बिजनेस

View All
Published / 2025-05-21 22:14:07
शेयर मार्केट की शानदार वापसी, झूम उठे निवेशक

शेयर बाजार का शानदार कमबैक, खुशी से झूमे निवेशक, हुआ प्रॉफिट 

एबीएन बिजनेस डेस्क। बुधवार (21 मई) को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार कमबैक किया। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 800 अंकों से ज्यादा चढ़ गया, जबकि निफ्टी ने करीब 250 अंकों की तेजी दिखायी। इस तेजी ने निवेशकों के चेहरे खिला दिये। यह उछाल ऐसे समय में आया है जब मंगलवार को दो दिन की तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली से गिरावट दर्ज हुई थी। 

तेजी से झूमे निवेशक, 4 लाख करोड़ का फायदा 

सुबह 10:43 बजे सेंसेक्स 814 अंकों की मजबूती के साथ 82,000 के करीब कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 240 अंकों की तेजी के साथ 24,924 के स्तर पर पहुंच गया। इस मजबूती की वजह से बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 4 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गया। 

तेजी के पीछे क्या हैं वजहें 

  1. शॉर्ट कवरिंग से बढ़त : विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के दिनों में आयी गिरावट के बाद निवेशकों ने शॉर्ट पोजिशन कवर की, जिससे तेजी को बल मिला। तीन दिनों में सेंसेक्स करीब 2% टूटा था, जिससे लो-लेवल पर हैवीवेट स्टॉक्स में खरीदारी देखी गयी। 
  2. डॉलर में कमजोरी : अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में कमजोरी से विदेशी निवेशकों का सेंटिमेंट सुधरा। डॉलर इंडेक्स आधा प्रतिशत गिरकर 99.30 पर पहुंच गया, जिससे उभरते बाजारों में कैपिटल फ्लो बढ़ने की उम्मीद जगी है। 
  3. एफआईआई की भारी बिकवाली के बाद रुकावट : हालांकि मंगलवार को विदेशी निवेशकों (एफआईआई) ने 10,016 करोड़ की रिकॉर्ड बिकवाली की थी, लेकिन बुधवार को बिकवाली में ब्रेक लगने से बाजार को राहत मिली।

Published / 2025-05-21 21:01:28
बिना गारंटी के आपको भी मिल सकता है 20 लाख तक का लोन

  • आप भी शुरू कर सकते हैं अपना बिजनेस, जानें क्या है पूरा प्रोसेस 
  • इस योजना ने लाखों लोगों को अपने पैरों पर खड़ा होने का मौका दिया है। आप अगर अपना खुद का बिजनेस करना चाहते हैं तो यह योजना आपके लिए एक सुनहरा अवसर हो सकता है। 

ऋषभ राज 

एबीएन बिजनेस डेस्क। अगर आप छोटा-मोटा ही सही लेकिन अपना बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो आपके पास शानदार मौका है। मान लीजिए कि आपके पास कोई तगड़ा बिजनेस आइडिया है, लेकिन पैसे की कमी आड़े आ रही है, तो इसके सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना आपके लिए वरदान साबित हो सकती है। 

इस योजना के तहत सरकार 10 लाख रुपये तक का लोन दे रही है, वो भी बिना किसी गारंटी के। हाल ही में इसकी लिमिट को बढ़ाकर 20 लाख रुपये तक कर दिया गया है, जिससे और ज्यादा लोग अपने सपनों को हकीकत में बदल सकते हैं। आइये, इस योजना के बारे में विस्तार से जानते हैं कि ये क्या है, कैसे काम करती है, और आप इसका फायदा कैसे उठा सकते हैं। 

क्या है मुद्रा योजना 

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना को 8 अप्रैल 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू किया था। इसका मकसद उन छोटे कारोबारियों को आर्थिक मदद देना है, जो नॉन-कॉरपोरेट और नॉन-फार्म सेक्टर में काम करते हैं। आसान शब्दों में कहें तो अगर आप कोई छोटा-मोटा बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, जैसे कि किराने की दुकान, सिलाई का काम, या कोई छोटा स्टार्टअप, तो ये योजना आपके लिए है। इस योजना के तहत आपको बिना किसी सिक्योरिटी या गारंटी के लोन मिल सकता है। 

इस योजना को माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट एंड रिफाइनेंस एजेंसी चलाती है। मुद्रा का मतलब है छोटे कारोबारों को बढ़ावा देना और उनकी जरूरतों को पूरा करना। ये लोन बैंकों, नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों और माइक्रोफाइनेंस संस्थानों के जरिए दिये जाते हैं। 

मुद्रा योजना के तहत लोन को चार कैटेगरी में बांटा गया है, ताकि हर तरह के कारोबारी को उसकी जरूरत के हिसाब से मदद मिल सके। ये कैटेगरी हैं: 

  1. शिशु: इसमें 50,000 रुपये तक का लोन मिलता है। ये उन लोगों के लिए है जो बिल्कुल शुरूआती स्तर पर बिजनेस शुरू करना चाहते हैं। 
  2. किशोर: अगर आपको 50,000 से ज्यादा लेकिन 5 लाख रुपये तक की जरूरत है, तो ये कैटेगरी आपके लिए है। 
  3. तरुण: इसमें 5 लाख से 10 लाख रुपये तक का लोन मिलता है। ये उन कारोबारियों के लिए है जिनका बिजनेस थोड़ा बड़ा है। 
  4. तरुण प्लस: हाल ही में सरकार ने इस नई कैटेगरी को जोड़ा है, जिसमें 10 लाख से 20 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है। लेकिन ये लोन सिर्फ उन लोगों को मिलेगा, जिन्होंने पहले तरुण कैटेगरी में लोन लिया और उसे समय पर चुका दिया है। 
  5. नई तरुण प्लस कैटेगरी को जुलाई 2024 के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषित किया था। इसका मकसद उन उद्यमियों को और सपोर्ट करना है जो अपने बिजनेस को अगले स्तर पर ले जाना चाहते हैं। 

कौन ले सकता है लोन? 

मुद्रा योजना का फायदा कोई भी भारतीय नागरिक उठा सकता है, जो छोटा-मोटा बिजनेस शुरू करना चाहता है या अपने मौजूदा कारोबार को बढ़ाना चाहता है। इसके लिए आपको बस ये साबित करना होगा कि आपका बिजनेस गैर-कृषि क्षेत्र से जुड़ा है। जैसे कि अगर आप टेलरिंग, ब्यूटी पार्लर, छोटी दुकान, या कोई सर्विस-बेस्ड बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, तो आप इस योजना के लिए योग्य हैं। 

इस योजना ने खासकर महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों को बहुत फायदा पहुंचाया है। 70% से ज्यादा लोन लेने वाली महिलाएं हैं, और 50% से ज्यादा लोन एसटी, एससी, और ओबीसी समुदाय के लोगों को मिले हैं। इससे साफ है कि ये योजना न सिर्फ बिजनेस को बढ़ावा दे रही है, बल्कि सामाजिक समावेश को भी मजबूत कर रही है। 

कैसे मिलता है लोन 

इसके तहत लोन पाना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। सबसे पहले आपको अपने नजदीकी बैंक या माइक्रोफाइनेंस संस्थान में जाना होगा। आप चाहें तो मुद्रा की आफिशियल वेबसाइट  www.mudra.org.in पर भी जाकर पूरी जानकारी ले सकते हैं। वहां आपको हर कैटेगरी के लिए अलग-अलग आप्शन मिलेंगे। 

सबसे पहले आपको एक फॉर्म भरना होगा, जिसमें आप अपने बिजनेस का आइडिया और उसकी जरूरतें बताएंगे। इसके साथ कुछ बेसिक डॉक्यूमेंट्स चाहिए होंगे, जैसे: 

  • आधार कार्ड, पैन कार्ड, या कोई दूसरा पहचान पत्र 
  • बिजनेस का प्रूफ (अगर पहले से बिजनेस चल रहा है) 

बैंक अकाउंट डिटेल्स 

हालांकि, मुद्रा लोन की ब्याज दर फिक्स नहीं है। ये आपके बिजनेस के प्रकार और उसमें जोखिम के आधार पर बदलती रहती है। सामान्य तौर पर ब्याज दर 9-12% प्रति साल होती है। अच्छी बात ये है कि ये लोन बिना किसी कोलैटरल (गारंटी) के मिलता है, यानी आपको अपनी प्रॉपर्टी या कोई और चीज गिरवी रखने की जरूरत नहीं है। 

लोन चुकाने का समय भी आपके बिजनेस और लोन की कैटेगरी पर निर्भर करता है। आमतौर पर शिशु लोन को चुकाने के लिए 3-5 साल का समय मिलता है, जबकि तरुण और तरुण प्लस के लिए ये समय ज्यादा हो सकता है। 

अब तक कितना बांटा जा चुका है लोन 

वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, दस साल पहले शुरू हुई इस योजना ने अब तक 52 करोड़ से ज्यादा लोन बांटे जा चुके हैं, जिनका कुल मूल्य 32 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ महीने पहले बताया था कि इसके तहत 33 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के कोलैटरल-फ्री लोन दिये जा चुके हैं। 

ये लोन न सिर्फ बिजनेस शुरू करने में मदद करते हैं, बल्कि लोगों को नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाला बनने के लिए प्रेरित करते हैं। 
वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी 2025 तक, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत तमिलनाडु ने सबसे ज्यादा 3,23,647.76 करोड़ रुपये का लोन वितरण किया है।

उत्तर प्रदेश 3,14,360.86 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है और कर्नाटक 3,02,146.41 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर है। पश्चिम बंगाल और बिहार में भी क्रमश: 2,82,322.94 करोड़ रुपये और 2,81,943.31 करोड़ रुपये का बड़ा वितरण हुआ है। महाराष्ट्र 2,74,402.02 करोड़ रुपये के साथ छठे स्थान पर है। यह दशार्ता है कि पिछले दस सालों में इस योजना का प्रमुख राज्यों में व्यापक असर और पहुंच रही है। 

लेकिन इसे लेने के लिए ठगी से बचें 

इस योजना ने लाखों लोगों को अपने पैरों पर खड़ा होने का मौका दिया है। आप अगर अपना खुद का बिजनेस करना चाहते हैं तो यह योजना आपके लिए एक सुनहरा अवसर हो सकता है। लेकिन मुद्रा योजना के नाम पर कुछ लोग ठगी भी करते हैं। न्यूज वेबसाइट मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कई बार लोग फर्जी वादे करके प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे वसूलते हैं। इसलिए हमेशा आफिशियल वेबसाइट या अपने बैंक से ही जानकारी लें। अगर कोई आपसे प्रोसेसिंग फीस के लिए ज्यादा पैसे मांगता है, तो सतर्क हो जायें।

Published / 2025-05-12 20:37:11
सीजफायर ने शेयर बाजार को दी ताकत

शेयर बाजार की दहाड़, सेंसेक्स 2975 अंक उछल कर 82,429 पर बंद 

एबीएन बिजनेस डेस्क। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 3012 अंकों से ज्यादा उछलकर 82,466 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 24,942 के उच्चतम स्तर पर दिखा। 

इस जोरदार तेजी से निवेशकों को करीब 15 लाख करोड़ का लाभ हुआ- जो पिछले चार वर्षों में एक दिन की सबसे बड़ी कमाई मानी जा रही है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 2975 अंकों की बढ़त के साथ 82,429 के स्तर पर और निफ्टी 916 अंक उछल कर 24,924 के लेवल पर बंद हुआ। 

तेजी की प्रमुख वजहें 

  • भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा ने भू-राजनीतिक तनाव घटाया। 
  • अमेरिका-चीन ट्रेड डील से वैश्विक अनिश्चितता में कमी आयी। 
  • भारत की सॉवरेन रेटिंग में सुधार ने निवेशकों को भरोसा दिया। 
  • कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता से आयात घाटा नियंत्रित रहने की उम्मीद। 
  • बड़ी भारतीय कंपनियों के शेयरों में उछाल ने बाजार को सपोर्ट किया। 

मिड-स्मॉल कैप इंडेक्स में करीब 4% की तेज 

  • एनएसई के इंटरनेशनल एक्सचेंज पर ट्रेड होने वाला गिफ्ट निफ्टी 3.10% ऊपर 24,800 पर है। 
  • बीएसई का स्मॉल-कैप इंडेक्स 1,680 अंक (3.60%) ऊपर 48,420 पर कारोबार कर रहा है। 
  • मिड-कैप इंडेक्स 1,170 अंक (2.80%) ऊपर है, ये 43,280 के स्तर पर पहुंच गया है।

Published / 2025-05-12 20:35:57
झारखंड : दो रुपये महंगा हुआ मेधा दूध

महंगा हुआ दूध, झारखंड मिल्क फेडरेशन ने 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाये दाम 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड मिल्क फेडरेशन ने आज 12 मई से अपने मेधा ब्रांड के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। महंगाई के इस दौर में मेधा दूध के दाम में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। 

झारखंड मिल्क फेडरेशन के एमडी जयदेव विश्वास ने मेधा दूध के दाम में बढ़ोतरी को सामान्य बढ़ोतरी बताते हुए कहा कि लंबे समय से मेधा दूध के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी, इसलिए झारखंड मिल्क फेडरेशन को अपने लिक्विड आइटम (दूध) के दाम में बढ़ोतरी करनी पड़ी है। 

झारखंड मिल्क फेडरेशन से मिली जानकारी के मुताबिक मेधा ब्रांड के अलग-अलग दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद एक लीटर मेधा डबल टोंड दूध 46 में और आधा लीटर का पैकेट अब 23 रुपये में मिलेगा। वहीं, एक लीटर मेधा टोंड दूध (ताजा) के लिए उपभोक्ता को 53 रुपये और आधा लीटर के लिए 27 रुपये चुकाने होंगे। 

एक लीटर मेधा स्टैंडर्ड (शक्ति) की कीमत बढ़कर 59 रुपये और आधा लीटर पैकेट की कीमत 30 रुपये हो गई है। इसी तरह, दूध की कीमत में प्रति लीटर 2 रुपये की बढ़ोतरी के बाद एक लीटर मेधा स्टैंडर्ड दूध (शक्ति स्पेशल) की कीमत 60 रुपये और आधा लीटर की कीमत 31 रुपये हो गयी है। 

आधा लीटर के पैक में आने वाला मेधा गाय का दूध, इसकी कीमत अब 28 रुपये हो गयी है। 6 लीटर के पैक में आने वाले मेधा स्टैंडर्ड दूध (शक्ति- खोवा दूध) की कीमत अब 348 रुपये और मेधा टोंड दूध (ताजा- छेना दूध) के छह लीटर के पैकेट की कीमत अब 312 रुपये हो गयी है। 

झारखंड मिल्क फेडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदेव विश्वास ने बताया कि वर्तमान में झारखंड में प्रतिदिन दो लाख 50 हजार लीटर दूध का संग्रह होता है, जबकि प्रतिदिन दो लाख 30 हजार लीटर दूध की बिक्री मेधा के विभिन्न मिल्क पार्लरों के माध्यम से होती है। उन्होंने बताया कि मेधा के अन्य उत्पादों जैसे पनीर, गुलाब-जामुन, घी और रबड़ी के मूल्य में कोई वृद्धि नहीं की गयी है।

Published / 2025-05-06 20:25:13
सेंसेक्स 157 अंक गिरकर 80,641 पर बंद

निफ्टी 24,379 के स्तर पर 

एबीएन बिजनेस डेस्क। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन आज यानी मंगलवार (6 मई) को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 157 अंक गिरकर 80,641 के स्तर पर और निफ्टी में भी 81 अंक की गिरावट रही, ये 24,379 के स्तर पर बंद हुआ। 

सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयरों में गिरावट रही। अडानी पोर्ट्स, जोमैटो, सनफार्मा, ठळढउ, बजाज फाइनेंस 2% तक की गिरावट रही। वहीं, महिंद्रा, एयरटेल और नेस्ले के शेयर में 3% तक की तेजी रही। 

कल बाजार में 300 अंक की तेजी रही थी 

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार, 5 मई को शेयर बाजार में तेजी रही। सेंसेक्स 295 अंक ऊपर 80,797 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 114 अंक की तेजी रही, ये 24,461 के स्तर पर बंद हुआ।

Published / 2025-05-05 21:04:35
सोने की चमक फीकी होने का अनुमान!

सोने की कीमत में आ सकती है गिरावट 

निवेशकों के लिए सस्ते दाम पर खरीदारी का मौका 

एबीएन बिजनेस डेस्क। अगर आप लंबे समय से सोने की कीमत में गिरावट का इंतजार कर रहे हैं, तो अब आपको जल्द ही राहत मिल सकती है। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने की कीमत में महत्वपूर्ण गिरावट देखने को मिल सकती है। क्वांट म्यूचुअल फंड की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, सोना अब अपने उच्चतम स्तर को छू चुका है और इसमें डॉलर के मुकाबले 12 से 15% तक की गिरावट संभव है। 

हालांकि, लंबी अवधि में सोने में निवेश की संभावनाएं बरकरार रहेंगी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कच्चे तेल की कीमतों में भी फिलहाल नरमी रह सकती है लेकिन नीचे जाने की गुंजाइश अब सीमित है। 

हाल की तेजी के बाद रुकावट 

2024 के मध्य में सोने की कीमत 2,500 डॉलर प्रति औंस थी, जो अप्रैल 2025 में बढ़कर रिकॉर्ड 3,500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गयी। इसके बाद कीमतों में गिरावट का रुख देखा गया और फिलहाल सोना 3,250 डॉलर के स्तर पर आ गया है, जो करीब 7% की गिरावट दर्शाता है। 

अनुपात से मिलते संकेत 

एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोना-चांदी अनुपात फिलहाल 100:1 पर है, जबकि यह पहले सामान्य रूप से 70:1 के आसपास रहता था। इसका मतलब या तो सोने की कीमत और गिरेगी या चांदी की कीमत में तेज बढ़ोतरी होनी चाहिए। प्लैटिनम के मुकाबले भी सोना काफी महंगा हो चुका है, जिससे इसकी कीमत में गिरावट की आशंका और बढ़ गयी है। 

वैश्विक स्तर पर तनावों में कमी के संकेत मिल रहे हैं, खासकर अमेरिका और चीन के बीच व्यापार संबंधों में सुधार की संभावनाओं के कारण। इसके साथ ही डॉलर इंडेक्स में मजबूती और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में वृद्धि के कारण निवेशकों का रुझान अब सोने से हटकर अन्य साधनों की ओर बढ़ रहा है। चूंकि सोना ब्याज नहीं देता, इसलिए ब्याज वाले विकल्पों की तुलना में इसकी चमक थोड़ी फीकी पड़ रही है।

Published / 2025-04-30 22:55:30
कल से अमूल दूध ओ रुपये हो जायेगा महंगा

1 मई से दूध 2 रुपये महंगा

एबीएन बिजनेस डेस्क। देश के प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल ने एक बार फिर अपने उपभोक्ताओं को झटका देते हुए एक मई 2025 (गुरुवार) से दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। 

यह फैसला गुजरात सहकारी दूध विपणन महासंघ (GCMMF) की ओर से बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में लिया गया है।

कंपनी की नई कीमतों के अनुसार, गुजरात में अमूल गोल्ड दूध का आधा लीटर पाउच अब 34 रुपये में मिलेगा, जबकि अमूल शक्ति दूध का आधा लीटर पाउच 31 रुपये का होगा। इससे पहले इनकी कीमत क्रमशः 33 रुपये और 30 रुपये थी।

Published / 2025-04-30 20:32:07
मजदूर दिवस पर बंद रहेगा शेयर मार्केट

कल यानि गुरुवार को बंद रहेगा शेयर बाजार, एक दिन छोड़कर फिर 5 मई को होगी ट्रेडिंग 

एबीएन बिजलेस डेस्क। अगर आप शेयर बाजार में निवेश या ट्रेडिंग करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। गुरुवार, 1 मई 2025 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज  और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी। दोनों एक्सचेंजों की आधिकारिक छुट्टियों की सूची के अनुसार, इस दिन इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग सेगमेंट्स पूरी तरह बंद रहेंगे। यह अवकाश मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में घोषित किया गया है, जो भारत के कई राज्यों में सार्वजनिक अवकाश होता है। 

अब 2 मई को ट्रेडिंग 

एक दिन के अवकाश के बाद शुक्रवार 2 मई को ट्रेडिंग होगी। इसके बाद 3 और 4 मई को साप्ताहिक अवकाश की वजह से बाजार बंद रहेगा। आगामी 5 मई को सोमवार का दिन है और इस दिन से पूरे हफ्ते सामान्य कारोबार होगा। 

2025 में कब-कब ट्रेडिंग डे पर बंद है बाजार 

  • स्वतंत्रता दिवस - शुक्रवार, 15 अगस्त 
  • गणेश चतुर्थी - बुधवार, 27 अगस्त  
  • गांधी जयंती - गुरुवार, 2 अक्टूबर  
  • दिवाली (लक्ष्मी पूजन और बलिप्रतिपदा) - 21-22 अक्टूबर (मंगलवार-बुधवार) 
  • प्रकाश गुरुपर्व - बुधवार, 5 नवंबर 
  • क्रिसमस - गुरुवार, 25 दिसंबर

Page 11 of 75

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse