राज काज

View All
Published / 2022-05-11 17:06:14
रद्द हो सकते हैं एलआईसी आईपीओ के 10 लाख आवेदन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जीवन बीमा निगम के 20,500 करोड़ रुपये के आईपीओ में खुदरा निवेशकों के करीब 10 लाख आवेदन तकनीकी कारणों से खारिज किए जा सकते हैं। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, एलआईसी आईपीओ में करीब 73.4 लाख खुदरा आवेदन मिले हैं। इनमें से सिर्फ 60 से 65 लाख आवेदन ही वैध माने जा सकते हैं। वैध आवेदनों की वास्तविक संख्या का औपचारिक ऐलान सूचीबद्धता से पहले एलआईसी करेगी। वैसे आईपीओ मेंं तकनीकी वजहों से बोली रद्द करना आम है। पिछले साल जोमैटो के आईपीओ में करीब 30 फीसदी खुदरा आवेदन खारिज किए गए थे। निवेश बैंकरों ने कहा कि आवेदन रद्द किए जाने की आम वजह मल्टीपल एंट्री, यूपीआई एड्रेस में गलती, नाम और पैन का बेमेल होना आदि शामिल है। कुछ मामलों में धन प्रेषित करने वाले बैंक की तरफ से यूपीआई भुगतान प्रक्रिया की प्रोसेसिंग के दौरान कुछ मसले होने के कारण भी बोली रद्द हो सकती है। एलआईसी के आईपीओ को करीब 44,000 करोड़ रुपये को बोली मिली। अगर आईपीओ को 60 लाख वैध आवेदन मिलते हैं तो भी यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा होगा, जो रिलायंस पावर के साल 2008 के आईपीओ के 48 लाख आवेदन से ज्यादा है। इस बीच, द्वितीयक बाजार में कमजोरी का असर एलआईसी के ग्रे मार्केट प्रीमियम पर पड़ा है। सूत्रों ने कहा कि अब जीएमपी 105 रुपये के उच्च स्तर से घटकर मंगलवार को 35 रुपये रह गया। एलआईसी अपने शेयरों की कीमत 949 रुपये तय कर सकती है। खुदरा निवेशकों व पॉलिसीधारकों को क्रमश: 905 व 889 रुपये पर शेयर आवंटित होंगे क्योंंकि सरकार ने इन्हें छूट दी है। सूत्रों ने कहा, बाजार नियामक सेबी और इन्वेस्टमेंट बैंकर की उद्योग निकाय एसोसिएशन ऑफ इन्वेस्टमेंट बैंकर्स ऑफ इंडिया ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम में खुदरा व संस्थागत निवेशकों के बीच भुगतान की समय सीमा को लेकर असमानता के मसले पर चर्चा की है।

Published / 2022-05-11 09:43:06
झारखंड : 11वीं के गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा रद्द, 12 मई से शुरू होगी कॉपियों की जांच

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा अप्रैल में समाप्त हो चुकी है। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए जैक पूरी तैयारी कर चुका है। मैट्रिक और इंटर परीक्षा में शामिल हुए लगभग 7 लाख परीक्षार्थियों की कॉपी की जांच 12 मई से शुरू होगी। कॉपी की जांच को लेकर जैक की तरफ से परीक्षा केंद्र संचालकों को कई निर्देश दिए गए हैं। 12 मई से राज्य के विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच होगी। इसे लेकर जैक ने तमाम परीक्षा केंद्र संचालकों को निर्देश दिया है। सीसीटीवी की निगरानी में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच होगी। जांच केंद्रों में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाया गया है। वहीं केंद्र में काम करने वाले कर्मचारी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर रहे शिक्षकों को भी फोन की अनुमति नहीं होगी। गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। दूसरी ओर झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से 11 वीं के गणित और जीव विज्ञान की परीक्षाएं रद्द कर दी गई है। अब यह परीक्षाएं द्वितीय चरण की परीक्षा के साथ आयोजित की जाएगी। गौरतलब है कि गणित का प्रश्न पत्र परीक्षा से पहले ही वायरल होने की बात सामने आई थी। जैक की ओर से मामले को लेकर जांच की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। गणित के साथ जीव विज्ञान की परीक्षा भी रद्द की गई है।

Published / 2022-05-10 13:08:41
पंचायत चुनाव : चार दिनों तक ड्राई डे, 175 लाइसेंसी हथियार जमा

टीम एबीएन, रांची। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान को लेकर रांची उपायुक्त छवि रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उपायुक्त सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपविकास आयुक्त विशाल सागर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी वीरेंद्र चौबे और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ प्रभात शंकर उपस्थित थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त छवि रंजन ने प्रथम चरण के मतदान के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी छवि रंजन ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिले में कुल 3631 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले चरण में 648, दूसरे चरण में 1013, तीसरे चरण में 932 और चौथे चरण में 1038 मतदान केंद्र हैं। पहले चरण में कुल मतदान भवनों की संख्या 432 है जबकि, शेडो मतदान केंद्रों की संख्या 27 है। उपायुक्त छवि रंजन ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 में सभी चार चरणों में कुल 13,91,645 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। पहले चरण में कुल 2,43,235, दूसरे चरण में 3,94,214, तीसरे चरण में 3,55,776 और चौथे चरण में 3,98,420 मतदाता वोट डालेंगे। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 2592 मतदान कर्मी और 5333 सुरक्षाकर्मी लगाए जाएंगे। उपायुक्त छवि रंजन ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2022 में प्रथम चरण में कुल 888 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रथम चरण के लिए कुल 1398 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। जिनमें 54 अभ्यर्थियों का नामांकन अस्वीकृत किया गया, जबकि 22 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिये। प्रथम चरण में कुल 433 प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन किया गया है। प्रथम चरण के मतदान में मुखिया पद के लिए 251, वार्ड सदस्य के लिए 423, पंचायत समिति सदस्य के लिए 171 और जिला परिषद सदस्य के लिए 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उपायुक्त छवि रंजन ने मतपत्र के रंगों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वार्ड सदस्य के लिए सफेद, मुखिया के लिए गुलाबी, पंचायत समिति सदस्य के लिए हरा और जिला परिषद सदस्य के लिए पीले रंग के मतपत्र का उपयोग किया जाएगा। पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर रांची जिला के सभी 18 प्रखंडों में 4 दिनों तक ड्राई डे रहेगा। इस संबंध में उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि चुनाव को लेकर 12 मई के सुबह 7 बजे से लेकर 15 मई के शाम 7 बजे तक ड्राई डे रहेगा। इस दौरान जहां-जहां चुनाव आचार संहिता लागू है। उन क्षेत्रों में शराब की बिक्री नहीं होगी। वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा ने बाताया कि चुनाव के दौरान लाइसेंसी हथियार भी जमा कराये जा रहे हैं। उन्होंनें बताया कि अब तक 175 लाइसेंसी हथियार जमा कराये गये हैं। विभिन्न मामलों को लेकर 1000 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। 11 स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान के दौरान क्यूआरटी और विशेष बल को भी तैनात किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 4 टियर सिक्योरिटी सिस्टम को लागू किया जाएगा।

Published / 2022-05-09 14:59:22
पंचायत चुनाव : नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहेगी सुरक्षा की विशेष व्यवस्था

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में 14 मई से पंचायत चुनाव होने जा रहा है। इस चुनाव को लेकर खुफिया एजेंसी ने राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पंचायत चुनाव में बड़े पैमाने पर नक्सलियों की ओर से उत्पात मचाया जा सकता है। इससे निर्वाचन आयोग की चिंता बढ़ गई है। इसको लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त डीके तिवारी ने झारखंड पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की है और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने की योजना तैयार की। राज्य निर्वाचन आयोग ने सरकार को अपनी चिंता से भी अवगत करा दिया है। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयुक्त ने आला अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने का निर्देश दिया है, ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान हो सके। दुर्गम और अति संवेदनशील क्षेत्रों में चुनाव के दौरान जिला पुलिस के साथ-साथ राज्य पुलिस की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी। यह व्यवस्था खुफिया इनपुट आने के बाद किया गया है। इसके साथ ही आयोग ने सीआरपीएफ की तैनाती का आग्रह गृह विभाग से किया है। पहले चरण के चुनाव में 5704 संवेदनशील और 5450 अतिसंवेदनशील, दूसरे चरण में 4451 संवेदनशील और 3700 अतिसंवेदनशील, तीसरे चरण में 6021 संवेदनशील और 3804 अतिसंवेदनशील, चौथे चरण में 6785 संवेदनशील और 4744 अतिसंवेदनशील बूथों पर वोटिंग होनी है। मतदान के दिन झारखंड से सटे अंतराज्यीय सीमा सील रहेगा। राज्य सरकार ने इसको लेकर बंगाल, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश प्रशासन के साथ बैठक कर चुकी है। मतदान के एक दिन पहले से सीमा क्षेत्रों में बैरिकेटिंग कर सघन चेकिंग किया जायेगा। इसके अलावे दुर्गम इलाके में पोलिंग पार्टी को एक दिन पहले हेलिकॉप्टर से भेजने की तैयारी की गई है। मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने कहा कि चुनाव तैयारी पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की तैनाती का आग्रह किया गया है। 14 मई से चार चरणों में हो रहे पंचायत चुनाव में राज्य के 53,480 मतदान केंद्रों पर 1 करोड़ 96 लाख 16 हजार 504 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हालांकि, नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार करने की घोषणा की है। इससे राज्य निर्वाचन आयोग सचेत है और शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने में जुटी है।

Published / 2022-05-09 09:49:17
48 सीसीटीवी कैमरों से होगी देवघर सदर अस्पताल की निगहबानी

टीम एबीएन, देवघर। जिले में स्वास्थ्य कर्मियों पर रिश्वतखोरी का आरोप लगने के सदर अस्पताल को सीसीटीवी कैमरे से लैस कर दिया गया है। पूरे अस्पताल परिसर में 48 सीसीटीव कैमरे लगाए गए हैं जिसकी जिसका मॉनिटरिंग लगातार अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर प्रभात रंजन कर रहे हैं। अस्पताल उपाधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह निर्णय लिया गया है। सदर अस्पताल में सीसीटीवी लगने बिचौलियों में हड़कंप है।

Published / 2022-05-08 17:56:11
रिमांड पर सीए सुमन, अभिषेक झा से भी पूछताछ कर रहे हैं ईडी, इनकम टैक्स के अधिकारी

टीम एबीएन, रांची। खान सचिव पूजा सिंघल के सीए सुमन से ईडी की टीम ने एक बार फिर से पूछताछ शुरू कर दी है। शनिवार की देर शाम ईडी की विशेष अदालत में पेश करने के बाद सुमन को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया गया था। रविवार (8 मई) को दिन में लगभग एक बजे सुमन को जेल से रिमांड पर ईडी कार्यालय लाया गया। जहां ईडी, इनकम टैक्स और वित्त विभाग के अधिकारी सुमन से पूछताछ कर रहे हैं। वही, जानकारी मिल रही है कि पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा को भी ईडी की टीम ने समन कर पूछताछ के लिए बुलाया है। अभिषेक झा को शनिवार को ही ईडी ऑफिस आने के लिए समन जारी किया गया था। जानकारी मिल रही है कि सुमन और अभिषक झा दोनों को ईडी आमने-सामने बिठा कर पूछताछ कर रही है। सबने एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान पूजा सिंघल और उनके करीबियों के द्वारा तकरीबन 150 करोड़ के निवेश संबधी दस्तावेज भी एजेंसी को मिले हैं। वहीं उनके सीए सुमन कुमार के आवास से 19.31 करोड़ रुपये बरमाद किये गए थे, जिसके बाद सुमन को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब ईडी यह जानने का प्रयास कर रही है बरामद करोड़ों रूपये किसके हैं। ईडी की पूछताछ में सुमन के बारे में जानकारी मिली है कि सीए का काम करने के साथ साथ वह अपने भाई पवन सिंह के साथ मिलकर फाइनेंस कंपनी भी चलाता है। वह इसी कंपनी के जरिए कई जमीन कारोबारियों, बिल्डरों के प्रोजेक्ट में पैसों का निवेश करता है। साथ ही अफसर, जमीन कारोबारी और बिल्डर्स की काली कमायी को भी वह मैनेज करता रहा है। वहीं राज्य सरकार के कई अधिकारियों से भी उसकी अच्छी सांठगांठ है। ईडी को जानकारी मिली है कि सुमन की रांची समेत कई शहरों में निवेश है। अफसरों के पैसों का वह निवेश तो करता ही है अफसरों के साथ बेहतर संबंध का फायदा उठाकर कई सरकारी प्रोजेक्ट पर वह काम भी कर रहा है। बिहार में भी कई जगहों पर सुमन ने जमीन की खरीद बीते कुछ सालों में की है। अधिकारियों को जानकारी मिली है कि बैंकों से भारी मात्रा में लोन दिलाने में मध्यस्था कर भी सुमन सिंह ने करोड़ों की कमायी की है। लोन दिलाने के बाद वह कमीशन के तौर पर भी भारी भरकम रकम लेता था। ईडी को संदेह है कि पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के पल्स अस्पताल के लिए भी सुमन ने लोन दिलाने में लाइजनिंग की होगी। क्योंकि अधिकांश बैंक पल्स अस्पताल को लोन देने से इंकार कर चुके थे। बाद में एक निजी बैंक ने तकरीबन 20 करोड़ का लोन पल्स अस्पताल बरियातू को दिया था। झारखंड सरकार की खान सचिव पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा के ठिकानों पर छापेमारी के साथ ही कोलकाता का अग्रवाल दंपति भी ईडी के रडार पर है। ईडी ने मनरेगा घोटालो में मनी लाउंड्रिंग में छापेमारी की तो कोलकाता में भी प्राची अग्रवाल और उनके पति रौनक अग्रवाल के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई हुई। ईडी सूत्रों के मुताबिक, प्राची व रौनक अग्रवाल के द्वारा 20 से अधिक शेल कंपनियों का संचालन किया जाता है। इन कंपनियों का इस्तेमाल कथित तौर पर मनी लाउंड्रिंग में किया जाता है। ईडी के अधिकारियों को जानकारी मिली है कि पल्स संजीवनी हेल्थ केयर के एमडी पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा हैं। यह कंपनी 2011 के नवंबर महीनें में गठित की गई थी। इसी कंपनी में अभिषेक झा की बहन अमिता झा और दीप्ती बनर्जी भी निदेशक थी। जांच में यह बात आयी है कि साल 2016 के अगस्त में मेधांश हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिडेट का गठन किया गया। इसमें भी अभिषेक व दीप्ती बनर्जी निदेशक थे। ईडी के अधिकारियों को संदेह है कि ये कंपनी भी फंड को खंपाने के लिए गठित की गई थी। ईडी के द्वारा सुमन कुमार की गिरफ्तारी को लेकर हड़कंप मचा है। रांची में कई कारोबारियों, अफसरों, बिल्डरों से सुमन के व्यवसायिक ताल्लुकात थे, साथ ही वह कईयों के पैसों को मैनेज भी करता था। ऐसे में ईडी की कार्रवाई का डर अब ऐसे लोगों को भी सता रहा है।

Published / 2022-05-07 15:13:32
आईएएस पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार गिरफ्तार, जेल

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की खान सचिव पूजा सिघल के सीए सुमन कुमार को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। पिछले 36 घंटे से अधिक से चल रही कार्रवाई में झारखंड से यह पहली गिरफ्तारी है। सुमन की गिरफ्तारी के बाद ईडी की ओर से मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया। झारखंड की खान एवं उद्योग विभाग की सचिव पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार के घर से बरामद हुए 19.31 करोड़ों रुपए साथ में निवेश के तकरीबन 150 करोड़ के दस्तावेज को लेकर ईडी उससे पूछताछ कर रही थी। बताते चलें कि उद्योग विभाग की सचिव पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार और उनके भाई पवन कुमार को ईडी की टीम ने पूछताछ के लिए रोक रखा था और लगातार 16 घंटे तक ईडी ने पूछताछ भी की और फिर शनिवार शाम को सीए सुमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। सीए के भाई पवन कुमार को ईडी ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार सिंह बिहार से सहरसा के रहने वाले हैं और पूजा सिंघल और उनके पति का सारा काम का इन दिनों वही देखते थे। 16 घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने सीए सुमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, सुमन कुमार पर कौन-कौन से मामले दर्ज किए गए हैं। अभी तक इसका पूरे तौर पर खुलासा नहीं हो पाया है और न ही ईडी ने इस पर कोई अभी आधिकारिक बयान दिया है। लेकिन यह बात साफ हो गई है कि घर से मिले 19.31 करोड़ रुपए और निवेश में मिले 150 करोड़ के दस्तावेज का कोई हिसाब से सुमन कुमार से नहीं मिल पाया और इसी मामले को लेकर ईडी ने उसे को गिरफ्तार कर लिया।

Published / 2022-05-06 13:39:20
धनबाद : ईडी ने डेको कंपनी समेत 5 व्यवसायियों के ठिकानों पर मारा रेड

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कई जिलों में ईडी की छापेमारी चल रही है। जानकारी के मुताबिक धनबाद में कोयला उत्खनन करने वाली आउटसोर्सिंग कंपनी डेको, एटीदेव प्रभा समेत पांच व्यवसायी के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ईडी ने कंपनी के मालिक हर्ष अग्रवाल, कंपनी के वरीय पदाधिकारी एएन झा समेत कार्यालय में मौजूद सभी अधिकारियों एवं पदाधिकारियों का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कागजात को खंगाला जा रहा है। ईडी की टीम के द्वारा सेल के टासरा प्रोजेक्ट, एटी देवप्रभा कंपनी के विभिन्न ठिकाने और कंपनी के मालिक एलबी सिंह के धनबाद स्थित आवास, संजय उद्योग एवं ट्रांसपोर्टर के कार्यालय एवं मालिक संजय सिंह के आवास एवं धनबाद के अन्य व्यवसायी के ठिकानों पर छापेमारी की खबर है। सूत्रों के मुताबिक आय से अधिक संपत्ति मामले व खान लीज मामले में छापेमारी की जा रही है। बता दें कि धनसार इंजीनियरिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड लोकप्रिय रूप से "डेको" के रूप में जाना जाता है। यह एक प्रमुख इंजीनियरिंग और खनन कंपनी है। कंपनी मुख्य रूप से साइट लेवलिंग, उत्खनन, निकासी, सतह खनन, ड्रिलिंग और ब्लास्टिंग, "ओवरबर्डन" और अयस्क के परिवहन में है। पिछले कुछ वर्षों में, डेको ने देश भर में और विदेशों में गतिविधियों के साथ तेजी से उभरा है। एलबी सिंह की कंपनी एटी देव प्रभा धनबाद में कोयला खनन क्षेत्र में जानामाना नाम है। जबकि, संजय उद्योग आउटसोर्सिंग कंपनी ट्रांसपोर्ट कारोबार के लिए विख्यात है। मालूम हो कि ईडी की टीम ने झारखंड के अवैध खनन मामले में देश भर के कई ठिकानों पर एक साथ छापे मारे हैं। बताया जा रहा है कि ईडी को काफी समय से अवैध खनन के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद ईडी ने इस मामले में गोपनीय जानकारी इकट्ठा की और एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की।

Page 275 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse