बिजनेस

View All
Published / 2022-12-01 18:11:41
शेयर मार्केट लगातार आठवें दिन हरे निशान में

  • सेंसेक्स 63583 व निफ्टी 18812 पर हुआ बंद

एबीएन बिजनेस डेस्क। लगातार आठवें कारोबारी सत्र में शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 184.54 अंकों की मजबूती के साथ  63,284.19 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर निफ्टी  निफ्टी 54.15 अंकों की बढ़त के साथ 18812.50 के स्तर पर बंद हुआ। गुरुवार के दिन सेंसेक्स 258 अंकों की तेजी के साथ 63357  के स्तर पर और निफ्टी 113 अंकों की तेजी के साथ 18871 के स्तर पर खुला। फेडरल रिजर्व प्रमुख जेरोम पॉवेल के ब्याज दरों में नरमी बरतने के बयान के बाद बाजार में मजबूती दिखी। इस दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया भी 35 पैसे की मजबूती के साथ 81.07 के स्तर पर खुला। गुरुवार के कारोबारी सेशन में ऊपरी स्तर से बाजार में मुनाफावसूली दिखी।  
आईटी, मेटल्स, बैंकिंग व मीडिया सेक्टर के शेयरो में दिखी तेजी  : हफ्ते के पांचवें कारोबारी दिन गुरुवार को बाजार में आईटी, मेटल्स, बैंकिंग, मीडिया, इंफ्रा, कमोडिटी और कंज्यूमर  ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में मजबूती दिखी। वहीं दूसरी ओर आॅटो, फार्मा, एफएमसीजी और ऊर्जा सेक्टर के शेयरों में कमजोरी दिखी। निफ्टी के 50 शेयरों में 27 हरे निशान पर जबकि सेंसेक्स के 30 शेयरों में 17 तेजी के साथ बंद हुए।

Published / 2022-11-30 23:09:00
नवंबर में कम रही कच्चे तेल की कीमत

एबीएन बिजनेस डेस्क। सरकार के आंकड़ों से पता चलता है कि नवंबर में कच्चे तेल की भारतीय बास्केट की कीमत 10 माह के निचले स्तर 88.6 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। बहरहाल अधिकारियों ने कहा कि इससे पेट्रोल पंपों पर तेल की कीमत में तत्काल कोई कमी आने की संभावना नहीं है क्योंकि सरकारी खुदरा कंपनियां पहले के घाटे की भरपाई के लिए कुछ वक्त लेंगी। 
 

पिछले कुछ दिन से चीन में कोविड-19 के नए मामले सामने आए हैं, साथ ही प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में आर्थिक मंदी का डर बढ़ा है। इसके परिणामस्वरूप सोमवार को ब्रेंट क्रूड की हाजिर कीमत 4 जनवरी के बाद के अपने निचले स्तर 79.92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। भारत में अगर कच्चे तेल की कीमत 1 डॉलर प्रति बैरल कम होती है तो इसका चालू खाते पर 1 अरब डॉलर का असर पड़ता है।
बहरहाल, पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) को तेल की खुदरा कीमतें कम करने के पहले अपनी कमाई बढ़ाने की जरूरत है। एक अधिकारी ने कहा, सरकार ने इस मसले पर दीर्घावधि विचार बनाने का फैसला किया है क्योंकि तेल कंपनियों ने इस साल तब कीमतें कम रखीं, जब वैश्विक कीमत बढ़ रही थी। हमें यह भी देखना है कि क्या मौजूदा धारणा स्थिर रहती है।
पिछले महीने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पेट्रोल की कीमत ज्यादातर देशों में अगस्त तक 40 प्रतिशत बढ़ी है, लेकिन भारत में सरकार के समर्थन के कारण इसकी कीमतों में 2 प्रतिशत गिरावट आई है। इंडियन आॅयल कॉपोर्रेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन जैसी तेल विपणन कंपनियों के लिए सितंबर तिमाही कठिन रही है, जब कच्चे तेल और गैस की अंतरराष्ट्रीय कीमत ज्यादा थी और तेल शोधन का मुनाफा कम हो गया था। वहीं मई में डीजल व पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क कम किए जाने की वजह से पंप पर कीमतें कम हो गई थीं।

Published / 2022-11-30 23:04:09
लगातार पांचवें दिन उछाल पर रहे एनडीटीवी के शेयर

एबीएन बिजनेस डेस्क। टेलीविजन लिमिटेड (एनडीटीवी) के संस्थापक प्रणय रॉय और उनकी पत्नी राधिका रॉय ने प्रवर्तक समूह की कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह कदम अडाणी समूह के टीवी चैनल के अधिग्रहण के करीब पहुंचने के मद्देनजर उठाया है।
बीएसई पर कंपनी का शेयर पांच प्रतिशत चढ़कर 447.70 रुपये की अपनी ऊपरी सर्किट सीमा को छू गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में भी एनडीटीवी का शेयर पांच प्रतिशत के उछाल के साथ 446.30 रुपये पर पहुंच गया। पांच कारोबारी सत्रों में एनडीटीवी का शेयर 24.74 प्रतिशत चढ़ा है।

Published / 2022-11-29 17:48:35
2024 तक एक हो जायेंगी एयर इंडिया-विस्तारा

  • टाटा समूह के फैसले के बाद देश की सबसे बड़ी फुल कैरियर एयरलाइंस होगी एयर इंडिया

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा समूह ने मार्च 2024 तक एयर इंडिया और विस्तारा एयरलाइंस के विलय का फैसला किया है। समूह ने इसी साल एअर इंडिया का अधिग्रहण पूरा किया था। विस्तारा एयरलाइंस टाटा समूह के सह-स्वामित्व वाली कंपनी है। सिंगापुर एयरलाइंस ने एक बयान में कहा कि उसने और टाटा संस ने विस्तारा को अब एयर इंडिया में मिलाने का फैसला किया है। विस्तारा के विलय के बाद एयर इंडिया देश की सबसे बड़ी फुल कैरियर एयरलाइंस होगी, जो देश के साथ दुनियाभर में अपनी सेवाएं देगी।  
 

18,000 करोड़ में खरीदी एयर इंडिया 
एयर इंडिया के अधिग्रहण का सौदा 18,000 करोड़ रुपये में पूरा हुआ था। जनवरी 2022 में ये सौदा पूरा हो सका। टाटा ने एयर इंडिया के लिए जो दाम चुकाया, उसमें एयर इंडिया पर बकाया कुल ऋण का 15,300 करोड़ रुपये भी शामिल था। एयर इंडिया के टाटा समूह के पास जाने को ‘होम कमिंग’ की तरह देखा गया; क्योंकि साल 1932 में एयर इंडिया की शुरुआत टाटा ग्रुप ने ही की थी। जेआरडी टाटा ने पहले इंडियन एयरलाइंस के रूप में इसकी नींव रखी। बाद में इसका नाम एयर इंडिया कर दिया गया। 

Published / 2022-11-28 23:12:16
ओएनजीसी से सरकार को मिला 5,001 करोड़ रुपये का डिविडेंट

एबीएन बिजनेस डेस्क। सरकार को सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) से डिविडेंट के रूप में 5,001 करोड़ रुपये मिले हैं। इस तरह चालू वित्त वर्ष में सरकार को सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसई) से कुल 23,797 करोड़ रुपये का डिविडेंट मिल चुका है।

निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव तुहिन कांत पांडेय ने ट्वीट किया कि सरकार को ओएनजीसी से डिविडेंट के रूप में करीब 5,001 करोड़ रुपये मिले हैं। दीपम ने 2020 में सीपीएसई को एक सुसंगत लाभांश नीति का पालन करने और लाभप्रदता, निवेश की आवश्यकताओं, नकद/आरक्षित और निवल मूल्य जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए उच्च डिविडेंट का भुगतान करने का प्रयास करने की सलाह दी थी।

दिशा-निर्देशों के अनुसार सीपीएसई को कर के बाद लाभ का 30 फीसदी (पीएटी) या निवल मूल्य का पांच फीसदी, जो भी अधिक हो, का न्यूनतम वार्षिक डिविडेंट देना आवश्यक है। दीपम की वेबसाइट के अनुसार चालू वित्त वर्ष में अबतक कुल डिविडेंट प्राप्ति 23,796.55 करोड़ रुपये हो गई हैं।

Published / 2022-11-28 18:41:01
आॅल टाइम हाई पर शेयर बाजार

सेंसेक्स पहली बार 62600 के पार, निफ्टी भी 18600 के ऊपर 
 

एबीएन बिजनेस डेस्क। भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई और एनएसई निफ्टी 50 सोमवार को नए आॅल टाइम हाई पर पहुंचे। जहां सेंसेक्स 347.9 अंक या 0.56% बढ़कर 62,686.84 पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी इंडेक्स 90 अंक चढ़कर 18,611.05 के नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। बैंक निफ्टी मामूली हरे निशान में कारोबार करता दिखा। सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सेंसेक्स में 3% से अधिक की बढ़त के साथ शीर्ष पर रहे। हरे निशान पर कारोबार कर रहे निफ्टी के सेक्टोरल इंडेक्स लाभ से नुकसान के बीच स्थानांतरित हुए। निफ्टी मेटल में सबसे बड़ी गिरावट (1.15%) की  दिखी।  इस बीच  निफ्टी आॅयल एंड गैस 2.19% चढ़ा।  निफ्टी स्मॉलकैप 100 1.07% और निफ्टी मिडकैप 100 0.72% चढ़े हैं। वहीं, इंडिया श्क 1.85% की वृद्धि के साथ 13.58 पर है। 

1986 में 100 पॉइंट से शुरू हुआ सेंसेक्स अब 62600 के पार 
सेंसेक्स की शुरुआत 1986 में हुई थी। उस समय इसका बेस ईयर 1978-79 को रखते हुए इसमें 100 बेस प्वाइंट से कारोबार शुरू किया गया था। वर्ष 1990 के जुलाई महीने में यह आंकड़ा बढ़कर 1000 पॉइंट पर पहुंचा। उसके बाद वर्ष 1991 के आर्थिक उदारीकरण के बाद एफडीआई के दरवाजे खुले और विदेशी निवेश भारत आने लगा। इसका फायदा सेंसेक्स को मिला और यह लगातार ऊंचाई छूता रहा। 

सोमवार की सुबह लाल निशान पर खुला था बाजार 
इससे पहले घरेलू शेयर बाजार हफ्ते के पहले कारोबारी दिन गिरावट के साथ खुले। सोमवार को शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स में करीब 277 अंकों तक की गिरावट दिखी। वहीं, निफ्टी भी मामूली रूप से कमजोर होकर 18500 के नीचे पहुंच गया। फिलहाल सेंसेक्स 43.35 अंकों की गिरावट के साथ 62250 अंकों पर जबकि निफ्टी आठ अंकों की कमजोरी के साथ 18505 अंकों पर कारोबार कर रहा है। वैश्विक बाजार में गिरावट का असर घरेलू बाजार पर भी दिखा। सेंसेक्स 277 अंकों की गिरावट के साथ 62016 के स्तर पर, निफ्टी 82 अंकों की गिरावट के साथ 18430 के स्तर पर खुला। वहीं बैंक निफ्टी में 226 अंकों की गिरावट के साथ 42757 के स्तर पर कारोबार शुरू हुआ। हालांकि शुरूआती कारोबार में गिरावट के बाद बाजार में रिकवरी दिख रही है। डॉलर के मुकाबले रुपए में भी गिरावट आई और यह 8 पैसे की गिरावट के साथ 81.77 के स्तर पर ओपन हुआ। शुक्रवार को रुपया 81.69 के स्तर पर क्लोज हुआ था।

Published / 2022-11-26 10:56:48
पेट्रोल-डीजल : कीमतों में कोई बदलाव नहीं, कच्चा तेल 84 डॉलर प्रति बैरल के करीब

एबीएन बिजनेस डेस्क। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में गिरावट का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में ब्रेंट क्रूड 2 फीसदी की गिरावट के साथ 84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 2 फीसदी से ज्यादा लुढ़ककर 87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। हालांकि, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है।
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपये और डीजल 89.62 रुपये प्रति लीटर पर टिका रहा। मुंबई में पेट्रोल का दाम 106.31 रुपये और डीजल 94.27 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल 106.03 रुपये और डीजल का भाव 92.76 रुपये प्रति लीटर है। इसी तरह चेन्नई में पेट्रोल 102.63 रुपये और डीजल 94.24 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 1.71 डॉलर यानी 2.00 फीसदी की गिरावट के साथ 83.63 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर है। वहीं, वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी 1.66 डॉलर यानी 2.13 फीसदी लुढ़कर 78.28 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है। इसके बावजूद देश में तेल के दाम करीब पिछले चार महीने से ज्यादा समय से स्थिर हैं।

Published / 2022-11-25 18:18:04
फोन पे-जेस्टमनी अधिग्रहण... 200 से 300 मिलियन डॉलर में डील संभव

एबीएन सेंट्रल डेस्क। डिजिटल भुगतान और वित्तीय सेवा प्रदाता कंपनी फोनपे बाय-नाउ-पे-लेटर (बीएनपीएल) कंपनी व फिनटेक स्टार्टअप जेस्टमनी का अधिग्रहण करने के लिए बातचीत कर रही है, मीडिया रिपोर्ट्स इस मामले की जानकारी रखने वाले दो लोगों ने इसकी पुष्टि की है। एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि सौदा करीब 200 मिलियन डॉलर से 300 मिलियन डॉलर के बीच के वैल्यूशन पर हो सकती है। इसका मसौदा तैयार किया जा रहा है और आने वाले दो से तीन हफ्ते में इसे अंतिम रूप दिया जा सकता है। 
बता दें कि 2015 में स्थापित कंपनी जेस्टमनी अब तक पेयू, जिप, रिबिट कैपिटल, क्वोना कैपिटल, श्याओमी, ओमिडयार नेटवर्क, गोल्डमैन सैक्स सहित प्रमुख निवेशकों से लगभग 140 मिलियन डॉलर जुटा चुकी है। वित्त वर्ष 2022 के दौरान जेस्टमनी का राजस्व वित्त वर्ष 2021 के "89 करोड़ की तुलना में बढ़कर "145 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं कंपनी का घाटा भी एक साल पहले के "125.8 करोड़ से बढ़कर "398.8 करोड़ हो गया है। 

Page 42 of 78

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse