टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल (3 जनवरी) आपदा प्राधिकर के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे, जिसके बाद कोई महत्वपूर्ण फैसला लिया जाएगा। सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है। सीएम हेमंत ने अपने ट्वीट में लिखा है कि बढ़ते संक्रमण को लेकर सरकार ने विभिन्न विभागों से सुझाव मांगा है। उन्होंने लिखा कि आपकी सरकार आपकी सुरक्षा हेतु सभी पहलुओं पर बारीकी से विचार कर रही है।झारखंड में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार से परेशान स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अरुण कुमार सिंह ने आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने राज्य में पिछले कुछ दिनों में कोरोना की स्थिति और इसके फैलाव का जिक्र करते हुए संक्रमण रोकने के लिए कुछ सुझाव दिए हैं। प्रमुख स्वास्थ्य सचिव राज्य में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए 15 जनवरी तक सभी पार्क और स्टेडियम को बंद रखने, 15 जनवरी तक जिम और स्वीमिंग पूल को बंद रखने, पूजा स्थलों को भक्तों के लिए बंद रखने, स्कूल कालेजों को ऑफलाइन बंद कर ऑनलाइन क्लास करने, बॉयोमेट्रिक्स अटेंडेंस बंद करने सहित कुल 12 सुझाव दिए हैं। जिसको लेकर अब आपदा प्रबंधन विभाग को फैसला करना है।
रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार ने स्वास्थ्य विभाग को चिंता में डाल रखा है। कोरोना को लेकर झारखंड में प्रतिबंध की मांग कर रहे हैं। झारखंड में बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मिलने से परेशान स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अरुण कुमार सिंह ने आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने राज्य में पिछले कुछ दिनों में कोरोना की स्थिति और इसके फैलाव का जिक्र करते हुए संक्रमण रोकने के लिए कुछ सुझाव दिए हैं। अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) के सुझाव के बाद राज्य के आपदा एवं प्रबंधन विभाग को यह तय करना होता है कि कोरोना के रोकथाम के लिए किस तरह का प्रतिबंध वह राज्य में लगाता है। प्रमुख स्वास्थ्य सचिव राज्य में कोरोना के बढ़ते मामले को देख 15 जनवरी तक सभी पार्क और स्टेडियम को बंद रखने, 15 जनवरी तक जिम और स्वीमिंग पूल को बंद रखने, पूजा स्थलों को भक्तों के लिए बंद रखने, स्कूल कालेजों को ऑफलाइन बंद कर ऑनलाइन क्लास करने, बॉयोमेट्रिक्स अटेंडेंस बंद करने सहित कुल 12 सुझाव दिए हैं। जिस ओर अब आपदा प्रबंधन विभाग को फैसला करना है।
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना की वर्तमान स्थिति को देख केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया सभी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जमशेदपुर से बैठक में शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि रांची रिम्स में जीनोम सिक्वेंसिंग मशीन लगाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सहमति दे दी है। झारखंड में कोरोना के बढ़ते आंकड़े पर उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को देख सरकार कड़े निर्णय लेगी। जमशेदपुर में जिला उपायुक्त कार्यालय सभागार में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की बैठक में शामिल हुए, जिसमें धालभूम एसडीओ, डीडीसी, जिला के सिविल सर्जन, जिला सर्विलांस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सभी राज्य के वर्तमान हालात की जानकारी ली है। इस दौरान कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कई दिशा निर्देश भी दिए हैं। भारत में ओमीक्रोन के संक्रमण का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। झारखंड के सभी जिला में संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस मीटिंग में बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण की गति बढ़ाने के साथ सख्ती से गाइडलाइंस का पालन करने पर चर्चा हुई है। साथ ही 3 जनवरी से 15 वर्ष से 18 वर्ष तक कि आयु वाले बच्चों के टीकाकरण की शुरुआत पर चर्चा की गयी है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक में झारखंड में जीनोम सिक्वेंसिंग मशीन लगाने की सहमति बनी है। रांची रिम्स में जीनोम सिक्वेंसिंग मशीन लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में सहिया के मानदेय को 2 हजार से 7 हजार बढ़ाने की मांग की गयी है और आयुष्मान भारत योजना से कोविड-19 को जोड़ा जाए, जिससे गरीबों को सही स्वास्थ्य लाभ मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री से मांग की गयी है कि सभी निजी अस्पतालों में इलाज की अलग-अलग व्यवस्था के लिए एक टैरिफ निर्धारित किया जाए, जिससे इलाज के नाम पर आर्थिक दोहन ना हो सके। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया है। राज्य में संक्रमण के बढ़ते आंकड़े पर बन्ना गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार परिस्थितियां देख जरूरत पड़ने पर कड़े निर्णय लेगी। उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर से 15 से 18 वर्ष तक के आयु वाले बच्चों का टीकाकरण के लिए जमशेदपुर में 8 स्थायी केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में प्रखंड और पंचायत स्तर पर टीकाकरण होगा। टीकाकरण के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
रांची। झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के सभी गौशालाओं को सुद्दढ़ एवं मजबूत करने के लिए कृत संकल्पित है। बादल ने रांची गौशाला में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि यही वजह है कि हमने पूर्व में दिए जाने वाले पशुओं के भरण-पोषण के लिए अनुदान के रूप में अधिकतम 9,000 की राशि को बढ़ाकर अधिकतम 36,000 प्रति वर्ष कर दिया है। उन्होंने कहा की राज्य के 10 गौशाला को जल्द ही रेस्क्यू वाहन दिए जाएंगे। जिससे दुर्घटना में घायल पशुओं को उचित इलाज के लिए अस्पताल जल्द से जल्द भेजा जा सकेगा। बादल ने रांची गौशाला में गाय के रखरखाव सहित अन्य समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी गौशाओं की समस्याओं की जानकारी लेने के लिये जल्द ही राज्य के सभी गौशालाओं के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक करूंगा। बादल ने कहा कि सरकार प्रमंडलीय स्तर पर गौ मुक्तिधाम बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी गौशाला के बकाया राशि का भी भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रांची गौशाला को भी 927000 की राशि भुगतान कर दिया गया है। कार्यक्रम में निदेशक पशुपालन शशि प्रकाश झा, गौशाला के अध्यक्ष सह सचिव सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
टीम एबीएन। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज सरायकेला- खरसावां जिला अंतर्गत खरसावां के वीर शहीद केरसे मुंडा चौक में शहीद स्मृति चिह्न और शहीद पार्क स्थित शहीद स्मारक (शहीद बेदी) पर माल्यार्पण कर खरसावां गोलीकांड के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड हमेशा से वीरों और शहीदों की भूमि रही है। यहां के अनगिनत वीरों ने राज्य और देश की खातिर अपनी शहादत दी है। इतिहास के पन्नों में ऐसे कई शहीदों के नाम दर्ज हैं तो कई आज भी गुमनाम हैं। खरसावां गोलीकांड समेत अन्य गुमनाम शहीदों की पहचान कर उनके आश्रितों को सरकार सम्मान और अधिकार देने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष 1 जनवरी को खरसावां गोलीकांड के वीर शहीदों को नमन और श्रद्धांजलि देने बड़ी संख्या में लोगों के यहां आने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। पीढ़ी दर पीढ़ी इन शहीदों की वीर गाथा से अवगत रहे, इसका ख्याल रखना है। उन्होंने कहा कि खरसावां गोलीकांड के वीर शहीदों की याद में निर्माण शहीद पार्क को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 16 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि से शहीद पार्क के सौंदर्यीकरण के अलावा यहां बहुउद्देशीय भवन समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
एबीएन डेस्क, रांची। राजधानी रांची के राजेंद्र चौक से सिरमटोली तक 2.34 किलोमीटर लंबे विश्व स्तरीय फोर लेन फ्लाईओवर का निर्माण 327 करोड़ की लागत से होगा। अपनी महत्वाकांक्षी योजना को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अनुमोदित कर दिया है। योजना प्राधिकृत समिति से भी हरी झंडी मिल गई है। अब जल्द ही यह प्रस्ताव मंजूरी के लिए कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। इस फ्लाईओवर में मुम्बई के सी-लिंक ब्रिज जैसी डिजाइन भी दिखेगी। मेकॉन और नेपाल हाउस के लिए दो लेन का एक-एक केबिल स्टेट ब्रिज भी बनेगा। फ्लाईओवर का अलाइनमेंट तय पथ निर्माण विभाग ने इस फ्लाईओवर का अलाइनमेंट तय कर लिया है। कई मायनों में इस फ्लाईओवर की डिजाइन अनोखी बतायी जा रही है। यह फ्लाईओवर राजेंद्र चौक से शुरू होगा। यहां दो लेन का एक केबिल स्टेट ब्रिज नेपाल हाउस की ओर और एक ऐसा ही ब्रिज मेकॉन की ओर जाने के लिए बनेगा। फोर लेन फ्लाईओवर का मुख्य हिस्सा राजेंद्र चौक से आगे मौजूदा रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर नया ओवर ब्रिज बनाकर आगे बाईं ओर एक दो बहुमंजिला इमारतों के बीच से निकलकर सिरमटोली चौक पर उतरेगा। राजेंद्र चौक-सिरमटोली के बीच इस फ्लाईओवर के बनने से सुजाता चौक, मेन रोड के अलावा क्लब रोड पर यातायात सुगम हो जाएगा। एक नई कनेक्टिविटी मिलेगी। हटिया से कांटाटोली आने वालों को सुजाता चौक, क्लब रोड नहीं जाना होगा। वे सिरमटोली-राजेंद्र चौक के बीच फ्लाईओवर से आवागमन कर सकेंगे। वहीं, राजेंद्र चौक, डोरंडा और मेन रोड का यातायात मौजूदा सड़क पर होता रहेगा।
एबीएन डेस्क, रांची। रिम्स में गुड गवर्नेंस के नाम पर वर्षों पुरानी और स्थापित परंपरा को तोड़ते हुए 13 विभागों के HOD बदल दिए गए हैं। नए विभागाध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे रिम्स में सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था करें। रिम्स के 13 विभागों के HOD बदल दिए गए। इसके बाद जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि रिम्स में कई वर्षो से एचओडी का बदलाव नहीं किया गया था, इस बदलाव के बाद उम्मीद है कि नए ऊर्जा और प्लानिंग के साथ सारे एचओडी काम करेंगे। उन्होंने नवनियुक्त सभी एचओडी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रिम्स की व्यवस्था में सकारात्मक सुधार लाने के लिए आप सभी सामुहिक रूप से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करें। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सभी को मिलकर रिम्स की सूरत बदलनी हैं, हमें मरीजों को सुलभ और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवा देना है और साथ ही रिम्स में एक सौहार्दपूर्ण वातावरण भी तैयार करना है।रिम्स चिकित्सा शिक्षक संघ के सचिव डॉ प्रभात कुमार ने इसे गलत बताते हुए कहा कि एक स्थापित परंपरा को तोड़कर इस तरह की व्यवस्था करने से वरिष्ठ डॉक्टर हतोत्साहित होंगे और उसका असर उनकी कार्यक्षमता पर पड़ेगा। आज स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की ओर से जो लिस्ट जारी की गई है उसके अनुसार डॉ मिनी रानी अखौरी को शिशु रोग विभाग का Hod बनाया गया, जबकि आज ही लंबी सेवा के बाद डॉ मिनी रानी अखौरी रिटायर हुई हैं। आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर एके सिंह ने कहा कि हम सभी चाहते हैं कि मेडिकल कॉलेजों में व्यवस्था सुधरे ऐसे में इस फैसले से विभाग के सीनियर डॉक्टर हतोत्साहित होंगे। डॉ एके सिंह ने कहा कि उनके विचार से इसका कोई अच्छा असर नहीं होगा बल्कि डॉक्टर हतोत्सहित होंगे।
रांची। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नये वर्ष का जश्न मनाने में कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई हाई लेवल बैठक में यह निर्णय लिया गया है। प्रोजेक्ट भवन में राज्य के आला अधिकारियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में कई सुझाव आये। जिसके बाद अगले सप्ताह कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा कर आगे निर्णय लेने की सहमति बनी। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जताते हुए अधिकारियों से पिछले एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण मामलों में वृद्धि की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नए वर्ष की गैदरिंग आयोजनों पर नजर रखते हुए वाटरफॉल, पार्क, पिकनिक स्पॉट एवं मंदिर इत्यादि जगहों पर कोविड-19 गाइडलाइन का सख्ती से पालन करवाने का निर्देश अधिकारियों को दिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़भाड़ वाले सभी जगहों पर कोरोना टेस्ट ड्राइव चलाएं। समीक्षा के क्रम में यह बात सामने आयी कि हजारीबाग एवं बोकारो जिला में कोरोना जांच के आंकड़ों के अनुसार कम टेस्टिंग और ज्यादा पॉजिटिव मामले आए हैं। इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इन दोनों जिलों में कोविड-19 जांच में तेजी लाने एवं संक्रमण के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।राज्य सरकार अगले सप्ताह उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के सभी पहलुओं का आकलन करते हुए आवश्यकतानुसार ठोस कदम उठाएगी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 15 जनवरी तक राज्य में शत-प्रतिशत वयस्क लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करें। जिन्होंने वैक्सिन का पहला डोज ले लिया है उनका ससमय दूसरा डोज भी लगे यह सुनिश्चित किया जाए तथा जिन्होंने वैक्सिन का पहला डोज नहीं लिया है उनका कम से कम पहला डोज लगे यह सुनिश्चित करें। बैठक में तीसरी लहर की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश भी दिए गये। अस्पतालों में मेडिकल ऑक्सीजन युक्त बेड, वेंटीलेटर, आईसीयू बेड, नॉर्मल बेड इत्यादि महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे, इस निमित्त की गई तैयारियों का निरंतर मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग सहित संक्रमण से बचाव का अन्य उपाय हर हाल में करें। नए वर्ष में आयोजित होने वाले गैदरिंग पार्टियों में शामिल होने से बचें और घर में ही नया वर्ष मनायें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण के केसों में वृद्धि दर्ज की गई है, यह हम सभी के लिए चिंताजनक बात है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिजनों की सुरक्षा करें, कोरोना संक्रमण के बदलते वेरिएंट को समझें। बेवजह भीड़-भाड़ वाले जगहों में न जाएं। कोरोना संक्रमण के पहली एवं दूसरी लहर में राज्यवासियों ने सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर एक बेहतर उदाहरण पेश किया था। आगे भी हम सभी को जनहित में बेहतर करने की जरूरत है। कोरोना संक्रमण से हमसभी लोग लड़ेंगे भी और हर हाल में जीतेंगे भी। बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव सह स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव अमिताभ कौशल, झारखंड मेडिकल कॉरपोरेशन के एमडी नैंसी सहाय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse