राज काज

View All
Published / 2022-01-26 13:58:27
गणतंत्र दिवस : उत्कृष्ट काम पर हजारीबाग के किसानों को मिला सम्मान

टीम एबीएन, हज़ारीबाग़। देश आज 73 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर अच्छे और विशिष्ट काम को लेकर लोगों को सम्मानित करने कि परंपरा रही है। हजारीबाग बाजार समिति ने भी आज उन किसानों को सम्मानित किया है, जिनके बदौलत हजारीबाग बाजार समिति ने पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनायी है। हजारीबाग बाजार समिति में पदाधिकारी सीआरपीएफ और किसानों ने एक साथ तिरंगे को सलामी देकर गणतंत्र दिवस मनाया। सदर एसडीओ विद्या भूषण प्रसाद ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर बाजार समिति प्रांगण में तिरंगा फहराया और किसानों को शुभकामना दिया। वहीं उत्कृष्ट काम करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया। हजारीबाग बाजार समिति ने पूरे देश में ई-नाम में व्यापार करने पर रिकॉर्ड बनाया है। ऐसे में कई एफपीओ है जो ई-नाम से जुड़ कर काम कर रहे हैं। जिसमे चुरचू नारी ऊर्जा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को देशभर में सम्मानित किया गया तो अशोक मेहता की एफपीओ ने पूरे देश भर में सबसे अधिक व्यापार करने का रिकॉर्ड बनाते हुए तीसरा स्थान बनाया है। इसके अलावे कई एसपीओ समेत किसानों को आज सम्मानित किया गया। ऐसे में किसान भी कहते हैं कि यह गणतंत्र दिवस हमारे लिए बेहद खास है। ई-नाम में बेहतर काम के लिए हमें ई-नाम दिया गया है। बाजार समिति के सचिव राकेश कुमार सिंह भी कहते हैं कि हम लोग किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए इस गणतंत्र दिवस में उन्हें पुरस्कृत किए हैं; ताकि वे और अच्छा काम करें, जिससे किसान सशक्त हो। उनका कहना है कि भारत कृषि प्रधान देश है अगर किसान अच्छा करेंगे तो हमारे अर्थव्यवस्था पर भी इसका अच्छा असर पड़ेगा। इस कारण हम लोग किसानों को उनके काम को लेकर प्रोत्साहित किया है।

Published / 2022-01-26 03:46:45
झारखण्ड : राज्यपाल, सीएम आज देंगे पेट्रोल सब्सिडी का तोहफा

टीम एबीएन, रांची। गणतंत्र दिवस पर आज बुधवार को राज्य में पेट्रोल सब्सिडी योजना की शुरूआत की जाएगी। राज्यपाल रमेश बैस रांची से और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका से लाभुकों के खाते में अनुदान की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करेंगे। इसके साथ ही सभी मंत्री जिन जिलों से ध्वजारोहरण करेंगे वहां लाभुकों के खाते में सब्सिडी की राशि भेजेंगे। झारखंड के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर सांकेतिक रूप से दस-दस लाभुकों को पेट्रोल सब्सिडी दी जाएगी। इसके बाद डीबीटी के माध्यम से लाभुकों के बैंक खाते में राशि हस्तांतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपराजधानी दुमका में करेंगे झंडोत्तोलन : मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे ने बताया कि मंगलवार शाम तक पूरे राज्य में पेट्रोल सब्सिडी के लिये करीब 98 हजार आवेदन प्राप्त हुए और इनमें से करीब 62 हजार आवेदन स्वीकृत कर दिये गये हैं। अब इन्हें चरणबद्ध तरीके से पेट्रोल सब्सिडी दी जाएगी। दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गणतंत्र दिवस समारोह में पेट्रोल सब्सिडी योजना का शुभारंभ भी करेंगे। प्रति माह गरीब को प्रति लीटर 25 रुपया छूट की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है। प्रति माह 10 लीटर पेट्रोल के एवज में यह राशि 250 रुपए लाभुक को सब्सिडी के रुप में डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाता में ट्रांसफर की जाएगी।

Published / 2022-01-25 18:10:35
384 सैनिकों को वीरता पुरस्कार और ओलंपियन नीरज चोपड़ा-सेना उप प्रमुख मनोज पांडे को परम विशिष्ट सेवा मेडल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र सरकार ने मंगलवार को सशस्त्र सेना बल को दिए जाने वाले वीरता पुरस्कारों का एलान कर दिया। जारी की गई सूची के मुताबिक, इस बार 384 सैनिकों-जवानों को वीरता पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें 12 लोगों को शौर्य चक्र, 29 को परम विशिष्ट सेवा मेडल देने का एलान किया गया है। पिछले साल ओलंपिक गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले राजपूताना राइफल्स के नीरज चोपड़ा का नाम भी परम विशिष्ट सेवा मेडल पाने वालों में शामिल है। इन्हें मिलेगा शौर्य चक्र : भारतीय सेना के छह सैनिकों को इस साल शौर्य चक्र देने का एलान किया गया है। इनमें पांच को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया है। 1. नायब सूबेदार श्रीजीत एम 17 मद्रास के नायब सूबेदार श्रीजीत एम को जुलाई 2021 में जम्मू-कश्मीर में तलाशी अभियान के दौरान एक ऑपरेशन में एक आतंकवादी को मारने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाएगा। 2. हवलदार पिंकू कुमार जाट रेजिमेंट के हवलदार पिंकू कुमार को एक ऑपरेशन के दौरान उनके भागने के मार्ग को अवरुद्ध करते हुए एक आतंकवादी को मारने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अपनी जान देने से पहले एक और आतंकवादी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। 3. हवलदार अनिल कुमार तोमर राजपूत रेजिमेंट के हवलदार अनिल कुमार तोमर को दिसंबर 2020 में जम्मू-कश्मीर में एक कॉम्बैट एक्शन टीम का नेतृत्व करते हुए दो आतंकवादियों को मारने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाएगा। 4. हवलदार काशीराय बम्मनल्ली कोर ऑफ इंजीनियर्स के हवलदार काशीराय बम्मनल्ली को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा ज़िले में एक बाग के आसपास एक ऑपरेशन में एक आतंकवादी को मारने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाएगा। हवलदार ने ऑपरेशन के दौरान अपनी टीम के सदस्यों की जान भी बचाई थी। 5. सिपाही मारुप्रोलू कुमार रेड्डी जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के साथ हुई सीधी मुठभेड़ में एक आतंकी को मारकर शहीद होने वाले सिपाही मारुप्रोलू कुमार रेड्डी को शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने ऑपरेशन के दौरान अपने दल के कमांडर की भी जान बचाई थी। 6. असम राइफल्स के राइफलमैन राकेश शर्मा का नाम भी शौर्य चक्र के लिए तय हुआ है। उन्होंने जुलाई 2021 में असम में एक ऑपरेशन के दौरान दो उग्रवादियों को मार गिराया था। इसके अलावा इस साल सैनिकों को 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 अति विशिष्ट सेवा मेडल, 13 युद्ध सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल्स के तीन "बार" भी दिए जाने हैं। गौरतलब है कि पहले ही किसी वीरता पुरस्कार से सम्मानित हो चुके सैनिकों को दोबारा यह पुरस्कार मेडल के तौर पर न देकर एक "बार" के रूप में दिया जाता है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मंगलवार शाम को 122 विशिष्ट सेवा मेडल्स, 81 सेना मेडल्स (वीरता), दो वायुसेना मेडल्स (वीरता), 40 सेना मेडल्स (ड्यूटी के प्रति समर्पण), आठ नाव सेना मेडल्स (ड्यूटी के प्रति समर्पण) और 14 वायुसेना मेडल्स (ड्यूटी के प्रति समर्पण) वितरित करेंगे।

Published / 2022-01-25 18:04:33
राष्ट्रीय मतदाता दिवस : राज भवन में राज्यपाल ने पदाधिकारियों-कर्मियों को दिलाई शपथ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से राज भवन में पदाधिकारियों व कर्मियों को शपथ दिलाई। इस बीच कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतदाता प्रतिज्ञा दिलवाई। मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, विशेष सचिव मेघु बड़ाईक, संयुक्त सचिव राजीव रंजन, विशेष कार्य पदाधिकारी, मुख्यमंत्री सचिवालय अखिलेश कुमार, प्रधान सचिव के प्रधान आप्त सचिव रामदेव शर्मा, सचिव के प्रधान आप्त सचिव ज्ञानचंद्र झा ज्ञानी, प्रधान सचिव के आप्त सचिव रमेश प्रसाद, अवर सचिव राममूर्ति सिंह, अवर सचिव गोपी कृष्ण बबलू सहित मुख्यमंत्री सचिवालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Published / 2022-01-25 02:57:35
रांची के एसएसपी सुरेंद्र झा को मिला राष्ट्रपति का वीरता पदक

टीम एबीएन, रांची। गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को मिलने वाले पदक का ऐलान हो गया है। रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा को राष्ट्रपति का वीरता पदक मिला है। वहीं, गिरिडीह में तैनाती के दौरान नक्सलियों के मुकाबले के लिए तत्कालीन एएसपी अभियान दीपक कुमार को भी वीरता पदक मिला है। वर्तमान में दीपक कुमार सीआरपीएफ में पोस्टेड हैं। वहीं आरक्षी हेमंत कुमार चौधरी, अजीत कुमार, संजीव कुमार सिंह, टंडवा के एसडीपीओ शंभु कुमार सिंह को छतरपुर में माओवादियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर वीरता पदक दिया गया है। जगुआर के एसाल्ट ग्रुप के कमांडेंट रहे विभाष तिर्की, प्रोवेशनर डीएसपी विमलेश कुमार त्रिपाठी, हवलदार जुरेंद्र सोय, राजेश कुमार साहू, तसादुक अंसारी को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। राज्य पुलिस के विशेष शाखा में पोस्टेड इंस्पेक्टर मणिभूषण प्रसाद, डीएसपी परमेश्वर प्रसाद, नीरज कुमार और दारोगा पुष्पराज कुमार को गृहमंत्री का उत्कृष्ण अनुसंधान पदक मिलेगा। वहीं, विशेष शाखा के हुलास डीएसपी मनीष टोप्पो, एसआई हुसास पूर्ति, जोन प्रकाश सुरीन, पंकज कुमार राय, संजय कुमार डे, लारेंस गुड़िया को असाधारण आसूचना पदक मिलेगा। गणतंत्र दिवस के मौके पर राज्यपाल रमेश बैस सभी पुलिसकर्मियों को पदक देंगे।

Published / 2022-01-24 16:43:24
झारखंड : राज्यभर में खुलेंगे 14 राइस मिल, सीएम हेमंत ने किया शिलान्यास

टीम एबीएन, रांची। राज्य के विभिन्न जिलों में 14 राइस मिल के निर्माण की आधारशिला रखी गयी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्माण कार्य का ऑनलाइन शिलान्यास किया। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने शिलान्यास किया। राज्य के दस जिलों में 14 आधुनिक राइस मिल को रियायती दर पर जियाडा जमीन उपलब्ध कराएगी। मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, उद्योग सचिव पूजा सिंघल, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सचिव हिमानी पांडे मौजूद रहे। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण दिन है। सरकार किसानों को समृद्ध बनाने का प्रयास कर रही है। जियाडा के माध्यम से 14 राइस मिल बनेगा। वर्तमान में 80 राइस मिल है। राज्य में विगत चार पांच वर्षों से सरकार धान खरीद करती रही है। किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिलना बेहद ही चिंताजनक है। धान की खरीद से लेकर मिल तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण काम है। 14 राइस मिल से भी आवश्यकता पूरा नहीं होगी, इसलिए यहां कई और राइस मिल खोलने की आवश्यकता है। जियाडा के माध्यम से काफी कम कीमतों पर राइस मिल खोले जा रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि जल्द से जल्द यह राइस मिल बनकर तैयार हो जाएगा जिससे किसानों को लाभ मिलेगा। मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने खुशी जताते हुए कहा कि इन राइस मिल के बनने से किसानों के साथ-साथ सरकार को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक धान को छत्तीसगढ़, बिहार एवं राज्य के अन्य सुदूरवर्ती जिलों में भेजना पड़ता था। विभाग ने 20 राइस मिल खोलने का प्रस्ताव रखा है मगर अभी 14 मिलों का शिलान्यास हो रहा है बाकी आगे देखा जाएगा। मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने राज्य में दाल और आटा मिल भी खोलने की मांग करते हुए कहा कि इसके न होने से हो रही कठिनाइयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा।

Published / 2022-01-24 14:34:50
इस हफ्ते के अंत तक टाटा को मिल जायेगी एयर इंडिया

एबीएन सेंट्रल डेस्क। आखिरकार एयर इंडिया को टाटा के हाथों में सौंपने का समय आ गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा गया है कि एअर इंडिया की कमान 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के इसी सप्ताह टाटा को सौंपे जाने की उम्मीद है। गौरतलब है कि सरकार ने बीते साल 8 अक्तूबर 2021 को एयर इंडिया को टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी की सब्सिडियरी टैलेस प्राइवेट लिमिटेड को 18,000 करोड़ रुपये में बेच दिया था। इसके बाद 11 अक्तूबर को टाटा ग्रुप को एक आशय पत्र जारी किया गया था, जिसमें एयरलाइन में अपनी 100 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की सरकार की इच्छा की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई थी। इसके बाद 25 अक्तूबर 21 को केंद्र ने इस सौदे के लिए शेयर खरीद समझौते (एसपीए) पर हस्ताक्षर किए थे। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि इस सौदे को लेकर बाकी औपचारिकताएं अगले कुछ दिनों में पूरी होने की उम्मीद है और इस सप्ताह के अंत तक एयरलाइन को टाटा समूह को सौंप दिया जाएगा। सौदे के एक हिस्से के रूप में, टाटा समूह को एयर इंडिया एक्सप्रेस और ग्राउंड हैंडलिंग आर्म एयर इंडिया एसएटीएस में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी भी सौंपी जाएगी। जबकि 2003-04 के बाद यह पहला निजीकरण होगा। इसके साथ ही टाटा समूह में एयर इंडिया तीसरा एयरलाइन ब्रांड होगा। इससे पहले एयरएशिया इंडिया और विस्तारा में समूह की बहुलांश हिस्सेदारी है।

Published / 2022-01-24 05:48:27
बोकारो सदर अस्पताल की लापरवाही पर सीएम नाराज, डीसी को फटकारा

टीम एबीएन, बोकारो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो के उपायुक्त को कड़ी फटकार लगाई है। अपने टि्वटर अकाउंट से मुख्यमंत्री ने डीसी को चेतावनी देते हुए कहा है, यह स्थिति बर्दाश्त के बाहर है, अविलंब संज्ञान लेते हुए स्थिति में सुधार करें। मुख्यमंत्री के इस ट्वीट से ट्वीट झारखंड के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामला बोकारो सदर अस्पताल की बदहाली का है। अब मुख्यमंत्री के गुस्से का कारण समझिए। दरअसल, बोकारो सदर अस्पताल में लापरवाही और बदहाली का आलम यह है कि मरीजों को बिस्तर पर बेडशीट तक नहीं मिलते। डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर नहीं रहते हैं। अस्पताल के अंदर जो जांच घर है उसमें ताला लटका रहता है। इलाज कराने आए मरीजों को बेवजह दौड़ाया जाता है। मीडिया में खबरें आने के बाद बोकारो सदर अस्पताल के बदहाली सुर्खियों में आ गई। एक स्थानीय युवक अफजल खान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के संज्ञान में इस मामले को लाया। आरोप लगाया गया है कि कोरोना की तीसरी लहर में सभी सरकारी अस्पतालों को पूरी तरह दुरुस्त रखने के सरकार के आदेश के बावजूद बोकारो सदर अस्पताल की स्थिति बहुत खराब है। खासकर अस्पताल में भर्ती मरीजों को नर्सों के भरोसे छोड़ दिया जाता है। गंदगी इतनी है की दुर्गंध से मारे वार्ड में खड़ा होना मुश्किल होता है।

Page 311 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse