एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) ने अस्थिर शिनजियांग प्रांत के प्रमुख चेन क्वांगुओ को शनिवार को पद से हटा दिया। अमेरिका ने इस क्षेत्र में उइगर मुसलमानों के खिलाफ मानवाधिकारों के हनन के लिए हाल ही में चेन को प्रतिबंधित कर दिया था। सरकारी समाचार एजेंसी ने शनिवार को बताया कि चेन अब सीपीसी की शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्रीय समिति के सचिव के रूप में कार्यरत नहीं हैं। इसके बाद ग्वांगडोंग प्रांत के गवर्नर मा जिंगरुई को शिनजियांग का नया पार्टी प्रमुख नियुक्त किया गया है। एजेंसी के मुताबिक, सीपीसी की केंद्रीय समिति ने चेन को नई नियुक्ति देने का फैसला किया है। हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, उइगरों के खिलाफ व्यापक मानवाधिकारों के हनन को लेकर अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ द्वारा चेन पर आरोप लगाया गया है, लेकिन उन्हें पदोन्नति की जानकारी दी गई है। बता दें कि पिछले वर्ष अमेरिकी सरकार ने शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र के प्रभारी चेन और कई अन्य चीनी अधिकारियों पर ये कहते हुए प्रतिबंध लगा दिया था। इन पर आरोप था कि ये शिनजियांग में उइगर, जातीय कजाखों और अन्य अल्पसंख्यक समूहों के सदस्यों के साथ हुए दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार थे या इसमें शामिल थे।
एबीएन डेस्क। ब्रिटेन में ब्रिटेन में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए रविवार से वेल्स, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड में नए सख्त प्रतिबंध लागू कर दिए गए। सोमवार को प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन व उनकी कैबिनेट कोरोना संक्रमण के नवीनतम आंकड़ों की समीक्षा कर सकती है। सरकार विशेषज्ञों की राय लेकर इंग्लैंड में भी और पाबंदियां लगाने का फैसला कर सकती है। इंग्लैंड में अभी प्लान बी के तहत प्रतिबंध लागू हैं। इसमें वर्किंग फ्रॉम होम, बड़े कार्यक्रम स्थल पर जाने के लिए फेस मास्क और कोविड टीकाकरण प्रमाण पत्र की अनिवार्यता जैसे नियम लागू हैं। वेल्स में रविवार से नाइट क्लब्स बंद : इस बीच वेल्स में रविवार से नाइट क्लब्स बंद रहेंगे और पब, रेस्त्रां व सिनमाघरों में अधिकतम छह लोगों को साथ में बैठने की इजाजत रहेगी। इनडोर कार्यक्रमों में 30 लोग शामिल हो सकेंगे वहीं आउटडोर कार्यक्रमों में 50 लोग शरीक हो सकेंगे। स्कॉटलैंड में पाबंदियां : उधर, स्कॉटलैंड में बड़े कार्यक्रमों में एक मीटर की सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी कर दी गई है। इनडोर कार्यक्रमों में जहां लोग खड़े होंगे वहां 100 से ज्यादा और जहां बैठने की व्यवस्था होगी वहां 200 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। इसी तरह आउटडोर कार्यक्रमों में 500 से ज्यादा लोगों की इजाजत नहीं होगी। सोमवार से नाइट क्लब तीन सप्ताह के लिए बंद रहेंगे। जहां शराब परोसी जाती है, वहां टेबल सर्विस ही मुहैया कराना होगी। रिसॉर्ट व अन्य मनोरंजन स्थलों पर एक मीटर की सोशल डिस्टेंसिंग का नियम लागू रहेगा। उत्तरी आयरलैंड बंद किए नाइट क्लब : उत्तरी आयरलैंड में भी नाइट क्लब बंद कर दिए गए हैं। इनडोर कार्यक्रम में खड़े होकर शामिल होने की इजाजत नहीं होगी, वहीं डांस पर रोक रहेगी। 1.22 लाख से ज्यादा मरीज : ब्रिटेन में क्रिसमस व बॉक्सिंग डे वीकेंड के कारण अभी कोरोना मरीजों के आंकड़े जारी नहीं किए जा रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को नए मरीजों की संख्या 122,186 के नए उच्च स्तर पर पहुंच गई थी।
एबीएन डेस्क। कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट ने दुनिया भर के देशों के हालात बिगाड़ दिए हैं। ब्रिटेन में महामारी के इस वैरिएंट के चलते यहां एक सप्ताह में करीब 48 फीसदी की वृद्धि देखी गई है। ब्रिटिश स्वास्थ्य सेवा के मुताबिक इस अवधि में लंदन का हर 20वां शख्स संक्रमित हुआ है। वहीं दूसरी ओर फ्रांस में बीते 24 में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 100,000 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि एक दिन पहले ही यहां कोविड-19 के करीब 94 हजार नए मामले सामने आए थे। फ्रांस : अस्पतालों में बढ़े मरीज, क्रिसमस की खुशियों में खलल : फ्रांस में कोविड-19 और ओमिक्रॉन के मामले बढ़ने के साथ एक बार फिर से अस्पतालों पर भी दबाव बढ़ रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, यहां ज्यादातर ऐसे मरीज हैं जिन्होंने टीके की खुराक नहीं ली थी। क्रिसमस पर अस्पतालों ने मरीजों के परिवारों को मुलाकात करने की अनुमति दी, लेकिन अपने प्रियजनों की फिक्र में लोग उदास नजर आए। मार्सेली अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कोविड-19 के मरीज डेविड डेनियल सेबाग (52) को अफसोस है कि उन्होंने टीके की खुराक नहीं ली थी। उन्होंने कहा कि टीका खतरनाक नहीं है। यह जीवन चुनने के समान है। फ्रांस के अस्पतालों में आने वाले मरीजों का अमूमन यही हाल है। इसके अलावा बढ़ते मरीजों के साथ स्वास्थ्य कर्मियों पर काम का बढ़ता बोझ भी चिंता का विषय है। आईसीयू के मुख्य डॉक्टर जुलियन कार्वेली ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी थक चुके हैं, मरीज बढ़ रहे हैं, हमें डर है कि हो सकता है हमारे पास पर्याप्त स्थान ही नहीं रहे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका जाने के चाहवान भारतीय पेशेवरों को बड़ी राहत मिल सकती है। दरअसल अमेरिका ने साल 2022 के लिए कई वीजा आवेदकों के व्यक्तिगत साक्षात्कार की प्रक्रिया को खत्म करने का फैसला लिया है। विदेश विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इसके तहत H-1B वीजा के साथ आने वाले कर्मचारी और छात्रों की अमेरिका जाने की राह आसान हो जाएगी। विभाग ने बताया कि उसने अमेरिका ने इस क्षेत्र के वीजा धारकों के अपने वीजा को रिन्यू कराने के मामले में भी साक्षात्कार में छूट दे दी है। अमेरिकी सरकार के इस कदम से भारतीय पेशेवरों समेत दुनियाभर से आवेदन करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि हमें ये घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि कांसुलर अधिकारियों को अस्थायी रूप से मंजूरी दी गई है कि वह 31 दिसंबर, 2022 तक निम्नलिखित श्रेणियों में कुछ व्यक्तिगत पिटिशन-आधारित गैर-आप्रवासी वर्क वीजा के लिए व्यक्तिगत साक्षात्कार से राहत देंगे। इनमें एच-1बी वीजा, एच -3 वीजा, एल वीजा, ओ वीजा शामिल हैं। गौरतलब है कि मार्च 2020 में अमेरिकी विदेश विभाग ने कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के चलते दुनियाभर के अधिकांश देशों में सभी नियमित वीजा सेवाओं को निलंबित कर दिया था। हालांकि सेवाओं को सीमित क्षमता के साथ और प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया गया, लेकिन कुछ वीजा की अपॉइंटमेंट के लिए लोगों को महीनों तक इंतजार करना पड़ रहा था। इस निर्णय के बाद ये परेशानी दूर हो जाएगी। विभाग की वीजा प्रोसेसिंग क्षमता में कोविड-19 महामारी के कारण कमी देखने को मिली है। जैसा की वैश्विक यात्रा फिर से शुरू हो रही है, तो ऐसे में हम ये अस्थायी कदम उठा रहे हैं। इससे वीजा के लिए इंतजार के समय को सुरक्षित और प्रभावी तरीके से कम किया जा सकेगा। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा को हम अपनी प्राथमिकता बनाए रखेंगे।
एबीएन डेस्क। कोरोना वायरस का नया वेरियंट भारत समेत दुनिया भर के देशों में तेजी से पैर पसर रहा है। ब्रिटेन, अमेरिका सहित कई यूरोपीय देशों में संक्रमण के मामले बढ़ने से लोग खौफजदा हैं। इस बीच जहां अपने एक बड़ी आबादी वाले शहर में लॉकडाऊन लगा दिया है वहीं आॅस्ट्रेलिया ने पाबंदियां लगाने की बात खारिज कर दी है। चीन ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बाद 1.3 करोड़ लोगों की आबादी वाले उत्तरी शहर शिआन में लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है। शीतकालीन ओलंपिक की मेजबानी से कुछ हफ्ते पहले देश में संक्रमण के मामले बढ़ने से चिंता बढ़ गई है। चीन में कोविड-19 के कुल 100,644 मामले सामने आए हैं और संक्रमण से 4636 लोगों की मौत हुई है। चीन के सरकारी मीडिया ने बताया कि शहर के अधिकारियों ने सभी निवासियों को घर पर रहने का आदेश दिया है, जब तक कि उनका घर से बाहर निकलना जरूरी न हो और विशेष मामलों के अलावा शहर से आने-जाने वाले परिवहन के सभी साधनों को बंद कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक घर के एक व्यक्ति को हर दो दिन में घरेलू जरूरत का सामान खरीदने के लिए बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी। आदेश बुधवार की मध्यरात्रि से प्रभावी हुआ। इसे कब हटाया जाएगा,इस पर कुछ नहीं कहा गया है। शियान शांक्सी प्रांत की राजधानी है, यहां बृहस्पतिवार को संक्रमण के स्थानीय प्रसार के 63 मामले सामने आए,जिसके बाद शहर में संक्रमण के मामले बढ़कर 211 हो गए हैं। चीन में शंघाई के पास झेजियांग प्रांत के कई शहरों में भी संक्रमण के मामले बढ़े हैं, हालांकि वहां पाबंदियां बहुत कम हैं। बीजिंग ने शीतकालीन ओलंपिक खेलों की चार फरवरी से शुरूआत से पहले हाल के दिनों में रोकथाम संबंधी उपायों को और बढ़ाया है। आॅस्ट्रेलिया में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लगाने या मास्क पहनना अनिवार्य करने जैसी पाबंदियां लगाने की बात खारिज कर दी है। आॅस्ट्रेलिया में बुधवार को सर्वाधिक 5,715 नए मामले न्यू साउथ वेल्स में सामने आए और संक्रमण से एक व्यक्ति की मृत्यु भी हुई। न्यू साउथ वेल्स में 347 लोग अस्पताल में भर्ती हैं और 45 मरीज आईसीयू में हैं, जबकि एक दिन पहले अस्पताल में 302 मरीज भर्ती थे। विक्टोरिया राज्य में भी संक्रमण के मामले बढ़े हैं। यहां बृहस्पतिवार को संक्रमण के 2,005 नए मामले सामने आए और 10 लोगों की संक्रमण से मौत हुई।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दुनिया के सबसे बड़े क्रूज शिप सिम्फनी ऑफ द सी में कोरोना विस्फोट का समाचार है। इस शिप में एक साथ 48 यात्री कोविड पॉजिटिव निकल आए हैं। जानकारी के अनुसार शिप पर एक यात्री के संक्रमित पाए जाने के बाद जब बाकि लोगों का टेस्ट करवाया गया तो कुल 6000 यात्रियों में से 48 पॉजिटिव पाए गए। क्रूज पर इस कोरोना ब्लास्ट के बाद सभी यात्रियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। बता दें कि सिम्फनी ऑफ द सी अमेरिकी कंपनी रॉयल कैरिबियन ग्रुप की क्रूज शिप है जिसे दुनिया की सबसे बड़ी क्रूज शिप माना जाता है । इस पर हजारों यात्री यात्रा करते हैं। शनिवार को ये क्रूज शिप यात्रियों को लेकर अमेरिका के तटीय शहर मियामी पहुंचा था। क्रूज पर कोरोना को लेकर सावधानियां भी बरती जा रही थीं, लेकिन प्रयासों के बावजूद 48 लोग कोरोना की चपेट में आ गए और सभी के लक्षण हल्के बताए जा रहे हैं। कंपनी ने बताया है कि क्रूज पर मौजूद 95 प्रतिशत लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ले रखी हैं। वहीं जो पॉजिटिव आए हैं, उनमें भी 98 प्रतिशत ने वैक्सीन की दोनों खुराक ले रखी हैं। ऐसे में सभी के पास इस वायरस से लड़ने वाला सुरक्षा कवच मौजूद था, लेकिन फिर भी 48 लोग संक्रमित निकले हैं।
एबीएन डेस्क। मिस यूनिवर्स 2021 का खिताब जीतने वाली हरनाज संधू को इस खिताब को जीतने के बाद कई तोहफे मिले हैं। हरनाज संधू को मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने पर 2,50,000 डॉलर यानि 1.89 करोड़ रुपए बतौर ईनाम राशि मिली है। वहीं उन्हें न्यूयॉर्क में एक अपार्टमेंट भी दिया गया है। हरनाज एक साल तक इसमें ही रहेंगी। हरनाज के यहां रहने का सारा खर्च मिस यूनिवर्स संगठन ही उठाएगा। इसके अलावा उनको वर्ल्ड टूर और ब्यूटीशियन से लेकर न्यूट्रशनिस्ट और स्किन केयर हर तरह की सुविधा फ्री में मिलेगी। बता दें कि हरनाज संधू को पहनाया गया मिस यूनिवर्स का ताज लगभग 50 लाख डॉलर यानि 37 करोड़ रुपए का बताया जा रहा है। हरनाज संधू इस ताज को अगले साल मिस यूनिवर्स 2022 के मुकाबले तक अपने पास रख सकती हैं। हरनाज संधू भारत की तीसरी मिस यूनिवर्स विजेता हैं, उनसे पहले सुष्मिता सेन और लारा दत्ता इस खिताब को अपने नाम कर चुकी हैं।
लंदन। ब्रिटेन में हुए एक अध्ययन के अनुसार, इस बारे में कोई सबूत नहीं है कि कोरोना वायरस का ओमिक्रोन स्वरूप, डेल्टा स्वरूप की तुलना में कम भयावह है। इस अध्ययन में यह भी पाया गया कि नया स्वरूप (ओमिक्रोन) पिछले संक्रमण या टीके की दोनों खुराकों से मिली प्रतिरक्षा को बड़े पैमाने पर चकमा देता है। ब्रिटेन में इंपीरियल कॉलेज लंदन के अनुसंधानकर्ताओं के अध्ययन में यह अनुमान लगाया गया कि ओमिक्रोन स्वरूप से फिर संक्रमित होने का जोखिम डेल्टा स्वरूप की तुलना में 5.4 गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह है कि पिछले संक्रमण से मिली सुरक्षा को ओमिक्रोन 19 प्रतिशत तक कम कर सकता है। अध्ययन के लेखकों ने कहा, अध्ययन में ओमिक्रोन के डेल्टा स्वरूप से कम गंभीर होने के कोई साक्ष्य नहीं पाए गए, चाहे क्यों न यह जांच में संक्रमित पाए जाने वाले लोगों के अनुपात के आधार पर हो, जो लक्षणों की जानकारी देते हैं या संक्रमण के बाद अस्पताल में देखभाल करने वाले मामलों के अनुपात के आधार पर तय किए गए हों। उन्होंने कहा, हालांकि, अस्पताल में भर्ती होने संबंधी आंकड़े इस वक्त बहुत कम हैं। अध्ययन में इंग्लैंड में सभी पीसीआर जांच से पुष्टि किए गए सार्स-कोवी-2 के सभी मामलों के डेटा का उपयोग किया गया, जिनकी 29 नवंबर और 11 दिसंबर, 2021 के बीच कोविड-19 की जांच की गई थी। अनुसंधान में एस जीन टार्गेट फेल्यर (एसजीटीएफ) के कारण ओमीक्रोन से संक्रमित होने वाले लोगों के साथ-साथ वे लोग शामिल थे जिनमें जीनोटाइप डेटा के साथ ओमीक्रोन संक्रमण की पुष्टि हुई। यह अध्ययन अभी प्रकाशित होना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse