बिजनेस

View All
Published / 2021-10-27 08:53:20
सुंदर पिचाई ने किया कंफर्म, दिवाली पर लॉन्च होगा जियो फोन नेक्स्ट

एबीएन डेस्क। रिलायंस जियो के नए स्मार्टफोन Jio Phone Next का मेकिंग वीडियो हाल ही में कंपनी ने रिलीज किया था। Jio Phone Next मेकिंग वीडियो से फोन के कई सारे फीचर्स की भी जानकारी मिली थी। अब गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा है कि Jio Phone Next दिवाली पर लॉन्च होगा। Jio Phone Next को गूगल और जियो की साझेदारी में तैयार किया गया है। Jio Phone Next के लिए गूगल ने खासतौर पर नया ऑपरेटिंग सिस्टम तैयार किया है जिसका नाम Pragati OS है और यह एंड्रॉयड पर आधारित है। सुंदर पिचाई ने अपने एक बयान में जियो फोन नेक्स्ट को लेकर कहा है कि यह भारत के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की नींव साबित होगा। उन्होंने आगे कहा कि अगले तीन से पांच सालों यह स्मार्टफोन भारतीय बाजार में छा जाएगा और इसका बड़ा कारण फोन की कीमत और फीचर्स होंगे। पिचाई ने कहा कि लोग फीचर फोन को छोड़कर स्मार्टफोन इस्तेमाल करना चाहते हैं। बाजार में ऐसे फोन की मांग भी काफी है लेकिन फोन उपलब्ध नहीं है। जियोफोन नेक्स्ट कुछ खास फीचर्स : जियो के इस नए स्मार्टफोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें वॉयस असिस्टेंट है। वॉयस असिस्टेंट यूजर्स को डिवाइस को ऑपरेट करने में मदद करता है (जैसे एप खोलें, सेटिंग्स को मैनेज करें आदि) साथ ही इंटरनेट से जानकारी/कंटेंट आसानी से उनकी अपनी भाषा में प्राप्त करने में सहायता करता है। इसके अलावा इस फीचर की मदद से आप बोलकर भी फोन पर कुछ सर्च कर सकेंगे। स्मार्ट कैमरा : कंपनी के दावे के मुताबिक जियो फोन में एक स्मार्ट और पावरफुल कैमरा है जिसमें पोर्ट्रेट मोड समेत विभिन्न फोटोग्राफी मोड हैं। उपयोगकर्ता चाहे तो अपने सब्जेक्ट को फोकस में रख कर उसके आस पास के बैकग्राउंड को ऑटोमोड में धुंधला कर सकता है इससे शानदार तस्वीरें कैप्चर होती हैं। फोन में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा मिलेगा। नाइट मोड यूजर्स को कम रोशनी में भी शानदार तस्वीरें लेने की सुविधा देता है। कैमरा एप इंडियन ऑग्मेंटिड रियलिटी फिल्टर के साथ प्री-लोडिड आता है। यानी कैमरे में बहुत से फिल्टर पहले से ही लोड हो कर आते हैं। Jio और Google Apps प्रीलोडेड : डिवाइस में सभी उपलब्ध एंड्रॉइड ऐप का उपयोग किया जा सकता है। जिसे Google Play Store के माध्यम से डिवाइस में डाउनलोड किया जा सकता है। इस प्रकार Play Store पर उपलब्ध लाखों ऐप्स में से वे किसी भी ऐप को चुनने को स्वतंत्रता हैं। यह कई जियो और गूगल ऐप्स के साथ प्रीलोडेड भी आता है।

Published / 2021-10-22 15:08:41
25 अक्टूबर से सस्ता सोना खरीदने का गोल्डन चांस, मोदी सरकार दे रही है मौका

एबीएन बिजनेस डेस्क। मोदी सरकार एक बार फिर से आपको सस्ता सोना खरीदने का मौका दे रही है। सरकार एक बार फिर से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की शुरूआत करने जा रही है। 25 अक्टूबर से एक बार फिर से गोल्ड बॉन्ड स्कीम की शुरूआत की जा रही है। इस गोल्ड बॉन्ड स्कीम के तहत आप सस्ती दर पर सोने में निवेश कर अच्छा रिटर्न पा सकते हैं। इतना ही नहीं इसकी खरीद पर लोगों को अच्छा रिटर्न और टैक्स में भी छूट मिल रही है। 25 अक्टूबर से खरीदें सस्ता सोना 25 अक्टूबर, 2021 से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम की सातवीं सीरीज की शुरूआत हो रही है। 25 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक ये स्कीम खुलेगी, जिसके तहत आप सस्ती दरों पर सोना खरीद सकते हैं। रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया की ओर से जारी की जाने वाली इस गोल्ड बॉन्ड में आपको टैक्स छूट और रिटर्न मिलता है। वहीं ये पूरी तरह से सुरक्षित निवेश है।

Published / 2021-10-19 05:21:56
महंगे आलू-प्याज और टमाटर से मिलेगी राहत! सरकार ने उठाया ये कदम

एबीएन बिजनेस डेस्क । देश में तीन मुख्य सब्जियों की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने रविवार की कहा कि बफर स्टॉक जारी होने से प्याज की कीमतों को स्थिर किया जा रहा है, जबकि टमाटर और आलू की कीमतों में नरमी के प्रयास जारी हैं। सरकार ने कहा कि कीमतों में नरमी और न्यूनतम भंडारण हानि सुनिश्चित करने के लिए प्याज के स्टॉक को अगस्त के अंतिम सप्ताह से फर्स्ट-इन-फर्स्ट-आउट (एफआईएफओ) के आधार पर उचित तरीके से बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी के परिणामस्वरूप 14 अक्टूबर को महानगरों में खुदरा प्याज की कीमत 42 से 57 रुपए प्रति किलोग्राम के दायरे में पहुंच गई है। वही प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 37.06 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जबकि औसत थोक दर 30 रुपए प्रति किलोग्राम थी। खुदरा बाजारों में 14 अक्टूबर को प्याज की कीमत चेन्नई में 42 रुपए प्रति किलो, दिल्ली में 44 रुपए प्रति किलो, मुंबई मंक 45 रुपए प्रति किलो और कोलकाता में 57 रुपए प्रति किलो पर रही। खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्याज का बफर स्टॉक उन राज्यों में जारी किया जा रहा है जहां कीमतें अखिल भारतीय औसत से ऊपर हैं और कीमतें पिछले महीने की तुलना में बढ़ रही हैं। विभाग ने कहा कि 12 अक्टूबर, 2021 को दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, पटना, रांची, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, हैदराबाद, बंगलुरू, चेन्नई, मुंबई, चंडीगढ़, कोच्चि और रायपुर जैसे प्रमुख बाजारों में कुल 67,357 टन प्याज जारी किया गया।

Published / 2021-10-18 07:25:23
विमान ईंधन से 33% महंगा है पेट्रोल ...

एबीएन डेस्क। पिछले करीब 1 हफ्ते से देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में रोज वृद्धि हो रही है। पिछले हफ्ते 12 और 13 अक्टूबर को चार दिन तक लगातार पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ाने के बाद पेट्रोल कंपनियों ने थोड़ी राहत दी थी। पेट्रोल डीजल के बढ़ते भाव की वजह से लोगों के घरों का बजट गड़बड़ाने लगा है। क्या आप यह जानते हैं कि आपके कार या बाइक में डलने वाले पेट्रोल का भाव अब हवाई जहाज के ईंधन की तरह इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन क्यूल या एटीएफ (ATF) से ज्यादा महंगा हो गया है। अगर आज की कीमत के हिसाब से बात करें तो पेट्रोल का भाव अब हवाई जहाज के ईंधन की तुलना में 33 फीसदी तेज है। दिल्ली में एटीएफ का भाव 79 रुपए प्रति लीटर (79,020 रुपए किलोलीटर) है जबकि दिल्ली में पेट्रोल का भाव 106 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है। पेट्रोल से क्यों सस्ता होता है जेट फ्यूल दरअसल, देश में पेट्रोलियम पदार्थों पर लगने वाले टैक्स के अलावा इनको रिफाइन करने में जो खर्च आता है उसकी लागत भी उपभोक्ताओं से वसूला जाता है। कच्चे तेल को रिफाइन कर उसके सभी बाइ प्रोडक्ट जैसे पेट्रोल, डीजल, जेट फ्यूल, किरोसीन और एलपीजी को बनाया जाता है। रिफाइनिंग की इस प्रक्रिया में जेट फ्यूल बनाने में लागत कम आती है। जेट फ्यूल एक परिष्कृत ईंधन नहीं है। वहीं पेट्रोल एक बेहद परिष्कृत ईंधन है। टैक्स नहीं बढ़ते तो पेट्रोल 75, डीजल 60 रुपए का मिलता पेट्रोल-डीजल की महंगाई के पीछे केंद्र व राज्य सरकारों के टैक्स सबसे बड़ी वजह हैं। ये दोनों उत्पाद सरकार की आय का प्रमुख स्रोत बन चुके हैं। पेट्रोल: 2014 में डीलरों को 49 रुपए लीटर की दर से पेट्रोल बेच रही थीं कंपनियां। डीलरों के मार्जिन के बाद कीमत थी 74 रुपए। तब केंद्र का टैक्स 14% और राज्य का 17% था। अब केंद्र 32% और राज्य 23% टैक्स ले रहे हैं। डीजल: 2014 में केंद्र का टैक्स और राज्य का 12% था। अब केंद्र 35% और राज्य 15% टैक्स ले रहे हैं। 31 राज्यों में पेट्रोल 100 के पार देश के 29 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दमन और दीव, छत्तीसगढ़, दिल्ली, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पुडुचेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, गोआ, असम, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, मेघालय और राजस्थान में पेट्रोल 100 रुपए लीटर के ऊपर है।

Published / 2021-10-10 14:44:22
खाने के तेल की जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का एक्शन

सरकार ने घरेलू बाजार में कीमतों में नरमी के लिए रविवार को खाद्य तेलों के व्यापारियों पर 31 मार्च तक स्टॉक या भंडारण की सीमा लगा दी है। हालांकि, कुछ आयातकों-निर्यातकों को इससे छूट दी गई है। एनसीडीईएक्स मंच पर आठ अक्टूबर से सरसों तेल के वायदा कारोबार पर पहले ही रोक लगा दी गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले एक साल के दौरान घरेलू खुदरा बाजारों में खाद्य तेलों के दाम 46.15 प्रतिशत तक चढ़े हैं। वैश्विक कारकों के अलावा घरेलू बाजार में आपूर्ति प्रभावित होने की वजह से खाद्य तेलों के दाम बढ़ रहे हैं। खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने बयान में कहा, केंद्र के इस फैसले से घरेलू बाजार में खाद्य तेल कीमतों में नरमी आएगी। इससे देशभर में उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। सभी राज्यों को जारी आदेश के अनुसार, राज्य सरकारें तथा संघ शासित प्रदेश उपलब्ध स्टॉक तथा उपभोग के रुख के आधार पर खाद्य तेलों तथा तिलहनों के भंडारण की सीमा पर फैसला करेंगे। हालांकि, कुछ आयातकों तथा निर्यातकों को स्टॉक की सीमा से छूट दी गई है। यह छूट उन निर्यातकों को होगी जिनके पास विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की ओर से जारी आयातक-निर्यातक कोड होगा और वे यह बता सकेंगे कि उनके पास पूरा या कुछ स्टॉक निर्यात के उद्देश्य से है। मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा ऐसे आयातकों को इससे छूट मिलेगी जो यह बताने में सक्षम होंगे कि खाद्य तेलों तथा तिलहनों के संदर्भ में उनके भंडार का कुछ हिस्सा आयात किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची कीमतों से घरेलू बाजार में भी खाद्य तेलों के भाव बढ़े हैं।

Published / 2021-10-02 14:53:08
अभी नहीं बिकी Air India, टाटा ग्रुप के हाथ जाने की खबरों का सरकार ने किया खंडन

सरकारी एयरलाइन एयर इंडिया के टाटा समूह के नियंत्रण में जाने की खबरें आज सूत्रों के हवाले से मीडिया में चल रही हैं लेकिन इस बीच सरकार का कहना है कि अभी इस पर फैसला नहीं हुआ है और जबर होगा तो जानकारी दी जाएगी। एयर इंडिया विनिवेश मामले को लेकर डिपार्टमेंट ऑफ इन्वेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) ने मीडिया में चल रही खबरों का खंडन किया है। DIPAM ने अपने ट्वीट कर कहा है Air India विनिवेश मामले में भारत सरकार द्वारा वित्तीय बोलियों के अप्रूवल का संकेत देने वाली मीडिया रिपोर्ट गलत हैं। इस मामले में जब सरकार निर्णय लेगी तब मीडिया को सूचित किया जाएगा। दरअसल, ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में सरकारी सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि सरकार ने टाटा सन्स की बोली को एयर इंडिया के लिए मंजूरी दी है। सूत्रों के हवाले से यह दावा किया गया कि टाटा सन्स ने मिनिमम रिजर्व प्राइस के मुकाबले 3000 करोड़ रुपए ज्यादा की बोली लगाई थी। 30 सितंबर को मिनिमम रिजर्व प्राइस तय किया गया था मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि सरकार ने 30 सितंबर को एयर इंडिया के विनिवेश को लेकर मिनिमम रिजर्व प्राइस तय किया था। उसके अगले ही दिन टाटा सन्स की बोली को मंजूरी का दावा किया जा रहा है। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री के सूत्रों का दावा है कि दिसंबर 2021 तक इसके निजीकरण का काम पूरा हो जाएगा। एयरलाइन पर 40 हजार करोड़ का कर्ज माना जा रहा है कि एयर इंडिया पर करीब 40 हजार करोड़ का कर्ज है। सरकार की योजना के मुताबिक, वह खरीदार को 23 हजार करोड़ का कर्ज ट्रांसफर करेगी।

Published / 2021-09-24 05:36:57
शेयर बाजार ने रचा इतिहास, सेंसेक्स ने पहली बार 60 हजार का आंकड़ा छुआ

मुंबई। इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक और टीसीएस जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 350 अंक से अधिक बढ़कर पहली बार 60,000 अंक के स्तर को पार कर गया। इस दौरान 30 शेयरों वाला सूचकांक 359.29 अंक या 0.60 फीसदी की तेजी के साथ 60,244.65 के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह निफ्टी 100.40 अंक या 0.56 प्रतिशत बढ़कर 17,923.35 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स को 1,000 अंक से ऐतिहासिक 60,000 के स्तर तक पहुंचने में 31 साल से थोड़ा अधिक समय लगा। सूचकांक 25 जुलाई 1990 को 1,000 अंक पर था और चार मार्च 2015 इसने 30,000 अंक के स्तर को छुआ। सेंसेक्स को 30,000 अंक का स्तर छूने में 25 साल लग गए। इसके बाद छह साल में सेंसेक्स 30,000 से बढ़कर 60,000 के स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी इंफोसिस में हुई। इसके अलावा एलएंडटी, एचसीएल टेक, एशियन पेंट्स, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर एनटीपीसी, एचयूएल, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व लाल निशान में थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 958.03 अंक या 1.63 प्रतिशत बढ़कर 59,885.36 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 276.30 अंक या 1.57 प्रतिशत बढ़कर 17,822.95 पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को सकल आधार पर 357.93 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत बढ़कर 77.32 डॉलर प्रति बैरल पर था।

Published / 2021-09-16 14:06:35
होराइजन होंडा में होंडा की नई बाइक सीबी 200एक्स लॉन्च

रांची। मेन रोड और कोकर स्थित होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के अधिकृत डीलर होराइजन होंडा में नई एडीबी मोटरसाइकिल सीबी 200एक्स लॉन्च किया है। यह बाइक बीएस6 तकनीक पर आधारित 4 स्ट्रोक इंजन से लैस है। इसकी इंजन क्षमता 184.4 सीसी है, बाइक में सेल्फ स्टार्ट एवं बेहतर ब्रेकिंग के लिए फ्रंट और रियर डिस्क ब्रेक के साथ सिंगस चैनल एबीएस दिया है। इसमें हेड और टेल लैंप के साथ इंडिकेटर में भी एलईडी लाइट लगे हैं। बाइक में कुल 5 गियर एवं 12 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है। बाइक की सबसे खास बात इसका आकर्षक एवं स्पोर्टी लुक है जो युथ को आकर्षित करेगी। यह तीन रंगो स्पोर्ट्स रेड, मैट सिल्वर मैटेलिक, पर्ल नाइट स्टार ब्लैक में उपलब्ध है। ग्राहक इसे होराइजन होंडा के मेन रोड एवं कोकर स्थित शोरूम से फाइनेंस और एक्सचेंज की भी जानकारी ले सकते हैं।

Page 72 of 77

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse