राज काज

View All
Published / 2022-06-24 05:03:25
राष्ट्रपति पद : द्रौपदी मुर्मू आज दाखिल करेंगी नामांकन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। झारखंड की पूर्व राज्यपाल 64 वर्षीय द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन के दौरान ओडिशा की सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) के प्रतिनिधि के रूप में राज्य सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। बीजद ने मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन किया है। इससे पहले मुर्मू बृहस्पतिवार को अपने गृह राज्य ओडिशा से दिल्ली पहुंचीं और शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा से भेंट की। प्रधानमंत्री मोदी मुर्मू के नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक होंगे। भाजपा अध्यक्ष नड्डा सहित पार्टी के अन्य शीर्ष नेता भी प्रस्तावकों में शामिल रहेंगे। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रह्लाद जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए मुर्मू की उम्मीदवारी की देश भर में तथा समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है। उन्होंने ट्विटर पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। मोदी ने कहा, द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी की देश भर में और समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है। जमीनी समस्याओं के प्रति उनकी समझ और भारत के विकास को लेकर उनकी दृष्टि उत्कृष्ट है। इसके बाद मुर्मू ने शाह, नड्डा और राजनाथ सिंह के अलावा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की। शाह ने एक ट्वीट में कहा, राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जी से भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। उनके नाम की घोषणा से ही जनजातीय समाज अत्यंत गौरव की अनुभूति कर रहा है। मुझे विश्वास है कि उनके प्रशासनिक व सार्वजनिक अनुभव का लाभ पूरे देश को मिलेगा। राजनाथ ने मुर्मू से मुलाकत के बाद एक ट्वीट में कहा, आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से भेंट कर उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी। उनका जीवन समाज के निर्बल वर्गों के सशक्तिकरण के प्रति समर्पित रहा है। मुझे विश्वास है कि वे देश और समाज को और मज़बूत करने में प्रभावी भूमिका निभायेंगी। शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के बाद मुर्मू अपना चुनावी अभियान आरंभ करेंगी। वह देश भर का दौरा कर विभिन्न राजनीति दलों के नेताओं से मुलाकात कर चुनाव में समर्थन की गुजारिश करेंगी। आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो मुर्मू की जीत की संभावना प्रबल है। यदि वह जीत जाती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। इस बीच, भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से फोन पर बात की और उनसे मुर्मू द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के दौरान उपस्थित रहने का आग्रह किया। चूंकि पटनायक इटली के दौरे पर हैं, इसलिए उन्होंने अनुपलब्धता के लिए खेद जताते हुए अपने मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों, जगन्नाथ सारका और टुकुनी साहू को मुर्मू के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर करने और नामांकन के दौरान मौजूद रहने को कहा है। सारका पटनायक मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति और जनजाति विकास मंत्री हैं जबकि टुकुनी साहू के पास जल संसाधन, वाणिज्य और परिवहन मंत्रालय का जिम्मा है। पटनायक ने एक ट्वीट में कहा, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के संदर्भ में मुझसे बात की। मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगी जगन्नाथ सारका और टुकुनी साहू आज नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे और कल नामांकन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके बाद सारका और साहा केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के दिल्ली स्थित आवास पहुंचे और उन्होंने नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर बीजद के नेता सस्मित पात्रा भी वहां मौजूद थे। सारका और साहू के अलावा नामांकन के दौरान बीजद के 22 में से कम से कम 10 विधायक भी मौजूद रहेंगे। मुर्मू की उम्मीदवारी का मेघालय जनतांत्रिक गठबंधन (एमडीए) ने भी समर्थन करने की घोषणा की है। इस बारे में अंतिम फैसला जल्द ही गठबंधन सहयोगियों की एक बैठक में किया जाएगा। एमडीए का समर्थन करने के लिए निलंबित किए गए कांग्रेस के पांच विधायक भी मुर्मू के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के आनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाये जाने के निर्णय को ऐतिहासिक करार देते हुए सभी दलों से उन्हें सर्वसम्मति से निर्वाचित करने की अपील की। संगठन ने सभी दलों से कहा कि मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिये निर्वाचित करके वे जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण प्रगति को लेकर प्रतिबद्धता जताएं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से आह्वान किया कि मुर्मू जब शुक्रवार दोपहर 12 बजे अपना नामांकन पत्र भरेंगी, उस वक्त वे अपने-अपने जिला केंद्रों एवं गांवों में मिठाई बांटकर, ढोल बजाकर और नाच-गाकर खुशियां मनाएं। मुर्मू को उम्मीदवार बनाने पर भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय नेतृत्व को आभार कार्यक्रम में चौहान ने कहा, आज मैं, अंतरात्मा से प्रसन्न हूं। इतना आनंदित हूं कि आप कल्पना नहीं कर सकते। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा एवं कई आदिवासी लोगों सहित गणमान्य लोग शामिल थे। चौहान ने कहा, एक नई क्रांति हो रही है, जो समाज और विकास की दौड़ में सबसे पीछे व सबसे नीचे रह गए थे; उन्हें विकास की दृष्टि से तो ऊपर लाया ही जा रहा है। साथ ही मान, सम्मान और इज्जत देकर देश का भाग्य, भविष्य बनाने का मौका दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, यह केवल द्रौपदी मुर्मू जी का सम्मान नहीं है। यह भारत के आदिवासी समाज का सम्मान है। यह मध्य प्रदेश के दो करोड़ आदिवासी भाइयों और बहनों का सम्मान है। हमारे समाज से हमारी बहन राष्ट्रपति बनेंगी। इससे पहले, मुर्मू के दिल्ली पहुंचने पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, पार्टी के सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश बिधूड़ी सहित कई नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। वह यहां ओडिशा भवन में ठहरी हैं। राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने से पहले ओडिशा में एक संक्षिप्त बयान में मुर्मू ने कहा था, मैं सभी का धन्यवाद करती हूं और सभी से राष्ट्रपति चुनाव के लिए सहयोग मांगती हूं। मैं 18 जुलाई से पहले सभी मतदाताओं (सांसदों) से मिलूंगी और उनका समर्थन मांगूंगी। राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

Published / 2022-06-23 17:18:36
लातेहार : कार्यक्रम में 52043 किसानों को मिला केसीसी का लाभ

टीम एबीएन, लातेहार (पलामू)। लातेहार जिले के खेल स्टेडियम में आयोजित बिरसा किसान सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किसानों के बीच केसीसी का वितरण कर उन्हें लाभान्वित किया। पलामू प्रमंडल के 52043 किसानों को केसीसी का लाभ दिया गया। इनके बीच 334.94 करोड़ केसीसी ऋण का वितरण किया गया। इसमें पलामू जिले के 18,500 किसानों के बीच 100 करोड़ ऋण का वितरण किया गया। वहीं लातेहार जिले के 23,204 किसानों के बीच 150.12 करोड़ ऋण का वितरण किया गया। वहीं गढ़वा जिले के 10,339 किसानों के बीच 87.81 करोड़ केसीसी ऋण वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने प्रमंडल क्षेत्र के तीनों जिले पलामू, लातेहार एवं गढ़वा के 10-10 किसानों को सांकेतिक रूप से केसीसी ऋण का वितरण किया। कार्यक्रम को सरकार के माननीय मंत्रियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी संबोधित किया। लातेहार उपायुक्त अबु इमरान ने सभी का स्वागत किया। उनके ने जनकारी दी कि मुख्यमंत्री के द्वारा किसानों को बिरसा किसान सम्मान के तहत किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से अच्छादित कर उनके कृषि कार्यों में सहयोग करने हेतु इस समारोह का आयोजन किया गया है। निश्चित रूप से किसानों को मिल रहे यह केसीसी वरदान साबित होगा और किसान भाई कृषि कार्य सुगमतापूर्वक कर आत्मनिर्भर बनेंगे। प्रमण्डल स्तरीय बिरसा किसान सम्मान समारोह में किसान क्रेडिट कार्ड वितरण कार्यक्रम के तहत पलामू प्रमण्डल के लातेहार जिला से कुल 23204 बिरसा किसानों को 150.124 करोड़ रूपये केसीसी की स्वीकृति प्रदान की गयी है। पलामू जिला में 18500 बिरसा किसानों को 100 करोड़ रूपये की केसीसी की स्वीकृति प्रदान की गयी है। गढ़वा जिला में अबतक कुल 10339 बिरसा किसानों को 87.81 करोड़ रूपये ऋण की स्वीकृति दी गयी है। पलामू प्रमण्डल में अबतक कुल 52043 बिरसा किसानों को 337.94 करोड़ रूपये का केसीसी की स्वीकृति प्रदान की गई है। झारखण्ड सरकार की यह मंशा है कि झारखण्ड के सभी किसानों को बिरसा किसान सम्मान के तहत किसान क्रेडिट कार्ड वितरण किया जाए और झारखण्ड सरकार के इस महत्वपूर्ण उद्देश्य को साकार करने के लिए पलामू प्रमण्डल भी कदम से कदम मिलाते हुए लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि छुटे हुए बिरसा किसानों को भी आनेवाले दिनों में जल्द से जल्द किसान क्रेडिट कार्ड से अच्छादित किया जाएगा। मुख्य समारोह के पूर्व लातेहार में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री को लातेहार उपायुक्त आबू इमरान सहित अन्य अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। वहीं मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर किया गया। प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री जोबा मांझी, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, कृषि सचिव अबु बकर सिद्दीकी ने भी संबोधित किया। मौके पर विधायक वैघनाथ राम, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त जटा शंकर चौधरी, डीआईजी राजकुमार लकड़ा, पलामू उपायुक्त शशि रंजन, गढ़वा उपायुक्त रमेश घोलप, पलामू के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, लातेहार के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन, गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अंजनी झा, लातेहार के उप विकास आयुक्त, डीआरडीए निदेशक, लातेहार के अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी तथा गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि एवं काफी संख्या में आमलोग उपस्थित थे।

Published / 2022-06-23 12:50:53
सरकार बना रही नियमावली, राज्य के सभी अनुबंधकर्मी होंगे स्थायी : हेमन्त सोरेन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लातेहार में बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि सभी अनुबंधकर्मियों को नियमित करने पर सरकार ने योजना तैयार की है। नियमित करने को लेकर सरकार नियमावली बना रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य के अधिकारी अनुबंधकर्मियों पर जब मन चाहे यहां-वहां ट्रांसफर पोस्टिंग कर देते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा सभी को नियमित करने पर सरकार ने नियमावली बनाने का निर्देश दिया है। सीएम हेमंत सोरेन लातेहार के खेल मैदान में बिरसा किसान सम्मान समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। करीब 40 मिनट के संबोधन में सीएम ने कई बिंदुओं पर बात रखी। पीएम ने अनुबंध कर्मियों को नियमित करने के अलावा सबसे बड़ी बात कही कि झारखंड के अधिकारी गड़बड़ हैं उन्हें स्थानीय भाषा जानने की जरूरत है। यहां की जनता उन्हें स्थानीय भाषा सिखाएगी। अग्निपथ योजना पर टिप्पणी करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अग्निवीर के माध्यम से देश को आग में झोंकने की योजना तैयार की गई थी। उन्होंने कहा कि झारखंड के किसानों को सरकार सम्मान दे रही है। प्रति वर्ष 23 जून को आयोजित होगा किसान सम्मान समारोह : मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि यह कार्यक्रम किसानों को सम्मान देने के लिए है। उन्होंने किसानों से किए हुए वादे को पूरा करेंगे। 10 लाख बिरसा किसानों को सम्मान दिया जा रहा है। हुंकार भरने का समय पलामू प्रमंडल को दिया। उन्होंने कहा कि अभी तक चार लाख किसानों के ऋण माफ किया गया है। प्रत्येक वर्ष 23 जून को बिरसा कृषि सम्मान समारोह आयोजित होगा। राज्य में 58 लाख किसान परिवार हैं। जल्द ही बिरसा किसान सम्मान कार्ड जारी होगा, जिसमें किसानों का सम्पूर्ण डाटा होगा। उन्होंने कहा कि नेतरहाट में चाय का बगान लगेगा, इसकी संभावना तलाशी जा रही है। मंत्री जोबा मांझी ने अधिकारियों से अपील है कि योग्य लाभुकों तक लाभ पहुंचाएं। उन्होंने किसानों से भी अपील की है कि ऋण लें लेकिन उसे समय पर चुकता करें, कृषि को आगे बढ़ाएं। पलामू प्रमंडल के 52043 किसानों के बीच 337 करोड़ का केसीसी का वितरण, कृषि पर निर्भर है 80 प्रतिशत आबादी : बिरसा कृषि सम्मान समारोह में पलामू प्रमंडल के 52043 किसानों के बीच 336 करोड़ रुपये का केसीसी वितरण किया गया। लातेहार में 23204, पलामू में 18500 जबकि गढ़वा में 10339 किसानों के बीच केसीसी का वितरण किया गया। पलामू प्रमंडल की 80 प्रतिशत के करीब आबादी कृषि पर निर्भर है। इस आयोजन के माध्यम से किसानों को टारगेट किया गया। इस दौरान विधायक बैजनाथ राम, रामचन्द्र सिंह, सीएम के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, कृषि सचिव अबु बकर सिद्दकी, कमिश्नर जटाशंकर चौधरी, डीआईजी राजकुमार लकड़ा, पलामू, गढ़वा और लातेहार के डीसी मौजूद थे।

Published / 2022-06-22 17:10:24
राज्य के सभी बिरसा किसानों को KCC का लाभ दिलाने का प्रयास: कृषि सचिव

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कृषि मंत्री बादल के प्रयासों से राज्य के किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से आच्छादित करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। बीते 2 महीने में किसान क्रेडिट कार्ड के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया है एवं आगामी 23 जून से प्रखंड स्तर पर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कृषि विभाग के सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने नेपाल हाउस स्थित द्वितीय तल के सभागार में आज आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार की तरफ से पीएम किसान योजना से सूचीबद्ध किसानों में से अब तक 15 लाख किसानों को केसीसी से आच्छादित किया जा चुका है, अन्य बचे हुए सभी बिरसा किसानों को भी केसीसी उपलब्ध कराया जाना है। इसी कड़ी में 8 जून से प्रथम के सी सी कैंप आयोजित की गई है, तथा आगामी 23 जून को मेगा कैम्प सभी प्रखंडों में किया जाना है, विशेष अभियान के माध्यम से 9 लाख आवेदन बैंको में जमा की गई है जो प्रक्रियाधीन है अब तक चार लाख आवेदनो की स्वीकृत दी गई हैं। उन्होंने बताया कि केसीसी का शिविर प्रखंड स्तर पर लगेगा उसमें सभी बैंकों के पदाधिकारी सहित कृषि विभाग के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। कृषि विभाग के सचिव ने बताया कि आगामी 23 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लातेहार में प्रमंडलीय मेगा शिविर की शुरुआत करेंगे जिसमें पलामू गढ़वा और लातेहार के लाभुकों को शामिल किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की है और खासकर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से निवेदन किया कि किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए कृषि विभाग की योजनाओं को अपने क्षेत्र में लागू करने में सहयोग करे, एवं उन योजनाओं पर प्रमुखता से ध्यान दें तो हम कृषि के क्षेत्र में महती भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान करने वाले किसानों को ब्याज में 6त्न की छूट केंद्र और राज्य सरकार की ओर से दी जा रही है जिसका लाभ किसान ले सकते हैं। संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित एसएलबीसी के डीजीएम सुबोध कुमार ने बताया कि मेगा कैंप में बड़ी संख्या में केसीसी काडर् भी दिए गए हैं और जो भी वंचित किसान हैं उन्हें भी केसीसी कार्ड का लाभ दिया जाएगा।

Published / 2022-06-22 16:10:58
सीएम हेमंत ने फॉरेंसिक लैब के लिए नवचयनित पदाधिकारी और कर्मियों को सौंपा नियुक्ति पत्र

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नवचयनित राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला के सहायक निदेशक और वरीय वैज्ञानिक पदाधिकारी एवं वैज्ञानिक सहायक को नियुक्ति पत्र सौंपा है। झारखंड मंत्रालय में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सभी नवचयनित पदाधिकारियों और सहायकों को नियुक्ति पत्र दी गई। इस अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, सीएम के सचिव विनय कुमार चौबे, कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप सहित अन्य कई अधिकारी मौजूर थे।

Published / 2022-06-22 07:06:41
विवि की आधारभूत संरचना विकास के लिए राशि का आवंटित : हेमंत सोरेन

टीम एबीएन, धनबाद। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद अन्तर्गत अंगीभूत महाविद्यालय एसएसएलएनटी महिला महाविद्यालय, धनबाद के प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्य के लिए सोलह करोड़ बयालीस लाख अठहत्तर हजार रुपए मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति संबंधी योजना प्राधिकृत समिति के लिए संलेख प्रारूप पर आज स्वीकृति दी है। इस निर्माण कार्य होने से स्टुडेंट्स को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से आच्छादित किया जा सकेगा। साथ ही, नारी शक्ति के सशक्तिकरण को बल मिलेगा। एक ओर राज्य सरकार प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के लिए आदर्श विद्यालयों का निर्माण कर रही है, वहीं उच्च शिक्षा हेतु आधारभूत संरचनाओं को विकसित किया जा रहा है।

Published / 2022-06-22 07:00:00
गुरुवार को लातेहार में प्रमंडल स्तरीय केसीसी वितरण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे सीएम हेमंत

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार 23 जून को लातेहार आएंगे| इस दौरान लातेहार जिला स्टेडियम में आयोजित प्रमंडल स्तरीय किसान क्रेडिट कार्ड वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे और किसानों के बीच केसीसी वितरण करेंगे| इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारी अंतिम चरण पर हैं | लातेहार जिला में प्रमंडल स्तरीय केसीसी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है| इस कार्यक्रम में लातेहार के अलावा पलामू और गढ़वा जिला के किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिया जाएगा| मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा राज्य के कई मंत्री और वरीय अधिकारी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे| जिसमें हजारों की संख्या में लाभुक भाग लेंगे| लातेहार में आयोजित प्रमंडल स्तरीय किसान क्रेडिट कार्ड वितरण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जिला के किसानों को आमंत्रित किया गया है | जिला में आयोजित प्रमंडल स्तरीय केसीसी वितरण कार्यक्रम में लगभग 10000 लाभुकों को बुलाया गया है| लाभुकों को बैठने के लिए जिला स्टेडियम में भव्य पंडाल लगाया गया है| स्टेडियम में ही मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा| जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन किसानों को संबोधित करेंगे और किसानों के बीच केसीसी का वितरण करेंगे | मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा तैयारी का कार्यक्रम अंतिम चरण में है| कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन के तमाम वरीय पदाधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और वहां की व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। बरसात को लेकर पूरे पंडाल को वाटर प्रूफ बनाया गया है, ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की कोई तकलीफ का सामना ना करना पड़े।

Published / 2022-06-21 16:26:28
राष्ट्रपति चुनाव : झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू बनी भाजपा प्रत्याशी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद के लिए भाजपा प्रत्याशी होंगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसकी घोषणा की। भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में इसका फैसला हुआ। ऐसा पहली बार है, जब किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाया गया है। द्रौपदी मुर्मू ने छह वर्षों तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में अपना योगदान दिया। वह ओडिशा सरकार में दो वर्षों तक मंत्री भी रह चुकी हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में द्रौपदी मुर्मू का कार्यकाल बेदाग रहा है। वह शिक्षाविद भी हैं।

Page 266 of 331

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse