खेल समाचार

View All
Published / 2021-04-09 09:42:32
कोरोना संक्रमण के बीच आज आईपीएल का आगाज, मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच घमासान

एबीएन डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत जब शुक्रवार से होगी तो रोहित शर्मा अपनी विरासत को बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगे जबकि विराट कोहली नई विरासत तैयार करना चाहेंगे। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण लीग का आयोजन जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में होगा और दर्शकों को स्टेडियम में आने की इजाजत नहीं होगी। सिर्फ पांच महीने में दो आईपीएल टूर्नामेंट संबंधित हितधारकों के लिए आदर्श स्थिति नहीं है लेकिन कोविड-19 मामलों की दूसरी लहर के बीच प्रशंसकों के लिए अगले सात हफ्ते काफी रोमांचक होंगे जहां उन्हें बड़े छक्के, सटीक यॉर्कर और नई प्रतिभा देखने को मिलेगी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के बीच यहां खेला जाएगा और दोनों टीमों में बड़े हिटर की मौजूदगी सुनिश्चित करेगी कि दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हो जो महामारी के कारण स्टेडियम में नहीं आ पाएंगे। टूर्नामेंट पर भी कोरोना वायरस का साया पड़ा है और लीग की शुरुआत से पहले कुछ खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ पॉजिटिव पाए गए हैं। लेकिन खेलों के लिए कड़े जैविक रूप से सुरक्षित माहौल के कारण भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को उम्मीद है कि यूएई में पिछले टूर्नामेंट की तरह इस टूर्नामेंट का आयोजन भी सुचारू रूप से होगा। मुंबई के पास विस्फोटक बल्लेबाजों की भरमार पांच खिताब के साथ आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान रोहित छठी ट्रॉफी के साथ लीग में पहली खिताबी हैट्रिक बनाना चाहेंगे। रोहित अगर बल्लेबाजी में विफल रहते हैं तो क्विंटन डिकॉक सफलता हासिल करने को तैयार होंगे। अगर ये दोनों ही विफल रहेंगे तो फिर ईशान किशन और सूर्य कुमार यादव जैसे बल्लेबाजों पर जिम्मेदारी होगी। मुंबई का शीर्ष क्रम अगर पूरी तरह नाकाम रहता है तो फिर पांड्या बंधु (हार्दिक और क्रुणाल) विरोधी को पस्त करने उतरेंगे। साथ ही टीम के पास पोलार्ड जैसा तूफानी बल्लेबाज है जो मैदान पर अपने दमदार क्षेत्ररक्षण के कारण भी टीम के लिए काफी अहम है। बोल्ट और बुमराह पर होगा दारोमदार गेंदबाजी का दारोमदार ट्रेंट बोल्ट और राहुल चाहर जैसे गेंदबाजों पर होगा। मुंबई इंडियंस की टीम अपने खराब दिन ही हार सकती है और अपने अच्छे दिन वे किसी भी विरोधी टीम के लिए बुरे सपने की तरह हैं। कोहली-एबी को मैक्सवेल का साथ भारतीय टीम के कप्तान रनमशीन विराट कोहली पहली बार आईपीएल खिताब जीतने उतरेंगे। उनके नेतृत्व में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) का संयोजन मुंबई जितना प्रभावी नहीं दिखता। टीम ने ग्लेन मैक्सवेल पर भारी भरकम राशि खर्च की है। देवदत्त पडिक्कल अपना दूसरा सत्र खेलने उतरेंगे और इस बार टीमों ने उनके लिए रणनीति बनाई होगी। दक्षिण अफ्रीका के एबी डीविलियर्स अगर लय में हो तो उनके सामने कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं है। गेंदबाजी हो सकती है कमजोर कड़ी धुरंधर बल्लेबाज होने के बावजूद बैंगलोर की गेंदबाजी उतनी दमदार नहीं दिखती। न्यूजीलैंड के काइल जैमीसन रातों-रात करोड़पति बन गए जबकि भारतीय विकेटों पर उनकी गेंदबाजी की परख अब तक नहीं हुई है। स्पिनर युजवेंद्र चहल लय खोते हुए दिख रहे हैं। मोहम्मद सिराज और नवदीप सैनी सीमित ओवरों के क्रिकेट में अब तक बहुत प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। टीम इस प्रकार है : मुंबई: रोहित शर्मा (कप्तान), एडम मिलने, आदित्य तारे, अनमोलप्रीत सिंह, अनुकूल रॉय, अर्जुन तेंदुलकर, क्रिस लिन, धवल कुलकर्णी, हार्दिक पंड्या, इशान किशन, जेम्स नीशाम, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, मार्को जानसेन, मोहसिन खान, नाथन कूल्टर नाइल, पीयूष चावला, क्विंटन डिकॉक, राहुल चाहर, सौरभ तिवारी, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट, युद्धवीर सिंह। बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), एबी डीविलियर्स, देवदत्त पडीक्कल, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज, केन रिचर्डसन, वाशिंगटन सुंदर, पवन देशपांडे, फिन एलेन, शाहबाज अहमद, नवदीप सैनी, एडम जांपा, काइल जैमीसन, ग्लेन मैक्सवेल, रजत पाटीदार, सचिन बेबी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, डैनियल क्रिस्टियन, केएस भरत, सुयश प्रभुदेसाई, डैनियल सैम्स, हर्षल पटेल।

Published / 2021-04-08 14:59:47
IPL पर एबीएन पोल:फैंस को चाहिए इस बार कोई नया चैम्पियन

एबीएन डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन का आगाज कल से होने वाला है। इस बार फैंस को उम्मीद है कि कोई नई टीम चैम्पियन बन सकती है। वहीं, दूसरे नंबर पर लोगों से महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस (MI) को सपोर्ट मिला है। यह बात भास्कर के सोशल मीडिया पर किए गए पोल में सामने आई है। भास्कर पोल में फैंस से 2 सवाल पूछे गए थे। पहला यह था कि क्या इस बार पहले से चैम्पियन रह चुकी टीम खिताब जीतेगी। इस ऑप्शन को 45.9% वोट मिले। दूसरा सवाल था कि क्या कोई नई टीम चैम्पियन बनेगी। इस पर फैंस ने 54.1% वोट किए। मुंबई टीम लगातार तीसरे साल खिताब जीतने उतरेगी यदि यूजर्स के कमेंट्स की बात की जाए तो इसमें CSK और MI को सपोर्ट मिला है। अब तक के 13 सीजन में 8 बार यही दोनों टीम विनर रही हैं। MI ने सबसे ज्यादा 5 बार 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीता। वह पिछले दो सीजन से लगातार चैम्पियन है। मुंबई टीम इस बार खिताब की हैट्रिक के इरादे से उतरेगी।

Published / 2021-04-08 12:54:59
सचिन तेंदुलकर को अस्पताल से मिली छुट्टी

दिग्गज क्रिकेटर और सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड बनाने वाले सचिन तेंदुलकर कोरोना महामारी से उबर चुके हैं। सचिन को गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई और वह अब अपने घर में ही क्वारंटीन रहेंगे। गौरतलब है कि सचिन 27 मार्च को कोरोना संक्रमित हुए थे। तब उन्होंने खुद इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की थी।

Published / 2021-04-08 11:55:55
भारतीय हाॅकी टीम ने ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना से खेला 4-4 से ड्रॉ

एबीएन डेस्क। भारतीय हॉकी टीम से यहां मंगलवार को पहले अभ्यास मैच में 3-4 से हारने के बाद ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना ने बुधवार को खेले गए दूसरे अभ्यास मैच में भारत के साथ तनावपूर्ण मुकाबला 4-4 से ड्रा खेला । भारत अब 11 अप्रैल को एफआईएच हॉकी प्रो लीग मुकाबले में अर्जेंटीना से भिड़ेगा। भारत की तरफ से वरुण कुमार ने सातवें और 44वें, राजकुमार पाल ने 13वें, रुपिंदर पाल सिंह ने 14वें मिनट में गोल दागे, जबकि मेजबान टीम की तरफ से लिंड्रो टोलिनी ने दसवें, लुकास टोसकानी ने 23वें, इग्नारशियो ओर्टिज ने 42वें और लुकास ने 57वें मिनट में गोल किए। भारतीय टीम ने पहले ही क्वा र्टर में तीन गोल करते हुए मैच की शानदार शुरूआत की। पहले गोल का श्रेय मंदीप सिंह को मिला, जिन्होंतने मैच के सातवें मिनट में भारत को पेनल्टील कॉर्नर दिलाने मदद की, जिसे ड्रैग फ्लिकर वरुण कुमार ने शानदार गोल में तब्दील कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई, लेेकिन अर्जेंटीना ने भी जोश दिखाया और वह 10वें मिनट में पेनल्टीश कॉर्नर हासिल करने में कामयाब हुआ, जिसे पिछले अभ्यास मैच में दो शानदार गोल दागने वाले लिंड्रो टोलिनि के शानदार ड्रैगफ्लिक के जरिए गोल में बदला, जिसने अर्जेंटीना को 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया । हालांकि भारत ने 13वें मिनट में राजकुमार पाल के नीलकांत शर्मा की मदद से शानदार गोल की बदौलत फिर 2-1 की बढ़त बना ली और फिर अगले ही मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे फॉरवर्ड ललित उपाध्याय ने रुपिंदर पाल सिंह के सहयोग से गोल में बदला और भारत की बढ़त को 3-1 से आगे कर दिया। दूसरे क्वाेर्टर की शुरूआत से ही दोनों टीमों ने पेनल्टीर कॉर्नर हासिल करने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली, हालांकि 23वें मिनट में अर्जेंटीना के लुकास टोसकानी ने शानदार गोल करके 3-2 पर पहुंच कर बढ़त के अंतर को कम किया। मौके की नजाकत को समझते हुए भारत ने आक्रामक अंदाज में जवाबी हमला किया, जिसकी बदौलत उसे दो मौके मिले, लेकिन वह गोल करने में नाकाम रहा। 10 मिनट के हाफटाइम ब्रेक के बाद तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने हावी होने की कोशिश की और जोश के साथ खेल खेला और आखिरकार अर्जेंटीना पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में कामयाब हुआ और उसके मिडफील्डर इग्नाआशियो ओर्टिज ने शानदार गोल दाग कर स्कोर को 3-3 से बराबर कर दिया। इस दौरान भारत ने हौसला नहीं गंवाया और मंदीप सिंह के प्रयासों से उसे 44वें मिनट में पेनल्टीस कॉर्नर मिला और ड्रैग फ्लिकर वरुण ने कोई गलती न करते हुए इसे गोल में तब्दीवल कर भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। इस बीच 57वें मिनट में अर्जेंटीना की टीम गोल करने में कामयाब हुई और स्को्र 4-4 से बराबर कर दिया।इसके बाद दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीऔर मैच 4-4 के स्कोर पर बराबर समाप्त हुआ।

Published / 2021-04-08 06:35:53
16 अप्रैल को टी20 विश्व कप को लेकर हो सकते हैं बड़े फैसले : बीसीसीआई

एबीएन डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की शीर्ष परिषद की बैठक 16 अप्रैल को होगी जिसमें इस साल अक्टूबर नवम्बर में होने वाले टी-20 विश्व कप के अलावा 2028 के लॉस एंजेलिस ओलम्पिक में क्रिकेट को शामिल करने को लेकर चर्चा होगी। बीसीसीआई के सचिव जय शाह के सदस्यों को भेजे गए पत्र में यह जानकारी दी गई है। सूत्रों के अनुसार बैठक में टी-20 विश्व कप के अलावा घरेलू क्रिकेट और क्रिकेट को ओलम्पिक में शामिल करने पर भारत के अंतिम फैसले पर चर्चा होगी। बैठक की तारिख तो तय हो गयी है लेकिन इसके समय और स्थान के बारे में निर्धारित समय में बताया जाएगा। बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने पुष्टि की है कि महाराष्ट्र में लॉकडाउन के बावजूद इस साल आईपीएल 14 अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा।

Published / 2021-04-07 08:14:34
भारतीय पुरुष हॉकी टीम का जोरदार आगाज, ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 4-3 से रौंदा

एबीएन डेस्क। अर्जेंटीना दौरे पर गई भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जोरदार शुरूआत की है ब्यूनस आयर्स में दोनों टीमों के बीच खेले गए पहले अभ्यास मैच में टीम इंडिया ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए ओलंपिक चैम्पियन अर्जेंटीना को 4-3 से हरा दिया. भारत की तरफ से नीलकांत शर्मा ने 16 मिनट में गोल किया। वहीं हरमनप्रीत सिंह 28वें और रुपिंदर पाल सिंह 33वें जबकि वरुण कुमार ने 47वें मिनट में गोल दागकर भारत को ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ 4-3 से जीत दिलाने में सफल रहे। वहीं इस पहले अभ्यास मैच में अर्जेंटीना की तरफ से ड्रैग फ्लिकर लिएंड्रो तोलिनी 35वें मिनट और मासियो कासेला ने 41वें मिनट में मेजबान टीम के लिए गोल किए। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने ज्यादातर सुरक्षात्मक हॉकी खेली लेकिन दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अख्तियार किया। शैलेंद्र लाकड़ा ने भारत की तरफ से पहले गोल की नींव रखी जिनके एक बेहतरीन पास पर नीलकांत ने अर्जेंटीना के गोलकीपर को छकाते हुए टीम के लिए गोल किया। भारत ने इसके बाद मेजबान टीम के खिलाफ लगातार हमले करते हुए बैकफुट पर रखा। इस दौरान अर्जेंटीना ने भारत के आक्रमण का जवाब देते हुए पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया। लेकिन भारत के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने मेजबान टीम के मंसूबों को नाकाम कर दिया। इस दौरान भारत ने दिलप्रीत सिंह के जरिए पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया और हरमनप्रीत सिंह के शानदार शॉट्स के बदौलत भारतीय टीम को 2-0 से आगे कर दिया। मेजबान टीम ने तीसरे क्वार्टर में वापसी की और ड्रैग फ्लिकर लिएंड्रो तोलिनी ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया। इसके बाद भारत को भी पेनाल्टी कॉर्नर मिला और रूपिंदर पाल सिंह ने गोल दागकर टीम इंडिया को 3-1 से आगे कर दिया। वहीं 41वें मिनट में अर्जेंटीना के मासियो कासेला ने गोल कर बढ़त को कम किया। भारत ने अंति क्षणों में शानदार खेल दिखाते हुए अर्जेंटीन पर बढ़त बरकरार रखी। 47वें मिनट में भारत की तरफ से दिलप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया जिसे गोल में तब्दील करने में वरुण कुमार ने कई गलती नहीं की। वहीं 53वें मिनट में अर्जेंटीना की तरफ से लिएंड्रो तोलिनी ने एक और गोल कर बढ़त को 3-4 किया। लेकिन इसके बाद भारत की मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे मेजबान टीम की एक न चली और भारत ने इस पहले अभ्यास मैच में अर्जेंटीना को 4-3 से हरा दिया। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा अभ्यास मैच 8 अप्रैल को खेला जाएगा।

Published / 2021-04-06 14:41:35
तोक्यो ओलंपिक में भाग नहीं लेगा उत्तर कोरिया

उत्तर कोरिया ने कहा है कि कोरोना महामारी के कारण वह तोक्यो ओलंपिक में भाग नहीं लेगा। उत्तर कोरिया के खेल मंत्रालय की एक वेबसाइट ने कहा कि 25 मार्च को राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया। सदस्यों का मानना था कि कोरोना महामारी के बीच खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय ने मंगलवार को इस फैसले पर खेद जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि तोक्यो ओलंपिक दोनों कोरियाई देशों के आपसी संबंध बेहतर करने का एक जरिया साबित होंगे। जापान की ओलंपिक मंत्री तामायो मारूकावा ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें अभी इसकी पुष्टि का इंतजार है और वह तुरंत इस पर टिप्पणी नहीं कर सकती। जापान की ओलंपिक समिति ने कहा कि उत्तर कोरिया ने अभी उसे इस बात की सूचना नहीं दी है कि वह तोक्यो ओलंपिक में भाग नहीं लेगा। उत्तर कोरिया ने 2018 में दक्षिण कोरिया में हुए शीतकालीन ओलंपिक में 22 खिलाड़ियों को भेजा था। सरकारी अधिकारियों, कलाकारों, पत्रकारों के अलावा महिलाओं के चीयरिंग ग्रुप में 230 सदस्य थे। उन खेलों में उत्तर और दक्षिण कोरिया ने एकीकृत कोरियाई प्रायद्वीप के प्रतीक नीले नक्शे के तले साथ में मार्च किया था।

Published / 2021-04-06 11:15:14
कोरोना के कारण आगामी घरेलू बैडमिंटन टूर्नामेंट स्थगित

भारत में होने वाले आगामी घरेलू बैडमिंटन टूर्नामेंट देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिए गए हैं। भारतीय बैडमिंटन संघ ने सोमवार शाम को एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी । विज्ञप्ति के अनुसार पिछले 24 घंटों में एक लाख चार हजार कोरोना मामले सामने आये हैं और स्थिति इस समय गंभीर दिखाई दे रही है। संघ के अध्यक्ष ने खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के स्वास्थय के मद्देनजर आगामी अखिल भारतीय रैंकिंग टूर्नामेंटों को अगले आदेश तक स्थगित रखने का फैसला किया है। इसमें 18 से 25 अप्रैल तक बेंगलुरु में होने वाला अखिल भारतीय रैंकिंग टूर्नामेंट शामिल है जिसके लिए देश भर से लगभग 2000 प्रविष्टियां आ चुकी हैं जबकि बेंगलुरु और हैदराबाद में कोरोना के मामले बढ़ चुके हैं और बाई को अखिल भारतीय टूर्नामेंटों को अगले आदेश तक स्थगित करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

Page 211 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse