एबीएन डेस्क, रांची। आजसू कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों, पर्यटक मित्रों और दुकानदारों के साथ मिलकर जोन्हा फॉल और उसके आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। नो प्लास्टिक जोन को लेकर दुकानदारों को जागरूक किया। जोन्हा में सिल्ली विधायक सुदेश महतो ने लोगों से थर्मोकोल और प्लास्टिक से बने प्लेट, गिलास तथा पैकेट का उपयोग नहीं करने की अपील की। सफाई अभियान में विजय उरांव, धर्मनाथ बेदिया, रामकिशोर बेदिया आदि शामिल थे। अनगड़ा थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने स्थानीय लोगों और पर्यटक मित्रों के साथ बैठक कर नववर्ष के मौके पर विधि व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की। थाना प्रभारी ने कहा कि फॉल को नशामुक्त बनाने के लिए नशेड़ियों को देखते ही हिरासत में लिया जाएगा। वहीं तेज आवाज में डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के मूल्य में लगातार इजाफा हो रहा है, इससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। इसलिए सरकार ने राज्य स्तर से दुपहिया वाहन के पेट्रोल पर प्रति लीटर 25 रुपये राहत देगी। इसका लाभ 26 जनवरी 2022 से मिलना शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री बुधवार को अपनी सरकार के दूसरी वर्षगांठ पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। सोरेन के बड़े एलान के बाद राज्य के वैसे गरीब लोगों को लाभ मिलेगा, जो राशन कार्डधारी हैं। वैसे राशन काडर्धारी जिनके पास बाइक या स्कूटी है, लेकिन पेट्रोल नहीं भरा पा रहे हैं, उन्हें 25 रुपये प्रति लीटर की छूट मिलेगी। एक गरीब परिवार को हर महीने 10 लीटर पेट्रोल लेने में छूट मिलेगी। इस तरह से 250 रुपये प्रति माह प्रति गरीब परिवार के बैंक खाते में राशि ट्रांसफर की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्टूडेंट्स को स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड भी उपलब्ध कराएगी, ताकि होनहार विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जनजाति समुदाय के बच्चों को बैंक प्रबंधन लोन नहीं दे रहे हैं। इसको लेकर सरकार गंभीर है। आने वाले दिनों में इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्व बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने खनिज ढोने वाले वाहनों से टोल टैक्स वसूलने का निर्णय लिया है।
रांची। झारखंड के गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार के लोगों को 26 जनवरी से पेट्रोल 25 रुपए सस्ता मिलेगा। राज्य के CM हेमंत सोरेन ने अपनी सरकार के दो साल पूरा होने पर इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि संसाधन जैसे-जैसे बढ़ेगा राज्य के अन्य लोगों को इसमें राहत दी जाएगी। हालांकि, इसकी क्या व्यवस्था होगी, लाभार्थी कैसे तय होंगे, इसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी उन्होंने नहीं दी है। अभी झारखंड में पेट्रोल 98.52 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। झारखंड में गठबंधन सरकार के दो साल पूरा होने पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार को इसके लिए अलग से किसी प्रकार का कोई कर्ज नहीं लेना होगा। अपने नए संसाधन से सरकार राजस्व बढ़ाने में जुटी हुई है। CM हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि सरकार बहुत जल्द स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (SCC) लाने जा रही है। इसके माध्यम से मेधावी छात्रों को मदद की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य के SC-ST बच्चों समेत अन्य बच्चों को लोन लेने में परेशानी होती है। इसके माध्यम से उसका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए अगर कानूनी लड़ाई भी लड़नी पड़ी तो सरकार लड़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने के मुद्दे पर भी सरकार गंभीर है। सरकार जल्द इस संबंध में निर्णय लेगी। मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में CM ने 2 हजार 965 करोड़ 22 लाख रुपए की 20 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसमें रांची के कांटाटोली फ्लाइओवर, ट्रांसपोर्टनगर के शिलान्यास के अलावा पेयजल व स्वच्छता विभाग समेत अन्य विभागों की कई जरूरी योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस और राजद की गठबंधन वाली सरकार के आज दो साल पूरे हो गए। मौके पर राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में बड़े स्तर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सरकारी की उपलब्धियां गिनाई जाएंगी। दो साल पूरे होने पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हमारी सरकार ने व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया है। हेमंत सरकार के दो साल पूरे होने पर रांची में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सरकार की उपलब्धियां गिनायी जाएंगी।इसके साथ ही कई नई योजनाओं की शुरुआत और बड़ी घोषणाएं भी की जाएंगी। आज होने वाले कार्यक्रम में कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह भी रांची पहुंचे हैं। मंगलवार को रांची पहुंचने पर एयरपोर्ट पर ही उन्होंने नेताओं से मुलाकाता की। अपने नेता आरपीएन सिंह का स्वागत करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सरकार 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुकी है। इन 2 वर्षों में हमने जो उपलब्धियां पाई हैं उसका सारा लेखा-जोखा जनता के सामने पेश किया जाएगा। वहीं उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने राज्य की व्यवस्था को पूरी तरह से बर्बाद करने के बाद हमारे हाथों में सौंपा था, लेकिन हमारे मंत्री और विधायकों ने दिन रात मेहनत कर व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया है। कोरोना काल में विपरीत परिस्थिति होने के बावजूद कांग्रेस और गठबंधन की सरकार जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को रांची स्थित मोरहाबादी मै दान पहुंचकर राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर 29 दिसंबर 2021 (बुधवार) को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने तैयारियों के संबंध में वहां मौजूद पदाधिकारियों से बिंदुवार पूरी जानकारी प्राप्त की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले लाभुकों, आमजनों तथा अतिथियों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित कर तैयारी करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री ने समारोह में सम्मिलित होने वाले आगंतुकों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन्स की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का भी निर्देश दिया है। उल्लेखनीय है कि बुधवार को सुबह 11:55 बजे से मोरहाबादी मैदान में समारोह का आयोजन किया जाएगा।
रांची। स्वास्थ्य विभाग ने झारखंड में 15 से 18 साल के बच्चों के टीकाकरण को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही सूबे में तीसरी लहर से बचाव को लेकर भी सरकार सख्ती कदम उठाने जा रही है। इसके तहत जल्द ही मास्क नहीं पहनने वालों से 50 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही सूबे के हर जिले में प्रशासन के द्वारा अभियान चलाकर कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बाबत एक प्रस्ताव आपदा प्रबंधन विभाग को भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि वह कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। खुद भी बचे और लोगों को बचाएं। राज्य में फिलहाल 15 से 18 साल के बच्चों को को वैक्सीन की खुराक 3 जनवरी से लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि राज्य सरकार के पास फिलहाल वैक्सीन की 10 लाख 98 हजार खुराक स्टॉक में है। बच्चों के टीकाकरण में इसका उपयोग किया जाएगा। उन्होंने राज्य के सभी उपायुक्तों को बच्चों के टीकाकरण की तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने उपायुक्तों को बच्चों के टीकाकरण को लेकर विशेष टीकाकरण बूथ बनाने एवं आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए एहतियाती इंतजाम भी करने को कहा है। बता दें कि देशभर में 3 जनवरी से 15 साल से 18 साल के बच्चों का टीकाकरण प्रारंभ हो रहा है।
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विज्ञान और तकनीक का यह युग है और नित्य नए बदलाव हो रहे हैं। सोरेन नेसंताल इंजीनियर्स वेलफेयर एसोसिएशन के 30 वें दीक्षांत समारोह- सह-वार्षिक आमसभा में सोशल री- इंजीनियरिंग थ्रू रूरल एंटरप्रेन्योरशिप पर आयोजित आॅनलाइन नेशनल कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया इन परिवर्तनों के जरिए तेजी से आगे बढ़ रही है। लेकिन, जनजातीय समाज पर इसका कितना प्रभाव पड़ रहा है, इसका मूल्यांकन जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन बदलावों का जनजातीय समाज पर सकारात्मक असर हो। उनके अस्तित्व के लिए खतरा नहीं बने। इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की सदियों से चली आ रही परंपरा, भाषा, संस्कृति और सभ्यता को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ विकास के पथ पर आगे ले जाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों में व्याप्त गरीबी और बेरोजगारी को दूर करने के साथ उनके शिक्षा एवं स्वास्थ्य तथा अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए कई कार्यक्रम और योजनाएं चलाई जा रही है। जरूरत इस बात की है कि इन योजनाओं का उन्हें पूरा लाभ मिले। इस दिशा में सरकार लगातार प्रयत्नशील है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जहां ट्राइबल यूनिवर्सिटी खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी खोलने की भी योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में केजी से लेकर पीजी तक जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं की पढ़ाई सुनिश्चित की जा रही है। विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए जनजातीय विद्यार्थियों को शत प्रतिशत स्कॉलरशिप दी जा रही है। वही, स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत सब्सिडी आधारित 25 लाख रुपए दिए जा रहे हैं।
एबीएन डेस्क, रांची। झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने के केंद्र के फैसले को राजनीतिक बताते हुए असहमति जताई है। उन्होंने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप को कानूनी मदद देने वाले आज के दौर में इस तरह का फैसला राजनीतिक लगता है। मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया है कि उनकी सरकार समय पर झारखंड में जातीय जनगणना कराने पर निर्णय लेगी। यह विषय झामुमो के निश्चय पत्र में भी है। बिहार सरकार के जातिगत जनगणना पर लिए गए निर्णय पर उन्होंने मुस्कुराते हुए उनके इस आइडिया के लीक होने की आशंका जाहिर की। सीएम ने 29 दिसम्बर को अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि सभी मुद्दों के दो पहलू होते हैं। लड़कियों की विवाह की न्यूनतम उम्र 14 से 18 वर्ष की गई। लेकिन क्या अब इससे कम उम्र में शादियां नहीं हो रही हैं। अब इसे 21 किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या आगे इसे 30-35 वर्ष किया जाएगा। अहम पहलू यह है कि केंद्र के इस फैसले के पीछे क्या सोच रही है। कुछ चीजें ऐसी होती हैं जो न चाहते हुए भी हो जाती हैं। सामाजिक रूप से विकसित वर्गों में लड़कियों की शादी वैसे भी 20 के बाद ही हो रही है। मुख्यमंत्री ने राज्य में ओबीसी को नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण देने के सवाल पर कहा कि इसे उचित समय पर लागू किया जाएगा। उन्होंने भाजपा की ओर से लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नियुक्तियां एक सतत प्रक्रिया है। इस पर लगातार काम जारी है। मुख्यमंत्री आमंत्रण कप फुटबॉल प्रतियोगिता की बालिका वर्ग की विजेता पूर्वी सिंहभूम की टीम के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। पूर्वी सिंहभूम की टीम दोनों वर्गों में चैंपियन बनी। बालिका वर्ग में रामगढ़ और बालक वर्ग में रांची की टीम उपविजेता रही।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse