वर्ल्ड

View All
Published / 2021-11-21 13:50:35
US के बाद ब्रिटेन भी कर रहा बीजिंग ओलंपिक के बहिष्कार का विचार

एबीएन डेस्क। अमेरिका के बाद अब ब्रिटेन भी बीजिंग में 2022 को होने वाले शीतकालीन ओलंपिक के बहिष्कार करने के बारे में विचार कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की घोषणा के बाद ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने भी खेलों के राजनयिक बहिष्कार पर विचार की बात कही है। उन्होंने इसके लिए चीन में कथित मानवाधिकारों के उल्लंघन को जिम्मेदार ठहराया है। ब्रिटिश सरकार बीजिंग ओलंपिक में अफसरों को भेजने से रोकने की संभावना पर सक्रिय रूप से चर्चा कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन ने कहा है कि चीन को टेनिस स्टार पेंग शुआई के ठिकाने के बारे में सत्यापन योग्य सबूत देना चाहिए। गौरतलब है कि चीन की टेनिस स्टार पेंग शुआई ने कम्युनिस्ट पार्टी के एक शीर्ष अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इसके बाद से वो गायब हैं। ब्रिटिश विदेश मंत्री लिज ट्रस चीन को इन खेलों में राजनयिकों को न भेजने का समर्थक माना जा रहा है। समाचार एजेंसी ने मीडिया रिपोर्ट के हवाले से बताया कि ट्रस के मुताबिक, ब्रिटेन का प्रतिनिधित्व राजदूत कर सकता है, लेकिन कोई अन्य अधिकारी इसमें शामिल नहीं होगा। इससे ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि उनका प्रशासन बीजिंग में 2022 विंटर ओलंपिक के राजनयिक बहिष्कार पर विचार कर रहा है। जबकि चीन ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ओलंपिक के राजनीतिकरण से दुनिया में वैश्विक खेलों को नुकसान पहुंचेगा। हालांकि चीन ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन पर निशाना साधते हुए कहा है कि खेलों का राजनीतिकरण करना ओलंपिक भावना का उल्लंघन है। यह सभी एथलीट के हितों को कमजोर करता है। वहीं, चीनी विदेश मंत्री के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने कहा है कि अमेरिका शिनजियांग में नरसंहार को लेकर चीन पर जबरन झूठा आरोप लगा रहा है। 2022 विंटर ओलंपिक्स और बीजिंग पैरालंपिक दुनिया भर के एथलीटों के लिए मंच है और ये खिलाड़ी आगामी खेलों के असली नायक हैं।

Published / 2021-11-17 17:25:09
यूरोप एकमात्र ऐसा क्षेत्र जहां मौत के मामले बढ़ रहे : डब्ल्यूएचओ

एबीएन डेस्क। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि पिछले सप्ताह यूरोप में कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली मौतों में पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे यह दुनिया का एकमात्र ऐसा क्षेत्र बन गया जहां महामारी से होने वाली मृत्यु की दर में वृद्धि हुई। संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि पुष्टि किए गए संक्रमण के मामलों में वैश्विक स्तर पर छह प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो अमेरिका, यूरोप और एशिया में वृद्धि के कारण हुई है। मंगलवार को महामारी पर अपनी साप्ताहिक रिपोर्ट में डब्ल्यूएचओ ने कहा कि यूरोप के अलावा अन्य सभी क्षेत्रों में कोविड-19 से होने वाली मौत की दर स्थिर रही या उसमें गिरावट आई। पिछले सप्ताह दुनिया भर में संक्रमण से कुल 50,000 लोगों की मौत हुई। वहीं संक्रमण के 33 लाख नए मामलों में से 21 लाख मामले यूरोप से आए। यह लगातार सातवां सप्ताह था जब 61 देशों में कोविड-19 के मामलों में निरंतर वृद्धि हुई। पश्चिमी यूरोप में लगभग 60 प्रतिशत लोग कोविड-19 रोधी टीकों की सभी खुराक ले चुके हैं जबकि महाद्वीप के पूर्वी हिस्से में लगभग आधे लोगों को ही टीका लगाया गया है, जहां अधिकारी टीकाकरण से जुड़ी हिचकिचाहट को दूर करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि जुलाई से अफ्रीका, पश्चिम एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया में संक्रमण कम हो रहा है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि यूरोप के भीतर सबसे अधिक नए मामले रूस, जर्मनी और ब्रिटेन से आए है।

Published / 2021-11-17 08:24:56
रूस की एस-400 मिसाइल सिस्टम की भारत को आपूर्ति ने बढ़ाई अमेरिका की टेंशन

एबीएन डेस्क। रूस द्वारा सतह से हवा में मार करने वाली एस-400 ट्राइम्फ मिसाइल प्रणाली की भारत को आपूर्ति किए जाने पर अमेरिका की टेंशन बढ़ गई है। अमेरिका ने इस मुद्दे पर चिंता प्रकट की लेकिन इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है कि इस सौदे से कैसे निपटा जाए। पेंटागन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह बात कही। एस-400 को लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली रूस की सबसे आधुनिक शस्त्र प्रणाली माना जाता है। इस आपूर्ति पर भारतीय वायु सेना की तरफ से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है, लेकिन रूस की सैन्य-तकनीक सहयोग के लिए संघीय सेवा (FSMTC) के निदेशक दमित्री शुगाएव ने स्पुतनिक समाचार एजेंसी को पिछले हफ्ते बताया था कि इन मिसाइल की आपूर्ति योजनाबद्ध तरीके से की जा रही है। पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग में एक प्रश्न के उत्तर में कहा, हम इस प्रणाली को लेकर अपनी चिंता अपने भारतीय साझेदारों से बहुत स्पष्ट तरीके से जता चुके हैं। उनसे पूछा गया था कि रक्षा विभाग भारत को एस-400 की पहली खेप मिलने को लेकर कितना चिंतित है। समझा जाता है कि मिसाइल प्रणाली के कुछ कलपुर्जों की आपूर्ति शुरू हो गई है और सभी महत्वपूर्ण घटक अभी भारत नहीं पहुंचे हैं। हालांकि, किर्बी ने संकेत दिया कि अमेरिका ने अभी इस बारे में फैसला नहीं किया है कि भारत और रूस के बीच लेन-देन से कैसे निपटा जाए। उन्होंने कहा, हमें उस प्रणाली को लेकर निश्चित रूप से चिंता है, लेकिन मेरे पास आपके लिए कोई ताजा जानकारी नहीं है। अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शेरमन ने पिछले महीने भारत यात्रा के दौरान कहा था कि कोई भी देश एस-400 मिसाइलों के उपयोग का फैसला करता है तो यह खतरनाक है और किसी के सुरक्षा हित में नहीं है। उन्होंने यह उम्मीद भी जताई थी कि अमेरिका और भारत खरीद को लेकर मतभेदों को सुलझा लेंगे। समझा जाता है कि भारत और अमेरिका के बीच इस मामले पर विचार चल रहा है। भारत ने अक्टूबर 2018 में एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली की पांच इकाइयां खरीदने के लिए रूस के साथ पांच अरब डॉलर का समझौता किया था। उस समय ट्रंप प्रशासन ने चेतावनी दी थी कि इस तरह के सौदे पर अमेरिका पाबंदियां लगा सकता है। बाइडन प्रशासन ने अभी तक स्पष्ट नहीं किया है कि वह अपने कानून के प्रावधानों के तहत भारत पर एस-400 मिसाइल प्रणाली खरीदने के लिए प्रतिबंध लगाएगा या नहीं। ले सहित कई हमले किए हैं।

Published / 2021-11-13 06:38:38
15 नवंबर को मुलाकात करेंगे बाइडेन और जिनपिंग

एबीएन डेस्क । अमेरिका और चीन के बीच चल रहे तनाव और प्रतिस्पर्धा के बीच दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष 15 नवंबर को बात करेंगे। इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और चीनी समकक्ष शी जिनपिंग शामिल होंगे। अमेरिका, चीन की लगातार बढ़ती सैन्य ताकत और तैयारियों को लेकर चिंतित है। चीन ने हाल ही में एक हाइपरसोनिक हथियार का टेस्ट कर अमेरिका की नींद उड़ा रखी है। चीन ने अपनी मंशा जाहिर कर दी है कि 2030 तक वह 1000 परमाणु बम बना लेगा. दोनों नेताओं की बैठक में सैन्य ताकत समेत तमाम वैश्विक मुद्दों पर बात हो सकती है। विश्व शक्ति अमेरिका और महत्वकांक्षी चीन के बीच कई मौकों पर तल्खी सामने आई है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कोरोना वायरस को लेकर चीन पर सीधा हमला कर चुके हैं। वे कई मौकों पर कोरोना वायरस को चाइना वायरस कह चुके हैं। कोरोना वैक्सीन की पहली उपलब्धता को लेकर भी दोनों एक-दूसरे के सामने आए थे। जो बाइडेन जनवरी 2021 में अमेरिका का कामकाज संभालने के बाद राष्ट्रपति शी जिनपिंग से दो बार फोन पर बात कर चुके हैं। आगामी सोमवार को होने वाली वर्चुअल समित में दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। दोनों देशों की मुलाकात पर दुनियाभर की नजरें रहेंगी।

Published / 2021-11-12 16:52:32
नमाज के दौरान मस्जिद में धमाका, 3 की मौत, 12 गम्भीर

अफगानिस्तान। अफगानिस्तान के पूर्व में स्थित नंगरहार प्रांत के स्पिन घर इलाके में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक मस्जिद मेंद अचानक ब्‍लास्‍ट हो गया। इसमें स्थानीय मौलवी समेत कम से कम 12 लोग घायल हो गए। घटना में तीन लोगों के मारे जाने की भी सूचना है। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने दी है। इलाके के एक व्यक्ति अटल शिनवारी ने बताया कि ये धमाका स्थानीय समय के मुताबिक 1.30 बजे हुआ। एक तालिबान अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफपी से हमले की पुष्टि कर दी है। उसने कहा, अफगानिस्तान के अशांत नंगरहार प्रांत की एक मस्जिद में शुक्रवार को हुए विस्फोट में कई लोग मारे गए और घायल हुए। हमले में तीन लोगों के मारे जाने की खबर है और कई लोग घायल भी हुए हैं। इन हमलों के पीछे इस्लामिक स्टेट का हाथ रहा है। अक्टूबर में हुआ था शिया मस्जिद में धमाका उत्तरी अफगानिस्तान में शिया मुस्लिम नमाजियों से भरी एक मस्जिद में आठ अक्टूबर को हुए विस्फोट में कम से कम 46 लोग मारे गए थे। आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने मस्जिद में हुए बम धमाके की जिम्मेदारी ली थी और कहा कि उसके आत्मघाती हमलावर ने घटना अंजाम दिया।

Published / 2021-11-11 03:54:58
कोरोनाकाल में निकला 80 लाख टन प्लास्टिक कचरा, दुनिया के लिए बना नई परेशानी

एबीएन डेस्क। कोरोना महामारी के दौर में दुनियाभर में 80 लाख टन प्लास्टिक कचरा निकला है। इसमें से 25 हजार टन प्लास्टिक कचरा महासागर में जा चुका है। नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज जर्नल में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार महासागर में एकत्र हुआ ये प्लास्टिक कचरा अगले तीन से चार वर्षों में तटीय क्षेत्रों या समुद्र तल में एकत्र होगा जो दुनिया के लिए एक नई परेशानी का सबब बन सकता है। रिपोर्ट के अनुसार प्लास्टिक कचरे का एक छोटा सा भाग खुले महासागर में जाएगा। इसके बाद ये महासागर के मध्य भाग में जाएगा और वहां पर कचरे का एक छोटा सा भाग दिखने लगेगा। इसके बाद ये कचरा आर्कटिक महासागर में जमा होने लगेगा। वैज्ञानिकों का कहना है कि महामारी के दौर में मास्क, दस्ताने व फेस शील्ड का इस्तेमाल बढ़ने से प्लास्टिक कचरे की मात्रा बढ़ी है। शोधकर्ताओं का कहना है कि महामारी में बढ़ा प्लास्टिक कचरा नदियों और महासागरों के लिए समस्या का एक नया रूप है।

Published / 2021-11-06 12:10:18
बीच सड़क पर फट गया आयल टैंकर, बिछ गयी लाशें...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। आयल टैंकर फटने से 91 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दर्जनों लोग घायल हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा अफ्रीकी देश सिएरा लियोन की राजधानी फ्रीटाउन में हुआ। सिएरा लियोन की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी (एनडीएमए) के कम्युनिकेशन डायरेक्टर मोहम्मद लमराने बाह ने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। हमारा प्रयास है कि घायलों को बेहतर मेडिकल सर्विस मुहैया कराई जा सके। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों की हालत को देखकर कहा कि मृतकों की संख्या में बढ़ सकती है। फ्रीटाउन की मेयर यवोन अकी-सॉयर ने बताया कि जानकारी मिली कि फ्यूल लेकर जा रहे एक ट्रक को दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे यह जानलेवा धमाका हुआ। धमाके के बाद आसपास की कई गाड़ियों में आग लग गई, जिसमें सवार लोगों की भी मौत हो गयी। सिएरा लियोन के राष्ट्रपति जूलियस माडा बायो ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वह धमाके और मृतकों की खबर सुनकर काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ितों के परिवार के साथ खड़ी हैं। इन लोगों की हर संभव मदद की जाएगी।

Published / 2021-11-05 12:48:12
मुर्दाघर में लाशों से दरिंदगी, 9 साल की बच्ची से लेकर 100 साल तक की बुजुर्ग को बनाया शिकार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। हवस इंसान को किस तरह अंधा बना देती है और इसका ताजा उदाहरण यूनाइटेड किंगडम से सामने आया है। यहां डेविड फुलर नाम के शख्स ने ये कबूल किया है कि उसने दो हत्याओं को अंजाम दिया और मुर्दाघर में कई लाशों के साथ यौन रूप से दरिंदगी की। इस शख्स ने करीब 100 शवों के साथ यौन संबंध बनाए। डेविड फुलर एक 67 साल का इलेक्ट्रीशियन है और वह साल 1987 में दो महिलाओं की हत्या करने के बाद उनका यौन उत्पीड़न करने का दोषी पाया गया है। उसने केंट (दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड) में 25 वर्षीय वेंडी नेल और 20 वर्षीय कैरोलिन पियर्स की हत्या की। इस मामले में जांच के बाद पुलिस ने उसको पकड़ लिया। जब उसके घर की गहन तलाशी ली गई तो पाया गया कि उसने दो मुर्दाघरों में यौन हमलों को अंजाम देते हुए खुद को फिल्माया था। 2008 से 2020 के बीच, इस शख्स ने कम उम्र के 3 बच्चों और 85 साल से अधिक उम्र तक के अन्य लोगों के शवों के साथ घिनौनी हरकत की। फुलर ने शवों पर किए गए यौन हमलों के आरोपों को स्वीकार किया है। पुलिस का भी कहना है कि यह एक बहुत ही गहरे रहस्य वाला व्यक्ति था।

Page 114 of 124

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse