एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के गौरव महेंद्र सिंह धोनी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विधायक कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात को झारखंड में पर्यटन और खेल विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड पर्यटन का ब्रांड एंबेसडर बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।मुलाकात के दौरान राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने, खेलों के आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
झारखंड सरकार पिछले कुछ समय से धोनी के अनुभव और उनकी वैश्विक पहचान का उपयोग राज्य के खेल और पर्यटन विकास में करने की योजना पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि धोनी जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के जुड़ने से राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अचानक मिलने पहुंचे, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मुलाकात की तस्वीर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा माही से अचानक मिलन हुआ। तस्वीर में मुख्यमंत्री, विधायक कल्पना सोरेन और महेंद्र सिंह धोनी एक साथ नजर आ रहे हैं।
हालांकि, इस मुलाकात के पीछे की आधिकारिक वजह फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि नए वर्ष के अवसर पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। साथ ही यह मुलाकात झारखंड में खेल और पर्यटन को नई दिशा देने की संभावनाओं से भी जुड़ी मानी जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच की बैठक के दौरान भी महेंद्र सिंह धोनी का उल्लेख किया था। उन्होंने धोनी को झारखंड की स्पोर्टिंग लीगेसी का प्रतीक बताते हुए कहा था कि उनके सहयोग से राज्य में विश्वस्तरीय खेल अकादमियों के विकास की दिशा में ठोस कदम उठाये जा सकते हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (देवघर, बाबाधाम)। बीआईटी मेसरा के देवघर कैंपस में आयोजित Faculty Cricket League-2026 (FCL-26) का 26 जनवरी को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ सफल और शानदार समापन हुआ। फाइनल में AIIMS देवघर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए RCP को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि RCP को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए RCP की टीम 15 ओवरों में 8 विकेट पर 99 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी AIIMS देवघर की टीम ने दमदार बल्लेबाज़ी करते हुए मात्र 8 ओवर में 2 विकेट खोकर 101 रन बना लिए और आसानी से मुकाबला जीत लिया।पुरस्कार वितरण
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक YUBI Global के प्रतिनिधि एवं BIT देवघर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुधीर कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के खेल भावना की सराहना की।
इस अवसर पर BIT देवघर के निदेशक डॉ. एस. के. घोराई ने कहा कि FCL-26 खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी फैकल्टी सदस्यों, आयोजकों और सहयोगियों की प्रशंसा की।
डॉ. सुधीर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे खेल आयोजन फैकल्टी सदस्यों के बीच फिटनेस, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को सहयोग देने की बात कही।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रमुख पुरस्कार इस प्रकार रहे—
फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार डॉ. रेड्डी को दिया गया, जिन्होंने 22 गेंदों में 48 रनों की तेज़ पारी खेली और साथ ही 2 विकेट भी लिए।
वहीं फाइनल MVP का पुरस्कार आकाश को मिला, जिन्होंने 17 गेंदों में 32 रन बनाए।
FCL-26 ने BIT देवघर कैंपस में खेल संस्कृति को नई पहचान दी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान रोमांचक मुकाबले, अनुशासित खेल और फैकल्टी सदस्यों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
AIIMS देवघर की शानदार जीत और RCP के सराहनीय प्रदर्शन के साथ यह टूर्नामेंट सभी के लिए यादगार बन गया। FCL-26 ने यह साबित कर दिया कि खेल न केवल प्रतिस्पर्धा, बल्कि एकता और सौहार्द का भी माध्यम है
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। शुक्रवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की।
बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने कप्तान मिचेल सैंटनर की नाबाद 47 और रचिन रवींद्र की 44 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 208 रन बनाए।
जवाब में भारत ने 15.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। उनके लिए ईशान किशन ने 76 और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 82 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आज BIT Mesra Off-campus Deoghar में फैकल्टी क्रिकेट लीग–26 (FCL-26) का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ हुआ। उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. एस. के. घोराई एवं सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुधीर कुमार द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में लीग में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों का परिचय कराया गया।
पहला मुकाबला BIT Mesra Ranchi से आई दो टीमों—RCP और CSK—के बीच खेला गया। CSK ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। RCP ने 12 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए CSK 12 ओवरों में 141 रन ही बना सकी, जबकि उसके 6 विकेट शेष थे।
मैच के दौरान इलेक्ट्रिकल एवं मेंटेनेंस विभाग की ओर से लगातार तीन चौके, लगातार तीन छक्के तथा लगातार तीन विकेट के लिए रखे गए कैश प्राइज़ दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसी क्रम में अजय खलखो ने लगातार तीन छक्के जड़कर कैश प्राइज़ अपने नाम किया। 32 गेंदों पर 72 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले अजय खलखो को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जबकि 31 गेंदों पर 66 रन बनाने वाले डॉ मयंक परासर को मोस्ट वैल्यूड प्लेयर (ऑपोनेंट) का पुरस्कार मिला।
दिन का दूसरा मुकाबला संस्थान की दो टीमों—Deoghar Predators और Babadham Ekadus—के बीच खेला गया। Babadham Ekadus ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी। Deoghar Predators ने 12 ओवरों में 166 रन बनाए, जिसमें डॉ. अमित कुमार ने 26 गेंदों पर नाबाद 80 रन (9 छक्के, 5 चौके) की शानदार पारी खेली।इस मैच में भी कैश प्राइज़ का रोमांच देखने को मिला।
जब डॉ. अमित कुमार ने लगातार तीन छक्के और तीन चौके लगाकर दोनों कैश प्राइज़ जीते, जिन्हें उन्होंने अपनी टीम के नाम समर्पित किया। जवाब में Babadham Ekadus की पूरी टीम 12 ओवरों में 93 रन पर सिमट गई और उसे 73 रनों से हार का सामना करना पड़ा। डॉ. आचार्य ने 13 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट लिए। डॉ. अमित कुमार मैन ऑफ द मैच बने, जबकि मोस्ट वैल्यूड प्लेयर (ऑपोनेंट) का खिताब डॉ. निशिकांत को मिला, जिन्होंने 25 रन बनाए।
दिन का तीसरा मुकाबला RCP और Babadham Ekadus के बीच खेला गया। Babadham Ekadus ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 12 ओवरों में 125 रन बनाए। RCP ने 10वें ओवर में 5 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में मिस्टर आलोक को 21 रन बनाने और 4 बहुमूल्य विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि डॉ. ए. सी. सिंह ने 35 रन और 1 विकेट लेकर मोस्ट वैल्यूड प्लेयर (ऑपोनेंट) का सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर संस्थान के सभी फैकल्टी सदस्य एवं छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और फैकल्टी क्रिकेट लीग–26 के रोमांचक आग़ाज़ के साक्षी बने।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। किंग्स इलेवन जेवी सागर मेमोरियल चिल्ड्रेन क्रिकेट टूर्नामेंट, बीआईटी मेसरा का चैंपियन बन गया है। पॉलिटेक्निक मैदान पर आज रॉयल्स इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इस दौरान रॉयल्स इलेवन 12 ओवर में 87 रन पर आल आउट हो गया।
कन्हैया 27 और हम्माद 14 रन बनाये। किंग्स के लिए प्रभाकर ने 3 और शिवांश ने 2 विकेट लिये। जवाब में किंग्स ने 10.4 ओवर में 90/2 रन बना लिये। विपुल ने नाबाद 26, प्रभाकर और सृजन ने 13 रन बनाये, जबकि रॉयल्स इलेवन के लिए राजदीप और सन्नी ने 1-1 विकेट लिया। किंग्स इलेवन ने 8 विकेट से जीत दर्ज की। प्रभाकर को मैन आॅफ द मैच घोषित किया गया।
जूनियर वर्ग में चॉकलेट चैलेंजर्स चैंपियन बने। चॉकलेट चैलेंजर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बिस्किट ब्लास्टर्स 12 ओवर में 115/5 रन बनाये। अत्युश और कुंअर तन्मय ने क्रमश: 20 और 30 रन बनाये और नॉटआउट रहे। चॉकलेट चैलेंजर्स के लिए नमन ने 2 विकेट लिये।
जवाब में चॉकलेट चैलेंजर्स ने 9.2 ओवर में 118/3 रन बना लिये। प्रिंस राज ने शानदार पारी के दौरान 56 और ऋषित ने 30 रन बनाये। चैलेंजर्स ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। प्रिंस राज को मैन आॅफ द मैच घोषित किया गया। मौके पर अतिथि डॉ जॉयजीत घोष, डॉ सुजीत मिश्रा और डीके उपाध्याय को विजेताओं को ट्रॉफी सौंपी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आज राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा स्थित सर्वोदय को-एड विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित 47वीं जूनियर बॉयज नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप का समापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू अति विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। आयोजनकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
समापन समारोह के दौरान श्री धीरज प्रसाद साहू ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा हैंडबॉल खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अपने कौशल, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
मौके पर उपस्थित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक मजबूती प्रदान करता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि आज के युवा खिलाड़ी ही देश का भविष्य हैं और ऐसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन उन्हें आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं।
श्री साहू ने कहा कि हैंडबॉल जैसे खेलों को और अधिक प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों से पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाये रखने की अपील की और कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
पूर्व सांसद ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इतनी उत्कृष्ट व्यवस्था के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन करना प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने दिल्ली हैंडबॉल संघ और सभी सहयोगी संस्थाओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। समापन समारोह में खेल अधिकारियों, विभिन्न राज्यों के टीम प्रतिनिधियों, कोचों, रेफरी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
47वीं जूनियर बॉयज नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप ने न केवल युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया। मौके पर अध्यक्ष महेश चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू, महासचिव :- प्रीतपाल सलूजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाला बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट इस वर्ष खेल और मनोरंजन का भव्य संगम बनने जा रहा है।
9 से 13 फरवरी तक बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट मैदान में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट जिले के खेल इतिहास में एक यादगार आयोजन के रूप में दर्ज होगा। टूर्नामेंट में जहां देश के नामी क्रिकेट खिलाड़ी अपनी मौजूदगी दर्ज करायेंगे, वहीं फिल्मी दुनिया की चर्चित हस्तियां भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ायेंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने बताया कि बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट को ऐतिहासिक बनाने की पूरी तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए बल्कि आम जनता के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र होगा। आयोजन में खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों को भी शामिल किया गया है, ताकि सभी वर्ग के लोग इससे जुड़ सकें।
टूर्नामेंट का शुभारंभ 9 फरवरी को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ किया जायेगा। उद्घाटन समारोह के अवसर पर रसियन बैंड द्वारा वॉयलिन थीम पर विशेष प्रस्तुति दी जायेगी, जो दर्शकों के लिए एक नया और अनोखा अनुभव होगा। 10 फरवरी को कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अदाकारा अक्षरा सिंह होंगी, जो अपने गीत-संगीत और मंचीय प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगी। अक्षरा सिंह की मौजूदगी को लेकर युवाओं में पहले से ही खासा उत्साह देखा जा रहा है।
टूर्नामेंट के समापन समारोह का आयोजन 13 फरवरी को किया जायेगा, जो और भी खास रहने वाला है। समापन समारोह में भारतीय क्रिकेट जगत के दिग्गज सितारे वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इन अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त खिलाड़ियों की उपस्थिति से न सिर्फ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय युवा क्रिकेटरों को भी प्रेरणा मिलेगी।
धीरज प्रसाद साहू ने बताया कि बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्देश्य जिले में क्रिकेट को प्रोत्साहित करना और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर पाते हैं। साथ ही खेल के प्रति सकारात्मक माहौल का निर्माण होता है।
आयोजन को लेकर जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। सुरक्षा, दर्शकों की सुविधा, खिलाड़ियों के ठहराव और मैदान की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट न केवल सफल होगा, बल्कि आने वाले वर्षों में भी लोहरदगा को खेल और सांस्कृतिक आयोजनों के मानचित्र पर एक नयी पहचान दिलायेगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा धनबाद जिला जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के सहयोग से दिनांक 15 से 18 जनवरी 2026 तक एक्रोबेटिक्स जिम्नास्टिक्स एवं रिदमिक जिम्नास्टिक्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन धनबाद में किया जा रहा है।
इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी भाग लेंगे एवं अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में एक्रोबेटिक्स एवं रिदमिक जिम्नास्टिक्स जैसे उभरते खेलों को प्रोत्साहित करना तथा खिलाड़ियों को एक सशक्त प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना है।
झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन की तुलिका श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी जिलों के अध्यक्षों एवं सचिवों से अनुरोध है कि वे अपने-अपने खिलाड़ियों की प्रविष्टियां आवश्यक दस्तावेजों सहित दिनांक 13 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करा दें, ताकि प्रतियोगिता की तैयारियां समय पर पूर्ण की जा सकें। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता हेतु पंजीकरण शुल्क 200/- प्रति खिलाड़ी निर्धारित किया गया है।
यदि खिलाड़ी का पता किसी अन्य राज्य का है, तो संबंधित राज्य के सचिव द्वारा निर्गत मूल एनओसी अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा। झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन ने सभी जिलों से समय पर सहयोग की अपील करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने का आग्रह किया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse