एबीएन सेंट्रल डेस्क। झारखंड इस वर्ष जून माह की ग्रामीण क्लस्टर के विकास से जुड़ी डेल्टा रैंकिंग में 76.19 अंकों के साथ पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया जबकि सभी आंकडों को मिलाकर की गई रैंकिंग में भी वह देश में आठवें स्थान पर आया है। राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन योजना के तहत ग्रामीण विकास मंत्रालय (भारत सरकार) द्वारा जारी जून महीने की नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में झारखंड ने पहला स्थान प्राप्त किया है। देश के सभी राज्यों में कुल मिलाकर विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक आधारों पर की गयी संपूर्ण रैंकिंग में भी सुधार करते हुए झारखंड ने आठवां स्थान प्राप्त किया है। झारखंड के ग्रामीण विकास विभाग के सचिव डॉ मनीष रंजन ने मीडिया से कहा कि केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा ग्रामीण इलाकों में शहरी सुविधाएं प्रदान करने के लिए चलाए जा रहे रूर्बन मिशन में राज्य सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है जिसके चलते ही राज्य को यह सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि झारखंड वैश्विक महामारी कोरोना के मद्देनजर जीविका भी, जीवन भी मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है और इसी के तहत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की गई है। मनीष रंजन ने बताया कि इस कार्य में रूर्बन योजना बहुत प्रभावी साबित हो रही है। मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी ने जानकारी दी है कि झारखंड के ग्रामीण इलाकों में रूर्बन मिशन के तहत योजनाओं को धरातल पर उतारने में विभाग तेजी से काम कर रहा है।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन दिनांक 8 जुलाई को संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2021 के माध्यम से झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा अनुशंसित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देंगे। यह कार्यक्रम डॉ राम दयाल मुंडा कला भवन, खेलगांव, रांची में मध्याह्न 12 बजे से आयोजित है। इस कार्यक्रम में जगरनाथ महतो, मंत्री स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, सत्यानन्द भोक्ता, मंत्री श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, जोबा माझी मंत्री महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग एवं बादल पत्रलेख मंत्री कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग भी भाग लेंगे।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 07 जुलाई 2022 को उपायुक्त सह अनुकंपा समिति के अध्यक्ष श्री छवि रंजन की अध्यक्षता में जिलास्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उपविकास आयुक्त रांची विशाल सागर, अपर समाहर्त्ता, रांची राजेश बरवार, जिला स्थापना उप समाहर्त्ता, वाणिज्य कर संयुक्त आयुक्त, जिला शिक्षा अधीक्षक रांची, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, रांची एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी/प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में समिति द्वारा सामान्य के आश्रितों के अभ्यावेदनों की विस्तार से समीक्षा की गई। समिति ने 36 सामान्य और एक चौकीदार से संबंधित अभ्यावेदन की समीक्षा की। सामान्य आश्रितों के अभ्यावेदनों पर विचार विमर्श के बाद समिति ने 36 में से 23 अभ्यावेदनों को स्वीकृति दी जबकि 13 शेष अभ्यावेदनों पर विचार विमर्श के बाद कार्मिक विभाग से मार्गदर्शन मांगने का निर्णय लिया गया। चौकीदार से संबंधित एक मामले पर विचार विमर्श करते हुए समिति ने सशर्त स्वीकृति दी। बैठक के दौरान उपायुक्त रांची छवि रंजन ने मृतक के आश्रितों की बात सुनी। उपायुक्त ने मां-बेटे को बुलाकर उनसे संबंधित मामलों की विस्तार से जानकारी ली। पूरी जानकारी लेने के बाद उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को मामले में कार्मिक विभाग से मार्गदर्शन मांगने का निर्देश दिया।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा, 2021 के माध्यम से झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा अनुशंसित कुल 252 पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। ये सभी 7वीं से 10वीं झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा के सफल अभ्यर्थी हैं। उक्त परीक्षा परिणाम मात्र 251 दिनों में प्रकाशित हुआ था, जो झारखण्ड के इतिहास में एक रिकॉर्ड है। इनका युवाओं का चयन झारखंड प्रशासनिक सेवा, झारखण्ड पुलिस सेवा, झारखण्ड नगरपालिका सेवा, झारखण्ड शिक्षा सेवा, झारखंड श्रम नियोजन सेवा, झारखण्ड नियोजन सेवा, झारखण्ड रजिस्ट्रेशन सेवा, झारखण्ड सहकारिता सेवा एवं अन्य सेवाओं के लिए हुआ है। गरीब के बेटा-बेटी के मेहनत को मिला सम्मान, बनेंगे अफसर : इस परीक्षा में कई अभ्यर्थी गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले भी हैं जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में सफलता प्राप्त की। झारखण्ड सरकार ने जेपीएससी परीक्षा में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी के लिए परीक्षा शुल्क में भारी कटौती की थी। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर परीक्षा फॉर्म का शुल्क घटाया गया। परीक्षा शुल्क 600 रुपए से घटाकर 100 रुपए किया। तथा एससी/एसटी वर्ग के लिए शुल्क 150 रुपए से 50 रुपए किया गया। साथ ही, रिकॉर्ड करीब एक हजार परीक्षा केंद्र में परीक्षा आयोजित कर प्रतिभाशाली युवाओं को जेपीएससी परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया। मालूम हो कि झारखंड लोक सेवा आयोग के ईमानदार प्रयास से प्रशासनिक सेवा के लिए जो परिणाम आए हैं, उसमें अधिकतम अभ्यर्थी ऐसे हैं, जो सामान्य परिवारों से एवं अंतिम पंक्ति के गरीब गुरबों परिवारों जैसे गेट, ग्रिल मिस्त्री, मजदूर, किसान, राजमिस्त्री, फेरा लगाने वाले और आॅटो चलाने वाले समेत बीपीएल परिवार से आते हैं। इनका चयन होने से झारखण्ड के मेहनती युवाओं में उत्साह का माहौल है। अब आम लोग समझने लगे हैं कि किसी की गरीबी आड़े नहीं आ रही है। मेहनत और काबलियत के दम पर युवा अपना सुनहरा भविष्य लिख रहा है। राज्य में सभी को मेधा के अनुसार सम्मान मिले, इसी लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार नियुक्तियां निकाल रही है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त पदभार संभाल लिया। वह राज्य सभा में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं और सत्तारूढ़ नरेंद्र मोदी सरकार में तीसरे इस्पात मंत्री बने हैं। उन्होंने यह जिम्मेदारी पूर्व इस्पात मंत्री राम चंद्र प्रसाद सिंह के बुधवार को दिए गए इस्तीफे के बाद मिली है। श्री सिंह का का राज्य सभा का कार्यकाल आज समाप्त हो गया। श्री सिंधिया ने ट्वीट में कहा, आज माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेशानुसार इस्पात मंत्रालय का पदभार ग्रहण किया। सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद से इस नये उत्तरदायित्व का निर्वहन करने का पूर्ण प्रयास करुंगा। श्री सिंधिया ने इस्पात सचिव संजय कुमार सिंह और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में दायित्व ग्रहण किया।
टीम एबीएन, रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 जुलाई को झारखंड दौरे पर रहेंगे। इस दिन वे देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी कई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। पीएम रांची रेलवे स्टेशन के कायाकल्प को लेकर भी एक योजना का शिलान्यास करेंगे। ये कार्यक्रम ऑनलाइन होगा। रांची रेल मंडल का नवीनीकरण का काम चल रहा है। इसे लेकर एक डीपीआर भी तैयार किया गया है। रांची रेलवे स्टेशन को हाईटेक और अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया जाना है। इसे लेकर 447 करोड़ों रुपए खर्च करने की योजना है। मेजर अपग्रेडेशन ऑफ रांची स्टेशन प्रोजेक्ट नाम से इसका संचालन होगा। इस प्रोजेक्ट को ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रोजेक्ट का पहला चरण का काम पिछले 2 वर्ष से हो भी रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम भी चल रहा है। रांची रेलवे स्टेशन के वेटिंग एरिया सुसज्जित करने की तैयारी है। स्टेशन की ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी। एयरपोर्ट की तर्ज पर कई सुविधाएं यहां यात्रियों को मिलेगी। रांची रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार होने के बाद 6 प्लेटफार्म भी उपलब्ध होगा। जानकारी यह भी मिल रही है कि रांची रेलवे स्टेशन की पुरानी बिल्डिंग को तोड़कर नई बिल्डिंग भी बनाई जाएगी। 12 जुलाई को झारखंड दौरे के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी इस योजना का शिलान्यास करेंगे। हालांकि रांची रेल मंडल प्रबंधन की ओर से इस मामले को लेकर कहा गया है कि अब तक इस संबंध में रेल मुख्यालय की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन संभावना ज्यादा है कि प्रधानमंत्री इस योजना का शिलान्यास करेंगे। इधर, रांची के सांसद संजय सेठ ने क्षेत्र के यात्रियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि रांची रेलवे स्टेशन के रिडिप्लोपमेंट प्रोजेक्ट का शिलान्यास पीएम ही करेंगे। इसकी सहमति मिल चुकी है। समय पर यह प्रोजेक्ट पूरा हो इसकी पूरी कोशिश होगी।
टीम एबीएन, रांची। 10 जून को नमाज के बाद राजधानी रांची में हिंसा मामले में पुलिस भी अपनी कार्रवाई तेज कर चुकी है। पुलिस की टीम 10 जून को नमाज के बाद हुई हिंसा के मामले में पुलिस को यूपी, बिहार, झारखंड के बोकारो, खूंटी समेत अन्य जिलों से लोगों के आने की बात सामने आयी है। टेक्निकल सेल से मिली जानकारी के आधार पर अब पुलिस वैसे लोगों पर शिकंजा कसने वाली है जो संदिग्ध मोबाइल नंबरधारियों के संपर्क में थे। रांची पुलिस ने घटना के एक सप्ताह पूर्व से घटना के दिन तक झारखंड के बाहर से आए सक्रिय नंबरधारकों की पहचान कर ली है। रांची पुलिस अब बाहरी नंबर धारकों के स्थानीय कांटेक्ट को रडार पर रख रही है। रांची पुलिस ने तैयारी की है कि घटना के पहले जो लोग रांची आए थे, रांची में उन्होंने किस किस से संपर्क किया था, यहां के कौन से लोग फोन पर उनलोगों से संपर्क में थे, इसकी पड़ताल की जाएगी। रांची पुलिस वैसे सारे संदिग्ध नंबरों की सीडीआर निकालकर स्थानीय कांटेक्ट तलाशने में जुटी है। रांची में 10 जून की हिंसा से जुड़े डेली मार्केट थाना के सबसे प्रमुख केस 17/22 की जांच सीआईडी ने शुरू कर दी है, जबकि शेष 47 केस को रांची पुलिस ही जांच करेगी। रांची के लोअर बाजार, डेली मार्केट, कोतवाली, हिंदपीढ़ी, डोरंडा में रांची हिंसा से जुड़े कई अलग केस दर्ज किए गए थे। पुलिस के अलावा हिंसा में वैसे लोगों ने भी अलग से केस किया है जो निजी तौर पर प्रभावित हुए हैं।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक ट्वीट कर बताया है कि कल दिल्ली से रांची लौटते वक्त उनकी मुलाकात राजद सुप्रीमो लालू यादव से हुई है। दिल्ली एयरपोर्ट पर मीसा भारती ने अपने पिता की तबीयत की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दी। मुख्यमंत्री ने लालू यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पिछले दिनों लालू यादव को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से कल ही दिल्ली शिफ्ट किया गया है। मुख्यमंत्री ने दो तस्वीरें साझा की है। तस्वीरों में लालू यादव स्ट्रेचर पर लेटर दिख रहे हैं। उनको ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। एक तस्वीर में मीसा भारती दिख रही है जो मुख्यमंत्री को अपने पिता के स्वास्थ्य के बारे में बता रही हैं। बता दें कि झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव की 18 साल की बेटी के असमय निधन पर शोक संतप्त परिवार से मिलने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल दिल्ली गए थे। उनके साथ राज्य के प्रभारी मुख्य सचिव अरुण सिंह भी थे। दिल्ली से रांची लौटते वक्त मुख्यमंत्री को जानकारी मिली कि एयरपोर्ट पर लालू यादव को लेकर एयर एंबुलेंस से लाया गया है तो वह फौरन उनसे मिलने चले गए। मुख्यमंत्री ने लालू यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए ट्वीट किया है। इसे बड़ी संख्या में लोग रिट्वीट कर लालू यादव के लिए दुआएं कर रहे हैं। इधर, राजद के नेता और लालू प्रसाद के पुत्र तेजस्वी यादव ने कहा कि लोगों की दुआ और प्रार्थना काम कर रही है, उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा उनका इलाज दिल्ली एम्स का चल रहा है। इसलिए बेहतर इलाज के लिए दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो अच्छे इलाज के लिए वो उन्हें सिंगापुर भी ले जाएंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse