वर्ल्ड

View All
Published / 2021-09-25 10:12:19
स्नेहा दुबे : एक IFS अफसर जिसने UN में कश्मीर मुद्दे पर इमरान की कर दी बोलती बंद

एबीएन डेस्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में पाकिस्तान ने एक बार फिर कश्मीर राग अलापा, तो भारत की ओर से उसे हर बार की ही तरह इस बार भी कड़ी फटकार मिली। संयुक्त राष्ट्र में भारत की प्रथम सचिव स्नेहा दुबे ने कड़ा जवाब देते हुए पाकिस्तान को आतंकवाद का संरक्षक और अल्पसंख्यकों का दमन करने वाला बताया। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र में भाषण के दौरान कश्मीर के मुद्दे पर इमरान ने भारत को घेरने की कोशिश की, तो स्नेहा ने उन्हें आईना दिखाते हुए कहा, पाकिस्तान ने आतंकवादियों को पनाह देने, सहायता करने और सक्रिय रूप से समर्थन देने का इतिहास और नीति स्थापित की है। पाकिस्तान इस उम्मीद में अपने बैकयार्ड में आतंकवादियों का पोषण करता है कि वे केवल उसके पड़ोसियों को ही नुकसान पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के नेता ने हमारे देश के खिलाफ झूठे और दुर्भावनापूर्ण प्रचार के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्लेटफॉर्मों का दुरुपयोग किया है और दुनिया का ध्यान अपने देश की दुखद स्थिति से हटाने की कोशिश कर रहा है, जहां आतंकवादी फ्री पास का आनंद लेते हैं। UNGA में पाकिस्तान को दो टूक जवाब देने वाली स्नेहा दुबे 2012 बैच की महिला अधिकारी हैं। उन्होंने पहले अटेम्प्ट में ही यूपीएससी की परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी। आईएफएस बनने के बाद उनकी नियुक्ति विदेश मंत्रालय में हुई। उन्हें 2014 में भारतीय दूतावास मैड्रिड में भेजा गया। गोवा में पली-बढ़ीं स्नेहा ने पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज से ग्रैजुएशन के बाद नई दिल्ली की जवाहरलाल यूनिवर्सिटी से जियॉग्रफी में मास्टर्स की पढ़ाई की। स्नेहा दुबे हमेशा से इंडियन फॉरन सर्विस जॉइन करना चाहती थीं। अंतरराष्ट्रीय मुद्दों में दिलचस्पी के चलते उन्होंने JNU में ही स्कूल ऑफ इंटरनैशनल स्टडीज में एमफिल की पढ़ाई पूरी की। घूमने की शौकीन स्नेहा का मानना है कि IFS बनकर उन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने का सबसे बेहतरीन मौका मिला है। स्नेहा दुबे ने 1971 में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान और उससे पहले बांग्लादेश में हुए नरसंहार को याद किया, जिसमें पाकिस्तान द्वारा 300,000 से अधिक लोग मारे गए थे और सैकड़ों हजार महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुआ था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अभी भी बांग्लादेश के लोगों के खिलाफ एक धार्मिक और सांस्कृतिक नरसंहार को अंजाम देने के हमारे क्षेत्र में घृणित रिकॉर्ड रखता है। दुबे ने कहा, हमने कुछ दिन पहले 9/11 के आतंकी हमलों की 20 वीं वर्षगांठ के गंभीर अवसर को चिह्नित किया। दुनिया यह नहीं भूली है कि उस नृशंस घटना के पीछे के मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन को पाकिस्तान में शरण मिली थी। आज भी, पाकिस्तान नेतृत्व उन्हें शहीद के रूप में महिमामंडित करता है। अफसोस की बात है, आज भी हमने पाकिस्तान के नेता को आतंकी कृत्यों को सही ठहराने की कोशिश करते हुए सुना। आतंकवाद की ऐसी रक्षा आधुनिक दुनिया में अस्वीकार्य है।

Published / 2021-09-25 05:06:58
QUAD बैठक में गूंजा तालिबान मुद्दा, चीनी ऐप्स पर पीएम मोदी का कड़ा संदेश

वाशिंगटन। अमेरिका दौरे पर गये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात की और उन्हें भारत आने का न्योता दिया। अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस द्वारा पाकिस्तान में आतंकी समूहों की मौजूदगी को स्वीकार करने के एक दिन बाद भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका ने अफगानिस्तान में इस्लामाबाद की भूमिका पर चिंता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच द्विपक्षीय बैठक पर बोलते हुए विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि दोनों पक्षों ने अफगानिस्तान में आतंकवाद का मुकाबला करने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और बाइडेन के बीच बैठक में पाक का भी नाम आया और आतंकियों को संरक्षण देने पर निशाना भी साधा गया। क्वाड की बैठक में इन कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई- • पीएम मोदी बोले- हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साथ काम करेंगे • जब दुनिया कोरोना से लड़ रही, क्वाड फिर सक्रिय : मोदी • क्वाड बैठक में पीएम मोदी का चीनी ऐप्स पर कड़ा रुख • क्वाड देशों का तालिबानी सरकार पर मंथन • पीएम मोदी ने जो बाइडेन को दिया भारत आने का निमंत्रण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संबोधन में कहा कि, हम चार देश साल 2004 में सुनामी के बाद इंडो-पेसिफिक क्षेत्र के लिए एक साथ आए थे। वहीं, आज दुनिया कोरोना महामारी से लड़ रही है जिसको देखते हुए हम एक बार फिर क्वाड के रूप में एक साथ मिलकर काम कर मानवता के हित में जुटे हैं। उन्होंने कहा हमारा क्वाड कोरोना की लड़ाई से निपटने के लिए काम करेगा। क्वाड बैठक में पीएम मोदी का चीनी ऐप्स पर कड़ा रुख : क्वाड बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने चीनी ऐप्स का मुद्दा उठाया। उन्होंने CLEAN APP MOVEMENT को धार देने पर जोर दिया है। उनकी इस पहल का क्वाड के दूसरे देशों ने स्वागत किया है। जानकारी के लिए बता दें कि भारत ने कई चीनी ऐप्स पर बैन लगा रखा है। किसी को राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर तो किसी को निजता का हनन करने की वजह से बैन किया गया है। जो बाइडेन का बयान : बाइडेन ने कहा कि मैं पीएम मॉरिसन, पीएम मोदी और पीएम सुगा का व्हाइट हाउस में स्वागत करता हूं। इस संगठन में सिर्फ वहीं लोकतांत्रिक देश रखे गए हैं जो पूरी दुनिया के लिए समावेशी सोच रखते हैं, जिनका भविष्य के लिए एक विजन है। सभी साथ मिलकर आने वाली चुनौतियों से निपटने की तैयारी करेंगे। जापान पीएम का बयान : जापान के पीएम योशिहिदे सुगा ने कहा कि क्वाड बैठक का अब होना इस बात को दिखाता है कि तमाम देश स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र का समर्थन करते हैं। इसके अलावा सुगो ने इस बात का भी जिक्र किया कि पहले अमेरिका द्वारा जापानी खाद्य उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, लेकिन अप्रैल महीने में उसे वापस ले लिया गया, जिससे जापान को आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिली है। स्कॉट मॉरिसन का बयान : ऑस्ट्रेलिया के पीएम स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि हम एक स्वतंत्र और मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वास रखते हैं। तभी इस क्षेत्र का संपूर्ण विकास संभव है। मॉरिसन ने अपने शुरुआती संबोधन में सारा फोकस हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर भी केंद्रित रखा। उन्होंने इस क्षेत्र के विकास पर भी जोर दिया ।

Published / 2021-09-24 05:34:08
चिंताजनक : यमन में 1.6 करोड़ लोग भुखमरी की कगार पर, हो रही वित्त पोषण की कमी

एबीएन डेस्क। संयुक्त राष्ट्र खाद्य निकाय के प्रमुख डेविड बीसले ने चेतावनी दी है कि यमन में 1.6 करोड़ लोग भुखमरी के कगार पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा, यदि फिर से वित्त पोषण नहीं मिला तो अक्तूबर में युद्धग्रस्त देश में लाखों लोगों के लिए राशन में कटौती की जाएगी। डेविड बीसले ने यमन के मानवीय संकट पर एक उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि इस साल की शुरुआत में जब विश्व खाद्य कार्यक्रम में वित्त पोषण की कमी हो रही थी तब अमेरिका, जर्मनी, यूएई, सऊदी अरब और अन्य दानदाता आगे आए, जिसके चलते अकाल और विपत्ति को टाला जा सका। उन्होंने कहा कि विश्व खाद्य कार्यक्रम में एक बार फिर से वित्त पोषण की कमी हो रही है और ऐसे में अक्तूबर में 32 लाख और दिसंबर तक 50 लाख लोगों के लिए राशन में कटौती की जाएगी। मार्च में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने इस साल यमन के लिए 3.85 अरब डॉलर की सहायता देने की अपील की थी लेकिन दानदाताओं ने 1.7 अरब डॉलर देने का ही संकल्प जताया। इसे गुटेरस ने निराशाजनक बताया था।

Published / 2021-09-24 05:32:32
मोदी-कमला हैरिस की मुलाकात : अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने पाक को माना आतंकियों का ठिकाना, सुरक्षा के लिए बताया बड़ा खतरा

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने खुद माना कि पाकिस्तान की धरती पर कई आतंकी संगठन सक्रिय हैं। इन आतंकियों को इस्लामाबाद से संरक्षण प्राप्त है। यह जानकारी विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने ट्वीट कर दी। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी की अमेरिकी उपराष्ट्रपति से मुलाकात काफी सफल रही और इस मुलाकात में आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को बेनकाब किया गया। बता दें, प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं और गुरुवार देर रात उन्होंने अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात की। तालिबान की जीत में पाकिस्तान में हाथ : मुलाकात की जानकारी देते हुए विदेश सचिव ने बताया कि कमला हैरिस ने खुद माना कि तालिबान की मदद करने में पाकिस्तान का हाथ है। उन्होंने पाकिस्तान को साफ लहजे में चेतावनी भी दी कि वह भारत व अमेरिका की सुरक्षा के लिए खतरा न बने और अपने यहां पनप रहे आतंकवाद खत्म करे। सीमा पार से हो रहीं आतंकी गतिविधियां : इस दौरान उन्होंने भारत में सीमा पार से हो रही आतंकी गतिविधियों पर भी सहमति प्रकट की और माना कि पाकिस्तान इसमें आतंकियों की मदद कर रहा है। बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कमला हैरिस से उपराष्ट्रपति बनने के बाद पहली मुलाकात थी। इससे पहले दोनों नेताओं की फोन पर बातचीत हुई है। कोरोना काल में अच्छे दोस्त की तरह अमेरिका ने की मदद : पीएम मोदी ने कोरोना काल में प्रवासी भारतीयों के लिए अमेरिका की ओर से की मदद की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने एक अच्छे दोस्त की तरह साथ दिया।

Published / 2021-09-23 03:20:51
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे वॉशिंगटन, एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में लोगों ने किया स्वागत

वाशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन दिवसीय अमेरिकी यात्रा के लिए वाशिंगटन पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी के आगमन पर वाशिंगटन डीसी के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनके अलावा ब्रिगेडियर अनूप सिंघल, एयर कमोडोर अंजन भद्रा और नौसेना अताशे कोमोडोर निर्भया बापना सहित अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने भी पीएम का स्वागत किया। भारतीय नेता का स्वागत करने के लिए भारतीय समुदाय के सौ से अधिक लोग हवाई अड्डे पर एकत्र हुए। जैसे ही पीएम मोदी का विमान वाशिंगटन में उतरा, भारतीय प्रवासी के उत्साही सदस्य जयकार करने लगे। बारिश के बावजूद, प्रवासी भारतीय पीएम मोदी के आने का धैर्यपूर्वक इंतजार कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी कार से बाहर निकले और उनसे हाथ मिलाया और उनका अभिवादन किया। बताते चलें कि अपनी यात्रा के दौरान, वह संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे और क्वाड लीडर्स समिट में भाग लेंगे और साथ ही व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

Published / 2021-09-22 10:36:32
अमेरिका यात्रा : अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं करेंगे पीएम मोदी, पाकिस्तान के ऊपर से भरेंगे उड़ान

एबीएन डेस्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र में प्रतिभाग करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को चार दिवसीय अमेरिकी यात्रा पर रवाना हो चुके हैं। लेकिन खास बात यह है कि उनका विमान अमेरिका के लिए अफगानिस्तान होते हुए सीधे हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से होते हुए अमेरिका पहुंचेंगे। इसके लिए पाकिस्तान सरकार की ओर से अनुमति दे दी गई है। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान में चल रहे संकट को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके लिए भारत सरकार ने पाकिस्तान से हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति मांगी थी, जिस पर उसने हामी भर दी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की विदेश यात्रा के लिए पाकिस्तान अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल से इनकार कर चुका है। बता दें, जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद पाकिस्तान ने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसके बाद भारत ने अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन में इसका कड़ा विरोध जताया था और अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया था। इसके बावजूद भारत ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की श्रीलंका यात्रा के दौरान अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति दी थी। बताते चलें कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में विश्व के नेताओं को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी क्वाड सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। इस यात्रा के दौरान वे अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन से भी मुलाकात करेंगे। इस सप्ताह होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों में प्रतिभाग करने के लिए भारत का दल अमेरिका पहुंच रहा है। इसमें एनएसए अजीत डोभाल, विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला के साथ कई अधिकारी शामिल हैं।

Published / 2021-09-20 17:15:06
मोदी-बाइडन मुलाकात तय : शुक्रवार को वॉशिंगटन में पहली बार होंगे रूबरू, क्वाड बैठक में भी शामिल होंगे

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 सितंबर को अमेरिका रवाना होंगे। वे वहां क्वाड देशों की शिखर बैठक व यूएन महासभा की बैठक में शरीक होंगे। सोमवार को व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ उनकी द्विपक्षीय मुलाकात का भी कार्यक्रम तय कर दिया। पीएम मोदी व राष्ट्रपति बाइडन की 24 सितंबर को पहली प्रत्यक्ष मुलाकात होगी। व्हाइट हाउस द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति बाइडन ने क्वाड देशों के नेताओं की पहली प्रत्यक्ष बैठक भी आयोजित की है। इसमेें पीएम मोदी के अलावा आस्ट्रेलिया के पीएम स्कॉट मॉरिसन व जापान के पीएम योशिहिदे सुगा भी शामिल होंगे।

Published / 2021-09-18 09:54:52
तालिबानी काफिलों पर हमला, 3 की मौत, 20 घायल

एबीएन डेस्क। शनिवार को अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर में तालिबानी लड़ाकों के वाहन पर सीरियल ब्लास्ट करने की खबर आ रही है। सिलसिलेवार हमले में तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 20 से ज्यादा लोग घायल होने की सूचना है। उन्हें अस्पातल में भर्ती कराया गया है। नंगरहार प्रांत के अस्पताल प्रबंधन ने इसकी पुष्टि की है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, इसमें ज्यादातर आम नागिरक शामिल हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। जलालाबाद में शनिवार को हुए हमले की अभी किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन पूर्वी अफगानिस्तान इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक समूह का गढ़ है और वे अफगानिस्तान के नए तालिबान शासकों के शत्रु हैं।

Page 116 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse