राज काज

View All
Published / 2026-06-01 22:05:45
सीएम से मिलीं अन्नपूर्णा, कई समस्याओं पर चर्चा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने की शिष्टाचार मुलाकात 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने आज रांची में शिष्टाचार मुलाकात की। 

इस दौरान उन्होंने कोडरमा के हजारों छात्र-छात्राओं को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से हस्तांतरित कर सर जेसी बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध किये जाने के कारण उत्पन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को एक बार पुन: अवगत कराया।

Published / 2026-05-30 21:45:11
लोहरदगा : एक से छह जून तक सांसद करेंगे योजनाओं की समीक्षा

1 से 6 जून तक संसदीय क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे सांसद सुखदेव भगत, विकास योजनाओ का करेंगे समीक्षा  

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत 1 जून से 6 जून 2026 तक अपने संसदीय क्षेत्र के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लोहरदगा, गुमला और रांची जिले के विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क, विकास योजनाओं की समीक्षा, सामाजिक और शैक्षिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उक्त जानकारी सांसद के निजी सचिव आलोक कुमार साहू ने दी। 

सांसद के निजी सचिव द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार  

  • 1 जून : मांडर और लोहरदगा में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।  
  • 2 जून : गुमला जिला के बसिया एवं कामडारा प्रखंड में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक। दोनों प्रखंडों में सांसद कार्यकतार्ओं एवं आम जनता से मुलाकात करेंगे। 
  • 3 जून : रांची जिला के बेड़ो प्रखंड में आयोजित जतरा में भाग लेंगे तथा कार्यकर्ताओं एवं आम जनतासे रूबरू होंगे। 
  • 4 जून : लोहरदगा समाहरणालय भवन में आयोजित दिशा की बैठक में भाग लेंगे तथा विकास योजनाओं का करेंगे समीक्षा।  
  • 5 जून : लोहरदगा टाउन हॉल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम में भाग लेंगे।  
  • 6 जून : गुमला समाहरणालय में आयोजित दिशा का बैठक में भाग लेंगे तथा विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा। 

समस्या के समाधान का मौके पर ही होगा प्रयास 

सांसद सुखदेव भगत ने कहा, दिल्ली की बैठक से लौटते ही जनता के बीच जाना मेरी प्राथमिकता है। गर्मी में पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतें बढ़ गयी हैं। कोशिश रहेगी कि अधिकारियों के साथ मौके पर ही ज्यादातर समस्याओं का समाधान कराया जाये।

Published / 2026-05-29 21:07:00
जलस्रोतों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं : सीएम

टीम एबीएन, रांची। शहरों की नदियां, तालाब, बांध, नालियां और अन्य जल स्रोत झारखंड की जीवनरेखा हैं। इन पर किसी भी कीमत पर अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। आज शहरी विकास एवं आवास विभाग की बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये गये हैं कि शहरों से होकर गुजरने वाली नदियों, नालियों, तालाबों, बांधों या अन्य जल स्रोतों के क्षेत्रों में बने सभी अवैध घरों और अन्य निर्माण कार्यों को तत्काल रोका जाये और पहले से बने अवैध घरों को अतिक्रमण मुक्त किया जाये। 

अतिक्रमण करके बनाये गये घरों का तत्काल गहन सर्वेक्षण किया जाये। साथ ही, शहरी निकायों में नदियों या अन्य जल स्रोतों में किये गये अवैध निमार्णों की पहचान की जाए, लिखित नोटिस जारी किये जायें, जो लोग अतिक्रमण नहीं हटाते उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाये और अवैध अतिक्रमण से बनी संरचनाओं के खिलाफ युद्धस्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाये। 

नदी के किनारों और अन्य जल स्रोतों के क्षेत्रों में अतिक्रमण करके घर बनाना पर्यावरण और जल निकासी व्यवस्था के लिए एक गंभीर खतरा है। ऐसे कार्य बिल्कुल भी क्षम्य नहीं हैं, और ऐसे कार्य करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये गये हैं। 

मैं राज्य के निवासियों से भी अपील करता हूं कि वे जल स्रोतों के क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण करके किसी भी प्रकार की संरचना न बनायें। प्रकृति, पर्यावरण और झारखंड के भविष्य की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। 

Published / 2026-05-29 21:02:50
रांची : एक फ्लैट से चार साइबर अपराधी गिरफ्तार

रांची के एक अपार्टमेंट के फ्लैट में साइबर अपराधियों ने बना रखा था अड्डा, छापेमारी में चार गिरफ्तार 

टीम एबीएन, रांची। साइबर अपराधी अब संगठित रूप से साइबर क्राइम को अंजाम देने की कोशिश में लगे हुए हैं। रांची पुलिस में साइबर अपराधियों के ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो शहर के वीआईपी इलाके में रहकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। 

अपार्टमेंट के फ्लैट में छुपकर रह रहे थे 

रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि रांची के गोंदा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास स्थित रॉक व्यू अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कुछ अपराधी जमा हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद मामले में कार्रवाई के लिए सदर डीएसपी नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी थी। 

टीम के द्वारा बेहद गुप्त तरीके से अपार्टमेंट में विधिवत छापेमारी की गयी। इस दौरान फ्लैट में पांच संदिग्ध लोग पाये गये। जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे लोग फर्जी कागजातों के आधार पर साइबर ठगी करते हैं। 

तलाशी में मिले दर्जनों फर्जी पहचान पत्र 

एसएसपी ने बताया कि फ्लैट की तलाशी लेने पर उक्त पांचों लोगों के पास से कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए। पूछताछ करने पर पता चला कि फर्जी पहचान पत्र के आधार पर फर्जी अकाउंट खोला जाता था और उसके बाद साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया जाता था। 

साथ ही पकड़े गये साइबर ठगों ने पुलिस को यह भी बताया कि यह फ्लैट किसी निखिल भैया का है और उनके द्वारा ही इनलोगों को यहां बुलाकर साइबर क्राइम की ट्रेनिंग दी गयी है। 

पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने सभी सामानों को विधिवत जब्त कर लिया और चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। मामले को लेकर गोंदा थाना कांड संख्या-68/26 दिनांक 28/05/2026 दर्ज की गयी है। 

गिरोह के सरगना निखिल की तलाश शुरू 

साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने के बाद अब पुलिस गिरोह के सरगना निखिल की तलाश में जुट गयी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी कागजातों के आधार पर साइबर अपराधियों के द्वारा कितने बैंक खाते खोले गये थे और उनके माध्यम से किन-किन लोगों से ठगी की गयी थी। 

गिरफ्तार आरोपियों का नाम और पता 

  • काजल कुमार मंडल, उम्र 24 वर्ष, पिता बिनोद मंडल, सा० नारायणपुर, पोस्ट+ थाना- नरायणपुर, जिला जामताड़ा। 
  • आनंद कुमार, उम्र 18 वर्ष, पिता राजू प्रसाद, सा० बाजार समिति रामगढ़, जिला रामगढ़। 
  • बिक्की कुमार, उम्र 23 वर्ष, पिता लुटू करमाली, सा0 अय्यर बस्ती, थाना ललपनिया, जिला बोकारो। 
  • शाकिब अंसारी, उम्र 20 वर्ष, पिता मो। सलीम, सा० सौदागर मोहल्ला, थाना+जिला रामगढ़। 
  • रामगढ़ जिला निवासी एक नाबालिग निरुद्ध। 

जब्त सामानों की सूची 

  • विभिन्न बैंकों के अलग-अलग नाम से कुल 50 पासबुक। 
  • विभिन्न बैंकों के कुल 26 डेबिट कार्ड। 
  • विभिन्न बैंको के अलग-अलग नाम से कुल 08 चेक बुक। 
  • कुल 13 मोबाइल फोन। 
  • 03 आधार कार्ड।

Published / 2026-05-28 21:06:42
लोहरदगा : चार को दिशा की बैठक, सांसद सुखदेव भगत करेंगे विकास योजनाओं की समीक्षा

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक 4 जून गुरुवार को लोहरदगा समाहरणालय सभागार में आयोजित होगी। जिसकी अध्यक्षता लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत करेंगे। उक्त जानकारी सांसद के निजी सचिव आलोक कुमार साहू ने दी। 

श्री साहू ने बताया कि बैठक में जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा सांसद के द्वाराकी जायेगी। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर कर विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया जायेगा। 

सांसद सुखदेव भगत बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आयुष्मान भारत, वृद्धा पेंशन, छात्रवृत्ति और कृषि योजनाओं सहित अन्य योजनाओंकी अद्यतन स्थिति की समीक्षा करेंगे। 

दिशा की बैठक का मकसद सिर्फ कागजी खानापूर्ति नहीं, बल्कि धरातल पर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। गर्मी में पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं पर विशेष चर्चा होगी। जिस विभाग की प्रगति धीमी मिलेगी, उसकी जवाबदेही सांसद तय करेंगे। 

उपायुक्त कार्यालय से सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन के साथ बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश जारी कर दिया गया है। सभी विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की योजनाओं का पूर्ण ब्योरा लेकर आने को कहा गया है। गौरतलब है कि उपायुक्त और उपविकास आयुक्त की यह पहली बैठक होगी।

Published / 2026-05-28 18:09:54
रिम्स-2 के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक ने दी 2600 करोड़ के लोन को मंजूरी

एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल रिम्स-2 के पहले फेज के लिए 2600 करोड़ का लोन पास 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को नयी पहचान देने की तैयारी शुरू हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि राज्य में रिम्स-2 के नाम से एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाया जायेगा। इस परियोजना के पहले फेज के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक ने 2600 करोड़ रुपये के लोन को मंजूरी दे दी है। 

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रिम्स-2 पूरी तरह हाईटेक अस्पताल होगा। यहां कैंसर, हार्ट, किडनी और लीवर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अलग-अलग स्पेशल विंग बनाये जायेंगे। मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज देने के लिए आधुनिक तकनीक और सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी। 

उन्होंने कहा कि इस परियोजना को जल्द कैबिनेट में लाया जायेगा। मंजूरी मिलने के बाद तीन साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार चाहती है कि झारखंड मेडिकल टूरिज्म का बड़ा केंद्र बने और लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। 

इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स-2 बनने से स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। अस्पताल के आसपास के क्षेत्र में करीब 2000 स्थानीय लोगों को नौकरी देने की योजना है। उन्होंने विपक्ष से स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर राजनीति नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य झारखंड के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।

Published / 2026-05-27 21:16:45
अब यात्री ट्रेनों को रोक कर मालगाड़ियों को नहीं बढ़ाया जायेगा

सरयू राय तथा रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक में रेल जीएम ने दिया निर्देश 

इस व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए एक अफसर की नियुक्ति होगी 

अफसर प्रतिदिन समिति और प्रेस को परिचालन के संबंध में सूचना देगा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जमशेदपुर में यात्री रेल गाड़ियों की लेटलतीफी के खिलाफ आंदोलन चला रही रेल यात्री संघर्ष समिति के साथ दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) ने बुधवार को बैठक की। संघर्ष समिति ने एलान किया था कि यदि लेटलतीफी बंद नहीं हुई तो समिति रेल जीएम का विरोध करेगी। इसके बाद कल चक्रधरपुर के डीआरएम ने विधायक सरयू राय को फोन कर सूचित किया कि जीएम कल जमशेदपुर आ रहे हैं और उनके साथ वार्ता करेंगे।  

बुधवार को दोपहर बाद रेल यात्री संघर्ष समिति के शिष्ट मंडल और रेल जीएम एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। विधायक सरयू राय ने रेल जीएम को बताया कि उनकी केवल और केवल एक ही मांग है कि टाटानगर में यात्री रेलगाड़ियों की लेटलतीफी बंद की जाय और यात्री रेलगाड़ियों को रास्ते में खड़ा कर माल गाड़ियों को पास करने का सिलसिला बंद किया जाय।  

रेल जीएम ने यह बात मानी और रेल यात्री संघर्ष समिति को बताया कि अब से यात्री रेल गाड़ियों को खड़ा कर माल गाड़ियों को आगे नहीं बढा़या जायेगा।  
उन्होंने रेलवे के अन्य पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस निर्णय को लागू करें और देखें कि किसी भी स्थिति में यात्री रेल गाड़ियों को रोकर माल गाड़ियों को आगे नहीं बाढ़या जाय। 

संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने कहा कि आपका यह निर्देश लागू हो रहा है या नहीं, ये कैसे पता चलेगा? इस पर रेल जीएम ने चक्रधरपुर के डीआरएम को निर्देश दिया कि वे जमशेदपुर में एक पूर्ण कालिक पब्लिक रिलेशंस इंस्पेक्टर बहाल करें जो रेल गाड़ियों की लेटलतीफी और माल गाड़ियों को यात्री गाड़ियों से आगे नहीं बढ़ाने के बारे में जानकारी लेगा और निर्देश देगा तथा प्रत्येक दिन रेल गाड़ियों के आवाजाही के बारे में प्रेस एवं संघर्ष समिति को सूचित करेगा। 

इसके पूर्व विधायक सरयू राय ने रेल जीएम को बताया था कि स्थानीय मेमू ट्रेनों और पैसेंजर ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यहाँ के व्यवसायियों, कर्मचारियों, छात्रों, दैनिक वेतन भोगी मजदूरों तथा आमजनों को काफी नुकसान हो रहा है। 

उन्होंने कहा कि यात्री रेल गाड़ियाँ टाटानगर के निकटतम स्टेशनों जैसे चांडिल, कांड्रा, गम्हरिया, राखामाइंस तक समय पर आ जाती हैं, पर वहाँ से टाटानगर आने में 35-40 किमी की दूरी तय करने में 4-5 घंटे का समय लग जाता है। इस पर रेल जीएम ने कहा कि वे इन गाड़ियों की रोजाना समीक्षा करेंगे कि वे टाटानगर समय पर पहुंच रही हैं या नहीं।  

विधायक सरयू राय ने रेल जीएम और डीआरएम को धन्यवाद दिया कि रेल यात्री संघर्ष समिति की सभी बातें मान ली गयी हैं। संघर्ष समिति कुछ दिनों तक रेल जीएम के आश्वासनों की प्रतीक्षा करेगी तदोपरांत आगे का कार्यक्रम तय करेगी। 

बैठक में रेल जीएम के साथ रेल एजीएम, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम, सीनियर डीसीएम आदि अधिकारी थे, जबकि रेल यात्री संघर्ष समिति में विधायक सरयू राय, शिव शंकर सिंह, कन्हैया सिंह के अतिरिक्त सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, अमित शर्मा, राजीव आदि मौजूद रहे। 

Published / 2026-05-27 19:02:34
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचायें योजनाओं का लाभ : सीएम

विकास की राह में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता: हेमंत सोरेन 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीण विकास विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की समीक्षा की। श्री सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाकर विकास की राह में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास की यात्रा में पंचायतें पहली कड़ी हैं, यह जरूरी है कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किए जाएं।

Page 2 of 342

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse