करियर

View All
Published / 2025-09-02 17:22:22
सीएम हेमंत सोरेन ने टॉपरों को किया सम्मानित, सौंपे नियुक्ति पत्र

सीएम हेमंत ने बोर्ड टॉपर्स को किया सम्मानित, पीजीटी शिक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में विभिन्न बोर्ड के वर्ष 2025 के10 और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया। साथ ही शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। रांची के प्रोजेक्ट भवन में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह सह मेधा सम्मान समारोह  का आयोजन किया गया।

सीएम हेमंत ने टॉपर्स को सम्मानित करते हुए स्कूटी, लैपटॉप, मोबाइल और 3 लाख रुपये का चेक वितरण किया। जैक बोर्ड के अलावा सीएम हेमंत ने अन्य बोर्ड के टॉपर रहे छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया। साथ ही  नव-नियुक्त पीजीटी शिक्षकों, सहायक आचार्य (गणित एवं विज्ञान), लैब सहायक को नियुक्ति पत्र प्रदान किये।

सीएम ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा, राज्य में विभिन्न बोर्ड के 10 और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हमारे मेधावी छात्र-छात्राओं को अबुआ सरकार द्वारा हर वर्ष सम्मान दिया जाता है। इस वर्ष भी हमारे होनहार बच्चों की मेहनत को सम्मान देने का अवसर मिला। 

इसके साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा संचालित आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थी को भी सम्मानित किया गया। आप सभी छात्र-छात्राओं, आपके परिवारजनों और स्कूल प्रबंधन को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आप सभी का भविष्य उज्ज्वल हो, यही कामना करता हूं।

वहीं सीएम ने एक अन्य ट्वीट करते हुए लिखा, आज रांची में नव-नियुक्त पीजीटी शिक्षकों, सहायक आचार्य (गणित एवं विज्ञान), लैब सहायक को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का भी अवसर मिला। राज्य की शिक्षा व्यवस्था मजबूत हो, इसके लिए हम हर क्षेत्र में काम कर रहे हैं। आज के इस शुभ अवसर पर आप सभी को और आपके परिवारजनों को अनेक-अनेक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।

Published / 2025-08-29 20:31:15
एक्सआईएसएस रांची में डॉ जोसेफ क्रिस्टी एसजे का स्वागत

टीम एबीएन, रांची। एक्सआईएसएस, रांची ने ज़ेवियर यूनिवर्सिटी रांची के भविष्य पर चर्चा के लिए सोसाइटी ऑफ जीसस, रोम के उच्च शिक्षा सचिव, डॉ जोसेफ क्रिस्टी एसजे का स्वागत किया। जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (एक्सआईएसएस), रांची, ने सोसाइटी ऑफ जीसस, रोम के उच्च शिक्षा सचिव, डॉ जोसेफ क्रिस्टी एसजे का स्वागत शुक्रवार को अपने संस्थान परिसर में किया। 

डॉ क्रिस्टी का दौरा संस्थान के जेवियर यूनिवर्सिटी रांची (एक्सयुआर) के प्रस्तावित परिवर्तन पर केंद्रित था। सत्र की शुरुआत संस्थान के निदेशक, डॉ जोसफ मारियानुस कुजूर एसजे द्वारा संस्थान के 70 सालों के विरासत और समाज पर छोड़े गए प्रभाव पर एक प्रेजेंटेशन के साथ हुई। 

उन्होंने शिक्षा, रिसर्च और सोशल वर्क के माध्यम से झारखंड और उसके बाहर के हाशिए पर पड़े समुदायों को सशक्त बनाने के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई और सोशल वर्क एवं मैनेजमेंट एजुकेशन, लीडरशिप डेवलपमेंट और प्रोफेशनल नेटवर्क में एक्सआईएसएस के अग्रणी योगदान पर प्रकाश डाला।

डॉ जोसेफ क्रिस्टी एसजे, एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद हैं जो एक्सएलआरआई जमशेदपुर और लिबा चेन्नई में निदेशक के पदों पर रह चुके है और वर्तमान में इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ जेसुइट यूनिवर्सिटीज़ के अध्यक्ष भी हैं। डॉ क्रिस्टी ने संस्थान की सात दशक की यात्रा की सराहना करते हुए इसे देश के इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर" बताया।

जेसुइट उच्च शिक्षा संस्थानों के समक्ष वैश्विक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, दुनिया भर में 175 से ज़्यादा संस्थानों और 8 लाख से ज़्यादा छात्रों के साथ, हमारी ज़िम्मेदारी बहुत बड़ी है। हमें छात्रों को ऐसे मानसिकता से गढ़ना है जो पीपल और प्लेनेट की परवाह करते हैं। कोविड की महामारी के बाद छात्रों का मानसिक स्वास्थ्य एक प्रमुख चिंता का विषय बना हुआ है, जिसपर सभी को तत्परता से ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने सोसाइटी ऑफ जीसस के सुपीरियर जनरल फादर आर्तुरो सोसा एसजे के दुनिया में कार्यरत सभी जेसुइट् शिक्षण संस्थानों से किये गए आग्रह को रेखांकित किया जिसमें वे संघर्षरत क्षेत्रों में रह रहे छात्रों की शिक्षा पर विशेष जोर देने की बात करते है। 

डॉ क्रिस्टी ने उच्च शिक्षा में प्रवेश ले रहे छात्रों को लेकर कहा, 21-25 वर्ष की आयु के ये सभी छात्र पहले से ही अपनी अलग विचार प्रक्रियाएँ लेकर आते हैं, और हालाँकि उन्हें नया रूप देना मुश्किल है, लेकिन जेसुइट शिक्षकों के रूप में यह हमारा कर्तव्य है कि हम यह प्रयास अवश्य करें।

इसके बाद एक प्रश्नोत्तर सत्र हुआ जहाँ फैकल्टी सदस्यों ने संस्थान के भविष्य, विकसित होती मैनेजमेंट एजुकेशन और छात्रों की बदलती मानसिकता पर उनके विचार जाने। सहायक निदेशक, डॉ प्रदीप केरकेट्टा एसजे ने फादर क्रिस्टी के साथ साथ सभी को धन्यवाद ज्ञापन दिया और संस्थान के यूनिवर्सिटी में विस्तार के लिए आशा व्यक्त की।

इस सत्र में डीन अकादमिक, डॉ अमर एरॉन तिग्गा, वित्त अधिकारी फादर अशोक कंडुलना, सभी कार्यक्रमों के प्रमुख, फैकल्टी सदस्य और प्रोजेक्ट ऑफिसर्स उपस्थित थे, और सत्र का समन्वयन डॉ प्रत्यूष रंजन ने किया।

Published / 2025-08-28 21:02:57
बीआइटी मेसरा में एआई और इसके आयाम पर विचारोत्तेजक संगोष्ठी

टीम एबीएन, रांची। बीआइटी मेसरा में एआईसीटीई और वाणी के तत्वावधान में एआई और इसके आयाम पर एक विचारोत्तेजक संगोष्ठी की गयी। ओड़िया भाषा में आयोजित इस संगोष्ठी में कुल 62 प्रतिभागी उपस्थित हुए।

एक विचारोत्तेजक संगोष्ठी AI और इसके आयाम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र भर से अकादमिक जगत, उद्योग और छात्र समुदाय के 62 प्रतिभागियों ने भाग लिया। AICTE VAANI द्वारा प्रायोजित यह कार्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समाज, शिक्षा और नवाचार पर पड़ने वाले विविध प्रभावों की खोज के लिए एक सजीव मंच बना।

उद्घाटन सत्र की झलकियाँ

संगोष्ठी का शुभारंभ निम्न विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ: डॉ. नारायण पाणिग्रही, वैज्ञानिक H, DRDO बेंगलुरु (मुख्य अतिथि)
प्रो. सरोज कुमार मेहर, ISI बेंगलुरु, सिस्टम इंटेलिजेंस यूनिट (विशिष्ट अतिथि), डॉ. पाणिग्रही ने भाषा—विशेष रूप से मातृभाषा—की रणनीतिक भूमिका को युद्ध में एक रक्षा उपकरण के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने मानव और मशीन बुद्धिमत्ता के बीच समानता दर्शाते हुए एक माँ द्वारा अपने बच्चे को सिखाने की प्रक्रिया को AI के शिक्षण मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया।

संगोष्ठी के उद्देश्य

संयोजक डॉ. के.के. सेनापति ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संगोष्ठी के निम्नलिखित उद्देश्यों को साझा किया: 

  • नैतिक और समावेशी AI विकास को बढ़ावा देना
  • AI एकीकरण के लिए दूरदर्शी दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना
  • नवोदित शोधकर्ताओं और अनुभवी विशेषज्ञों के बीच संवाद को बढ़ावा देना

तकनीकी सत्र

दो दिवसीय संगोष्ठी में निम्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए:

  • कंप्यूटर विज़न
  • रिमोट सेंसिंग
  • तकनीकी शोध लेखन
  • ट्रांसफॉर्म लर्निंग
  • रक्षा क्षेत्र में AI
  • व्याख्यायोग्य और स्पष्ट AI
  • AI और स्वायत्त वाहन
  • IIT मद्रास, NIT राउरकेला, CSIR नई दिल्ली, BIT मेसरा जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों और उद्योग जगत के पेशेवरों ने अपने शोध, केस स्टडी और व्यावहारिक अनुभव साझा किए।

सहभागिता और सहयोग

प्रश्नोत्तर सत्र, प्रस्तुतियाँ और नेटवर्किंग अवसरों ने अनुभव को समृद्ध किया, जिससे सार्थक संवाद और संभावित सहयोग की नींव रखी गई।

समापन भाषण

अपने समापन भाषण में डॉ. सेनापति ने AICTE VAANI को उनके सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया और AI के क्षेत्र में नवाचार और संवाद की निरंतरता पर बल दिया—विशेष रूप से ओड़िया जैसी क्षेत्रीय भाषाओं के माध्यम से।

संगोष्ठी उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिससे प्रतिभागी कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बदलते आयामों को बेहतर ढंग से समझने और अपनाने के लिए प्रेरित हुए।

Published / 2025-08-25 21:21:24
बीआईटी मेसरा में दो दिवसीय समीक्षा बैठक शुरू

टीम एबीएन, रांची। एयरोडायनैमिक्स पैनल, एरोनॉटिकल रिसर्च एंड डेवलपमेंट बोर्ड, डीआरडीओ की दो दिवसीय समीक्षा बैठक का शुभारंभ 25 अगस्त 2025 को बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा, रांची में हुआ। इस कार्यक्रम की मेजबानी स्पेस इंजीनियरिंग एंड रॉकेट्री विभाग ने की। विभागाध्यक्ष एवं संस्थान संयोजक डॉ प्रियंक कुमार ने सभी पैनल सदस्यों का स्वागत किया। 

उद्घाटन सत्र में डॉ जी बालु, डिस्टिंग्विश्ड साइंटिस्ट एवं एयरोडायनैमिक्स पैनल के चेयरमैन ने रक्षा प्रौद्योगिकी में एयरोडायनैमिक्स की महत्त्वपूर्ण भूमिका तथा अन्य विषयों के साथ इसके एकीकरण पर प्रकाश डाला। प्रो इंद्रनील मन्ना, कुलपति, बीआईटी मेसरा ने अंतर्विषयक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया और संस्थान से राष्ट्रीय रक्षा प्राथमिकताओं की दिशा में अधिक केंद्रित शोध कार्य करने का आह्वान किया। 

डॉ एसके पाण्डेय, सचिव ने बोर्ड की दृष्टि प्रस्तुत की, प्रमुख शोध क्षेत्रों पर प्रकाश डाला तथा अकादमिक जगत और शोध संस्थानों के लिए उपलब्ध वित्तपोषण अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान डॉ बीडी द्वारी द्वारा लिखित भौतिकी विषयक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। 

उद्घाटन सत्र का समापन डॉ सुदीप दास, रजिस्ट्रार, बीआईटी मेसरा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह पैनल आगामी दो दिनों तक अपनी समीक्षा बैठक जारी रखेगा, जिसमें चल रहे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा तथा भविष्य के शोध दिशाओं की पहचान की जायेगी।

Published / 2025-08-23 20:37:53
एसआर डीएवी पुंदाग में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह

टीम एबीएन, रांची। सीबीएसई द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। यह दिवस चंद्रयान-3 (23 अगस्त 2023) की ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक है, जब भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला विश्व का पहला देश बना। 

इसका उद्देश्य भारत की अंतरिक्ष अनुसंधान उपलब्धियों को उजागर करना, विशेषकर चंद्रयान-3 और अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन मिशन के विषय में बच्चों को जानकारी देना, विद्यार्थियों को स्टेम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियंत्रण एवं गणित) के क्षेत्र में करियर की ओर प्रोत्साहित करना, कार्यशालाओं और प्रदर्शनी के माध्यम से राष्ट्रीय गौरव और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के लिए प्रेरित करना था। 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्राचार्य डॉ तापस घोष का प्रेरणादायक सत्र था, जिसमें उन्होंने नासा की यात्रा, अंतरिक्ष यात्रियों से मुलाकात और उनके कार्य संस्कृति के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह से अंतरिक्ष अन्वेषण, अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण और नासा के कार्य से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर  प्राचार्य डॉ तापस घोष ने धैर्यपूर्वक दिया। 

उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, इसरो और अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्रों में करियर बनाने तथा भारत को वैश्विक अंतरिक्ष शक्ति बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उक्त कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।

Published / 2025-08-23 20:37:00
वाईबीएन यूनिवर्सिटी के मेगा जॉब फेयर में 100 से अधिक छात्रों का चयन

टीम एबीएन, रांची। इंस्टीट्यूट फॉर इंडस्ट्रियल एंड एकेडमिक रिसर्च (आईआईएआर) एवं वाईबीएन यूनिवर्सिटी, रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2025 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस जॉब फेयर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 250 से अधिक छात्रों ने विभिन्न कंपनियों के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से 100 से अधिक छात्रों का चयन अलग-अलग प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ। 

मौके पर टाटा मोटर्स, सीएटी, एमआरएफ, फॉक्सकॉन, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, गौतम सोलर, क्वेस कॉर्प, हैवेल्स, टीवीएस आटोमोबाइल सॉल्यूशंस, विस्ट्रॉन-टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, विप्रो-कावासाकी जैसी नामी कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की। विशेष रूप से क्वेस कॉरपोरेशन द्वारा टाटा मोटर्स हेतु की गयी भर्ती में छात्रों को 18,500 रुपये प्रतिमाह वेतन, रहने-खाने एवं परिवहन की सुविधाएं तथा यूजीसी मान्यता प्राप्त कॉलेज से डिप्लोमा प्रायोजन का अवसर भी प्रदान किया गया। 

कार्यक्रम में आईआईएआर की निदेशक डॉ आरती माहतो, सहायक निदेशक डॉ फरहाना रोजी, प्रशासनिक अधिकारी सरोजिनी टोप्पो, सीईओ पंकज रॉय प्लेसमैंट आफिसर कपिल देव महतो उपस्थित रहे। वहीं वाईबीएन यूनिवर्सिटी से अध्यक्ष डॉ रामजी यादव, सीएमडी डॉ अंकिता यादव, कुलपति डॉ सत्यदेव पोद्दार, डॉ अर्पणा शर्मा (डीन अकादमिक्स), डॉ आशीष सरकार (निदेशक, आईक्यूएसी), डॉ सोनिया रानी (प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी), डॉ मोहम्मद शाहिद (विभागाध्यक्ष, रसायन विभाग) एवं डॉ अरति गुप्ता (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) ने कार्यक्रम की सफलता में विशेष भूमिका निभाई। यह आयोजन न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के युवाओं को रोजगार के नये अवसर प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Published / 2025-08-23 18:01:59
एसआर डीएवी पुंदाग के डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स में जुडो-ताइक्वांडो का भव्य आयोजन

एसआर डीएवी पुंदाग में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स, स्टेट लेवल जूडो तथा ताइक्वांडो खेलों का शानदार आयोजन  

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में डीएवी सीएमसी के तत्वावधान में दो दिवसीय  जूडो तथा ताइक्वाडो; मार्शल आर्ट, खेल प्रतिस्पर्धाओं का शानदार आयोजन हुआ। इन प्रतिस्पर्धाओं में झारखंड के विभिन्न क्लस्टरों के विभिन्न स्कूलों के लगभग सात सौ खिलाड़ियों ने भाग लिया। 

उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि आधार (यूडाई), रांची के क्षेत्रीय पदाधिकारी नीरज कुमार तथा विशिष्ट अतिथि  डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन जे के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह डीएवी बरियातू के प्रधानाचार्य सह एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के मैनेजर संजय कुमार मिश्रा थे। प्राचार्य डॉ तापस घोष ने सभी गणमान्य अतिथियों के साथ ज्ञानदीप प्रज्ज्वलित करके समारोह का शुभारंभ किया। 

विद्यार्थियों ने स्वागत गान, शास्त्रीय नृत्य तथा लोक नृत्य प्रस्तुत करके भारतीय संस्कृति की झलकियां प्रदर्शित की। प्राचार्य ने उद्घाटन समारोह में पधारे अतिथियों का औपचारिक स्वागत करते हुए कहा कि हमारे लिए यह परम सौभाग्य की बात है कि विद्यालय प्रांगण में एक साथ  अनेक महान विभूतियों का आगमन हुआ है।

विशिष्ट अतिथि संजय कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि  विद्यालय के प्रशस्त प्रांगण में उपस्थित सभी खिलाड़ी विजेता हैं। खेलों में हार या जीत का  महत्त्व नहीं होता, बेहतर से बेहतरीन प्रदर्शन करने की कोशिश करना ही महत्त्वपूर्ण है। मुख्य अतिथि नीरज कुमार ने भी सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डीएवी संस्था के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी आगे हैं। डीएवी के खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल है। 

उद्घाटन सत्र में रांची जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, आर्य समाज, रांची के प्रसिद्ध समाज सेवी एसएल गुप्ता, डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधी नगर के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा, स्पोर्ट्स पर्सन आलोक दूबे, जूडो तथा ताइक्वांडो के खेल निरीक्षक, विभिन्न डीएवी स्कूलों के खेल शिक्षक तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

मूसलाधार वर्षा भी खिलाड़ियों के उत्साह को कम नहीं कर पाई और सभी खेलों का विधिवत संचालन और समापन किया गया। उक्त खेलों के स्वर्ण तथा रजत पदक विजेता खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर के खेल -कूद  प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेंगे।

Published / 2025-08-21 21:53:37
वाईबीएन यूनिवर्सिटी, रांची में मेगा जॉब फेयर 23 को

टीम एबीएन, रांची। इंस्टीट्यूट फॉर इंडस्ट्रियल एंड एकेडमिक रिसर्च (आईआईएआर) एवं वाईबीएन यूनिवर्सिटी, रांची  के संयुक्त तत्वावधान में 23 अगस्त  (शनिवार) को मेगा जॉब फेयर-2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह करियर एक्सपो युवाओं को रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध कराएगा, जिसमें टाटा मोटर्स, सीएटी, एमआरएफ, फॉक्सकॉन, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, गौतम सोलर, क्वेस कॉर्प, हैवेल्स, कैप्टन ट्रैक्टर्स एवं एग्रो मशीनरी, टी डब्लू टेकवर्ल्ड, टीवीएस आटोमोबाइल सॉल्यूशंस, विस्ट्रॉन-टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, विप्रो-कावासाकी सहित कई राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां भाग लेंगी। 

विशेष रूप से,  क्वैस कॉरपोरेशन टाटा मोटर्स के लिए भर्ती करेगी, जहां चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह वेतन के साथ-साथ लॉजिंग, फूडिंग, ट्रांसपोर्टेशन की सुविधाएं दी जायेंगी और साथ ही उन्हें मान्यता प्राप्त कॉलेज से डिप्लोमा प्रायोजित किया जायेगा। इस भर्ती में 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण छात्र/छात्राएं भाग ले सकते हैं। आयोजन स्थल वाईबीएन यूनिवर्सिटी, रांची होगा तथा रिपोर्टिंग समय सुबह 9:30 बजे से  निर्धारित है। 

कार्यक्रम का संचालन आईआईएआर की निदेशक डॉ आरती माहतो, सहायक निदेशक डॉ फरहाना रोजी, प्रशासनिक अधिकारी सरोजिनी टोप्पो एवं सीईओ पंकज रॉय, कपिल देव महतो के मार्गदर्शन में होगा। वहीं वाईबीएन यूनिवर्सिटी से अध्यक्ष डॉ. रामजी यादव, मुख्य प्रबंध निदेशक डॉ अंकिता यादव, कुलपति डॉ सत्यदेव पोद्दार, डॉ अर्पणा शर्मा (डीन अकादमिक्स), डॉ आशीष सरकार (निदेशक, आईक्यूएसी), डॉ सोनिया रानी (प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी), डॉ मोहम्मद शाहिद (विभागाध्यक्ष, रसायन विभाग) एवं डॉ अरति गुप्ता (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) कार्यक्रम से जुड़े रहेंगे। यह जॉब फेयर झारखंड सहित पूरे भारत के युवाओं के लिए रोजगार और करियर निर्माण का सुनहरा अवसर साबित होगा।

Page 18 of 94

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse