बिजनेस

View All
Published / 2022-11-11 19:24:33
महिंद्रा एंड महिंद्रा का दूसरी तिमाही का मुनाफा 44% बढ़कर 2,773 करोड़

एबीएन बिजनेस डेस्क। विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत घरेलू समूह महिंद्रा एंड महिंद्रा का चालू वित्त वर्ष की सितंबर में समाप्त दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 44 प्रतिशत बढ़कर 2,773 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। समूह ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,929 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 29,870 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 21,470 करोड़ रुपये थी। एकल आधार पर महिंद्रा एंड महिंद्रा का दूसरी तिमाही का राजस्व 57 प्रतिशत बढ़कर 20,839 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले समान तिमाही में 13,314 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान एकल आधार पर शुद्ध लाभ 46 प्रतिशत बढ़कर 2,090 करोड़ रुपये रहा। वाहन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ने दूसरी तिमाही में 1,74,098 वाहन बेचे, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 99,334 के आंकड़े से 75 प्रतिशत अधिक है।

Published / 2022-11-11 15:54:51
जानें झारखंड इलेक्ट्रिक वाहन नीति से गाड़ी खरीदने पर मिलेगा कितना लाभ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड इलेक्ट्रिक वाहन नीति की चर्चा काफी समय से हो रही है। राज्य सरकार ने इस वाहन नीति को 07 अक्टूबर 2022 को सार्वजनिक किया था। ये नीति लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए प्रोत्साहन देने के लिए है। इस नीति में इलेक्ट्रिक स्कूटर या बाइक की कीमत में 10,000 रुपये, इलेक्ट्रिक कार पर 30,000 रुपये और इलेक्ट्रिक बस पर 20 लाख रुपये तक की छूट मिलती है। रोड टैक्स में भी मिलेगी छूट : इस नीति के तहत लोगों को रोड टैक्स में भी छूट मिलेगी। राज्य में बने इलेक्ट्रिक वाहनों के पहले 10,000 खरीदारों को 100% की छूट दी जायेगी। इसके बाद अगले 10,000 से 15,000 खरीदारों को 75% की छूट दी जायेगी। इसके बाद के ग्राहकों को 25% की छूट मिलेगी। इसके अलावा सरकार ये ही सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही हैं कि लोगों को उनका वाहन चार्ज करने में किसी भी तरह की दिक्कत न हो। इसके लिए 3 किलोमीटर के दायरे में कम से कम एक चार्जिंग स्टेशन या प्रति 10 लाख लोगों पर न्यूनतम 50 चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी की गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर हर 25 किलोमीटर पर चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी है। इस योजना को लेकर हेमंत सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन के लिए झारखंड को सबसे उपयुक्त पूर्वी राज्य के रूप में प्रचारित किया जाये। इसके अलावा सरकार का उद्देश है कि राज्य को रासायनिक सेल बैटरी का उत्पादक के रूप में विकसित करना है।

Published / 2022-11-07 23:12:58
दूसरी तिमाही में 59% बढ़कर 3,313 करोड़ रुपये हुआ बैंक ऑफ बड़ौदा का मुनाफा

एबीएन बिजनेस डेस्क। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 59 फीसदी बढ़कर 3,313 करोड़ रुपये हो गया है। बैंक ने शनिवार को शेयर बाजारों को दी जानकारी में बताया कि फंसे कर्ज में कमी आने और ब्याज से प्राप्त आय बढ़ने से उसका लाभ बढ़ा है। पिछले वर्ष की समान तिमाही में बैंक को 2,088 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था। BOB की कुल आय वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही में बढ़कर 23,080.03 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वर्ष 20,270.74 करोड़ रुपये थी। इसकी शुद्ध ब्याज आय भी 34.5 फीसदी बढ़कर 10,714 करोड़ रुपये हो गई। बैंक की सकल गैर निष्पादित आस्तियां सितंबर 2022 के अंत में घटकर सकल अग्रिम का 5.31 फीसदी रह गईं जो एक साल पहले समान अवधि में 8.11 फीसदी थी। वहीं बैंक का शुद्ध एनपीए भी 2.83 फीसदी से घटकर 1.16 फीसदी रह गया। इसकी वजह से फंसे कर्ज और आकस्मिक परिस्थितियों के लिए प्रावधान समीक्षाधीन तिमाही में घटकर 1,627.46 करोड़ रुपये रह गया। पिछले वर्ष समान तिमाही में यह 2,753.59 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन बढ़कर 3.33 फीसदी और पूंजी पर्याप्तता अनुपात 15.55 फीसदी से घटकर 15.25 फीसदी रह गया। समेकित आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा का शुद्ध लाभ एक साल पहले की सितंबर तिमाही के 2,168 करोड़ रुपये से बढ़कर चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 3,400 करोड़ रुपये हो गया है।

Published / 2022-11-07 15:05:57
जर्मन कंपनी मेट्रो कैश के भारतीय कारोबार को खरीदेंगे अंबानी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के दूसरे सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी की झोली में एक और कंपनी आने वाली है। रिलायंस रिटेल जर्मनी की रिटेल कंपनी मेट्रो कैश एंड कैरी के भारतीय कारोबार को 50 करोड़ यूरो (4,060 करोड़ रुपये) में खरीद सकती है। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रिलायंस रिटेल और मेट्रो कैश एंड कैरी के बीच होने वाले इस डील में कंपनी के 31 होलसेल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर, जमीन और मालिकाना हक वाली अन्य संपत्तियां शामिल हैं। दरअसल रिलायंस रिटेल देश की सबसे बड़ी रिटेल कंपनी है और इस डील से उसे बी2बी श्रेणी में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिलेगी। दरअसल रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की रिलायंस रिटेल और मेट्रो कैश एंड कैरी के बीच इस डील को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही है। पिछले हफ्ते जर्मन कंपनी मेट्रो रिलायंस रिटेल के प्रस्ताव पर सहमत हो गई है। हालांकि, दोनों कंपनियों ने फिलहाल इस पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। उल्लेखनीय है कि मेट्रो कैश एंड कैरी फिलहाल भारत में होलसेल ब्रांड के तहत 31 स्टोर का संचालन कर रही है। मेट्रो एजी ने साल 2003 में भारतीय बाजार में प्रवेश किया था, लेकिन अब वह भारतीय बाजार से निकलने की तैयारी में है। मर्चेंट बैंकर जेपी मॉर्गन ऑर गोल्डमैन सैश ने मेट्रो कैश एंड कैरी कंपनी के कारोबार का वैल्यू करीब एक अरब डॉलर आंका था।

Published / 2022-11-05 09:58:21
सीएनजी-पीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी से फिर लगा तगड़ा झटका

एबीएन बिजनेस डेस्क। आम लोगों को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है। सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर से बढ़ोत्तरी कर दी गयी है। वहीं घरेलू पाइप गैस पीएनजी की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। सीएनजी और पीएनजी में यह बढ़ोत्तरी मुंबई में की गई है। सरकारी नियंत्रण वाली गैस आपूर्तिकर्ता महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने शुक्रवार को सीएनजी एवं रसोई गैस (पीएनजी) की कीमतों में वृद्धि कर दी। महानगर गैस ने सीएनजी में 3.50 रुपए प्रति किलो की बढ़ोत्तरी की है। इस प्रकार सीएनजी की कीमत महंगी होकर 89.50 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं घरेलू पीएनजी 1.50 रुपये महंगी होकर 54 रुपये प्रति घन मीटर हो गई है। नई दरें आधी रात से प्रभावी हो जायेंगी।

Published / 2022-11-03 12:14:40
विस्तारा के बाद एयर एशिया का भी मर्जर संभव, जानें 2023 तक टाटा ग्रुप की होंगी कौन सी कंपनियां

एबीएन सेंट्रल डेस्क। एयर इंडिया ने बुधवार को कहा कि एयर एशिया इंडिया को एयर इंडिया एक्सप्रेस में मिलाने के लिए काम चल रहा है और यह विलय 2023 के अंत तक हो सकता है। टाटा समूह की एयर इंडिया ने एयर एशिया इंडिया में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए भी समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। एयरएशिया इंडिया, टाटा संस और एयर एशिया इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के बीच एक जॉइंट वेंचर है। इसमें टाटा संस की 83.67 प्रतिशत हिस्सेदारी और एयर एशिया इन्वेस्टमेंट के पास 16.33 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसी तरह विस्तारा एयरलाइंस का भी एयर इंडिया के साथ मर्जर होने वाला है जिसमें सिंगापुर एयरलाइंस की हिस्सेदारी है। एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि यह विलय 2023 के अंत तक हो सकता है और इसका उद्देश्य एयर इंडिया समूह के लिए एक सस्ती एयरलाइन बनाना है। विलय के बाद जो कंपनी बनेगी उसे एयर इंडिया एक्सप्रेस कहा जायेगा। एयर एशिया 2014 में शुरू हुई थी जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने फ्लाइट का काम 2005 में शुरू किया था। एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि दो किफायती एयरलाइन एयरएशिया इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को मिलाने की प्रक्रिया कंपनी के री-स्ट्रक्चरिंग की योजना के तहत की जा रही है। उसने कहा कि इस प्रक्रिया में लगभग 12 महीने का वक्त लगेगा। इससे पहले, मलेशिया की एयरलाइन एयरएशिया ने एक बयान में बताया था कि उसने एयरएशिया इंडिया में अपनी बाकी हिस्सेदारी एयर इंडिया को बेचने के लिए करार किया है। टाटा समूह और मलेशियाई इकाई के मालिकाना हक वाली एयरएशिया इंडिया ने जून, 2014 में ऑपरेशन शुरू किया था। एयर एशिया एविएशन ग्रुप लिमिटेड ने बयान में कहा कि उसने एयरएशिया इंडिया में बाकी शेयरों को एयर इंडिया को बेचने के लिए शेयर खरीद समझौता किया है। एयर इंडिया समूह के किफायती ऑपरेशन को एक करने और इसका आकलन करने के लिए एक कार्यसमूह बनाया गया है, जिसकी सह अध्यक्षता एयरएशिया इंडिया के प्रबंधन निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील भास्करन और एयर इंडिया प्रक्सप्रेस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आलोक सिंह करेंगे। यह कार्यसमूह एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी कैंपबेल विल्सन की अध्यक्षता वाली समिति को रिपोर्ट करेगा। विल्सन ने कहा, एयर इंडिया समूह की किफायती एयरलाइन बनाने का काम शुरू करने को लेकर हम उत्साहित हैं। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने इस साल जून में एयर इंडिया द्वारा एयरएशिया इंडिया की पूरी हिस्सेदारी के प्रस्तावित अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। एयर एशिया एविएशन ग्रुप के (समूह) मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बो लिंगम ने कहा कि जब हमने 2014 के बाद से पहली बार भारत में ऑपरेशन शुरू किया तो एयरएशिया ने यहां एक विशाल कारोबार बनाया, जो दुनिया के सबसे बड़े एविएशन बाजारों में से एक है।न दूसरी ओर, विस्तारा एयरलाइंस और एयर इंडिया का विलय हो सकता है। दोनों कंपनियों के बीच बात चल रही है। विस्तारा एयरलाइन टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइन का जॉइंट वेंचर है, जिसमें टाटा की हिस्सेदारी 51 परसेंट और सिंगापुर एयरलाइन की हिस्सेदारी 49 परसेंट है। विस्तारा और एयर इंडिया का विलय होगा या दोनों कंपनियां अलग-अलग एयरलाइन के तौर पर चलायी जायेंगी, इस बार बात-विचार होना है। इस बारे में बात शुरू हो गई है और जल्द कोई फैसला सामने आ सकता है। हालांकि एयर एशिया और एयर इंडिया के मर्जर के बाद दोनों कंपनियां एक होंगी।

Published / 2022-11-02 15:41:38
5जी नेटवर्क पर एयरटेल के ग्राहकों का आंकड़ा 10 लाख के पार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत की अग्रणी टेलीकम्यूनिकेशन सर्विस प्रोवाइडर कंपनी, भारती एयरटेल (एयरटेल) ने आज घोषणा की कि उसके नेटवर्क पर अद्वितीय 5जी उपयोगकर्ताओं की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। एयरटेल द्वारा अभी अपने 5जी नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है और कंपनी ने अपने वाणिज्यिक लॉन्च के 30 दिनों से भी कम समय में इस मुकाम को हासिल कर लिया है। अक्टूबर महीने की शुरुआत में, एयरटेल ने दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, सिलीगुड़ी, नागपुर और वाराणसी में अपनी 5जी सेवाओं के शुरुआत की घोषणा की थी। इन शहरों में सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है, क्योंकि कंपनी अपने नेटवर्क का निर्माण और रोल आउट पूरा कर रही है। भारती एयरटेल के सीटीओ, रणदीप सेखों ने कहा, हालांकि यह प्रारंभिक चरण है, फिर भी ग्राहकों की प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक है। हमारा नेटवर्क प्रतिदिन विस्तृत किया जा रहा है यहां तक की सभी 5जी डिवाइस अब एयरटेल 5जी प्लस नेटवर्क पर काम करने में सक्षम हैं, कुछ अपवादों को छोड़ कर जो आने वाले हफ्तों में काम करने लगेंगे। हम पूरे देश को जोड़ने के लक्ष्य के साथ अपने नेटवर्क का विस्तार करना जारी रखेंगे।

Published / 2022-11-02 10:07:37
पेट्रोल-डीजल : दाम में 2 रुपये तक कटौती की तैयारी! जानें प्लानिंग

एबीएन बिजनेस डेस्क। सरकार उपभोक्ताओं को जल्द पेट्रोल-डीजल के दाम में कटौती का तोहफा दे सकती है। ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतें नीचे आने के बाद पेट्रोलियम कंपनियों का मार्जिन भी बढ़ा है और अब उन्हें घाटे के बजाए मुनाफा होने लगा है। इसे देखते हुए सरकार जल्द पेट्रोल और डीजल के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर तक कटौती कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर पेट्रोल और डीजल के दाम नीचे आते हैं तो मई, 2022 के बाद यह तेल की कीमतों में पहली कटौती होगी। मई में सरकार ने दोनों ही ईंधन पर उत्पाद शुल्क घटा दिया था। तब सरकार ने पेट्रोल पर 8 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 6 रुपये प्रति लीटर का उत्पाद शुल्क घटाया था। सरकारी तेल कंपनियों को एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ा मार्जिन मिलना शुरू हो गया है। रिपोर्ट की मानें तो कंपनियों को पेट्रोल पर 6 रुपये लीटर और डीजल पर 10 रुपये लीटर तक का मार्जिन मिल रहा है।

Page 44 of 78

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse