कानून व्यवस्था

View All
Published / 2022-08-06 06:03:22
बच्चे को गोद लेना भारत में बहुत कठिन, प्रक्रिया को सरल करने पर सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि भारत में बच्चे को गोद लेने की प्रक्रिया बहुत ही कठिन है और प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने की तत्काल आवश्यकता है। न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला की पीठ ने केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) केएम नटराज से देश में बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया को कारगर बनाने के लिए कदम उठाये जाने के अनुरोध संबंधी एक जनहित याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा। पीठ ने कहा, हमारे जनहित याचिका पर नोटिस जारी करने का कारण यह है कि भारत में बच्चे को गोद लेने की प्रक्रिया बहुत कठिन है। केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (सीएआरए) की वार्षिक क्षमता 2,000 दत्तक ग्रहण करने की है जो अब बढ़कर 4,000 हो गई है। इस देश में तीन करोड़ बच्चे अनाथ हैं। प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने की तत्काल आवश्यकता है। अदालत ने नटराज को जनहित याचिकाकर्ता "द टेंपल ऑफ हीलिंग" के सुझावों पर विचार करने और प्रक्रिया को कारगर बनाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जवाब दाखिल करने को कहा। एएसजी ने कहा कि उन्हें गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) की विश्वसनीयता के बारे में पता नहीं है और याचिका की एक प्रति उन्हें नहीं दी गई है। पीठ ने एनजीओ की ओर से पेश पीयूष सक्सेना को याचिका की एक प्रति नटराज को देने के लिए कहा, ताकि वह अपना जवाब दाखिल कर सकें। न्यायालय ने मामले को तीन सप्ताह के बाद सूचीबद्ध कर दिया।

Published / 2022-08-06 04:37:05
अवैध खनन मामला : एक और व्यक्ति गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगा पेश

टीम एबीएन, रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड में एक कथित अवैध खनन और जबरन वसूली मामले में जारी धनशोधन जांच के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यहां दाहू यादव के सहयोगी बच्चू यादव को पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया गया। पिछले महीने बच्चू यादव से जुड़े परिसरों में छापेमारी की गई थी। दाहू यादव का संबंध झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक सहयोगी पंकज मिश्रा से है। अधिकारियों ने कहा कि ईडी द्वारा मामले में कार्रवाई शुरू करने के बाद से दाहू यादव भूमिगत हो गया है। ईडी ने इस मामले में मिश्रा को 19 जुलाई को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने कहा कि बच्चू यादव को शुक्रवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा और ईडी उससे पूछताछ के लिए उसे उसकी हिरासत में भेजने का अनुरोध करेगा। इस बीच, एजेंसी ने सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू से दूसरे दिन शहर के हिनू इलाके में अपने क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि प्रसाद को शुक्रवार को फिर से पेश होने को गया है। उससे बुधवार और बृहस्पतिवार को पूछताछ की गई थी।

Published / 2022-08-06 04:18:18
धनबाद जज उत्तम आनंद हत्याकांड : सीबीआई की विशेष अदालत आज सुनायेगी सजा

टीम एबीएन, धनबाद/रांची। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अष्टम उत्तम आनंद हत्याकांड में सीबीआई की विशेष अदालत शनिवार (6 अगस्त) को सजा की बिंदु पर अपना फैसला सुनायेगी। इससे पहले कोर्ट ने 28 जुलाई 2022 को यानी जज की मौत के ठीक एक साल बाद आरोपी लखन वर्मा और राहुल वर्मा को धारा 302 और 201 में दोषी करार दिया। 28 जुलाई 2021 को सुबह न्यायाधीश उत्तम आनंद को ऑटो ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद जज उत्तम आनंद की मौत हो गई थी, धनबाद के सीबीआई के विशेष न्यायाधीश रजनीकांत पाठक की अदालत में इस मामले का स्पीडी ट्रायल हुआ। पांच महीने में 58 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। अदालत ने मंगलवार को सुनवाई के बाद 28 जुलाई 2022 की तारीख जजमेंट के लिए निर्धारित कर दी थी। सुनवाई के दौरान सीबीआई की क्राइम ब्रांच के स्पेशल पीपी अमित जिंदल ने आरोप पत्र के कुल 169 गवाहों में से 58 गवाहों का बयान दर्ज कराया था। सीबीआई ने दावा किया है कि आरोपित लखन वर्मा एवं राहुल वर्मा ने जानबूझकर जज उत्तम आनंद को टक्कर मारी थी जिनसे उनकी मौत हुई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अष्टम उत्तम आनंद हर दिन की तरह बुधवार को भी मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान एक ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। बाद में वहां से गुजर रहे दूसरे ऑटो चालक ने उन्हें SNMMCH पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें उन्हें एक ऑटो टक्कर मारते दिख रहा है। उत्तम आनंद चर्चित रंजय हत्याकांड की सुनवाई कर रहे थे।

Published / 2022-08-05 03:48:47
सीएम के प्रेस सलाहकार अभिषेक (पिंटू) समेत तीन से ईडी ने नौ घण्टे की पूछताछ, नहीं पहुंचे दाहू

टीम एबीएन, रांची। अवैध खनन के जरिए करोड़ों रुपए की कमाई और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस एडवाइजर अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू सहित तीन लोगों से गुरुवार को लंबी पूछताछ की। ईडी ने गुरुवार को अभिषेक के अलावा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े सुजीत सिंह और साहिबगंज के सोनू सिंह से भी पूछताछ की। हालांकि नोटिस के बाद भी दाहू यादव ईडी के ऑफिस नहीं पहुंचे। सीएम के प्रेस एडवाइजर अभिषेक उर्फ पिंटू गुरुवार को लगातार दूसरे दिन ईडी के जोनल आफिस पहुंचे थे। ईडी ने गुरुवार को अभिषेक के अलावा रियल स्टेट से जुड़े सुजीत सिंह और साहिबगंज में फेरी सर्विस संचालन से जुड़े सोनू सिंह से पूछताछ की। हलांकि ईडी ने नौ घंटे की पूछताछ में किन पहलूओं पर जानकारी दी। इसका खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो अभिषेक से जमीन में निवेश, खनन के जरिए की गई कमायी समेत अन्य पहलूओं पर पूछताछ की गई। जानकारी के मुताबिक, कई कंपनियों के गठन और उनके स्ट्राइक ऑफ की प्रक्रिया के संबंध में भी पिंटू से ईडी ने जानकारी ली। वहीं, ईडी ने पूर्व में गिरफ्तार निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के सीए सुमन सिंह के काफी करीबी माने जाने वाले रियल स्टेट से जुड़े सुजीत सिंह से भी पूछताछ की। सुजीत सिंह ईडी के बुलावे पर पटना से रांची पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, ईडी ने उन लोगों के बारे में सुजीत से जानकारी मांगी, जिन्होंने सुमन सिंह के जरिए रांची में जमीन का निवेश किया है। पहले में भी ईडी ने सुजीत सिंह से पूछताछ की थी। पंकज मिश्रा की गिरफ्तार और अभिषेक प्रसाद से पूछताछ में आए तथ्यों के बाद फिर से सुजीत को ईडी ने बुलाया था। ईडी ने साहिबगंज में फेरी सर्विस से जुड़े सोनू सिंह से भी गुरुवार को पूछताछ की। लगभग 9 घंटे के पूछताछ के बाद गुरुवार को ईडी के अधिकारियों ने सीएम के प्रेस एडवाइजर अभिषेक प्रसाद को घर जाने की इजाजत दी। ईडी अधिकारियों के मुताबिक, ईडी शुक्रवार को भी अभिषेक प्रसाद से पूछताछ करेगी।

Published / 2022-08-04 13:36:06
सीएम हेमंत के प्रेस सलाहकार अभिषेक (पिंटू) से दूसरे दिन भी ईडी की पूछताछ

टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय प्रवर्त्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध खनन मामले में आज दूसरे दिन भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू से पूछताछ की जा रही है। इससे पहले बुधवार को भी करीब 10 घंटे तक उनसे ईडी कार्यालय में पूछताछ की गई थी। ईडी के समन पर सीएम के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू बुधवार भी सुबह करीब 11 बजे रांची के हिनू रोड स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां करीब 10 घंटे तक उनसे पूछताछ हुई। कल यानि बुधवार की पूछताछ समाप्त होने के बाद अभिषेक प्रसाद रात करीब 9 बजे ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय से बाहर निकले थे। वे अपने साथ एक झोला में कुछ कागजात लेकर पहुंचे थे, जिसके आधार पर ईडी की टीम ने उनसे पूछताछ की। वहीं इससे पहले अवैध खनन और बिना लाइसेंस गंगा नदी के माध्यम से पानी जहाज की सहायता से पत्थरों के अवैध खनन से जुड़े मामले में ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया था और अभी वे रिम्स में इलाजरत है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिस तरह से बुधवार को ईडी ने अभिषेक प्रसाद से गहन पूछताछ की और आज गुरुवार को पूछताछ कर रही है। उससे आने वाले समय में उनकी मुश्किलें बढ़ सकती है।

Published / 2022-08-04 11:42:43
झारखंड कैश कांड : गिरफ्तार कांग्रेस विधायकों ने उगले "राज", जांच में जुटी बंगाल CID

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के जिन तीन कांग्रेस विधायकों के पास हावड़ा से भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ था, उस मामले की जांच में पश्चिम बंगाल की CID टीम जुट चुकी है। इस पूरे मामले के तार झारखंड के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के भी तार जुड़ गए है। इस पूरे कैश कांड में असम का कनेक्शन भी चल रहा है; क्योंकि इस मामले में झारखंड सरकार गिराने का आरोप भी लग रहा है। दूसरी तरफ गिरफ्तार कांग्रेस विधायक धीरे-धीरे कई राज खोल रहे हैं और जांच तेजी से बढ़ रही है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल सीआईडी की ओर से लाल बाजार के सामने उस कार्यालय में छापेमारी की गयी, जहां कथित तौर पर तीनों विधायकों के लिए उनके सहयोगी ने यहीं से 49 लाख रुपये बरामद किया गया हावड़ा से गिरफ्तार तीन कांग्रेसी विधायकों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पश्चिम बंगाल सीआईडी की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रही। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोलकाता सीआईडी की टीम ने तीन कांग्रेस विधायकों की गुप्त सूचना के आधार पर भगौड़े व्यवसायी के ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी में करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और 250 चांदी के सिक्के बरामद किये हैं। बताया गया है कि अब तक महेंद्र अग्रवाल का पता सीआईडी को नहीं चल पाया है। चर्चा है कि इस पूरे घटनाक्रम में हवाला के माध्यम से असम से पैसा आया है और अब तक कई लाख रुपये नकद बरामद किये जा चुके हैं। हालांकि सीआईडी या पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से अब तक इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है। लेकिन, पश्चिम बंगाल पुलिस और सीआईडी की टीम पैसे बरामदगी की पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी के जरिये रिकॉर्ड कर रही है, ताकि इसे साक्ष्य के रूप में अदालत में पेश कर सके।

Published / 2022-08-04 11:17:38
सीएम के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद (पिंटू) से आज भी पूछताछ करेगी ईडी

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू से बुधवार को लंबी पूछताछ के बाद ईडी आज भी उनसे पूछताछ करेगी। बुधवार को करीब 9 घंटे की पूछताछ के बाद आज फिर उनसे कई सवाल किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, सीएम के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद के नाम पर तकरीबन एक दर्जन कंपनियां निबंधित थी। इन कंपनियों में अधिकांश अब स्ट्राइक ऑफ की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में ईडी की टीम ने इन कंपनियों और उनमें निवेश के पहलूओं पर पूछताछ की। ईडी ने पूर्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बरहेट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया था, पंकज मिश्रा ने भी अवैध खनन से जुड़े मामले में पिंटू का नाम लिया था। ऐसे में ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था। वहीं दूसरी तरफ, अवैध खनन मामले में सीएम के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा की हिरासत अवधि 18 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। फिलहाल, पंकज मिश्रा न्यायिक हिरासत में रिम्स में इलाजरत हैं, जहां उनके आचरण में बदलाव के बाद डॉक्टरों की टीम में साइकोलॉजिस्ट को भी शामिल किया गया है।

Published / 2022-08-03 17:08:28
गुमला : हत्या की दोषी 19 महिलाओं को आजीवन कारावास

टीम एबीएन, गुमला/रांची। एडीजे वन दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत ने भरनो थाना क्षेत्र में डायन बिसाही के आरोप में दो महिलाओं की हत्या किए जाने मामले पर सुनवाई की। इस मामले में उन्होंने 19 महिलाओं को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 25 हजार रुपए जुर्माना की सजा सुनाई गई है। जुर्माने की राशि नहीं देने पर अतिरिक्त 2 साल की सजा भुगतनी पड़ सकती है। इसमें सरकारी पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक मोहम्मद जावेद हुसैन ने पैरवी कर रहे थे। गुमला जिला के भरनो प्रखंड स्थित करंज थाना क्षेत्र के करौंदाजोर टुकुटोली गांव में 9 वर्ष पहले 11 जून 2013 को वारदात को अंजाम दिया गया था। इसमें डायन बिसाही के आरोप में 2 महिलाओं बृजेनिया इंदवार और इग्नेशिया इंदवार की हत्या सामूहिक रूप से कर दी गई थी। इस मामले में दोषी पाई गई आरोपियों में भलेरिया इंदवार, इमिलिया इंदवार, करिया देवी, जरल दिता इंदवार, मंगरी देवी, खिस्टीना इंदवार, चिंतामणि देवी, विनीता इंदवार, ज्योति इंदवार, मालती इंदवार, गब्रेला इंदवार, रिजीता इंदवार, मोनिका इंदवार, करेसनिया इंदवार, नीलम इंदवार, सुशीला इंदवार, कुरमेला इंदवार, ललिता इंदवार और रोजलिया इंदवार शामिल हैं जिनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दो लोगों की हत्या के बाद पुलिस ने अगले ही दिन 12 जून 2013 को सभी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 11 जून 2013 को जिस दिन दोनों की हत्या हुई थी उसी दिन घटना को अंजाम देने से पहले लोगों ने बैठक कर एक युवक की मौत के लिए बृजेनिया इंदवार और इग्नेशिया इंदवार को दोषी ठहराया। इसके बाद दोनों महिलाओं को जन अदालत में बुलाकर लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई थी।

Page 64 of 92

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse