एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। न्यूजीलैंड की जीत और अफगानिस्तान की हार के साथ ही भारत का सपना टूट गया। टीम इंडिया अब टी 20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए आज अफगानिस्तान को जीतना जरूरी था। लेकिन न्यूजीलैंड की टीम ने अफगान को कोई मौका नहीं दिया। अफगानिस्तान के 124 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड की टीम ने 18.1 ओवर में हासिल कर लिया। भारतीय फैंस उम्मीद लगाये बैठे थे कि अफगानिस्तानन टीम जीते और भारत सेमीफाइनल में पहुंचे। मगर फैंस की सभी उम्मीदों पर पानी फिर गया। न्यूजीलैंड की टीम ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया।
एबीएन डेस्क। लगातार 2 मैचों में मिली हार के बाद टीम इंडिया ने जीत का स्वाद चखा। बुधवार को खेले गये एक अहम मुकाबले में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 66 रनों से हरा दिया। जीत के साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। हालांकि अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मुकाबले पर सब कुछ टिका है। अफगानिस्तान न्यूजीलैंड को हरा देती है और टीम इंडिया अपने बचे दोनों मैच बड़े अंतर से जीत लेती है तब ही कुछ संभव है। टॉस हारकर पहले खेलते हुए भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रोहित शर्मा ने (74) और केएल राहुल ने (69) रनों की शानदार पारी खेली। टारगेट का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत काफी खराब रही। तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर मोहम्मद शमी ने मोहम्मद शहजाद को शून्य पर आउट कर पहली सफलता दिलाई। अगली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने हजरतुल्लाह जजई (13) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। रहमानुल्ला गुरबाज ने कुछ बड़े शॉर्ट्स खेले। शमी के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका भी लगाया। गुरबाज की अटैकिंग पारी पर ब्रेक रवींद्र जडेजा ने लगाया। वह 10 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। भारत को चौथी सफलता आर अश्विन ने गुलबदीन नाइब (18) को आउट कर दिलाई। अश्विन ने अपने अगले ही ओवर में नजीबुल्लाह जदरान (11) को आउट किया। छठे विकेट के लिए मोहम्मद नबी और करीम जनत ने 38 गेंदों पर 57 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को शमी ने नबी (35) को आउट कर तोड़ा। दो गेंदों के बाद ही शमी ने राशिद खान (0) को आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।
एबीएन डेस्क। टी-20 विश्व कप में रविवार को हुए करो या मरो के मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने थे, जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकट से हरा दिया। जिससे अब टीम इंडिया संकट में आ गयी है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप में अपना सबसे खराब प्रदर्शन किया। भारतीय बल्लेबाजी कीवी गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई। पहले 7 ओवरों में भारतीय टॉप ऑर्डर कीवी गेंदबाजों के सामने नतमस्तक नजर आया, जिसमें ईशान किशन (4), केएल राहुल (18) और रोहित शर्मा (14) ढेर हो गए। इसके बाद मिडिल ऑर्डर भी लाज न बचा सका। विराट कोहली 17 गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऋषभ पंत (12), हार्दिक पांड्या (23) रन बनाए। इसके बाद आए टैलेंडर्स में से शार्दुल ठाकुर डक पर आउट हुए। कुल मिलाकर इस पारी में भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी कोई भी बल्लेबाज न उठा सका और पूरी टीम 110 रन बनाकर 111 रनों का लक्ष्य दे सकी। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने अपने नाम के अनुसार गेंदबाजी की। वहीं ट्रेंट बोल्ट ने 3, इश सोढ़ी ने 2, टिम साउदी और एडम मिलने ने 1-1 विकेट लिए। इसके बाद 111 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 2 विकेट गंवाकर ये लक्ष्य प्राप्त किया। इस दौरान मिचेल ने 49 रनों की अहम पारी खेली। भारतीय गेंदबाजों की बात करें, तो जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट हासिल किए। बाकी के सभी गेंदबाज बेअसर साबित हुए मैच की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने कहा, हम साल के इस समय में ओस फैक्टर के चलते पहले गेंदबाजी करने जा रहे हैं। एक और चुनौती के लिए हम तैयार हैं। एक बदलाव है टिम सेफर्ट की जगह एडम मिल्ने खेलेंगे और डिवन कॉनवे विकेटकीपिंग करेंगे। भारत के कप्तान विराट कोहली ने कहा, हम भी पहले गेंदबाजी करते। हमें एक ठोस शुरुआत की जरूरत है और हमारे पास विकेट हैं। यह हास्यास्पद है, हम 10 दिनों में दो बार खेल रहे हैं। ये गलतियों को सुधारने का एक और मौका है। दो बदलाव, एक मजबूर के चलते है सूर्या की पीठ में ऐंठन हैं, इसलिए ईशान किशन उनकी जगह लेंगे और बल्लेबाजी की शुरुआत करेंगे। भुवी की जगह शार्दुल ठाकुर होंगे।
दुबई। टी-20 विश्व कप में पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद अब टीम इंडिया की निगाहें न्यूजीलैंड के विरुद्ध होने वाले मुकाबले पर हैं। दोनों टीमों के बीच 31 अक्तूबर को यह मैच दुबई में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप में मिली सभी हार का बदला चुकाना चाहेगी। क्रिकेट फैंस इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उधर, कई भारतीय क्रिकेटर टीम इंडिया को बाउंस बैक हैशटैग के जरिए सोशल मीडिया पर सोपोर्ट कर रहे हैं। जिनमें चेतेश्वर पुजारा समेत कई क्रिकेटर शामिल हैं। विश्व कप मैचों में अगर देखा जाए तो भारत न्यूजीलैंड से बीते 18 वर्षों से नहीं जीता है। 2007 टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप से लेकर इस साल तक हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक दोनों देशों के बीच सात मैच खेले गए जिनमें न्यूजीलैंड ने 6 मुकाबले जीते। जबकि, एक मैच बारिश के चलते नहीं हो सका। टी-20 विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैच खेले गए जिनमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। भारत विश्व कप मैचों में आखिरी बार न्यूजलैंड से साल 2003 में जीता था। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने कीवियों को सात विकेट से हराया था।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले थोड़ी राहत मिली है। टीम के स्टार अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने लंबे समय बाद नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है, जिसके बाद उनसे थोड़ी उम्मीदें भी बढ़ी हैं। हार्दिक ने दुबई आईसीसी अकादमी के मैदान में फिटनेस टेस्ट पास करने के साथ ही गेंदबाजी में भी हाथ आजमाए। हार्दिक ने 15 मिनट तक गेंदबाजी की और उसके बाद फिटनेस ड्रिल में शामिल हुए। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में टीम मैनेजमेंट कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती, खासकर हार्दिक पांड्या के प्लेइंग XI में चयन को लेकर। यही कारण है कि मैनेजमेंट ने हार्दिक का एक और फिटनेस टेस्ट करने का फैसला किया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक का शुक्रवार को एक और फिटनेस टेस्ट होगा और इसके बाद ही उन्हें अंतिम एकादश में रखने का निर्णय लिया जाएगा। पांड्या को इस टेस्ट के दौरान 3-4 ओवर की गेंदबाजी करनी होगी और इस दौरान उनपर करीब से नजर रखी जाएगी। समाचार एजेंसी एएनआई ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया कि हार्दिक के साथ गेंदबाजी में पहले दिक्कत यह होती थी कि उनकी पीठ की मांसपेशियां खींच जाती थी लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं हो रहा। उन्होंने कहा, अगर आप आईपीएल में भी देखें तो उन्होंने शुरुआत में नेट्स में गेंदबाजी की थी लेकिन उनकी मांसपेशियां में खिंचाव होने लगा और इसी वजह से उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक मुकाबले में आराम करना पड़ा था। लेकिन बुधवार को उन्होंने गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी की और कुछ पुल शॉट्स भी लगाए जिसमें उन्हें कोई परेशानी नहीं दिखी। ऐसे में हमें उम्मीद है कि वह अपने कप्तान को गेंदबाजी में विकल्प दे पाएंगे। हार्दिक से खुद कप्तान विराट कोहली को भी काफी उम्मीदें हैं और यह बात वह खुद पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच से एक दिन पहले कह चुके हैं। उन्होंने कहा था कि हार्दिक हमें छठे नंबर पर वह मजबूती देते हैं और रातोंरात उनका विकल्प ढूंढना इतना आसान नहीं है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान और भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी और स्क्वॉश स्टार दीपिका पल्लिकल ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। कार्तिक और दीपिका ने गुरुवार को बच्चों के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कीं। कार्तिक ने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा- ...और अब हम तीन से पांच हो चुके हैं। हम इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकते। इसके साथ ही कार्तिक ने दोनों बच्चों का नाम भी बताया है। एक का नाम कबीर पल्लिकल कार्तिक और दूसरे का जियान पल्लिकल कार्तिक है। तीन से पांच होने वाली लाइन में उन्होंने खुद का, दीपिका का, अपने दोनों बच्चों का और अपने कुत्ते का जिक्र किया है। कार्तिक हाल ही में यूएई में हुए आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा रहे थे। उन्होंने अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उससे पहले वह टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड दौरे पर भी गए थे। वहां उन्होंने बतौर कमेंटेटर काम किया था। बतौर कमेंटेटर कार्तिक की काफी तारीफ भी हुई थी। कार्तिक और दीपिका ने 2015 में हिंदू और क्रिश्चियन दोनों धर्मों के रिति रिवाजों से शादी की थी। कार्तिक की यह दूसरी शादी है। उनका पहली पत्नी से तलाक हो चुका है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2021 के अपने दूसरे मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। 31 अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले पर भारतीय फैंस की नजरें टिकी हैं। भारतीय टीम की कमान विराट कोहली के हाथों में रहेगी। वहीं, केन विलियमसन न्यूजीलैंड टीम की कप्तानी करेंगे। दोनों ही टीमों को इस विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने के लिहाज से यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण रहेगा। हालांकि, इतिहास को पलटकर देखा जाए तो वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारतीय टीम के खिलाफ भारी रहा है। ऐसे में न्यूजीलैंड को हराने के भारतीय टीम को हर डिपार्टमेंट में अच्छा प्रदर्शन करना ही होगा। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैच खेले हैं, जिसमें से दोनों में ही जीत कीवी टीम के हाथ लगी है। 2007 में हुए टी20 विश्व कप के पहले संस्करण में दोनों टीमों का सामना हुआ था, जहां न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रनों से हरा दिया था। इसके बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार सामना साल 2016 में हुआ। नागपुर में खेले गए उस मुकाबले में एमएस धोनी की टीम को 47 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
सिमडेगा। 11वीं राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप हो रहा है। बृहस्पतिवार को झारखंड और महाराष्ट्र टीम के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला गया। बेहद ही रोमांचक मैच में झारखंड ने महाराष्ट्र की टीम को 3-1 से मात दी। अब शुक्रवार को फाइनल में झारखंड का मुकाबला हरियाणा से होगा। झारखंड और महाराष्ट्र के बीच मैच काफी रोमांचक था। मैच में दोनों ही टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। दूसरे क्वार्टर के खत्म होने तक दोनों ही टीम एक एक की बराबरी पर थी। तीसरे क्वार्टर में झारखंड की टीम ने एक गोल कर बढ़त बना ली, जिसे झारखंड की खिलाड़ियों ने तीसरे क्वार्टर के खत्म होने तक बनाए रखा। चौथे क्वार्टर में झारखंड की टीम ने एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर तीन एक से बढ़त को और बढ़ा दी। पहला सेमीफाइनल मैच हरियाणा और चंडीगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें हरियाणा ने चंडीगढ़ को 3-2 दो से मात देकर फाइनल में जगह बना ली। अब शुक्रवार को फाइनल में झारखंड का मुकाबला हरियाणा से होगा। मंगलवार को झारखंड और पंजाब टीम के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया था। रोमांचक मुकाबला में झारखंड ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 6-2 से पंजाब को पराजित किया और झारखंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। इससे पहले झारखंड की टीम ने प्री क्वार्टर फाइनल मैच में केरल को हराया था। झारखंड ने केरल को 10-0 से करारी शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse