एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने आईपीएल में बढ़ती रील कल्चर को लेकर अपना रूख स्पष्ट करते हुए कहा है कि बोर्ड सोशल मीडिया या रील्स के खिलाफ नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजियों को तय नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज के दौर का हिस्सा है, लेकिन इसकी आड़ में किसी को भी टीम की गोपनीय गतिविधियों तक पहुंच की अनुमति नहीं दी जा सकती।
हाल ही में संपन्न आईपीएल 2026 के दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने फ्रेंचाइजियों को संभावित सुरक्षा जोखिमों और प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सैकिया ने कहा कि बदलते समय के साथ सोशल मीडिया का प्रभाव बढ़ा है और क्रिकेट को भी इसके साथ तालमेल बिठाना होगा।
सैकिया ने कहा, व्यक्तिगत रूप से मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है, क्योंकि आपको तकनीक और समय के साथ लोकप्रिय हो रहे प्लेटफॉर्म्स के अनुसार खुद को ढालना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा, जब 2008 में आईपीएल शुरू हुआ था, तब सोशल मीडिया और इस तरह की चीजों के बारे में कोई नहीं सोचता था। लेकिन अब यही ट्रेंड है और हमें इसके अनुसार खुद को ढालना होगा।
हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सचिव ने साफ किया कि सोशल मीडिया कंटेंट बनाने की छूट का मतलब यह नहीं है कि कोई भी व्यक्ति टीम मीटिंग, टीम बस, ड्रेसिंग रूम या अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश कर सके। उन्होंने कहा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि किसी को टीम मीटिंग, टीम की गतिविधियों, बस या उन जगहों पर प्रवेश की अनुमति मिल जाये जहां अनधिकृत लोगों का जाना प्रतिबंधित है।
सैकिया ने जोर देकर कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड केवल यह सुनिश्चित करना चाहता है कि सोशल मीडिया गतिविधियां अपनी सीमाओं के भीतर रहें और आईपीएल के सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाये। उन्होंने कहा, हम सिर्फ यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सोशल मीडिया अपनी सीमा पार न करे और उन क्षेत्रों तक न पहुंचे जहां उसकी अनुमति नहीं है।
ये गतिविधियां आगे भी बढ़ेंगी, लेकिन उन्हें आईपीएल के नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सचिव ने यह भी खुलासा किया कि आईपीएल 2026 के दौरान एंटी करप्शन यूनिट ने कुछ छोटी घटनाओं की जानकारी दी थी, जो भविष्य में बड़े विवाद का रूप ले सकती थीं। इसी कारण बोर्ड ने समय रहते सख्त दिशा-निर्देश जारी किये।
सैकिया ने कहा, जब हमारी एंटी करप्शन टीम ने कुछ ऐसी छोटी-छोटी बातों की ओर ध्यान दिलाया जो आगे चलकर बड़े विवाद का कारण बन सकती थीं, तब हमने शुरुआत में ही कार्रवाई करने का फैसला किया। इसलिए विभिन्न प्रोटोकॉल उल्लंघनों की रिपोर्ट मिलने के बाद एडवाइजरी जारी की गयी ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को पहले ही रोका जा सके।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का मानना है कि सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट क्रिकेट का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन खेल की गरिमा, खिलाड़ियों की सुरक्षा और टीम की गोपनीयता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (फ्लोरिडा)। फीफा विश्व कप 2026 से पहले इंग्लैंड की टीम ने अपने इरादे साफ कर दिये हैं। कप्तान हैरी केन और मुख्य कोच थॉमस टुचेल ने कहा है कि टीम का एकमात्र लक्ष्य विश्व चैंपियन बनना और जर्सी पर दूसरा सितारा जोड़ना है।
थॉमस टुचेल की अगुआई वाली इंग्लैंड टीम विश्व कप की तैयारियों के लिए फ्लोरिडा पहुंच चुकी है। इंग्लैंड को ग्रुप एल में क्रोएशिया, घाना और पनामा के साथ रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 17 जून को आर्लिंगटन में क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले से करेगी। विश्व कप से पहले टीम फ्लोरिडा में मौसम और परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की तैयारी कर रही है।
हालांकि, बुकायो साका, डेक्लान राइस, नोनी मडुके और एबेरेची एजे को यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल के बाद अतिरिक्त आराम दिया गया है। वहीं, मार्कस रैशफोर्ड पहले ही मियामी में टीम से जुड़ चुके हैं और गर्म मौसम में विशेष ट्रेनिंग कर रहे हैं। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में टीम के भीतर एकता लगातार मजबूत हुई है, लेकिन अब समय खिताब जीतने का है।
केन ने कहा, गैरेथ साउथगेट के शुरुआती दौर में हमने टीम को एकजुट बनाने और क्लब क्रिकेट को पीछे छोड़कर राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने पर काफी काम किया था। हर साल यह भावना और मजबूत होती गयी। लेकिन अब उम्मीद सिर्फ एक है- फिनिश लाइन पार करना और ट्रॉफी जीतना।
इंग्लैंड टीम की आधिकारिक डॉक्यूमेंट्री बिल्डिंग द ड्रीम में भी दिखाया गया कि टुचेल ने खिलाड़ियों के साथ अपनी पहली बैठक में ही विश्व कप जीतने के लक्ष्य पर खुलकर चर्चा की थी। टुचेल ने खिलाड़ियों से कहा, हम यहां क्यों हैं, इसका जवाब बिल्कुल साफ है। हम विश्व चैंपियन बनना चाहते हैं। हम अपनी जर्सी पर दूसरा सितारा जोड़ना चाहते हैं।
मेरे लिए यह जरूरी है कि हम इस लक्ष्य के बारे में खुलकर बात करें। हमारा मिशन और लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है। टुचेल का मानना है कि सिर्फ प्रतिभा के दम पर विश्व कप नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में टीम की एकजुटता और आपसी विश्वास सबसे बड़ा अंतर पैदा करता है। उन्होंने कहा, सिर्फ टैलेंट काफी नहीं है।
यह केवल फुटबॉल, रणनीति या सेट-पीस की बात नहीं है। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में टीम का माहौल और खिलाड़ियों के बीच का रिश्ता बेहद महत्वपूर्ण होता है। टुचेल ने एक विश्व कप विजेता खिलाड़ी का उदाहरण देते हुए कहा कि क्वार्टर फाइनल और फाइनल के बीच फर्क सिर्फ खेल का नहीं, बल्कि टीम के भीतर बने भाईचारे का होता है।
उन्होंने कहा, जब खिलाड़ी एक परिवार और भाईचारे की तरह जुड़ जाते हैं, तब वे एक-दूसरे के लिए सब कुछ देने को तैयार रहते हैं। यही भावना किसी टीम को चैंपियन बनाती है। इंग्लैंड ने अब तक सिर्फ एक बार विश्व कप का खिताब जीता है। ऐसे में टुचेल और केन की नजरें इतिहास रचते हुए देश को दूसरा विश्व कप दिलाने पर टिकी हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा/जमशेदपुर। टाटा के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 15वीं झारखंड राज्य सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 में जेएसएसपीएस के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन कर रांची जिला और जेएसएसपीएस का नाम रोशन किया।
जेएसएसपीएस के स्टार तैराक प्रथमी सिंह सरदार ने अकेले 5 पदक जीतकर सबका ध्यान खींचा। प्रथमी ने अपनी रफ्तार और तकनीक से सभी को प्रभावित किया।
जेएसएसपीएस के ही एक अन्य तैराक लखिंदर सिंह मुंडा ने 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में कांस्य पदक हासिल कर राज्य को गौरवान्वित किया।
जेएसएसपीएस के सीईओ ने कहा, "प्रथमी और लखिंदर दोनों ने जेएसएसपीएस मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में कड़ी ट्रेनिंग की है। पृथ्वी का पांच पदक जीतना यह दिखाता है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से झारखंड के बच्चे नेशनल लेवल पर भी चमक सकते हैं। यह जेएसएसपीएस और रांची जिले के लिए गर्व की बात है। जेएसएसपीएस अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों तथा कर्मचारियों ने बधाई और शुभकामनाएं स्विमिंग खिलाड़ियों को दी।
इस चैंपियनशिप में जेएसएसपीएस के खिलाड़ियों के प्रदर्शन से साफ है कि झारखंड में स्विमिंग का भविष्य उज्ज्वल है। पृथ्वी सिंह सरदार अब नेशनल चैंपियनशिप के लिए मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।
उमेश पासवान समेत जेएसएसपीएस
परिवार और खेल प्रेमियों ने दोनों तैराकों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEE Entertainment Enterprises) ने 2026 से 2034 तक आयोजित होने वाले FIFA के 39 प्रमुख टूर्नामेंटों के भारत में प्रसारण और स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं।
इस समझौते में FIFA World Cup 2026, FIFA World Cup 2030 और FIFA Womens World Cup 2027 जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। यह FIFA और Zee के बीच पहली आधिकारिक साझेदारी है, जो भारतीय खेल प्रसारण बाजार में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस समझौते के तहत पुरुष और महिला वर्ग के कई आयु-समूह टूर्नामेंट, फुटसल प्रतियोगिताएं और FIFA से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री सीरीज भी प्रसारित की जाएंगी।
Zee के अनुसार FIFA World Cup 2026 के उद्घाटन मुकाबले से प्रसारण की शुरुआत होगी। मैचों का प्रसारण कंपनी के नए स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा। इन चैनलों में शामिल हैं:
ज़ी एंटरटेनमेंट के CEO पुनीत गोयनका ने कहा कि फुटबॉल दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है और भारत में इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा, हम भारतीय दर्शकों तक दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक को पहुंचाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
फुटबॉल क्षेत्र, भाषा और उम्र की सीमाओं से परे लोगों को जोड़ता है। मीडिया अधिकारों में निवेश और नए स्पोर्ट्स चैनलों की शुरुआत हमारे दीर्घकालिक विजन को दर्शाती है।
FIFA के चीफ बिजनेस ऑफिसर रोमी गै ने भी भारत को फुटबॉल के लिए एक महत्वपूर्ण और संभावनाओं से भरा बाजार बताया। उन्होंने कहा, भारत हमारे लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बाजार है। यहां युवा और उत्साही दर्शकों की बड़ी संख्या फुटबॉल के विकास के लिए शानदार अवसर प्रदान करती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक FIFA ने शुरुआत में 2026 और 2030 विश्व कप के प्रसारण अधिकारों के लिए करीब 100 मिलियन डॉलर की मांग की थी, जिसे बाद में घटाकर लगभग 60 मिलियन डॉलर कर दिया गया। बताया जाता है कि JioStar ने करीब 20 मिलियन डॉलर की पेशकश की थी, जबकि Sony इस बोली प्रक्रिया से बाहर हो गया था। हालांकि Zee और FIFA के बीच हुए अंतिम समझौते की वित्तीय जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
Zee का Unite8 Sports नेटवर्क पहले से क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन, कुश्ती और कॉम्बैट स्पोर्ट्स का प्रसारण करता है। FIFA के साथ यह नई साझेदारी कंपनी की खेल प्रसारण क्षेत्र में मौजूदगी को और मजबूत करेगी। अब 2026 FIFA World Cup इस साझेदारी की पहली बड़ी परीक्षा होगा, जिस पर भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें टिकी रहेंगी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (रांची)। झारखंड क्रिकेट के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया है। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित पहली झारखंड टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी (आॅक्शन) शुरू हो गयी है।
इस आॅक्शन में राज्य के विभिन्न जिलों और क्रिकेट संरचनाओं से जुड़े 275 खिलाड़ियों पर छह फ्रेंचाइजी टीमें बोली लगा रही हैं। पहली बार झारखंड में फ्रेंचाइजी आधारित टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित की जा रही है, जिसे राज्य क्रिकेट के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस लीग में रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की खरीदारी के लिए 50 लाख रुपये का पर्स उपलब्ध कराया गया है। सभी टीमें अपने-अपने रणनीतिक संयोजन के अनुसार खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए बोली लगा रही हैं।
आॅक्शन में झारखंड क्रिकेट के कई चर्चित नाम शामिल हैं। इनमें भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन, रॉबिन मिंज, कुमार कुशाग्र, अनुकुल रॉय, सुषांत मिश्रा, उत्कर्ष सिंह और विराट सिंह जैसे खिलाड़ी प्रमुख आकर्षण का केंद्र हैं। इन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
नीलामी प्रक्रिया का संचालन प्रसिद्ध कमेंटेटर और पेशेवर आॅक्शनर चारू शर्मा कर रहे हैं। चारू शर्मा इससे पहले आईपीएल समेत कई बड़े क्रिकेट आयोजनों की नीलामी का संचालन कर चुके हैं। ऐसे में झारखंड टी20 लीग के पहले आॅक्शन को लेकर भी क्रिकेट प्रेमियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
नियमों के अनुसार प्रत्येक फ्रेंचाइजी को कम से कम 16 और अधिकतम 18 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करना होगा। नीलामी पूल में शामिल खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों में रखा गया है।
सात खिलाड़ियों को आइकॉन कैटेगरी में शामिल किया गया है, जिनका बेस प्राइस 4 लाख रुपये निर्धारित है। वहीं कैटेगरी-ए के सीनियर राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का बेस प्राइस 75 हजार रुपये रखा गया है। अन्य खिलाड़ियों को भी अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि झारखंड टी20 लीग राज्य के क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस लीग के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने और पेशेवर क्रिकेट को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
साथ ही यह प्रतियोगिता झारखंड क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। झारखंड क्रिकेट जगत की नजरें फिलहाल इस आॅक्शन पर टिकी हैं, जहां कई खिलाड़ियों के करियर को नई दिशा मिल सकती है और फ्रेंचाइजि अपनी मजबूत टीमों के गठन में जुटी हुई हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने एशियाई खेलों के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को 30 पुरुष संभावित खिलाड़ियों की सूची सौंपी है। इस लिस्ट में 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शामिल है।
लेकिन हैरत की बात ये है कि लिस्ट में भारत के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और टेस्ट व वनडे कप्तान शुभमन गिल का नाम शामिल नहीं है। बता दें कि हर चार साल पर होने वाले एशियाई खेल इस साल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में खेला जायेगा।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड पहले से ही दो अलग-अलग टी-20 टीम बनाने का प्लान कर रहा था, क्योंकि वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज का कुछ हिस्सा एशियाई खेलों के कार्यक्रम के साथ टकरा रहा रहा है। एशियाई खेलों में पुरुषों की क्रिकेट स्पर्धा 24 सितंबर से तीन अक्टूबर के बीच।
जबकि भारत और वेस्टइंडीज की सीरीज 27 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा। जिसमें तीन वनडे और पांच टी-20 मैच शामिल हैं। इस सीरीज में गिल वनडे में टीम की कप्तानी करेंगे इसलिए उन्हें एशियाई खेलों के लिए नहीं चुना गया है।
पीटीआई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2028 ओलंपिक खेलों और अगले टी20 विश्व कप को देखते हुए सूर्यकुमार अब बोर्ड की बड़ी योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। इसलिए एशियाई खेलों की संभावित सूची में उनका नाम नहीं होना कोई हैरानी की बात नहीं है।
सूर्य के संभावित 30 खिलाड़ियों के सूची में न होने से टीम इंडिया के नये टी-20 कप्तान पर चर्चा तेज हो गयी है। हालांकि एशियाई खेलों की इस सूची में कप्तानी के दावेदारों में श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा सबसे आगे हैं।
गेंदबाजों की सूची में जसप्रीत बुमराह का भी नाम सूची में शामिल है, हालांकि 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए इस समय बुमराह और बोर्ड की प्राथमिकता वनडे हो सकती है। स्पिनरों में मुख्य स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे इस सूची में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। लेकिन इन चारों में से केवल दो के ही चुने जाने की उम्मीद है। बाकी दो खिलाड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलेंगे।
यशस्वी जयसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बडोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, रुतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विपराज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड के खेल इतिहास में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब राज्य के तीन प्रतिभाशाली पहलवान एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए रांची से रवाना हुए। यह पहला अवसर है जब झारखंड से एक साथ तीन पहलवान सीनियर स्तर के एशियन गेम्स ट्रायल के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुए हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से राज्य के खेल जगत में उत्साह और गर्व का माहौल है।
एशियन गेम्स ट्रायल के लिए रवाना होने वाले खिलाड़ियों में रिया कुमारी (53 किलोग्राम महिला वर्ग), अमित गोप (77 किलोग्राम ग्रीको रोमन) और अभिषेक कुमार (60 किलोग्राम ग्रीको रोमन) शामिल हैं। रिया और अभिषेक सेंटर आॅफ एक्सीलेंस से जुड़े हैं, जबकि अमित गोप रांची से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। तीनों खिलाड़ी दिल्ली और लखनऊ में आयोजित होने वाले चयन ट्रायल में भाग लेंगे।
ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने पर उन्हें एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह मिल सकती है। बता दें कि एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में होना है। ऐसे में झारखंड के खिलाड़ियों के पास अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर होगा। राज्य के खेल प्रेमियों और युवा पहलवानों को इन खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें हैं।
झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह झारखंड के लिए ऐतिहासिक क्षण है। हमारे तीनों खिलाड़ियों रिया, अमित और अभिषेक ने अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता खेल विभाग, झारखंड सरकार, साझा और जेएसएसपीएस के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।
हमें पूरा विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी ट्रायल में शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में कुश्ती के क्षेत्र में लगातार प्रतिभाएं उभर रही हैं और अब राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। रजनीश कुमार ने यह भी कहा कि रिया, अमित और अभिषेक की सफलता राज्य के हजारों युवा पहलवानों के लिए प्रेरणा बनेगी।
खिलाड़ियों के रवाना होने से पहले खेल सचिव मुकेश कुमार, झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष जीशान कमर, खेल निदेशक छवि रंजन, उप निदेशक साझा राजेश कुमार, अभिभावक के। रवि कुमार और मार्गदर्शक भोलानाथ सिंह समेत कई खेल पदाधिकारियों और संघ के सदस्यों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
मौके पर झारखंड कुश्ती संघ के पदाधिकारी, जिला संघों के प्रतिनिधि, कोच और खिलाड़ियों के परिजन भी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन और भारतीय टीम में चयन की कामना की। झारखंड के तीन पहलवानों का एक साथ एशियन गेम्स ट्रायल तक पहुंचना राज्य में कुश्ती खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर समेत समूचे क्रिकेट जगत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल एलिमिनेटर में 29 गेंद में 97 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की है और तेंदुलकर ने उनके बल्ले के स्विंग को बेहतरीन बताया है।
सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक 59 छक्कों का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। उनकी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनायी। 15 वर्ष के सूर्यवंशी इस सत्र में 65 छक्के लगा चुके हैं।
तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा- वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का स्विंग बेहतरीन है। इससे भी खास बात यह है कि अपने पैरों पर पड़ती गेंद के लिए जगह बनाते हुए वह फ्रंटफुट का कैसे खूबसूरती से इस्तेमाल करता है। इससे वह मनचाहे शॉट खेल पाता है। उसकी पारी शानदार थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse