राज काज

View All
Published / 2022-05-16 16:32:07
"डॉल्फिन सफारी" परियोजना के लिए झारखंड सरकार ने दो स्थलों का रखा प्रस्ताव

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने देश के राष्ट्रीय जलीय जीवों के संरक्षण को बढ़ावा देने के वास्ते साहिबगंज जिले में गंगा नदी पर दो स्थलों को "डॉल्फिन सफारी" के लिए प्रस्तावित किया है। वन विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजमहल में सिंघीदलन और साहिबगंज में ओझाटोली में स्थित हिस्सों को डॉल्फिन पर्यटन स्थलों के रूप में घोषित किए जाने की संभावना है। साहिबगंज संभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) मनीष तिवारी ने कहा, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने हाल में राज्य सरकार से दो स्थानों साहिबगंज और राजमहल के लिए ईको-पर्यटन परियोजना के लिए प्रस्ताव मांगा है। उन्होंने कहा कि राज्य के वन विभाग ने पिछले महीने अपना प्रस्ताव केंद्र को सौंप दिया है। तिवारी ने कहा, केंद्र की मांग के अनुसार हमने परियोजना के लिए राजमहल में सिंघीदलन और साहिबगंज में ओझाटोली में दो स्थलों की पहचान की। दोनों स्थलों के बीच की दूरी लगभग 40 किलोमीटर है। हमने अप्रैल के अंत तक अपनी योजना प्रस्तुत की। अब हम इसकी मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि स्थलों का चयन करते समय डॉल्फिन की मौजूदगी और आर्थिक और पर्यटन संभावनाओं पर विचार किया गया। उन्होंने कहा, प्रस्तावित स्थल इन प्रजातियों की बेहतर निगरानी में मदद करेंगे और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि दोनों स्थलों को केंद्र की डॉल्फिन जलज सफारी परियोजना से जोड़ा जा सकता है। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) ने अक्टूबर 2020 में देश में छह स्थानों- उत्तर प्रदेश में बिजनौर, बृजघाट, प्रयागराज और वाराणसी, बिहार में कहलगांव और पश्चिम बंगाल के बंडेल में सफारी परियोजना शुरू की थी। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की अनुसूची एक के तहत संरक्षित डॉल्फिन, झारखंड के साहिबगंज जिले में गंगा नदी के 83 किलोमीटर के हिस्से में पाई जाती हैं। भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) ने इस साल जनवरी में झारखंड में गंगा के हिस्से में एक सर्वेक्षण किया था और 81 डॉल्फिन मिलीं। तिवारी ने कहा, हमारा मानना है कि डॉल्फिन की संख्या अधिक होगी क्योंकि साहिबगंज में नदी बहुत चौड़ी है। हमारे अनुमान के अनुसार, डॉल्फिन की संख्या 130 से 135 के बीच होगी। राज्य वन्य जीव बोर्ड के पूर्व सदस्य डीएस श्रीवास्तव ने बताया कि निगरानी और गश्त की कमी के कारण डॉल्फिन का संरक्षण एक बड़ा मुद्दा रहा है। उन्होंने कहा, वन विभाग ने पिछले साल साहिबगंज में एक शिकारी के घर से दो डॉल्फिन जब्त की थी।

Published / 2022-05-15 17:05:01
16 मई को आठ जिलों के 26 बूथ पर होगा पुनर्मतदान

टीम एबीएन, रांची। पंचायत चुनाव 2022 में मतपत्रों में गड़बड़ी के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने आठ जिलों के 26 बूथ पर पुनर्मतदान का फैसला लिया है। पुनर्मतदान वाले जिलों में हजारीबाग, चतरा, गढ़वा, गोड्डा, सरायकेला खरसांवा, बोकारो, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। यहां 16 मई को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के प्रथम चरण में हजारीबाग के बरकट्ठा प्रखंड के सलैया पंचायत में मुखिया पद के मतपत्र में मुद्रण त्रुटि की शिकायत की गई थी। इसी आलोक में राज्य निर्वाचन आयोग ने झारखंड पंचायत निर्वाचन नियमावली 2001 के नियम 73 के अधीन बरकट्ठा प्रखंड के सलैया पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 117 से 130 में दिनांक 16 मई को पुनर्मतदान का निर्देश दिया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हजारीबाग नैंसी सहाय ने बताया कि बरकट्ठा के मतदान केंद्र संख्या 117 से 130 में 16 मई दिन सोमवार को प्रातः 7 बजे से 3 बजे अपराह्न तक पुनः मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इस बाबत उन्होंने अपने आवासीय कार्यालय में तत्काल बैठक कर संबंधित अधिकारियों एवं मतदानकर्मियों को पुनर्मतदान की आवश्यक प्रक्रियाओं को लेकर तैयारी करने का निर्देश दे दिया है। इसी तरह बाकी के अन्य सात जिलों में भी मतदान प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग गड़बड़ियां सामने आईं थी। इसलिए यहां भी पुनर्मतदान के निर्देश दिए गए हैं। यहां 16 मई को मतदान करा लिया जाएगा। इसके बाद मतगणना कराई जाएगी।

Published / 2022-05-15 06:36:50
1 जून से दिल्ली सचिवालय में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली सचिवालय में 1 जून से एकल उपयोग प्लास्टिक से बनी वस्तुओं पर रोक लग जाएगी। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शनिवार को यह जानकारी दी। राय ने बताया कि दिल्ली सचिवालय में एकल प्रयोग प्लास्टिक पर रोक राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध से एक महीने पहले ही प्रभावी हो जाएगी। राय ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एकल प्रयोग प्लास्टिक के विकल्प जैसे कागज से बने प्लेट, कप, स्ट्रा का इस्तेमाल दिल्ली सचिवालय परिसर में हो। कर्मचारियों से एकल प्रयोग प्लास्टिक से बनी बोतल से बचने को कहा जाएगा और उनके स्थान पर कुल्हड़, स्टील के ग्लास या कागज के बने कप का प्रयोग पानी पीने के लिए करने को कहा जाएगा।

Published / 2022-05-14 09:34:23
पंचायत चुनाव : सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को दी शुभकामनाएं और जोहार

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पंचायत चुनाव सुबह 7 बजे से जारी है। इसको लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी। झारखण्ड राज्य में पंचायत चुनाव हेतु आज पहले चरण का मतदान शुरू हुआ है। लोकतंत्र के इस महाउत्सव के अवसर पर सभी उम्मीदवारों, मतदाताओं और चुनाव कर्मियों को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार। सीएम ने ट्वीट कर कहा कि झारखंड राज्य में पंचायत चुनाव हेतु आज पहले चरण का मतदान शुरू हुआ है। लोकतंत्र के इस महाउत्सव के अवसर पर सभी उम्मीदवारों, मतदाताओं और चुनाव कर्मियों को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार...

Published / 2022-05-14 09:21:34
पूजा सिंघल मामला : ईडी की जांच में राडार पर हैं कई अफसर और नेता

टीम एबीएन, रांची। ईडी ने मनरेगा घोटाला में पूजा सिंघल की भूमिका की जांच शुरू की थी। लेकिन, जांच का दायरा अब काफी बढ़ चुका है, जहां एक के बाद एक अनियमितताओं का खुलासा हा रहा है। मामले में पूजा सिंघल के करीबियों के ठिकानों से जमा की गई 19 करोड़ 31 लाख नगद राशि की जांच में जब ईडी जुटी तो मामला अवैध खनन से लेकर शेल कंपनियों तक पहुंच गया, जिसके बाद सरकारी पदाधिकारियों के साथ साथ बिल्डर, कई कारोबारी और बड़े राजनेता भी जांच के दायरे में आ चुके हैं। आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के करीबी खनन विभाग के अफसर भी ईडी के रडार पर आ गए हैं। ईडी ने जिन तीन जिला खनन पदाधिकारियों को समन किया है, वह लंबे समय से एक ही जिला में पदस्थापित थे। जानकारी के मुताबिक, ईडी को यह साक्ष्य मिला है कि जिला खनन पदाधिकारियों ने भारी भरकम रमक तत्कालीन खान सचिव को दी थी। वहीं खनन लीज के जरिए भी की गई काली कमायी का हिस्सा उन तक पहुंचाया गया था। साहिबगंज के डीएमओ विभूति कुमार ने सीएम के मीडिया सलाहकार अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ पिंटू को पाकुड़िया में खनन पट्टा दिया था। इस पट्टा आवंटन को लेकर भी ईडी विभूति कुमार से पूछताछ की तैयारी की है। ईडी सूत्रों के मुताबिक, साहिबगंज में अवैध खनन और तस्करी के जरिए भी काली कमायी की गई है, जिसका बड़ा हिस्सा राजधानी तक पहुंचता था। ईडी यह पड़ताल कर रही है कि ढाई सालों में इन जिलों से कितनी अवैध कमाई खनन सचिव तक पहुंचायी गई थी। जानकारी के मुताबिक, पूजा सिंघल और अभिषेक झा की योजना धनबाद और जमशेदपुर में भी अस्पताल खोलने की थी। धनबाद और जमशेदपुर में भी अस्पताल खोलने पर दो सौ करोड़ से अधिक राशि खर्च होनी थी। इन अस्पतालों में पूजा सिंघल के अलावा दूसरे आईएएस अधिकारी का भी इंवेस्टमेंट होना था। लेकिन, ईडी की कार्रवाई ने सबके मंसूबे पर पानी फेर दिया है।

Published / 2022-05-13 15:43:02
झारखंड : सरकारी स्कूलों में होगी मात्र 17 दिनों की गर्मी छुट्टी

टीम एबीएन, रांची। गर्मी की छुट्टी का जिक्र होते ही बच्चों को नानी घर की याद आने लगती हैं। गर्मी की छुट्टियों में बच्चे अपना बैग पैक कर नानी घर बेहद ही खुशी खुशी जाते हैं। ऐसे में झारखंड के सरकारी स्कूल के बच्चे भी अब आराम से गर्मी की छुट्टियों का आंनद ले सकेंगे। झारखंड के सरकारी और गैर सरकारी सहायता प्राप्त अनुदानित विद्यालयों में 17 दिनों की गर्मी छुट्टी होगी। छुट्टी 17 मई से लेकर 4 जून तक होगी। और स्कूल खुलने के बाद सेकेंड टर्म एग्जाम 16 जून से शुरू होगी। इसका आदेश शिक्षा सचिव राजेश कुमार शर्मा ने 11 मई को जारी कर दिया है। गर्मी की छुट्टी को लेकर एक तरफ जहां कुछ बच्चे बेहद ही खुश नजर आए, तो कुछ बच्चे उदास भी दिखे। कक्षा 7वीं की अनन्या का कहना है कि कोरोना की वजह से दो साल स्कूल बंद रहा ऐसे में पढ़ाई को काफी नुकसान पहुंचा है। अब जब कोरोना की रफ्तार धीमी हुई और स्कूलों का संचालन दुबारा से पहले जैसे होने लगा तो गर्मी की छुट्टियां आ गई। राजकीय बरियातू स्कूल की प्राचार्य प्रभारी रीता सिंहा का कहना है कि दो वर्षों के बाद खुले स्कूल में सिलेबस को पूरा करने की चुनौती है। गर्मी छुट्टी की घोषणा तो कर दी गई है लेकिन सिलेबस पूरा करने के लिए रुपरेखा तैयार की जानी चाहिए। हालांकि गर्मी छुट्टी को लेकर निजी स्कूलों में समय सीमा तय नहीं की गई है। सभी स्कूलों में प्रबंधन और बच्चों की सुविधा को देखते हुए निर्णय लिया जा रहा है। रांची के सरला बिरला स्कूल में तो 09 मई से 07 जून तक गर्मी छुट्टी की हो रही है तो डीएवी बरियातू में 09 जून से 22 जून तक गर्मी की छुट्टी होगी। हालांकि स्कूल खुलने के बाद बच्चों के सामने परीक्षा की घंटी भी बज रही होगी। 16 जून से सरकारी स्कूल के बच्चों की सेकंड टर्म की परीक्षा शुरू होगी।

Published / 2022-05-13 15:40:22
सीए सुमन और बिल्डर सरावगी की मौजूदगी में आईएएस पूजा सिंघल से अब भी जारी है पूछताछ

टीम एबीएन, रांची। गिरफ्तारी के बाद आईएएस पूजा सिंघल से ईडी की पूछताछ गुरुवार के बाद आज (13 मई2022) भी जारी है, ईडी की टीम पूजा सिंघल सीए सुमन और बिल्डर सरावगी तीनों से पूछताछ कर रही है। इससे पहले आज पूछताछ से पहले डॉक्टरों की टीम ने पूजा सिंघल का मेडिकल जांच किया था। जिसके बाद उससे पूछताछ शुरू की गई। सरावगी बिल्डर्स के आॅनर आलोक सरावगी से गुरुवार को ईडी ने लम्बी पूछताछ की थी। आलोक सरावगी को बुलाया गया है। पैसे के लेन देन को लेकर पूजा और आलोक और सीए को आमने सामने बिठा कर पूछताछ की जा रही है। पूजा सिंघल के सीए सुमन की रिमांड अवधी भी कोर्ट ने और चार दिन के लिए बढ़ा दिया था, गुरुवार को सुमन से पूछताछ कर उसे रांची के कोतवाली थाने के हाजत में ही रखा गया था। सुबह होते ही उसे एक बार फिर से ईडी दफ्तर लाया गया है।

Published / 2022-05-12 12:49:37
जैक बोर्ड : 30 जून तक घोषित होंगे 10-12वीं के नतीजे

टीम एबीएन, रांची। 12 मई से 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के पेपर का मूल्यांकन का काम शुरू हो जाएगा। यह फैसला बुधवार को हुई झारखंड एकेडमिक काउंसिल की बैठक में किया गया। इस मीटिंग में खअउ के अध्यक्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी और राज्य के सभी केंद्रों के प्रभारी मौजूद रहे। बता दें कि झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने मैट्रिक व इंटर की बोर्ड परीक्षा के पेपर के मूल्यांकन को लेकर बुधवार को मीटिंग की। मीटिंग के दौरान केंद्र प्रभारियों को कॉपी चेकिंग से सम्बन्धित दिशा निर्देश दिए गए। उम्मीद जताई जा रही है कि 30 जून से पहले 10वीं और 12वीं के बोर्ड की परीक्षा के नतीजे घोषित कर दी जाएगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल के 10वीं और 12वीं बोर्ड के एग्जाम हो गए हैं। स्टूडेंट अपने रिजल्ट का वेट कर रहे हैं। यह रिजल्ट झारखंड एकेडमिक काउंसिल की वेबसाइट ्नंू.्नँं१ह्यँंल्ल.िॅङ्म५.्रल्ल पर जारी की जाएगी। इस परीक्षा में शामिल हुए परीक्षार्थी जैक की वेबसाइट पर अपना परिणाम और स्कोर कार्ड चेक कर सकते हैं। जैक की 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए 6.8 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इस बार बोर्ड ने परीक्षा के लिए 1936 परीक्षा केंद्र बनाए थे। कोरोना महामारी की वजह से केंद्रों की संख्या बढ़ा दी गई थी। आज हुई बैठक के बाद बोर्ड ने उम्मीद जताई है कि खअउ कक्षा 10वीं 12वीं का रिजल्ट 30 जून से पहले आ जाएगा। बता दें कि झारखंड बोर्ड 10वीं 12वीं परीक्षाएं सीआईएससीई और सीबीएसई परीक्षाओं की तरह आॅफलाइन मोड में आयोजित की गई थीं।

Page 274 of 330

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse