टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर बात हुई जिसके बाद झामुमो ने साफ कर दिया है कि उम्मीदवार उन्हीं का होगा। राज्यसभा उम्मीदवार के नाम की घोषणा के लिए शिबू सोरेन अधिकृत किया गया है। माना जा रहा है कि झामुमो के इस फैसले से कांग्रेस को झटका लग सकता है। कहा जा रहा है झामुमो ने जो फैसला लिया है उसकी जानकारी सोनिया गांधी को खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली जाकर देंगे। झामुमो के फामूर्ले के तहत राज्यसभा में झामुमो का उम्मीदवार होगा। उसके बदले में झामुमो मांडर उपचुनाव में कांग्रेस का समर्थन करेगी। झामुमो ने साफ कर दिया है कि झारखंड के राज्यसभा चुनाव में उनका ही उम्मीदवार होगा। उनके इस फैसले से दोनों दलों के बीच खटास भी आ सकती है। इससे पहले झारखंड कांग्रेस के बड़े नेता दिल्ली गए थे वहां ये फैसला किया था कि किसी अल्पसंख्यक को उम्मीदवार बनाया जाएगा। अब उन नेताओं की कवायद को झटका लगा है। पार्टी की ओर से कौन राज्यसभा का उम्मीदवार होगा इसके लिए शिबू सोरेन अधिकृत किया गया है। माना जा रहा है कि पुराने नेता सुप्रियो भट्टाचार्या का नाम भी चर्चा में है तो अन्य नामों के साथ इस नाम पर भी चर्चा होगी। अंतिम फैसला दिशोम गुरु शिबू सोरेन को लेना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में हेमन्त सोरेन, सीता सोरेन, लोबिन हेम्ब्रम, चंपई सोरेन, मथुरा महतो, जगरनाथ महतो, मिथलेश ठाकुर सहित सभी विधायकों ने भाग लिया। बैठक में ये भी फैसला लिया गया कि अलग सरना धर्म कोड की मांग को लेकर झामुमो का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन जाएगा। झामुमो के नेता सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल जून महीने में राष्ट्रपति से मुलाकात कर अलग सरना धर्म कोड की मांग करेंगे।
टीम एबीएन, मेदिनीनगर, पलामू। त्रिस्तरीय पंचायत (आम), निर्वाचन, 2022 को लेकर चैनपुर प्रखंड के भड़गांवा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या 9, मतदान केन्द्र संख्या 256 पर पुर्नमतदान होगा। यह मतदान केन्द्र प्राथमिक विद्यालय, कुरका में स्थित है। यहां वार्ड सदस्य पद के लिए पुर्नमतदान की तिथि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड रांची द्वारा 29 मई को निर्धारित है। मतदान प्रात: 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शशि रंजन ने उक्त मतदान केन्द्र के संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने-अपने मत का प्रयोग करें। साथ ही मतदान कर्मियों को सही से कर्त्तव्य निर्वहन का निदेश दिया है। इधर, पुनर्मतदान को लेकर चैनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी गिरीवर मिंज ने प्राथमिक विघालय, कुरका का जायजा लिया। साथ ही वार्ड क्षेत्र के लोगों के बीच जाकर मतदान करने की अपील करते हुए मतदान के महत्त्व को बताया। उन्होंने सभी से अपील किया कि निर्धारित समय पर मतदान अवश्य करें। साथ में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी राधेश्याम राम भी उपस्थित थे। विदित हो कि त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन, 2022 के तहत पलामू जिले में चार चरणों में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुए हैं। प्रथम चरण में 65.17 प्रतिशत मतदान हुए। जबकि द्वितीय चरण में 70 प्रतिशत, तृतीय चरण में 71.79 प्रतिशत एवं चतुर्थ चरण में 72.36 प्रतिशत मतदान हुए हैं। दो चरणों का मतगणना कार्य भी संपन्न हो चुका है। वहीं तृतीय एवं चतुर्थ चरण की मतगणना के लिए 31 मई 2022 की तिथि निर्धारित है। पुनर्मदान की मतगणना भी निर्धारित तिथि को होगी। मतगणना के लिए कृषि उत्पादन बाजार समिति, बैरिया में तैयारी की गयी है। मतगणना तृतीय चरण मनातू, तरहसी, नीलांबर- पीतांबरपुर (लेस्लीगंज), सतबरवा, पांकी एवं चतुर्थ चरण में पांडू, विश्रामपुर, चैनपुर, रामगढ़ एवं सदर मेदिनीनगर प्रखंड में हुए मतदान की मतगणना होनी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होते ही सियासी तापमान बढ़ गया है। इस चुनाव के उम्मीदवार को लेकर सत्ताधारी दल जेएमएम और कांग्रेस में सहमति बनती नहीं दिखाई दे रही है। ऐसे में 30 विधायकों वाली राज्य की सबसे बड़ी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इसी मुद्दे को लेकर आज (28 मई 2022) पार्टी के सभी विधायकों, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सभी जिलाध्यक्षों, जिला सचिवों की बैठक बुलाई है। इस बैठक को लेकर संभावना जताई जा रही है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवार के नामों पर चर्चा की जा सकती है, जिसके बाद इसकी घोषणा की जाएगी। राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव में जीत के लिए पहली प्राथमिकता का 27 मत जरूरी होगा। ऐसे में 30 विधायकों वाली पार्टी जेएमएम के लिए एक सीट पक्का है। कांग्रेस की बात करें तो बंधु तिर्की की सदस्यता चले जाने के बाद प्रदीप यादव को मिलाकर विधायकों की संख्या 17 है, भाजपा के विधायकों की संख्या बाबूलाल मरांडी को मिलाकर 26 है। आजसू के दो विधायक है. ऐसे में बीजेपी भी अपना एक सीट पक्का मान रही है। दूसरे दलों में एनसीपी के एक, माले के एक, आरजेडी का एक और दो निर्दलीय विधायक हैं। इस तरह झारखंड विधानसभा में अभी विधायकों की कुल संख्या 80 है। बता दें कि झारखंड में राज्यसभा के दो सांसद महेश पोद्दार और मुख्तार अब्बास नकवी का कार्यकाल 7 जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है। इन्हीं दोनों सीट के लिए आगामी 10 जून को चुनाव होना है। इसके लिए झारखंड विधानसभा में निर्वाचन की तैयारी की गई है। 31 मई को नॉमिनेशन समाप्त होने के बाद 1 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। वहीं 3 जून तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 10 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग की प्रक्रिया चलेगी। इसी दिन शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया 13 जून से पहले पूरी कर लेने का फैसला किया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्का। भारतीय रेलवे मालवहन क्षेत्र में सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी ‘गतिशक्ति’ का निर्माण कर रहा है और वंदे भारत एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर बनने वाली इस ट्रेन का पहला रैक इस साल के अंत तक तैयार हो जाएगा। चेन्नई में रेलवे की इंटीग्रल कोच फैक्टरी (आईसीएफ) में गतिशक्ति के दो रैकों का निर्माण शुरू हो चुका है। रेलवे बोर्ड ने हालांकि ऐसी 25 मालगाड़ियों के निर्माण का लक्ष्य तय किया है। आईसीएफ के महाप्रबंधक अतुल अग्रवाल ने यहां राष्ट्रीय मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत में यह जानकारी देते हुए कहा कि देश की पहली सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी का पहला रैक दिसंबर 2022 में पटरी पर उतर आएगा और उसके कुछ दिनों में दूसरा रैक भी आ जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों रैक को मालवहन बाजार में कैसा बिजनेस मिलता है, उसके आधार पर आगे निर्माण की समय-सीमा तय की जाएगी। सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी के बारे में उन्होंने बताया कि यह 16 कोच वाली गैर वातानुकूलित गाड़ी होगी। इसमें हवाई जहाज में कार्गो ढुलाई के काम आने वाले एलडी छह और एलडी नौ श्रेणी के कंटेनर रखे जा सकेंगे। दो कोच वातानुकूलित कंटेनर के लिए होंगे जिनमें दुग्ध उत्पाद, मछली, फल सब्जियों आदि को ले जाया जा सकेगा। उनके लिए विद्युत कनेक्शन कोच से दिया जाएगा। बाकी कोचों में कंटेनर को खिसकाने - धकेलने के लिए रोलर लगे होंगे। कोच में दो चौड़े दरवाजे लगे होंगे जिनसे कंटेनरों को रखा या उतारा जा सकेगा। आईसीएफ के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि गतिशक्ति मालगाड़ी का फोकस मुख्यत: पार्सल, कूरियर, ई कॉमर्स और खाने-पीने की वस्तुओं के परिवहन पर रहेगा। उन्होंने कहा कि सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी सस्ते और सुपरफास्ट मालवहन के लिए बड़ा आकर्षक विकल्प बनने की संभावना है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने राज्य की राजधानी रांची में 14.95 करोड़ रुपए की लागत से राज्य के पहले यातायात पार्क के निर्माण की स्वीकृति दी है। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि धुर्वा स्थित राज्य पथ परिवहन निगम कर्मशाला परिसर में प्रस्तावित ट्रैफिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यातायात पार्क में एक संग्रहालय बनाया जाएगा और यातायात नियमों से संबंधित सभी तरह की जानकारियां होंगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को यहां प्रगति मैदान में देश के सबसे बड़े ड्रोन उत्सव भारत ड्रोन महोत्सव 2022 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री किसान ड्रोन पायलटों से बातचीत भी करेंगे तथा ओपन-एयर ड्रोन उड़ान प्रदर्शन के अवलोकन के साथ साथ ड्रोन प्रदर्शनी केंद्र में स्टार्ट-अप से जुड़े उद्यमियों के साथ चर्चा करेंगे। भारत ड्रोन महोत्सव दो दिवसीय कार्यक्रम है जो 27 और 28 मई को आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में सरकारी अधिकारियों, विदेशी राजनयिकों, सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, निजी कंपनियों और ड्रोन स्टार्ट-अप आदि सहित 1600 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनी में 70 से अधिक प्रदर्शक ड्रोन के विभिन्न उपयोगों के बारे में अपने जौहर दिखायेंगे। महोत्सव में अन्य कार्यक्रमों के अलावा ड्रोन पायलट प्रमाणपत्र का वर्चुअल वितरण, उत्पादों की लॉचिंग, पेनल चर्चा, उड़ान प्रदर्शन, मेड इन इंडिया ड्रोन टैक्सी प्रोटोटाइप की प्रदर्शनी आदि को भी शामिल किया गया है।
टीम एबीएन, रांची। त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 अंतर्गत चौथे चरण (अंतिम चरण) के मतदान के लिये पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों के रवानगी से पहले उपायुक्त, रांची एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रांची ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारियों की जॉइंट ब्रिफिंग की। मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर पर उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। पदाधिकारियों द्वारा मतदान के सफल संचालन हेतुु सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। ब्रीफिंग के दौरान उप विकास आयुक्त विशाल सागर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नौशाद आलम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी वीरेन्द्र चौबे उपस्थित थे। चौथे चरण के मतदान में रांची जिला के पांच प्रखंड बुढ़मू, खलारी, मांडर, चान्हो और रातू प्रखंड में 27 मई 2022 को मतदान होना है। उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने चुनाव आयोग द्वारा जारी सभी गाइडलाइंस का पूर्णतः अनुपालन करते हुए ससमय मतदान प्रारंभ कराने एवं मतदान के दौरान विधि व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त रांची छवि रंजन ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 हेतु चौथे चरण के मतदान की तिथि 27 मई 2022 को निर्धारित है। मतदान प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संपन्न होगा। निष्पक्ष मतदान को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने निर्भीक होकर निष्पक्ष एवं भेदभाव रहित मतदान कार्य संपन्न कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सजगता एवं कार्यकुशलता पर सेक्टर के सभी मतदान केन्द्रों पर सुचारू मतदान संभव है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं भयमुक्त चनाव कराना जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है। उपायुक्त रांची छवि रंजन ने मतदाताओं से एक बार फिर से अपील की है कि निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों को सहयोग करें, ताकि निष्पक्ष निर्वाचन कार्य संपन्न कराने में कोई समस्या न हो। वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा ने ब्रीफिंग के दौरान चुनाव कार्य में किसी तरह की असुविधा/ समस्याएं तथा असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव संपन्न कराने में आपसी सहयोग एवं समन्वय आवश्यक है। चौथे चरण का मतदान में महत्वपूर्ण आंकड़े : कुल मतदान केन्द्र- 1038 कुल मतदान भवनों की संख्या - 568 कुल मतदाता - 398420 मतदानकर्मी - 4152 सुरक्षाकर्मी - 7809 कलस्टर - 86
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में अब तक तीन चरण के पंचायत चुनाव हो चुके हैं, चौथे और अंतिम चरण का चुनाव होना बाकी है। चौथे चरण का चुनाव 27 मई को होने वाला है। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पोलिंग कर्मचारी पोलिंग बूथों की ओर आज रवाना हुए। अंतिम चरण का चुनाव भी शांतिपूर्ण तरीके से हो, इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में विशेष चौकसी बरतने के आदेश दिए गए हैं। अब तक हुए तीन चरणों के मतदान की अपेक्षा अंतिम चरण में सबसे ज्यादा पदों के लिए मतदान होना है। पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए 27 मई को मतदान होगा। चौथे चरण में सरायकेला खरसांवा को छोड़कर राज्य के शेष सभी 23 जिलों में वोटिंग होगी। अंतिम चरण में सबसे ज्यादा पदों के लिए मतदान होना है। राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम चरण के मतदान के लिए कुल 15875 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिसमें 4744 अतिसंवेदनशील और 6785 संवेदनशील बूथ शामिल हैं। आपको बता दें कि इस चरण में बीते तीन चरणों की अपेक्षा संवेदनशील बूथों की संख्या भी ज्यादा है। 6950 प्रत्याशी निर्विरोध जीते : 27 मई को 11321 पदों के लिए मतदान होगा, जिसके लिए 35504 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनके किस्मत का फैसला 58 लाख 16 हजार 987 मतदाता करेंगे। इसके अलावा इस चरण में ग्राम पंचायत सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के कुल 6950 अभ्यर्थी निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं, वहीं 573 पद नामांकन नहीं होने की वजह से खाली रह गए हैं। इधर, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में राज्य निर्वाचन आयोग जुटा हुआ है। निर्वाचन आयोग द्वारा अब तक निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले बरकट्ठा, पोड़ैयाहाट के कई निर्वाचनकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse