वर्ल्ड

View All
Published / 2021-04-23 06:03:34
कोरोना का कहर: 24 घंटे में 3.32 लाख नए मामले, 2,263 की मौत, दुनिया में ऐसा हुआ पहली बार

एबीएन डेस्क। देश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दूसरे दिन गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के तीन लाख से अधिक मामले सामने आए। देश में गुरुवार को 3,32,730 लाख कोरोना संक्रमित मरीज मिले। बुधवार को 3.15 लाख मामले सामने आए थे। ऐसा पहली बार हुआ है कि लगातार दूसरे दिन तीन लाख से ज्यादा मामले मिले। डब्ल्यूएचओ के आंकड़े बताते हैं कि इससे पहले सिर्फ दो बार ही ऐसा हुआ जब मामले तीन लाख से ऊपर गए। 20 दिसंबर 2020 को अमेरिका में 4,02,270 और 10 जनवरी 2021 को अमेरिका में ही कोरोना वायरस के 3,13,516 मामले सामने आए थे। बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान देश में 2,263 मरीजों की मौत हुई। देश में इस वक्त 24,28,616 सक्रिय मामले हैं, जिसके बाद कुल मौतों की संख्या 1,86,920 पहुंच गई। 24 घंटे के दौरान 1,93,279 मरीज ठीक होकर अपने घर गए। ऐसे में ठीक होने वाले कुल मरीजों की संख्या 1,36,48,159 हो गई है। देश में अब तक 13,54,78,420 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है।

Published / 2021-04-22 14:31:51
कोरोना वायरस : दुनिया में एक सप्ताह में कोरोना के सर्वाधिक 52 लाख मामले

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने लगातार आठ सप्ताह तक कोविड-19 के स्तर को खतरनाक बताते हुए कहा है कि पिछले एक सप्ताह में दुनिया के भीतर 52 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। महानिदेशक टेड्रॉस घेब्रेयेसिस ने बताया कि जब से महामारी शुरू हुई है तब से कोरोना संक्रमण के एक सप्ताह में ये सर्वाधिक मामले हैं। इस दौरान होने वाली मौतें भी काफी बढ़ गईं। डब्ल्यूएचओ महानिदेशक ने चेतावनी दी है कि महामारी की रफ्तार काफी तेज हो रही है। यहां तक कि कुछ देशों में टीकों की दलाली भी शुरू होने की खबरें मिली हैं। इसका संक्रमण से निपटने के उपायों पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने बताया, मौतों का आंकड़ा 10 लाख होने में नौ माह लगे। इसके बाद अगले चार माह में यह आंकड़ा 20 लाख हो गया जबकि उसके बाद के महज तीन माह में यह आंकड़ा 30 लाख को छू गया है। बुधवार तक दुनिया में संक्रमितों की संख्या 14.36 करोड़ पार कर गई जबकि मरने वालों की संख्या 30.60 लाख हो गई। टेड्रॉस ने कहा, यह आंकड़ा परिवारों, समुदायों और देशों के लिए एक त्रासदी है। उन्होंने कहा, वायरस के प्रसार का खामियाजा छोटी उम्र के वयस्कों को भी उठाना पड़ रहा है। नई लहर में 25 से 59 साल की उम्र वालों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। भारत में महामारी प्रसार पर अमेरिका की पैनी निगाह अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हम भारत में कोविड-19 महामारी के प्रसार पर ‘पैनी’ निगाह बनाए हुए हैं। अमेरिकियों के भारत यात्रा से बचने का सुझाव देने के एक दिन बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, भारत या किसी भी देश के लिए हम लोग हर वह संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो हम मौजूदा समय में कर सकते हैं। हम वायरस पर काबू करने को लेकर आशान्वित हैं। टीकाकरण का दायरा व उत्पादन बढ़ाएगा अमेरिका अमेरिका वैश्विक टीकाकरण का दायरा बढ़ाने, उत्पादन करने और वितरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि अमेरिका फिर से डब्ल्यूएचओ के साथ जुड़ गया है। हमने कोवैक्स सुविधा के लिए उसे दो अरब डॉलर अभी और दो अरब डॉलर बाद में देने का वादा किया है। हमने इस मुद्दे पर भारत के अलावा कनाडा और मेक्सिको से भी बात की है। सिंगापुर में भारतीय दोबारा कोरोना संक्रमित सिंगापुर में 43 साल का एक भारतीय 15 दिन के अंदर संभवत: दूसरी बार कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया है। अधिकारियों ने भारतीय की पहचान उजागर न करते हुए बताया कि यह शख्स दो अप्रैल को संक्रमित पाया गया और चार दिन बाद रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब उसे दोबारा संक्रमित पाया गया है और उसके दो रिश्तेदार भी उससे संक्रमित हो गए हैं।

Published / 2021-04-21 12:25:05
ब्रिटेन ने जी-7 के विदेश मंत्रियों की बैठक में भारत को दिया न्योता

ब्रिटेन की मेजबानी में होने वाली जी-7 देशों के विदेश व विकास मंत्रियों की बैठक में आंमत्रित अतिथि देशों में भारत भी शामिल है। विदेश राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय ने जानकारी दी। लंदन में होने वाली जी-7 देशों के शिखर सम्मेलन में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान, इटली, अमेरिका और ब्रिटेन के साथ ही यूरोपीय यूनियन के विदेश मंत्री शामिल होंगे। कोविड सुरक्षा उपायों के बीच यह बैठक तीन से पांच मई के बीच होगी। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के सम्मेलन कुछ हिस्सों में शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में भारत के अलावा भारत-प्रशांत क्षेत्र के देश अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एफसीडीओ ने कहा कि विदेश मंत्री ने इस वर्ष समूह सात के विदेश और विकास मंत्रियों की बैठक के कुछ हिस्सों में शामिल होने के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया, कोरिया गणराज्य, दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव को भी अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि बैठक में इनकी उपस्थिति अनुभव और भौगोलिक प्रतिनिधित्व को लाएगी, साथ ही भारत-प्रशांत क्षेत्र के महत्व को प्रदर्शित करेगी। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने मंगलवार को संसद में बैठक की योजनाओं की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्रों के लिए एक साथ आने का मौका होगा।

Published / 2021-04-18 14:37:45
कोरोना दुनिया में पिछले 24 घंटे में 7.83 लाख नए केस, 11 हजार से ज्यादा मौतें

एबीएन डेस्क। दुनियाभर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिन दुनिया में कोरोना के 7.83 लाख मरीजों की पहचान हुई। इस दौरान 11,574 लोगों की मौत भी हुई। सबसे ज्यादा मामले अब भी भारत में आ रहे हैं। यहां शनिवार को 2.60 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई। इसके बाद ब्राजील में 65,792 और अमेरिका में 63,581 नए मामले सामने आए। इसके अलावा तुर्की में 62,606 और फ्रांस में 35,861 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उधर, ब्राजील से फ्रांस आने वाले लोगों के लिए नए नियमों का ऐलान कर दिया गया है। फ्रांस में मिले ब्राजीली वैरिएंट के केसों के बाद ब्राजील से यहां आने वाले लोगों को 10 दिन क्वारैंटाइन में रहना होगा। यह नियम 24 अप्रैल से लागू होगा। दुनिया में अब तक 14 करोड़ 13 लाख से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 30 लाख 23 हजार मरीजों की मौत हो चुकी है। 11.99 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 1.83 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें एक लाख 6 हजार 886 मरीजों की हालत क्रिटिकल है और 1.82 लाख लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं।

Published / 2021-04-16 13:28:30
अब तक 29.8 लाख से अधिक लोगों की सांसें थमीं, 13.88 करोड़ लोग वायरस की गिरफ्त में

एबीएन डेस्क। दुनियाभर में कोरोनावायरस का महासंकट गहराता जा रहा है। हालात यह हैं कि मौतों का आंकड़ा दिन प्रति दिन बढ़ता जा रहा है। अब तक इस महामारी की गिरफ्त में आए 29.8 लाख लोगों को अपनी जिंदगी से हाथ धोना पड़ा है। वहीं बात करें इस वायरस से संक्रमित कुल मरीजों की तो 13.88 करोड़ लोग दुनियाभर में इसकी चपेट में हैं। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिस्टम्स साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) के अनुसार शुक्रवार सुबह तक विश्व में कोविड-19 के कुल 13 करोड़ 88 लाख 27 हजार 781 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं 29 लाख 84 हजार 236 लोगों की सांसें इस महामारी ने छीन ली हैं। दुनिया में सर्वाधिक प्रभावित देशों की लिस्ट में संंयुक्त राष्ट्र अमेरिका का नाम अब भी सबसे ऊपर है। यहां अब तक कुल 5 लाख 65 हजार 283 लोगों की जान कोरोना से जा चुकी है। वहीं अब तक 3 करोड़ 14 लाख 95 हजार 164 लोग संक्रमित हो चुके हैं। भारत में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमितों के साथ ही इसका स्थान एक बार फिर दूरसे स्थान पर आ पहुंचा है। यहां अब तक कुल 1 करोड़ 42 लाख 91 हजार 917 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं मरने वालों की संख्या 1 लाख 74 हजार 308 के पार पहुंच गई है। हालांकि कोरोना से हुई मौतों के मामले में ब्राजील अब भी दूसरे स्थान पर है। यहां अब तक कुल 3 लाख 65 हजार 444 लोगों की जान कोरोनावायरस से जा चुकी है। दुनियाभर के कई देशों में अब भी रोजाना हजारों से लाख तक तक की संख्या में मरीज सामने आ रहे हैं। वहीं मौतों के आंकड़ों में भी कमी नहीं आई है।

Published / 2021-04-14 11:03:39
विश्व में कोरोना संक्रमितों की संख्या 13.74 करोड़ के पार

एबीएन डेस्क। दुनिया में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और अभी तक इस वायरस के संक्रमण से 13.74 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हो चुके हैं तथा 29.59 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केंद्र (सीएसएसई) की ओर से जारी ताजा आँकड़ों के अनुसार दुनिया के 192 देशों एवं क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,74,56,881 तक पहुंच गयी है, जबकि अभी तक इस संक्रमण से 29,59,641 लोगों की मौत हो चुकी है। वैश्विक महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है तथा यहां संक्रमितों की संख्या तीन करोड़ 13 लाख से अधिक हो गई है जबकि पांच लाख 63 हजार 446 मरीजों की मौत हो चुकी है। दुनिया में एक करोड़ से अधिक कोरोना संक्रमितों की संख्या वाले तीन देशों में शामिल भारत ने ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है और दूसरे स्थान पर काबिज हो गया है, यहां संक्रमितों की कुल संख्या 1,38,73,825 तक पहुंच गयी है। इस महामारी के संक्रमण से 1,72,085 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्राजील संक्रमितों के मामले में अब तीसरे स्थान पर है। देश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से तेजी से बढ़ रहे हैं और इससे 1,35,99,994 लोग प्रभावित हुए है जबकि इसके संक्रमण से अभी तक 3,58,425 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्राजील कोरोना की मौत के मामले में विश्व में दूसरे स्थान पर है। संक्रमण के मामले में फ्रांस चौथे स्थान पर है यहां कोरोना वायरस से अब तक 51.67 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 99,639 मरीजों की मौत हुयी है। इसके बाद रूस में कोरोना वायरस से करीब 46.05 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 1,01,882 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में कोरोना वायरस प्रभावितों की कुल संख्या 43.90 लाख से अधिक हो गयी है और 1,27,369 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना मृतकों के मामले में ब्रिटेन पांचवें स्थान पर है। तुर्की में कोरोना वायरस से अब तक करीब 39.62 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 34,455 लाेगों ने जान गंवाई है। इटली में संक्रमितों की संख्या करीब 37.93 लाख से अधिक हो गई है और 1,15,088 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों के मामले में इटली छठे स्थान पर है। स्पेन में इस महामारी से अब तक करीब 33.76 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 76,625 लोगों की मौत हो चुकी है। जर्मनी में इस वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या 30.54 लाख हो गई है और 79,137 लोगों की मौत हो चुकी है। पोलैंड में कोरोना वायरस से करीब 25.99 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और इस महामारी से 59,126 लोग जान गंवा चुके हैं। कोलंबिया में कोरोना वायरस से अब तक 25.69 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और 66,482 लोगों ने जान गवाई है। अर्जेंटीना में कोरोना से 25.79 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 58,174 लोगों की जान जा चुकी है। मेक्सिको में कोरोना वायरस से करीब 22.86 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और कोरोना मृतकों के मामले मेक्सिको तीसरे स्थान पर है जहां अभी तक इस वायरस के संक्रमण से 2,10,282 लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान में कोरोना वायरस से 21.18 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और 65,055 लोगों की मौत हो चुकी है। यूक्रेन में संक्रमितों की संख्या 19.39 लाख के करीब पहुंच गयी है और 39,944 लोगों की मौत हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस से 15.59 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 53,423 लोगों की मौत हो चुकी है। नीदरलैंड में कोरोना के संक्रमण से अभी तक 13.87 लाख से ज्यादा प्रभावित हुए है और यहां इस महामारी से 17,018 लोगों की मौत हो चुकी है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में अब तक कोरोना से 7,34,423 लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें से 15,754 मरीजों की मौत हो चुकी है। एक अन्य पड़ोसी देश बंगलादेश में भी कोरोना तेजी से फैल रहा है जहां अब तक 6,97,985 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि इस महामारी के संक्रमण से 9,891 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा दुनिया के अन्य देशों में भी कोराेना का कहर जारी है। कोरोना के नए मामलों के साथ-साथ मृतकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।

Published / 2021-04-13 15:06:03
चीनी वैक्सीन को कम कारगर बताने वाला चीन का सीडीसी डायरेक्टर अपने बयान से मुकरा

एबीएन डेस्क। चीन ने कोरोना वायरस की सच्चाई दबाने के लिए हर कोशिश की और अपने डॉक्टरों व अधिकारियों का मुंह बंद करवाने में कामयाब रहा। अब चीनी वैक्सीन को लेकर बयान देने वाले चीन के रोग नियंत्रण केंद्र (सीडीसी) के निदेशक गाओ फू भी अपने बयान से मुकर गये हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले अपने बयान में कहा था कि चीन की फार्मा कंपनी सिनोविक द्वारा विकसित की गई वैक्सीन कोरोना वायरस पर कम कारगर है। सरकार इस वैक्सीन को अधिक कारगर बनाने की तैयारी में जुटी है। उन्होंने ये भी कहा था कि स्वदेशी वैक्सीन को पारंपरिक तरीके से विकसित किया गया था। इसके अलावा उन्होंने चीन को एमआरएनए तकनीक का इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। इस बयान के बाद चीन की सरकार में खलबली मच गई थी।

Published / 2021-04-13 08:12:20
कोरोना : बढ़ते मामलों पर विश्व स्वास्थ्य संगठन चिंतित

एबीएन डेस्क। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के निदेशक टेड्रोस अदनोम घेबियस ने कहा कि कोरोना संक्रमण का फैलाव तेजी से हो रहा है। जनवरी- फरवरी में कोरोना की रफ्तार कम हो गई थी। करीब छह हफ्ते तक कोरोना के मामले लगातार घट रहे थे। लेकिन मार्च के मध्य से कोरोना केस बढ़ने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से महामारी फिर से पैर फैलाने लगी है। संक्रमित होने के साथ-साथ मौतें की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस एक लंबी प्रक्रिया है, इतनी जल्द इसपर काबू नहीं पाया जा सकता। हालांकि, उन्होंने कहा कि कोविड बिहेवियर के जरिए हम इस पर काबू पा सकते हैं। डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने कहा कि दुनियाभर में 780 मिलियन वैक्सीनेशन होने के बाद भी एशिया और मध्य पूर्व के कई देशों में कोरोना मामलों में बढ़ोतरी देखी गई हैं। निदेशक टेड्रोस अदनोम घेबियस ने कोरोना की चेन तोड़ने के लिए मास्क , सामाजिक दूरी, ट्रैकिंग, ट्रिटमेंट समेत कोविड बिहेवियर अपनाने पर जोर दिया।

Page 122 of 126

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse