एबीएन डेस्क। भारत की शान, टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू के पास 49 किग्रा महिला भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने का मौका है। इस श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन के होउ झिझी को डोप परीक्षण के लिए टोक्यो में रहने के लिए कहा गया है। यदि वह डोप परीक्षण में विफल रहती है तो भारत की मीराबाई चानू को स्वर्ण से नवाजा जा सकता है। उसे टोक्यो में रहने के लिए कहा गया है और परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण निश्चित रूप से हो रहा है। होउ झिझी ने 210 किग्रा का रिकॉर्ड वजन उठाकर श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता था और वह भारतीय भारोत्तोलक से 8 किलोग्राम आगे थी। वहीं चानू ने स्नैच में 87 किग्रा और क्लीन एंड जर्क वर्ग में 115 किग्रा भार उठाया था। तीसरा स्थान इंडोनेशिया की विंडी केंटिका को मिला जिन्होंने कुल 194 किलोग्राम भार उठाया।
एबीएन डेस्क। भारत की स्टार महिला मुक्केबाज और छह बार की विश्व चैंपियन मैरीकॉम ने टोक्यो ओलंपिक में जीत के साथ आगाज किया है। रविवार को मैरीकॉम ने 51 किग्रा भारवर्ग के पहले दौर में डोमिनियन रिपब्लिक की खिलाड़ी हर्नांडिज गार्सिया को 4-1 से शिकस्त दी। लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम ने अपने से 15 साल जूनियर और पैन अमेरिकी खेलों की कांस्य पदक विजेता को कोई मौका नहीं दिया और अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया। इस जीत के साथ वह अंतिम 16 में प्रवेश कर गई हैं। तीसरे दौर में पहुंचे शरत कमल अपना चौथा ओलंपिक खेल रहे अचंता शरत कमल ने शुरू में पिछड़ने के बाद अच्छी वापसी करते हुए टोक्यो ओलंपिक खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सोमवार को यहां पुरुष एकल के तीसरे दौर में प्रवेश किया। शरत कमल ने 49 मिनट तक चले इस मैच में पुर्तगाल के 20वीं वरीयता प्राप्त टियागो अपोलोनिया को 4-2 (2-11, 11-8, 11-5, 9-11, 11-6, 11-9) से जीत दर्ज की। उन्हें मंगलवार को तीसरे दौर में चीन के मौजूदा चैंपियन मा लांग की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। लांग अभी विश्व चैंपियन भी हैं। उन्होंने इस खेल से जुड़ा हर खिताब जीता है। भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम कोरिया से हारी अतानु दास, प्रवीण जाधव और तरुणदीप रॉय की भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम तोक्यो ओलिंपिक खेलों की टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में खिताब के प्रबल दावेदार कोरिया से 0-6 से हारकर बाहर हो गई। कोरिया के डियोक जे किम, वूजिन किम और जिनयेक ओह ने भारतीय टीम को 59-54, 59-57, 56-54 से हराया। भारतीय टीम ने इससे पहले कजाखस्तान को 6-2 से हराया था। बॉक्सर आशीष कुमार बाहर बॉक्सर आशीष कुमार को राउंड ऑफ 32 मुकाबले में चीन के एरबिएक तौहेता ने 5-0 से हराकर तोक्यो ओलिंपिक से बाहर कर दिया। टेबल टेनिस में मनिका बत्रा हारीं भारत की महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा महिलाओं की सिंगल स्पर्धा के तीसरे राउंड के मुकाबले में ऑस्ट्रिया की सोफिया पालकानोवा के खिलाफ 0 -4 (8-11, 2-11, 5-11, 7-11) से मुकाबला हार गईं।
नई दिल्ली। विश्व कैडेट चैंपियनशिप में भारत के हाथों बड़ी सफलता लगी है। भारत की महिला खिलाड़ी प्रिया मलिक ने हंगरी में चल रही इस चैंपियनशिप में महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। प्रिया ने वर्ल्ड कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप में बेलारूस की पहलवान को 5-0 से पराजित करके स्वर्ण पदक जीता। प्रिया 2019 में पुणे में खेलो इंडिया में स्वर्ण पदक, 2019 में दिल्ली में 17वीं स्कूल गेम्स में स्वर्ण पदक और 2020 में पटना में नेशनल कैडेट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। प्रिया मलिक ने साल 2020 में हुए राष्ट्रीय स्कूल खेलों में स्वर्ण जीता था। प्रिया मलिक की सफलता ने भी देश को गर्व करने का मौका दिया है। प्रिया की इस सफलता पर ट्विटर पर उनको बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा है। प्रिया चौधरी भरत सिंह मेमोरियल खेल स्कूल निडानी की खिलाड़ी है। प्रिया की उस उपलब्धि पर हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने लिखा, महिला कुश्ती खिलाड़ी प्रिया मलिक, हरियाणा की बेटी को हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित विश्व कैडेट रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। भारत की एक और युवा पहलवान तनु भी विश्व चैंपियन बनी हैं। तनु ने अपने मुकाबले में एक भी अंक नहीं गंवाते हुए 43 किलोग्राम भारवर्ग में खिताब अपने नाम किया। उसने फाइनल में बेलारूस की वालेरिया मिकिसिच को मात दी। वर्षा ने 65 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता।
रांची। सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के दो दिवसीय मुकाबले गुरुवार से शुरू होने जा रहे हैं। हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित इस चैंपियनशिप में देश की पदक की एक बड़ी उम्मीद झारखंड की रेसलर चंचला कुमारी से है। गुरुवार को हंगरी में चंचला कुमारी के कुल तीन मुकाबले हैं। पहले मुकाबले में चंचला तुर्की के रेसलर से भिड़ेगी। तुर्की से जीतने की स्थिति में उसका मुकाबला यूक्रेन और उजबेकिस्तान के विजेता से होगा। चंचला अगर इस मैच में भी जीत जाती है तो फिर उसका मुकाबला कजाकिस्तान और अमेरिका के मैच विजेता से होगा। रांची की चुस्त और फुर्तीली चंचला अगर ये तीनों मुकाबले जीत लेती है तो वह सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। जिसके बाद अगले ही दिन शुक्रवार 23 जुलाई को सब जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। चंचला के साथ हंगरी गये अंतर्राष्ट्रीय कोच बबलू कुमार ने बताया कि चैंपियनशिप में चंचला की दावेदारी पूरी है। उम्मीद है कि चंचला मैच दर मैच बेहतर प्रदर्शन करती जाएगी। उन्होंने बताया कि इतने बड़े टूर्नामेंट में फिटनेस और फुर्ती के साथ माइंड गेम भी जबरदस्त होगा। उन्होंने कहा कि चंचला व्यवहार में जितनी शांत है। रिंग में उतनी ही ज्यादा फुर्तीली है। झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कोच भोलानाथ सिंह ने बताया कि उन्हें चंचला से पदक की पूरी उम्मीद है। क्योंकि चंचला कुश्ती के हर पैतरे को बेहतर समझती है। उन्होंने बताया कि खेलगांव में चंचला को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग दी गयी थी। जिसका असर हंगरी में दिखेगा। हंगरी रवाना होने से पहले चंचला को रांची के खेलगांव में उच्चस्तर का प्रशिक्षण दिया गया था। जहां उसे अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए पूरी तरह से तैयार किया गया था। चंचला को खेलगांव में प्रशिक्षण देने वाले कोच राजीव रंजन उर्फ भीम और मधु तिर्की को भी भरोसा है कि चंचला पदक लेकर ही अपने देश लौटेगी। बता दें कि चंचला रांची के ओरमांझी की रहनेवाली है।
एबीएन डेस्क। भारत और श्रीलंका के बीच रविवार से तीन मैचों की वन-डे सीरीज की शुरुआत हो रही है। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजे शुरू होगा। भारतीय टीम में भले ही कई स्टार खिलाड़ी नहीं है लेकिन उसके युवा खिलाड़ी टी-20 विश्व कप टीम में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को बेताब हैं और ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों के छह मैचों की सीरीज रोमांचक होने की संभावना है। किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीरीज में जीत प्रमुख होती है लेकिन इस दौरे में भारत कुछ नए संयोजन आजमा सकता है। श्रीलंकाई टीम में कोरोना के कुछ मामले आने के बाद यह सीरीज पांच दिन देर से शुरू हो रही है। सीरीज में तीन वन-डे और इतने ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। दासुन शनाका पिछले चार वर्षों में टीम में 10वें कप्तान होंगे और धनंजय डिसिल्वा और तेज गेंदबाज दुशमंत चमीरा को छोड़कर कोई भी ऐसा खिलाड़ी नजर नहीं आता है जो शिखर धवन की अगुवाई वाली भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दे सके। ब्रिटेन दौरे में बायो बबल का उल्लंघन के कारण कुसल मेंडिस और निरोशन डिकवेला के निलंबन और पूर्व कप्तान कुसाल परेरा के चोटिल होने से श्रीलंका कमजोर पड़ गया है। इंग्लैंड के खराब दौरे के बाद यदि उसकी टीम जीत दर्ज करती है तो यह उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
दुबई। भारतीय कप्तान मिताली राज ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की शृंखला में शानदार प्रदर्शन की बदौलत तीन साल से अधिक समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की महिला एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग में एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत को शृंखला में 1-2 से हार झेलनी पड़ी लेकिन 38 साल की मिताली ने तीनों मुकाबलों में अर्धशतक जड़े। मिताली ने पहले दो वनडे में 72 और 59 रन की पारी खेली जबकि तीसरे और अंतिम मुकाबले में उनकी नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत भारत मैच जीतने में सफल रहा। मिताली चार स्थान के फायदे से शीर्ष पर पहुंच गई हैं। वह पिछली बार फरवरी 2018 में रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थी। मिताली पहली बार अप्रैल 2005 में रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थी। उन्होंने तब पोटचेफस्ट्रूम में विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 91 रन बनाए थे। पहली बार और आखिरी बार रैंकिंग में शीर्ष पर होने के बीच 16 साल का अंतर किसी भी महिला बल्लेबाज के लिए सबसे अधिक है। इंग्लैंड की जेनेट ब्रिटिन 1984 में पहली बार और 1995 में आखिरी बार नंबर एक बनी थी जबकि न्यूजीलैंड की डेबी हॉकले एक अन्य महिला बल्लेबाज हैं जिनके नंबर एक पर काबिज होने में 10 साल से अधिक का अंतर है। हॉकले पहली बार 1987 और आखिरी बार 1997 में रैंकिंग में शीर्ष पर थीं। आक्रामक भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने अंतिम 2 वनडे में 44 और 19 रन की पारी खेली जिससे वह 49 स्थान की लंबी छलांग के साथ 71वें पायदान पर पहुंच गई हैं। अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी चार स्थान के फायदे से 53वें स्थान पर हैं। गेंदबाजों की सूची में आलराउंडर दीप्ति शर्मा एक स्थान के फायदे से 12वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने अंतिम मुकाबले में 47 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज लॉरेन विनफील्ड हिल 14 स्थान के फायदे से 41वें स्थान पर हैं। उन्होंने 42 और 36 रन की पारियां खेली। सोफिया डंकले नाबाद 73 और 28 रन की पारियां खेलने के बाद 80 स्थान की लंबी छलांग के साथ 76वें पायदान पर हैं। बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन गेंदबाजों की सूची में चार स्थान के फायदे से करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने दो मैचों में पांच विकेट चटकाए। दूसरे मैच में 34 रन देकर पांच विकेट चटकाने वाली केट क्रॉस 25वें से 18वें स्थान पर पहुंच गई हैं। नेट स्किवर और सारा ग्लेन एक-एक स्थान के फायदे के साथ क्रमश: 22वें और 43वें स्थान पर हैं। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रैंकिंग में पाकिस्तान की स्पिनर निदा डार छह स्थान के फायदे से 15वें स्थान पर हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में चार विकेट चटकाए। वह देश की पहली महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 100 विकेट चटकाए। वेस्टइंडीज की शामिला कोर्नेल 14 स्थान के फायदे से 27वें स्थान पर हैं। कप्तान स्टेफनी टेलर अंतिम मैच में हैट्रिक सहित चार विकेट चटकाने के बाद 10 स्थान के फायदे से 42वें पायदान पर पहुंच गई हैं। फातिमा सना 85 स्थान के फायदे से 94वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजों की सूची में चेडीन नेशन 17 स्थान आगे बढ़कर 61वें जबकि काइसिया नाइट 20 स्थान के फायदे से 71वें स्थान पर हैं।
एबीएन डेस्क। टोक्यो ओलंपिक की शुरुआत 23 जुलाई से हो रही है। इसका समापन आठ अगस्त को होगा। इसी बीच खबर है कि भारत की तरफ से छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज मैरीकॉम और पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह उद्घाटन समारोह में देश के ध्वजवाहक होंगे। मैरी कॉम और मनप्रीत सिंह के भारत की तरफ से ध्वजवाहक होने की जानकारी सोमवार को आईओए ने दी है। इन दोनों के अलावा समापन के लिए पहलवान बजरंग पूनिया को भारतीय दल का ध्वजवाहक चुना गया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि ओलंपिक में भारत के दो ध्वजवाहक होंगे। मैरी कॉम ने इस घोषणा के बाद कहा, यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल होगा, क्योंकि यह मेरा आखिरी ओलंपिक है। मेरे लिए यह भावनात्मक पल हो सकता है। उन्होंने आगे कहा, उद्घाटन समारोह के दौरान दल की अगुवाई करने का अवसर पाकर मैं वास्तव में सम्मानित महसूस कर रही हूं। मेरे चयन के लिए मैं खेल मंत्रालय और आईओए को धन्यवाद करती हूं। मैं पदक के लिए अपना सर्वश्रेष्ट करने का वादा करती हूं। टोक्यो ओलंपिक के शुरू होने में अब लगभग एक महीने का वक्त रह गया है। आगामी 23 जुलाई से ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके आगाज से पहले आयोजकों ने खेलों के दौरान दर्शकों की मौजूदगी को लेकर बड़ा एलान किया था। दरअसल, जापान के आयोजकों ने आगामी टोक्यो ओलंपिक खेलों के दौरान सभी वेन्यू पर दर्शकों की सीमा तय करते हुए स्टेडियम की क्षमता के 50 प्रतिशत लोगों को स्थल पर आने की स्वीकृति दी है। हालांकि, आयोजकों ने साफ कर दिया है कि किसी भी वेन्यू पर ज्यादा से ज्यादा 10,000 दर्शकों को स्टेडियम आने की अनुमति रहेगी। आयोजकों के बयान के मुताबिक, ओलंपिक गेम्स में दर्शकों की लिमिट वेन्यू की क्षमता की 50 फीसदी रहेगी, जिसमें ज्यादा से ज्यादा 10,000 लोग इसे देखने स्टेडियम जा सकेंगे। बता दें कि टोक्यो ओलंपिक को कोरोना महामारी के कारण पिछले साल रद्द कर दिया गया था। इस साल भी कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते ओलंपिक खेलों के आयोजन पर लगातार सवाल उठ रहे थे। लेकिन इसके बाद इन खेलों को 23 जुलाई से कराने का फैसला लिया गया था।
सिल्ली। बिरसा मुंडा आर्चरी अकादमी सिल्ली के छह तीरंताज सोनीपत में आयोजित यूथ एंड कैडेट वर्ल्ड चैंपियन चयन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता 6 एवं 7 जुलाई को होगी। कोच शिशिर महतो ने बताया कि प्रतियोगिता में सफल तीरंदाज आगामी अगस्त माह में पोलैंड में होने वाली यूथ एंड कैडेट वर्ल्ड चैंपियनशिप प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में शामिल होंगे। चयन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले तीरंदाजों में ज्योति कुमारी, सविता कुमारी, सोनाली बाखला, अभिषेक कुमार, कृष चंद्र देव एवं स्नेह शिरीन शामिल हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse