एबीएन बिजनेस डेस्क। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बुधवार को एक बार फिर 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। इस बढ़ोतरी के बाद 16 दिन में पेट्रोल-डीजल के दाम में 10 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जा चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 104.61 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 105.41 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.87 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 96.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा मुंबई में अब पेट्रोल की कीमत 120.51 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 104.77 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं आज एक बार फिर सीएनजी के दामों में भी ढ़ाई रुपए की बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में देशभर में वृद्धि की गई है, लेकिन इनके दाम स्थानीय कर के आधार पर अलग-अलग राज्यों में भिन्न हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतें करीब 137 दिन तक स्थिर रहने के बाद 22 मार्च को बढ़ाई गई थीं। तब से 14वीं बार कीमतों में वृद्धि की गई है। बीतो दो सप्ताह में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल 10 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अपने ट्वीट के लिए चर्चा में रहने वाले टेस्ला के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर की 9.2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है। सोमवार को जारी एक नियामकीय सूचना के अनुसार, मस्क ने ट्विटर के लगभग 7.35 करोड़ शेयर खरीदे हैं। मस्क की ट्विटर में इस हिस्सेदारी को निष्क्रिय निवेश माना जा रहा है। इसका मतलब है कि वह दीर्घावधि के लिए निवेशक बने रहना चाहते हैं। सोशल मीडिया कंपनी में यह हिस्सेदारी खरीदने के साथ सोमवार को ट्विटर का शेयर 25 प्रतिशत से अधिक उछल गया। वहीं टेस्ला के शेयर में भी मामूली वृद्धि हुई। उल्लेखनीय है कि मस्क ने पिछले महीने स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने को लेकर ट्वीट करते हुए ट्विटर पर स्वतंत्र संवाद करने की क्षमता पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था, स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखना एक कार्यशील लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। क्या आप मानते हैं कि ट्विटर इस सिद्धांत का सख्ती से पालन करता है? एक अन्य ट्वीट में मस्क ने कहा था कि वह एक नया सोशल मीडिया मंच बनाने के लिए गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
एबीएन डेस्क। एयर कंडीशनर (एसी) कंपनियों को उम्मीद है कि पारा चढ़ने के साथ ही मांग बढ़ने से इस वर्ष उनकी बिक्री में दहाई अंक यानी 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि होगी। हालांकि, उनका कहना है कि घरेलू एयर कंडीशनर के दाम करीब पांच फीसदी बढ़ सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हाल में कहा था कि इस वर्ष अप्रैल और मई माह में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। इससे उत्साहित एसी विनिर्माताओं वोल्टास, हिताची, एलजी, पैनासॉनिक और गोदरेज अप्लायंसेज का मानना है कि इस बार मांग बढ़ेगी। इससे पहले दो साल कोविड-19 के कारण बाजार में व्यवधान उत्पन्न हो गया था। कुछ कंपनियों का कहना है कि इस मौसम में एसी की अधिक मांग होने के कारण एसी और ठंडक प्रदान करने वाले अन्य उत्पादों की कमी हो सकती है। कलपुर्जों, धातुओं विशेषकर तांबा और एल्युमिनियम की बढ़ती कीमतें और कच्चे तेल के बढ़ते दाम के असर को कम करने के लिए उद्योग ने पिछली तिमाही में मूल्यवृद्धि की थी। टाटा समूह की कंपनी वोल्टास के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रदीप बक्शी ने कहा, 2021-22 के दौरान उद्योग को दामों में दहाई अंकों की बढ़ोतरी का कई बार सामना करना पड़ा। हालांकि, हमने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि ग्राहक इन गर्मियों में ठंडक प्रदान करने वाले उत्पाद खरीदने से पीछे न हटें। इसलिए हमने कई तरह के ऑफर और ईएमआई विकल्प दिए हैं। उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और उपकरण विनिर्माता संघ (सीईएएमए) ने उम्मीद जताई कि गर्मियों के इस मौसम की साल की कुल बिक्री में हिस्सेदारी 35 से 40 फीसदी हो सकती है। सीईएएमए के अध्यक्ष एरिक ब्रेगेंजा ने कहा, बीते कुछ वर्षों से कीमतें अस्थिर रही हैं। महामारी से हालात और भी बदतर हो गए। बीते 18 महीनों में उपभोक्ता उपकरण क्षेत्र में कीमतें 15 फीसदी तक बढ़ीं। जिंस तथा कच्चे माल के दाम बढ़ने से उद्योग लगातार दबाव में है। उन्होंने कहा, मूल्यवृद्धि उपभोक्ताओं को तुरंत प्रभावित नहीं करेगी, क्योंकि मार्च-अप्रैल, 2022 तक का उत्पादन पहले से तय है। मई से कीमतें बढ़ सकती हैं। जॉनसन के नियंत्रण वाली हिताची एयर कंडीशनिंग इंडिया का कहना है कि घर से काम की संस्कृति उद्योग में वृद्धि की कारक है। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गुरमीत सिंह ने कहा, जिंसों और अन्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के कारण हमें अप्रैल तक दाम तीन से चार फीसदी बढ़ाने होंगे। पिछले साल तक तीन स्टार वाले इन्वर्टर स्प्लिट एसी की कीमत 33,500 रुपए थी जो अब 36,500 से 37,000 रुपए हो गई है। गोदरेज अप्लायंसेज के कारोबार प्रमुख और कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी ने कहा, बीती दो गर्मियां लॉकडाउन के कारण प्रभावित रहीं और कई उपभोक्ताओं ने खरीद टाल दी। हालांकि, कई कंपनियों द्वारा घर से काम करने की संस्कृति अपनाई गई है, तापमान भी लगातार बढ़ रहा है जिससे मूल्यवृद्धि के बावजूद मांग बढ़ेगी। पैनासॉनिक इंडिया के कारोबार प्रमुख (एयर कंडीशनर समूह) गौरव साह ने कहा, इन गर्मियों में एसी उद्योग में दहाई अंक में वृद्धि की उम्मीद है। ब्रेगेंजा ने कहा कि भारत का आवासीय एसी बाजार 70 से 75 लाख इकाई का होने की उम्मीद है। इस क्षेत्र में 15 से अधिक कंपनियां कार्यरत हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। तेल कंपनियों ने आज शनिवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को राहत दी गई थी और कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था लेकिन आज पेट्रोल और डीजल के रेट में 80-80 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में पेट्रोल 80 पैसे महंगा हुआ है वहीं, डीजल की कीमतों में भी 80 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में, एक लीटर पेट्रोल की कीमत अब 102.61 रुपए और डीजल की कीमत 93.87 रुपए हो गई। जानें महानगरों के रेट्स : मुंबई में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 85 पैसे की बढ़ोतरी की गई है, जिससे पेट्रोल और डीजल की कीमतें प्रति लीटर क्रमशः 117.57 रुपए और 101.79 रुपए हो गई हैं। जबकि चेन्नई में पेट्रोल की कीमत में 76 पैसे की वृद्धि हुई है और अब यह 108.21 रुपए प्रति लीटर और डीजल 98.28 रुपए प्रति लीटर पर बेचा जा रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 84 पैसे बढ़े हैं और डीजल 80 पैसे बढ़े हैं। इसके बाद यहां एक लीटर पेट्रोल 112.19 और डीजल 97.02 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा है। जानें अन्य शहरों के रेट्स : बेंगलुरु में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 108.14 रुपए और एक लीटर डीजल की कीमत 92.05 रुपए है। इस बीच, भोपाल में एक लीटर पेट्रोल 115.09 रुपए और एक लीटर डीजल 98.28 रुपए पर बिक रहा है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक लीटर पेट्रोल 119.85 रुपए और डीजल 102.48 रुपए लीटर बिक रहा है। रांची में एक लीटर पेट्रोल 105.85 और डीजल 99.09 रुपए पर पहुंच गया। लखनऊ में एक पेट्रोल और डीजल क्रमश: 102.45 और 94.02 रुपए लीटर मिल रहा है।
एबीएन बिजनेस डेस्क। मारुति सुजुकी ने मार्च में भारतीय बाजार में 1,37,658 यूनिट्स की बिक्री की है, जिससे मासिक बिक्री के आंकड़ों में मामूली बढ़ोतरी हुई है। भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने निर्यात में नई ऊंचाईयों को दर्ज करना जारी रखा है। मार्च में 26,496 वाहनों के साथ मारुति ने अब तक का सबसे ज्यादा निर्यात दर्ज किया। मारुति ने पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 13.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,652,653 यूनिट्स की कुल बिक्री के साथ वित्तीय वर्ष का समापन किया। कुल बिक्री में 1,365,370 यूनिट्स की घरेलू बिक्री, 48,907 यूनिट्स की अन्य ओईएम को बिक्री और 2,38,376 यूनिट्स का अब तक का सबसे ज्यादा निर्यात शामिल है। भारत में ज्यादातर अन्य कार निर्माताओं की तरह, मारुति सुजुकी ने भी आपूर्ति श्रृंखला के मुद्दों और चिप संकट के कारण बिक्री में गिरावट दर्ज की है। कार निर्माता ने एक बयान जारी कर कहा, वित्त वर्ष 2021-22 में इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की कमी का वाहनों के उत्पादन पर कुछ प्रभाव पड़ा। कंपनी ने प्रभाव को कम करने के लिए हर संभव उपाय किए। चूंकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की आपूर्ति की स्थिति अप्रत्याशित बनी हुई है, इसलिए वित्त वर्ष 2022-23 में भी उत्पादन की मात्रा पर इसका कुछ प्रभाव पड़ सकता है।
एबीएन बिजनेस डेस्क। घरेलू आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए केंद्र सरकार ने मार्च 2023 तक अरहर दाल और उड़द दाल के आयात को मुक्त श्रेणी में रखने का फैसला किया है। मुक्त श्रेणी में डाले जाने का मतलब है कि इन दालों के आयात पर कोई पाबंदी नहीं होगी। सरकार ने बयान जारी कर कहा है, घरेलू उपलब्धता बढ़ाने और आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रण में रखने के सक्रिय कदम के तहत केंद्र ने 31 मार्च, 2023 तक अरहर और उड़द के आयात को मुक्त श्रेणी के तहत रखने के निर्णय को अधिसूचित किया। सरकार के अनुसार, इस नीतिगत उपाय को संबधित विभागों और संगठनों द्वारा सुविधाजनक उपायों और इसके कार्यान्वयन की बारीकी से निगरानी के साथ सहयोग दिया गया है। आयात नीति व्यवस्था संबंधी अटकलों पर विराम : इस फैसले ने अगले वित्त वर्ष में तुअर और उड़द के लिए आयात नीति व्यवस्था से जुड़ी अटकलों पर विराम लगा दिया है। यह नीति एक स्थिर व्यवस्था का भी संकेत देती है। इस नीति से सभी अंशधारकों को फायदा पहुंचने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि इस उपाय से देश में दालों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए इनका निर्बाध आयात सुनिश्चित किया जा सकेगा। गौरतलब कि इन दालों की उपलब्धता में बढ़ोतरी से इनके दाम घटेंगे और इसका सीधा फायदा उपभोक्ताओं को पहुंचेगा। पिछले वर्ष भी मुक्त श्रेणी में थी ये दालें : दरअसल, केंद्र सरकार ने 15 मई, 2021 से तहत अरहर, उड़द और मूंग के आयात को मुक्त श्रेणी में डाल दिया था, जो 31 अक्टूबर, 2021 तक वैध था। बाद में मूंग दाल को इस श्रेणी से निकाल दिया गया और अरहर व उड़द के आयात के संबंध में मुक्त व्यवस्था को 31 मार्च, 2022 तक बढ़ा दिया गया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रुचि सोया इंडस्ट्रीज के शेयरों में मंगलवार को करीब 16 प्रतिशत का उछाल आया। इससे पिछले चार कारोबारी सत्रों में कंपनी के शेयर नीचे आए थे। बीएसई में कंपनी का शेयर 15.94 प्रतिशत के लाभ से 944.95 रुपये पर पहुंच गया। दिन में कारोबार के दौरान एक समय यह 19.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 978.05 रुपये पर पहुंचा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी का शेयर 15.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 938 रुपये पर बंद हुआ। पिछले चार दिन में कंपनी का शेयर 10.73 प्रतिशत टूटा था। कंपनी का 4,300 करोड़ रुपये का अनुवर्ती सार्वजनिक निर्गम (एफपीओ) सोमवार को बंद हुआ था। कंपनी की शेयर बिक्री पर कुछ अवांछित संदेशों के प्रसार के बाद भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने बैंक अधिकारियों से कहा है कि वे एफपीओ के लिए आवेदन करने वाले निवेशकों को अपनी बोलियों को वापस लेने का विकल्प उपलब्ध कराएं। रुचि सोया के एफपीओ को 3.60 गुना अभिदान मिला था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उद्योग के जानकारों का कहना है कि यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद मार्च से भारत के लिए रूसी तेल वितरण में वृद्धि हुई है और भारत मास्को से और भी सस्ता तेल खरीदने के लिए तैयार है। उनका कहना है कि चीन जो पहले से ही रूसी तेल का सबसे बड़ा खरीदार है को भारी छूट पर रूस से अधिक तेल खरीदने की उम्मीद है। इसका मतलब कच्चे तेल की कीमतों में और वृद्धि हो सकती है। भारत और चीन जैसे प्रमुख तेल आयातक देश कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से जूझ रहे हैं, जो पिछले साल से बढ़ी हैं। केप्लर के प्रमुख तेल विश्लेषक मैट स्मिथ ने कहा, हम मानते हैं कि चीन और भारत रूस से और ज्यादा कच्चा तेल खरीदने के लिए कदम उठाएगा। यह प्रमुख विश्व शक्तियों और कंपनियों के बयानबाजी से बिल्कुल विपरीत होगा जो रूस से तेल खरीदना छोड़ रहे हैं। यूक्रेन पर रूस के अकारण और अनुचित युद्ध के परिणामस्वरूप, यूएस, यूके और यूरोपीय संघ ने रूस पर ऊर्जा प्रतिबंध लगाए हैं। विश्लेषकों ने कहा कि रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण वह अतिरिक्त कच्चे तेल के साथ बेचने में असमर्थ है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse