खेल समाचार

View All
Published / 2021-04-28 14:46:35
महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव, अस्पताल से मिली छुट्टी

कोरोना महामारी का प्रकोप पूरे देश के साथ-साथ झारखंड के कई जिलों समेत राजधानी रांची में भी देखने को मिल रहा है. क्या आम क्या खास, हर कोई इससे प्रभावित है. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता भी कोरोना से संक्रमित हो गए थे. इसके चलते 20 अप्रैल को उन्हें रांची के बरियातू स्थित पल्स अस्पताल में एडमिट किया गया था. मंगलवार को कोरोना वायरस रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है. चिकित्सकों की निगरानी में इनका इलाज किया जा रहा था. मंगलवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद अस्पताल से रिलीज कर दिया गया. अस्पताल संचालक सह चिकित्सक अभिषेक झा ने जानकारी देते हुए कहा कि 70 -80 वर्ष के बुजुर्ग जब इस महामारी से उभर सकते हैं तो युवा भी हौसला रखें और चिकित्सकों द्वारा जो सलाह दी जा रही है उन्हें वह मानें तो कोरोना को हराना उतना मुश्किल नहीं होगा. महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता लगातार चिकित्सकों के परामर्श लेने के साथ ही सकारात्मक तरीके से अस्पताल में इलाज करवा रहे थे और उनका रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

Published / 2021-04-28 11:24:48
एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2021 की मेजबानी करेगा दुबई

एबीएन डेस्क। भारत में अंतर्राष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों के मद्देनजर, भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने एशियाई मुक्केबाजी परिसंघ (एएसबीसी) के साथ विचार विमर्श करने के बाद आगामी एएसबीसी एशियाई एलीट पुरुष और महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2021 को दुबई में 21 मई से एक जून तक आयोजित कराने का फैसला किया है। टूर्नामेंट का आयोजन अब बीएफआई द्वारा यूएई बॉक्सिंग फेडरेशन के साथ मिलकर किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन इससे पहले, नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21 से 31 मई तक होने वाला था। टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए बीएफआई को खेल मंत्रालय से एनओसी भी मिली थी और इसकी तैयारियां जोरों पर थीं। हालांकि, मौजूदा महामारी की स्थिति के कारण कई देशों द्वारा लगाए गए नए अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों को देखते हुए बीएफआई और एएसबीसी ने संयुक्त रूप से टूर्नामेंट को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया।

Published / 2021-04-27 12:13:36
विदेशी खिलाड़ी को घर पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : BCCI

एबीएन डेस्क। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को कहा वह इंडियन प्रीमियर लीग में भाग ले रहे खिलाड़ियों की टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद बिना किसी रुकावट के स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिये अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करेगा। भारत में कोविड-19 के मामले बढ़ने के कारण तीन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के स्वदेश लौट जाने के बाद बीसीसीआई ने यह बयान दिया है। आपको घर पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : राजस्थान रॉयल्स के एंड्रयू टाई तथा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के केन रिचर्डसन और एडम जंपा ने आईपीएल से हटने का फैसला किया। बीसीसीआई सीओओ हेमांग अमीन ने खिलाड़ियों को संबोधित पत्र में कहा , हम जानते हैं कि आप में से कई इस बात को लेकर आशंकित हैं कि टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद स्वदेश कैसे लौटेंगे। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। हम आपको आश्वस्त करते हैं कि बीसीसीआई के लिए तब तक टूर्नामेंट समाप्त नहीं होगा जब तक आप सकुशल अपने घर नहीं पहुंच जाते।

Published / 2021-04-27 12:07:13
लीस्टर जीत से चैंपियन्स लीग में जगह बनाने के करीब पहुंचा

एबीएन डेस्क। केलेची इहियानाचो के विजयी गोल के दम पर लीस्टर ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल टूर्नामेंट में क्रिस्टल पैलेस को 2-1 से हराकर चैंपियन्स लीग में जगह बनाने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाये। नाईजीरियाई स्ट्राइकर ने सभी प्रतियोगिताओं में पिछले 14 मैचों में 14 गोल किए हैं। विल्फ्रेड जाहा ने क्रिस्टल को 12वें मिनट में बढ़त दिला दी थी और वह मध्यांतर तक 1-0 से आगे था। टिमोथी कैस्टान ने 50वें मिनट में लीस्टर को बराबरी दिलाई जबकि इहियानाचो ने 80वें मिनट में विजयी गोल दागा। लीस्टर की यह 33 मैच में 19वीं जीत है जिससे उसके 62 अंक हो गए हैं और वह चौथे नंबर पर काबिज चेल्सी से चार अंक आगे हो गया है। चोटी की 4 टीमें चैंपियन्स लीग में जगह बनाती है और लीस्टर अब 5वें नंबर के वेस्ट हैम से सात अंक आगे हो गया है।

Published / 2021-04-26 13:03:43
तीरंदाजी युगल दीपिका और अतनु को स्वर्ण, विश्व में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

एबीएन डेस्क । भारतीय तीरंदाजी की सितारा जोड़ी दीपिका कुमारी और उनके पति अतनु दास ने दो व्यक्तिगत स्वर्ण जीते जिससे भारत ने विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के पहले चरण में तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका ने अपने कैरियर में विश्व कप में तीसरा व्यक्तिगत स्वर्ण जीता। वहीं दास ने विश्व कप में पहला स्वर्ण अपने नाम करते हुए पुरूषों के रिकर्व व्यक्तिगत फाइनल में बाजी मारी। दोनों ने तीरंदाजी विश्व कप फाइनल के लिए क्वालीफाई भी कर लिया। पिछले साल जून में दीपिका से विवाह करने वाले दास ने कहा- हम साथ में यात्रा करते हैं, अभ्यास करते हैं, प्रतियोगिता करते हैं और जीतते हैं। उसे पता है कि मुझे क्या पसंद है और मुझे पता है कि उसे क्या पसंद है। भारत के रिकर्व तीरंदाजों का यह विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है जिन्होंने दो व्यक्तिगत और एक टीम स्वर्ण जीता। रिकर्व पुरूष वर्गमें भी भारत का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 2009 में जयंत तालुकदार ने क्रोएशिया में स्वर्ण जीता था। भारत के लिए दीपिका, अंकिता भकत और कोमलिका बारी ने टीम वर्ग में स्वर्ण जीतकर शुरूआत की। तीनों ने शूट आफ में मैक्सिको को 5-4 से हराया।

Published / 2021-04-26 12:30:28
सबालेंका को फाइनल में हराकर एश्ले बार्टी बनीं चैंपियन

एबीएन डेस्क। शीर्ष रैंकिंग की टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी ने रविवार को जर्मनी के स्टुटगार्ट में खेले गए फाइनल में आर्यना सबालेंका को 3-6, 6-0, 6-3 से हराकर पोर्शे ग्रां प्री खिताब अपने नाम किया जो 2019 फ्रेंच ओपन के बाद क्ले कोर्ट पर उनका पहला खिताब है। सबालेंका पैर में पट्टी बांधकर खेल रही थी और उन्होंने तीसरे सेट से पहले मेडिकल टाइमआउट भी लिया। इस तरह बार्टी ने अपने करियर का 11वां खिताब अपनी झोली में डाला और उन्होंने लगातार तीसरी बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत हासिल की है। बार्टी ने शनिवार को सेमीफाइनल में एलिना स्वितोलिना और क्वार्टरफाइनल में कैरोलिना प्लिस्कोवा को मात दी थी। अब बार्टी और जेनिफर ब्रैडी युगल फाइनल में डेसिरे क्रावजिक और बेथानी माटेक सैंड्स की जोड़ी से भिड़ेंगी।

Published / 2021-04-25 13:07:24
चीन का वर्चस्व खत्म करना चाहती हूं : मीराबाई चानू

एबीएन डेस्क। भारत की चैंपियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू की नजरें तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर टिकी हैं और वह इस खेल में चीन के दबदबे को खत्म करना चाहती हैं। विश्व रिकॉर्ड धारक भारोत्तोलक ने कहा, मैं ओलंपिक में रजत पदक नहीं जीतना चाहती, मैं स्वर्ण पदक चाहती हूं। मीराबाई पारंपरिक रूप से भारोत्तोलन में दबदबा बनाने वाले चीन से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और तोक्यो खेलों में शीर्ष स्थान हासिल करना चाहती हैं। ओलंपिक से उत्तर कोरिया के हटने के बाद 49 किग्रा वर्ग में मीराबाई और चीन की भारोत्तोलक के बीच सीधा मुकाबले होने की उम्मीद है। मीराबाई ने कहा कि मुझे चीन की भारोत्तोलकों से बेहतर प्रदर्शन करना होगा। वे सोचती हैं कि कोई भी उनसे अधिक वजन नहीं उठा सकता लेकिन मैं इस धारणा को तोड़ना चाहती हूं। मैं उन्हें टक्कर दे सकती हूं। तोक्यो खेलों की क्वालीफाइंग रैंकिंग में अभी चीन की दो भारोत्तोलक मीराबाई से आगे हैं लेकिन नियमों के अनुसार इनमें से सिर्फ एक ओलंपिक में हिस्सा ले सकती है। मीराबाई का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 205 किग्रा है जबकि होउ झीहुई ने मौजूदा एशियाई चैंपियनशिप में स्नैच में विश्व रिकॉर्ड सहित कुल 213 किग्रा (96 किग्रा+117 किग्रा) वजन उठाया।

Published / 2021-04-24 11:31:02
भारत ने 8 स्वर्ण सहित 11 पदकों के साथ युवा विश्व मुक्केबाजी का समापन किया

एबीएन डेस्क। भारत के पुरुष मुक्केबाज सचिन (56 किग्रा) ने पोलैंड के किल्से में एआईबीए यूथ पुरुष और महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शुक्रवार को अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जीत दर्ज करके स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारत ने 8 स्वर्ण सहित 11 पदकों के साथ टूर्नामेंट का समापन किया। भारतीय महिला मुक्केबाजों ने सभी 7 स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाले। पुरुष टीम ने एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते।

Page 209 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse