लेखनीय है कि एडीएफ की स्थापना 1995 में हुई थी और यह डीआरसी के साथ-साथ युगांडा में भी सक्रिय है, जहां इसे एक आतंकवादी संगठन माना गया है।

Published / 2023-06-15 18:20:29
भूकंप के जोरदार झटकों से दहला फिलीपींस

एबीएन सेंट्रल डेस्क। फिलीपींस के मिंडोरो में गुरुवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गयी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप के झटके के अंतरराष्ट्रीय समय के अनुसार गुरुवार को तड़के 02:19:25 बजे महसूस किये गये। 

भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 124.241 किलोमीटर की गहराई में 13.7952 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 120.713 डिग्री पूर्वी देशांतर में था।

Published / 2023-06-14 21:02:53
नाइजीरिया : नाइजर नदी में यात्रियों से भरी नाव पलटी, 103 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अफ्रीकी देश नाइजीरिया की नाइजर में नदी में एक नाव दुर्घटना में कम से कम 103 लोगों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात हुए इस हादसे में शामिल कई लोग एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, ये हादसा पश्चिमी राज्य क्वारा में नाइजर नदी में हुआ। 

एक पुलिस प्रवक्ता ओकासनमी अजयी के मुताबिक, 100 से ज्यादा लोगों को बचाया गया है। खोज अभियान अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि ये हादसा तब हुआ जब पूरी तरह से अंधेरा छा गया। घंटों बाद हमें पता चला तब हम सतर्क हुए। पुलिस प्रवक्ता ओकासनमी के मुताबिक, मंगलवार शाम तक मरने वालों की संख्या 103 पहुंच गयी। 

इसके अभी और बढ़ने की संभावना है। बता दें कि नाइजीरिया में नदी में नाव दुर्घटनाएं होना अब आम बात हो गयी है। पश्चिम अफ्रीकी इस देश में नावों में ओवरलोडिंग, ढीले सुरक्षा नियम, लाइफ जैकेट की अनुपस्थिति और खराब रखरखाव के चलते अक्सर भीषण दुर्घटनाएं देखने को मिलती हैं। 

इसके साथ ही रात के वक्त देशभर में नौकायन अवैध है लेकिन ये प्रतिबंध भी खराब तरीके से लागू किये गये हैं जिसके चलते यहां अक्सर रात के समय भी नदियों में नौकायन होता है और ऐसे हादसे हो जाते हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चला है। 

उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों के मुताबिक, मरने वालों में बच्चों समेत कई परिवार शामिल हैं। एब्बू गांव के रहने वाले  इब्राहिम हसन ने बताया कि, यहां शादी में कई मेहमान आये थे, उसी दिन (सोमवार) इलाके में भारी बारिश हुई। हसन के जानने वाले एक परिवार ने भी इस हादसे में अपने सात बच्चे खोए हैं। 

जबकि दो अन्य अभी भी लापता हैं। अक्सर नाइजीरिया के लोग खराब रखरखाव वाली सड़कों के विकल्प के रूप में नदी परिवहन पर ही भरोसा करते हैं। खासकर बारिश के मौसम में क्योंकि तब सड़कों की हालत बेहद खराब हो जाती है और नदियां पानी से भर जाती हैं। जिससे नौकायन में आसानी होती है।

Published / 2023-06-10 11:41:28
हाल ए पाक : भूखे मर रहे लोग, जीडीपी ग्रोथ -0, और रक्षा बजट 13% बढ़ा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था ने 0.29 फीसदी का ग्रोथ दर्ज किया है, जो शून्य से भी कम है। बावजूद इसके शहबाज सरकार का रक्षा पर ज्यादा खर्च करने का प्लान है। आम नागरिकों को दरकिनार कर दिया गया है और सेना पर ज्यादा फोकस है।

कहते हैं कि संकट में इंसान पाई-पाई भी सोच-समझकर खर्च करता है। पाकिस्तान में ये सेंस नहीं है। आर्थिक संकट के बीच भी नागरिकों पर खर्चने की बजाय वह रक्षा पर ज्यादा खर्च रहा है। पाकिस्तान की इकोनॉमी ने सिर्फ 0.29 फीसदी का ग्रोथ दर्ज की है।।नागरिकों की कमाई में 11 फीसदी की गिरावट है.ल पाकिस्तान की इकोनॉमी में सर्विस सेक्टर का 60 फीसदी सबसे बड़ा योगदान रहता है।

इस सेक्टर ने सिर्फ 0.8 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की है और तो और इसके लिए पूर्व पीएम इमरान खान को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। पाकिस्तान सरकार ने आर्थिक संकट के बीच रक्षा बजट को 13 फीसदी बढ़ाया है। रक्षा पर खर्च करने के लिए पाकिस्तान सरकार ने 1.8 ट्रिलियन रुपये आवंटित किये हैं। यह कुल जीडीपी का 1.7 फीसदी है। पिछले साल सरकार ने रक्षा बजट के तौर पर 1.57 ट्रिलियन रूपए आवंटित किये थे।

 बाद में इसे 1.59 ट्रिलियन रुपये कर दिया गया था। यह पैसे अगले एक साल में अलग-अलग सेक्टर में खर्चे जायेंगे। हमेशा से यह ट्रेंड रहा है कि पाकिस्तान में सेना को सबसे ज्यादा पैसा दिया जाता है। मसलन, इस बार सेना के लिए 824 अरब रुपये का आवंटन हुआ है। वायु सेना को 368 अरब रुपए और नेवी को 188 अरब रुपए दिये गये हैं। हालिया बजट में आम नागरिकों को दरकिनार कर दिया गया है। 

पूर्व सैनिकों के लिए पेंशन को भी इस संकट में बढ़ाया गया है। मसलन, पिछले साल 446 अरब रुपये की तुलना में अब पेंशन के लिए 563 अरब रुपए का आवंटन है, जो 26 फीसदी ज्यादा है।

रक्षा बजट का ब्रेक-अप देखें तो पता चला है कि रक्षा प्रशासन के लिए 5.4 अरब रुपये, कर्मचारियों से संबंधित खर्चों के लिए 705 अरब रुपये, परिचालन के लिए 442 अरब रुपये, भौतिक संपत्तियों के लिए 461 अरब रुपये और सिविल कार्यों के लिए 195 अरब रुपये आवंटित किये गये हैं।

पाकिस्तान की आर्थव्यवस्था का बंटाधार
पाकिस्तान की जीडीपी ने सिर्फ 0.29 फीसदी का ग्रोथ दर्ज की है. एग्रिकल्च सेक्टर ने इस संकट में भी 1.55 फीसदी की ग्रोथ देखी। वहीं इंडस्ट्रीज सेक्टर में 2.94 फीसदी की गिरावट है।

इस बीच सर्विस सेक्टर में जो पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था में 60 फीसदी का योगदान देता है, 0.86 फीसदी का ग्रोथ रहा। इंटरनेशनल मोनेट्री फंड ने पाकिस्तान की इकोनॉमी के 0.5 फीसदी ग्रोथ का अनुमान लगाया था। इससे भी कम ग्रोथ रहा है। संख्या के हिसाब से पाकिस्तान की इकोनॉमी अभी 84,657 अरब रुपये की है, जो पिछले साल के मुकाबले 27 फीसदी बढ़ी है।

Page 28 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse