बिजनेस

View All
Published / 2026-02-03 18:14:42
जानें शेयर मार्केट के रॉकेट रफ्तार के क्या हैं पांच कारण...

इन 5 कारणों से रॉकेट बना शेयर बाजार, सेंसेक्स 2072 अंक उछला 

एबीएन बिजनेस डेस्क। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के ऐलान के बाद मंगलवार, 3 फरवरी को भारतीय शेयर बाजारों में पिछले 5 सालों की सबसे बड़ी तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 2,500 अंकों से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी एक बार फिर 25,850 के स्तर के पार पहुंच गया। 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर टैरिफ घटाने की घोषणा से निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बाजार खुलते ही चौतरफा खरीदारी शुरू हो गयी। सभी 16 प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते दिखे। बैंकिंग, मेटल, इंफ्रास्ट्रक्चर, कैपिटल गुड्स और फाइनेंशियल शेयरों में खास तौर पर मजबूत खरीदारी रही। 

मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 3.5 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार करते नजर आये। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 2072.67 अंक या 2.54 फीसदी की तेजी के साथ 83,739.13 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 639.15 अंक या 2.55 फीसदी उछलकर 25,727.55 के स्तर पर बंद हुआ।  

शेयर बाजार में तेजी के 5 बड़े कारण 

1. भारत-अमेरिका ऐतिहासिक ट्रेड डील 

बाजार में तेजी का सबसे बड़ा कारण भारत-अमेरिका के बीच हुआ व्यापार समझौता रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद घोषणा की कि भारतीय सामानों पर लगने वाला टैरिफ 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है। इससे टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग और इंडस्ट्रियल सेक्टर को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। टेक्सटाइल सेक्टर की कम से कम 6 कंपनियों के शेयरों में 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा। 

2. प्रतिद्वंदी देशों के मुकाबले भारत को बढ़त 

ट्रेड डील के बाद भारत को एक्सपोर्ट के मोर्चे पर प्रतिद्वंदी देशों पर बढ़त मिलती दिख रही है। भारत पर 18 फीसदी टैरिफ लागू होगा, जबकि बांग्लादेश, श्रीलंका, ताइवान और वियतनाम पर 20 फीसदी और पाकिस्तान, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड व फिलीपींस पर 19 फीसदी टैरिफ रहेगा। इससे अमेरिकी बाजार में भारत की हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद जतायी जा रही है। 

3. रुपये और बॉन्ड मार्केट से सपोर्ट 

ट्रेड डील के ऐलान के बाद रुपया डॉलर के मुकाबले 1 फीसदी से ज्यादा मजबूत होकर 90.40 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं 10 साल की बेंचमार्क सरकारी बॉन्ड यील्ड 5 बेसिस प्वाइंट गिरकर 6.72 फीसदी पर आ गयी, जिससे विदेशी निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ। 

4. मजबूत वैश्विक संकेत 

एशियाई बाजारों में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली। साउथ कोरिया का कोस्पी 5 फीसदी उछला, जबकि जापान का निक्केई 225, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी मजबूती के साथ कारोबार करते दिखे। अमेरिकी बाजारों में सोमवार को आयी तेजी ने भी भारतीय बाजार को सपोर्ट दिया। 

5. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.51 फीसदी गिरकर 65.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल के सस्ते होने से महंगाई पर दबाव कम होने और ट्रेड बैलेंस में सुधार की उम्मीद बनी, जिसे शेयर बाजार के लिए सकारात्मक माना जा रहा है।

Published / 2026-02-02 21:20:37
शेयर मार्केट में लौटी तेजी

शेयर बाजार की जोरदार वापसी, सेंसेक्स-निफ्टी उछले, इन 4 कारणों से लौटी तेजी 

एबीएन बिजनेस डेस्क। भारतीय शेयर बाजारों में सोमवार, 2 फरवरी को शुरुआती गिरावट के बाद जोरदार रिकवरी देखने को मिली। बजट के बाद रविवार को आयी तेज बिकवाली के बाद निवेशक आज निचले स्तरों पर वैल्यू बाइंग करते नजर आये। 

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, बजट के लॉन्ग-टर्म संकेत और रुपये की मजबूती ने भी बाजार की धारणा को सहारा दिया। बीएसई सेंसेक्स 943.52 अंक यानी 1.17% की तेजी के साथ 81,666.46 के स्तर पर आ गया। एनएसई निफ्टी 262.95 अंक या 1.06% चढ़कर 25,088.40 पर बंद हुआ। 

बाजार में रिकवरी के पीछे 4 बड़े कारण 

1. वैल्यू बाइंग से लौटी खरीदारी 

पिछले कारोबारी सत्र में भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने आकर्षक वैल्यूएशन पर चुनिंदा शेयरों में खरीदारी की। 1 फरवरी को बजट के दिन बाजार ने प्रतिशत के लिहाज से छह साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की थी। शुरूआती घबराहट कम होने के बाद निवेशकों ने मजबूत फंडामेंटल वाले शेयरों में एंट्री ली, जिससे बाजार को सपोर्ट मिला। 

2. कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 4.14% टूटकर 66.45 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए राहत मानी जाती है, क्योंकि इससे महंगाई, चालू खाते के घाटे और रुपये पर दबाव कम होता है। इसी उम्मीद ने शेयर बाजार को मजबूती दी। 

3. बजट के लॉन्ग-टर्म संकेतों से बढ़ा भरोसा 

बजट 2026-27 को लेकर शुरुआती नकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब निवेशक इसके दीर्घकालिक फायदों पर फोकस कर रहे हैं। मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा, ग्लोबल डेटा सेंटर के लिए टैक्स इंसेंटिव, एग्रीकल्चर और टूरिज्म सेक्टर को समर्थन जैसे उपायों ने सेंटीमेंट सुधारा है। 53.5 लाख करोड़ रुपये के बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च और राजकोषीय अनुशासन बनाए रखने के संकेतों को बाजार ने सकारात्मक रूप से लिया। 

4. रुपये की मजबूती से मिला अतिरिक्त सहारा 

सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 37 पैसे मजबूत होकर 91.56 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपए को सपोर्ट मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक बजट ने रुपये को सीधी राहत भले न दी हो लेकिन निवेशकों का भरोसा जरूर बढ़ाया है। हालांकि सरकार की 17.2 लाख करोड़ रुपए की उधारी योजना बाजार के लिए आगे चिंता का विषय बनी रह सकती है।

Published / 2026-02-02 21:19:20
चांदी में अबतक शिखर से 46% की गिरावट

चांदी में 50 साल की सबसे बड़ी गिरावट, क्या 2 लाख के नीचे आयेगा भाव? निवेशकों में घबराहट 

एबीएन बिजनेस डेस्क। 29 जनवरी को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसी) पर चांदी ने 4.20 लाख रुपये प्रति किलो का लाइफटाइम हाई बनाया था लेकिन महज 4 दिन से भी कम समय में कीमतें बुरी तरह धराशायी हो गयींं। सोमवार तक चांदी अपने शिखर से करीब 46 फीसदी टूट चुकी है, जो बीते 50 साल की सबसे तेज गिरावट मानी जा रही है। 

इस गिरावट ने साल 1980 के ऐतिहासिक क्रैश को भी पीछे छोड़ दिया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी को अपने पीक से 70% गिरने में करीब 5 महीने लगे थे। मौजूदा हालात में चांदी कुछ ही दिनों में इतनी बड़ी गिरावट दर्ज कर चुकी है, जो उस दौर में भी नहीं देखी गयी थी। 

70-80 घंटों में करीब 2 लाख रुपये टूटे दाम 

अगर रुपए के हिसाब से देखें तो चांदी ने 70-80 घंटों में करीब 1.94 लाख रुपये की गिरावट दर्ज की है। 4.20 लाख के उच्च स्तर से फिसलकर यह 2.25 लाख रुपये तक आ गयी यानी औसतन हर घंटे करीब 2,400 रुपये की गिरावट दर्ज हुई, जिसने निवेशकों को चौंका दिया है। 

मौजूदा हालात क्या कहते हैं? 

सोमवार को एमसी पर चांदी 32,342 रुपये टूटकर 2,35,339 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। सुबह चांदी 2,67,501 रुपये पर खुली थी, जबकि रविवार की स्पेशल ट्रेडिंग में यह 2,65,652 रुपये पर बंद हुई थी। 

क्या 2 लाख से नीचे जायेगी चांदी? 

जानकारों के मुताबिक, अगर आने वाले सत्र में 25,000 रुपये तक की और गिरावट आती है, तो चांदी 2 लाख रुपये से नीचे फिसल सकती है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रेडिंग के दौरान 50% तक की गिरावट भी देखी जा सकती है, जो अब तक की सबसे बड़ी गिरावट होगी। 

गिरावट की बड़ी वजहें क्या हैं? 

केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, चांदी में गिरावट की सबसे बड़ी वजह गोल्ड-सिल्वर रेश्यो का तेज बढ़ना है, जो फिलहाल 61 के पार पहुंच चुका है और इसके 70 तक जाने की आशंका है। इसके अलावा फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती के संकेत न देना, डॉलर इंडेक्स की मजबूती और जियो-पॉलिटिकल तनाव में कमी भी कीमतों पर दबाव बना रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक वैश्विक हालात में बड़ा बदलाव नहीं आता, तब तक चांदी में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Published / 2026-01-31 18:09:58
सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

आलटाइम हाई से चांदी 1,28,126 रुपये हुई सस्ती, सोना भी 42,247 रुपये टूटा 

एबीएन बिजनेस डेस्क। पिछले कुछ हफ्तों से रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रही सोने-चांदी की कीमतों में अचानक जोरदार गिरावट दर्ज की गयी है। बाजार में इन कीमती धातुओं को लेकर मजबूत बुल रन देखा जा रहा था और निवेशकों को लग रहा था कि कीमतें अभी और ऊपर जायेंगी लेकिन जिस रफ्तार से भाव बढ़े थे, उसी तेजी से एक ही दिन में जोरदार गिरावट आ गयी। आलटाइम हाई से चांदी 1,28,126 रुपए प्रति किलो टूट गयी, जबकि सोना भी अपने उच्चतम स्तर से 42,247 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। 

एक कारोबारी दिन में चांदी की कीमत 1 लाख रुपये से ज्यादा टूट गयी, जबकि सोना 33 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ता हो गया। इस अचानक आयी गिरावट से कमोडिटी बाजार में हड़कंप मच गया और निवेशकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। 

24 घंटे में धड़ाम हुए भाव 

गुरुवार को चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। एमसी पर चांदी का भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलो के आलटाइम हाई पर पहुंच गया था लेकिन शुक्रवार को तस्वीर पूरी तरह बदल गयी। वायदा कारोबार की समाप्ति तक चांदी की कीमत 1,07,971 रुपए गिरकर 2,91,922 रुपए प्रति किलो रह गयी यानी आॅलटाइम हाई से चांदी का भाव महज एक दिन में 1,28,126 रुपये टूट गया। 

सोने में भी इसी तरह की बड़ी गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 1,83,962 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो शुक्रवार को घटकर 1,50,849 रुपये पर आ गया यानी एक ही दिन में सोना 33,113 रुपये सस्ता हो गया। आॅलटाइम हाई 1,93,096 रुपये से देखें तो सोना 42,247 रुपये टूट चुका है। 

क्या और गिरेगा सोना-चांदी

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड मजबूत बने रहते हैं, तो सोने और चांदी में आगे भी दबाव बना रह सकता है। फिलहाल निवेशकों को जल्दबाजी में खरीदारी से बचने की सलाह दी जा रही है। हालांकि, अगर वैश्विक अनिश्चितता दोबारा बढ़ती है, तो सोना-चांदी एक बार फिर सुरक्षित निवेश के तौर पर मजबूत हो सकते हैं।

Published / 2026-01-22 10:32:35
4 लाख के पार जाएगी चांदी, इतने लाख का हो जाएगा 10 ग्राम सोने

एबीएन बिजनेस डेस्क। सोने और चांदी की कीमतों में हाल ही में तेजी देखने को मिली है। गोल्ड ने 1,50,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर लिया है और चांदी अब 3,00,000 रुपए प्रति किलो से ऊपर ट्रेड कर रही है। पिछले कुछ दिनों में दोनों की कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। कमोडिटी एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह मजबूती आने वाले समय में भी जारी रह सकती है।

आने वाले टारगेट और भविष्य का अनुमान
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की कीमतें इस साल के अंत तक 2,00,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती हैं। ग्लोबलडेटा के अनुमान के अनुसार 2026 के अंत तक सोने की कीमत 1,75,000 से 1,95,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के बीच रह सकती है। वहीं, चांदी 3,80,000 से 4,60,000 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती निवेश मांग और भू-राजनीतिक तनाव इस रुझान को बनाए रखने में मदद कर रहे हैं। इतना ही नहीं, पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यह संभव है कि सोना 2,00,000 रुपए और चांदी 4,00,000 रुपए के स्तर को अगले कुछ महीनों में ही पार कर जाए।

अभी की स्थिति
MCX पर वर्तमान में सोने की कीमत 1,53,116 रुपए प्रति 10 ग्राम है। चांदी का भाव 3,16,501 रुपए प्रति किलो है। पिछली ट्रेडिंग सत्र की तुलना में चांदी की कीमत में करीब 16,000 रुपए की गिरावट आई है। कल यह 3,33,150 रुपए प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। हालांकि, चांदी की कीमतों में ऐसी गिरावट कोई बड़ी चिंता की बात नहीं है क्योंकि ऐतिहासिक तौर पर यह धातु अचानक तेज उछाल भी दिखा सकती है। मांग बढ़ने और आपूर्ति सीमित होने के कारण आगे भी कीमतों में मजबूती की उम्मीद है।

मजबूती के कारण और भविष्य की संभावना

ग्लोबलडेटा के अनुसार, सोने की कीमतें मौजूदा स्तर से 30% से 45% तक बढ़ सकती हैं। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना 6,100 से 6,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुँच सकता है। घरेलू स्तर पर यह 1,75,000 से 1,95,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की संभावना है। चांदी की कीमतों में तेजी और भी अधिक रहने का अनुमान है। 

Published / 2026-01-20 23:00:05
हर व्यक्ति को वित्तीय ज्ञान जरूरी : योगेन्द्र

एबीएन बिजनेस डेस्क। हर व्यक्ति को वित्तीय साक्षरता (Financial Literacy) और वित्तीय ज्ञान (Financial Knowledge) जरूर बढ़ाना चाहिए।क्योंकि पैसा कमाना जितना ज़रूरी है,
उतना ही ज़रूरी है पैसे को सही तरीके से संभालना, बढ़ाना और सुरक्षित रखना। उक्त बातें वित्त विशेषज्ञ योगेंद्र साहू ने कही। वे एबीएन से खास बातचीत में अपने विचार रख रहे थे।

वित्तीय ज्ञान के बिना

  • अच्छी कमाई भी गलत फैसलों में बर्बाद हो जाती है
  • कर्ज़, दिखावा और अहंकार इंसान को कमजोर बना देते हैं
  • सही समय पर सही निवेश नहीं हो पाता

वित्तीय साक्षर व्यक्ति:

  • ज़रूरत और दिखावे में फर्क समझता है
  • बचत, निवेश और सुरक्षा का संतुलन बनाता है
  • भविष्य की प्लानिंग आज से करता है
  • इमोशन नहीं, लॉजिक से पैसे के फैसले लेता है

याद रखिए

  • अमीर बनने से पहले समझदार बनना ज़रूरी है।
  • पैसा ताकत नहीं, ज़िम्मेदारी है।
  • वित्तीय ज्ञान ही असली आज़ादी की कुंजी है।

(लेखक वित्त विभाग के विशेषज्ञ हैं)

Published / 2026-01-20 21:20:43
शेयर मार्केट में दिख रहा ग्लोबल टेंशन

ग्लोबल टेंशन से शेयर बाजार लाल, दो दिन में निवेशकों के डूबे 11.50 लाख करोड़ 

एबीएन बिजनेस डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ धमकी और फ्रांस द्वारा पीस बोर्ड में शामिल होने से इनकार के चलते एक बार फिर वैश्विक शेयर बाजारों में हाहाकार मच गया है। इस वैश्विक उथल-पुथल का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। 

मंगलवार को सेंसेक्स 1065.71 की गिरावट के साथ 82,180.47 पर बंद हुआ। लगातार दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स कुल मिलाकर 1,300 अंकों से अधिक टूट चुका है। वहीं निफ्टी 50 में 353 अंकों की गिरावट आयी। 

इस गिरावट के साथ निफ्टी 25,232.50 अंक पर बंद हुआ। इस भारी गिरावट के चलते मंगलवार को ही निवेशकों के करीब 9 लाख करोड़ रुपए डूब गए, जबकि दो दिनों में कुल नुकसान 11.50 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। 

इन 10 वजहों से बिखरा शेयर बाजार 

  • ट्रेड वॉर की आशंका : अमेरिकी टैरिफ नीति को लेकर नयी अनिश्चितता से वैश्विक स्तर पर ट्रेड वॉर की चिंता फिर गहरा गयी। 
  • एफआईआई की लगातार बिकवाली : विदेशी निवेशकों ने सोमवार को 3,262 करोड़ रुपये से अधिक के शेयर बेचे, जिससे बाजार पर दबाव बना। 
  • तीसरी तिमाही के कमजोर नतीजे : विप्रो के कमजोर आउटलुक ने आईटी सेक्टर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। 
  • कमजोर वैश्विक संकेत : एशियाई बाजारों में जापान, चीन और हांगकांग के सूचकांक लाल निशान में रहे। 
  • भारत VIX में उछाल : बाजार की अस्थिरता का संकेतक इंडिया VIX4 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 12.34 पर पहुंच गया। 
  • रुपये में कमजोरी : डॉलर के मुकाबले रुपये 8 पैसे टूटकर 90.98 पर आ गया। 
  • ट्रंप टैरिफ पर सुप्रीम कोर्ट का इंतजार : अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के संभावित फैसले को लेकर निवेशक सतर्क हैं। 
  • कच्चे तेल की कीमतों में तेजी : ब्रेंट क्रूड 64 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। 
  • निफ्टी की वीकली एक्सपायरी : एक्सपायरी के चलते बाजार में तेज उतार-चढ़ाव रहा। 
  • सरकारी बैंकों में बिकवाली : पीएसयू बैंक इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा लुढ़का। 

निवेशकों को 9 लाख करोड़ का झटका 

शेयर बाजार में आयी गिरावट से निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है। बीएसई का कुल मार्केट कैप सोमवार के 4,65,68,777 करोड़ रुपये से घटकर मंगलवार को 4,57,15,068 करोड़ रुपये रह गया यानी एक ही दिन में निवेशकों को करीब 9,02,669 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं दो दिनों की गिरावट में निवेशकों की कुल चपत 11.50 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा पहुंच चुकी है।

Published / 2026-01-16 22:08:38
बजट के कारण रविवार को भी खुला रहेगा शेयर बाजार

  • रविवार को भी खुलेगा शेयर बाजार, BSE और NSE ने जारी किया 1 फरवरी का शेड्यूल

एबीएन बिजनेस डेस्क। 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट आएगा, लेकिन इस बार 1 तारीख को रविवार है जिस वजह से शेयर बाजार (Share Market) के खुलने पर संस्पेंस बना हुआ था। 

अब BSE और NSE ने इस सस्पेंस को खत्म करते हुए बजट वाले दिन के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। शेयर बाजार में ट्रेडिंग और निवेश करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। वैसे तो आमतौर पर रविवार को बाजार बंद रहता है।

लेकिन इस बार 1 फरवरी 2026 को रविवार होने के बावजूद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने ये फैसला लिया है कि बजट वाले दिन बाकी दिनों की तरह ही ट्रेडिंग के लिए बाजार खुला रहेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश करेंगी।

बीएसई और एनएसई दोनों ने आज अलग-अलग सर्कुलर जारी कर बताया कि बजट वाले दिन लाइव ट्रेडिंग सेशन होगा। ट्रेडिंग का समय सामान्य दिनों जैसा ही रहेगा। प्री-ओपन मार्केट सुबह 9 बजे से 9:08 बजे तक खुलेगा, जबकि सामान्य ट्रेडिंग सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेगी। 

बीएसई ने अपने सर्कुलर में कहा, ट्रेडिंग मेंबर्स ध्यान दें कि T+0 सेटलमेंट सेशन और सेटलमेंट डिफॉल्ट के लिए ऑक्शन सेशन रविवार, 1 फरवरी 2026 को नहीं होंगे। इक्विटी सेगमेंट के अलावा, F&O (डेरिवेटिव्स) और कमोडिटी डेरिवेटिव्स में भी ट्रेडिंग होगी।

Page 2 of 75

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse