एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली की गिनती न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में सबसे अमीर एथलीटों में होती है। विराट के पास क्रिकेट के अलावा कमाई के और भी कई रास्ते हैं। इन्हीं में से एक है लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम। रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली में पैदा हुआ यह धाकड़ बल्लेबाज इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के लिए करोड़ों रुपये लेता है। जब प्रति इंस्टाग्राम पोस्ट पर रुपये कमाने की बात आती है तो कोहली साल 2021 में हॉपर इंस्टाग्राम रिच लिस्ट के मुताबिक नंबर एक भारतीय सेलिब्रिटी हैं। दुनिया भर में बात करें तो कोहली 19वें स्थान पर हैं। टेस्ट में भारत के सबसे सफल कप्तान कोहली इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के लिए 680,000 डॉलर (करीब 5 करोड़ रुपए) लेते हैं। हॉपर इंस्टाग्राम रिच लिस्ट में दुनिया के बेस्ट फुटबॉल खिलाड़ियों में एक पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो शीर्ष पर हैं। मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए क्लब फुटबॉल में खेलने वाले रोनाल्डो एक इंस्टाग्राम पोस्ट के लिए 1,604,000 डॉलर (करीब 12 करोड़ रुपए) लेते हैं।रोनाल्डो के बाद दूसरे पायदान पर उनके साथ ही बेस्ट माने जाने वाले अर्जेंटीना के फुटबॉल कप्तान लियोनल मेसी हैं। मेसी एक पोस्ट के लिए 1,169,000 डॉलर (करीब 8.68 करोड़ रुपए) लेते हैं। ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर हैं। नेमार एक पोस्ट के लिए 824,000 डॉलर (करीब 6.12 करोड़ रुपए) चार्ज करते हैं। नेमार और मेसी क्लब फुटबॉल में एक साथ पेरिस सेंट जर्मेन के लिए खेलते हैं। इनके बाद चौथे नंबर पर विराट हैं। इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स की बात करें तो विराट भारतीयों में पहले स्थान पर काबिज हैं। उनके आसपास भी कोई नहीं है। कोहली को इंस्टाग्राम पर 177 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। विराट को भारतीय टीम में खेलने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से सलाना सात करोड़ रुपये सैलरी मिलती है। कोहली का नेटवर्थ 638 करोड़ रुपये हैं। इस मामले में वे सिर्फ पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से ही पीछे हैं। धोनी का नेटवर्थ 826 करोड़ रुपये है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अर्जेंटीना और पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी सहित अब तीन खिलाड़ी ही फीफा के 2021 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में बचे हैं। मेसी के अलावा पोलैंड और बायर्न म्यूनिख के रॉबर्ट लेवांडोव्स्की और मिस्र व लिवरपूल के मोहम्मद सालाह में होड़ है। मेसी छह बार यह पुरस्कार जीत चुके हैं जबकि लेवांडोव्स्की गत विजेता हैं। विजेता की घोषणा 17 जनवरी को होगी। मेसी ने इस दौरान कोपा अमेरिका कप के जरिये अर्जेंटीना के साथ अपना बड़ा खिताब जीता। उन्होंने पिछले महीने अपने कॅरिअर की सातवीं बेलोन डी ओर ट्रॉफी जीती थी। सालाह को इस सूची में 2018 के बाद दूसरी बार जगह मिली है। उन्होंने लिवरपूल के लिए शानदार प्रदर्शन किया। लेवांडोव्स्की ने 2020-21 सत्र में म्यूनिख के लिए 41 गोल और 2021 के कैलेंडर वर्ष में 43 गोल करके दो बुंडेसलीगा (जर्मनी की शीर्ष फुटबॉल लीग) रिकॉर्ड अपने नाम किए। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का चयन राष्ट्रीय टीम के कोच, कप्तान, विशेषज्ञ मीडिया और प्रशंसक फीफा की वेबसाइट पर मतदान के जरिये करेंगे। पुर्तगाल और मैनचेस्टर यूनाइटेड के क्रिस्टियानो रोनाल्डो दौड़ से बाहर हो गए। पांच बार के विजेता रोनाल्डो 2007 में फीफा पुरस्कारों के लिए पहली बार नामांकित होने के बाद से सिर्फ दूसरी बार इस सूची में जगह बनाने में असफल रहे। वह 2010 के पुरस्कार की सूची में जगह बनाने से चूक गए थे। तब मेसी ने आंद्रे इनिएस्ता और जावी को पछाड़कर खिताब जीता था। महिलाओं में बार्सिलोना की एलेक्सिया पुटेलस और जेनिफर हमोर्सो के साथ चेल्सी की खिलाड़ी सैम केर में होड़ है। पुटेलस ने पिछले महीने महिला बैलोन डिओर जीता था, जिसमें हमोर्सो दूसरे और केर तीसरे स्थान पर रही थी। फीफा ज्यूरिख में अपने मुख्यालय से एक आॅनलाइन समारोह में विजेताओं की घोषणा करेगा।
एबीएन डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग का 15वां सीजन इस साल अप्रैल-मई में होना है। उससे पहले फरवरी में बड़ी नीलामी का आयोजन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड करने वाली है। आईपीएल की बात जब भी होती है तो लोगों को दिमाग में सबसे पहले पैसा आता है। क्रिकेट प्रेमी हमेशा यह जानना चाहते हैं कि किस खिलाड़ी को कितने पैसे मिले, कौन सबसे महंगा महंगा खिलाड़ी है और आईपीएल की प्राइज मनी कितनी है। आपको जानकर हैरानी होगी कि दुनिया भर में टी20 लीग जीतने वाली टीम को प्राइज मनी के रूप में सबसे बड़ी रकम आईपीएल में ही दी जाती है। अकेले आईपीएल में दुनिया की टॉप-5 टी20 लीग के बराबर इनामी राशि दी जाती है। आईपीएल की विजेता टीम को कैरेबियन प्रीमियर लीग, बांग्लादेश प्रीमियर लीग, पाकिस्तान सुपर लीग, बिग बैश लीग और द हंड्रेड लीग के विजेता को मिलने वाली कुल राशि के बराबर दी जाती है। 2021 में आईपीएल जीतने वाली टीम चेन्नई सुपरकिंग्स को 20 करोड़ रुपये इनाम के तौर पर दी गई थी। अब बात अगर अन्य लीगों की करें तो कैरेबियन प्रीमियर लीग इस मामले में दूसरे स्थान पर है। उसके चैंपियन को पिछली बार 7.5 करोड़ रुपये मिले थे। बांग्लादेश प्रीमियर लीग जीतने वाली टीम को 6.34 करोड़ रुपये दिए गए थे। पाकिस्तान की पाकिस्तान सुपर लीग तो उससे भी नीचे है। पिछले साल पाकिस्तान सुपर लीग को जीतने वाली टीम मुल्तान सुल्तांस को 3.73 करोड़ रुपये मिले थे। पहली बार खिताब जीतने वाली टीम को मिले थे 4.8 करोड़ रुपये आईपीएल का आयोजन पहली बार 2008 में हुआ था। शेन वॉर्न की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम चैंपियन बनी थी। उसने फाइनल में महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स को हराया था। शेन वॉर्न की टीम को चैंपियन बनने पर उस समय 4.8 करोड़ रुपये मिले थे। अब यह राशि करीब चार गुना बढ़ चुकी है। अब चैंपियन बनने वाली टीम को 20 करोड़ रुपये दी जाती है। हो सकता है कि अगली बार 2022 में बीसीसीआई इसे बढ़ा दे। इस बार आईपीएल में होंगे बड़े बदलाव आईपीएल 2022 में कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। 2011 के बाद पहली बार लीग में 10 टीमें खेलती दिखाई देंगी। लखनऊ और अहमदाबाद की टीम को शामिल किया गया है। लखनऊ को आरपीएसजी ग्रुप और अहमदाबाद की टीम सीवीसी कैपिटल ने खरीदा है। इस बार नीलामी में आरटीएम कार्ड का इस्तेमाल नहीं होगा। आईपीएल की घर वापसी होगी। 2020 सीजन पूरी तरह यूएई में और 2021 का दूसरा चरण यूएई में हुआ था। इस बार भारत में टूर्नामेंट होगा। स्टेडियम में दर्शकों की उपस्थिति पर बाद में विचार किया जाएगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 11 जनवरी से केपटाउन में शुरू होने वाले तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध है। भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने दूसरे टेस्ट मैच की समाप्ति पर कहा कि सिराज पूरी तरह फिट नहीं है। सिराज ने दूसरे मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण पूरे मैच में केवल 15.5 ओवर गेंदबाजी की। दूसरी पारी में तो वह केवल 6 ओवर ही कर पाए थे। द्रविड़ ने संवाददाताओं से कहा, सिराज पूरी तरह से फिट नहीं है और हमें आगे जाकर उसकी फिटनेस का आकलन करना होगा कि अगले चार दिन में वह फिट हो पाएगा या नहीं। फिजियो स्कैन होने के बाद सही स्थिति बता पाएगा। कोच ने चोटिल होने के बावजूद गेंदबाजी करने के लिए सिराज की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, सिराज पहली पारी में भी पूरी तरह से फिट नहीं था। हमारे पास पांचवां गेंदबाज था और उसका हम वैसा उपयोग नहीं कर पाए जैसा चाहते थे और इससे हमारी रणनीति प्रभावित हुई। सिराज ने दूसरे मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण पूरे मैच में केवल 15.5 ओवर गेंदबाजी की। दूसरी पारी में तो वह केवल 6 ओवर ही कर पाए थे। द्रविड़ ने संवाददाताओं से कहा, सिराज पूरी तरह से फिट नहीं है और हमें आगे जाकर उसकी फिटनेस का आकलन करना होगा कि अगले चार दिन में वह फिट हो पाएगा या नहीं। फिजियो स्कैन होने के बाद सही स्थिति बता पाएगा। कोच ने चोटिल होने के बावजूद गेंदबाजी करने के लिए सिराज की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, सिराज पहली पारी में भी पूरी तरह से फिट नहीं था। हमारे पास पांचवां गेंदबाज था और उसका हम वैसा उपयोग नहीं कर पाए जैसा चाहते थे और इससे हमारी रणनीति प्रभावित हुई।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दक्षिण अफ्रीका ने जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत को सात विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने 240 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे दक्षिण अफ्रीकी टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम ने वांडरर्स में इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस मैदान पर अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। इसस पहले टीम ने 2005-06 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 217 रन चेज किए थे।भारत ने पहली पारी में 202 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 229 रन बनाए। भारत ने दूसरी पारी में 266 रन बनाए और इस तरह दक्षिण अफ्रीका के सामने 240 रन का लक्ष्य रखा। कप्तान डीन एल्गर ने नाबाद 96 रन की जबरदस्त पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। इसके अलावा डुसेन ने 40 रन बनाए। इसी के साथ जोहानिसबर्ग में भारत के टेस्ट में अजेय रहने का सिलसिला टूट चुका है। भारतीय टीम ने इस मैदान में छह टेस्ट खेले हैं, जिसमें उसे सिर्फ एक मैच में हार मिली है। टीम ने दो टेस्ट जीते हैं और तीन मैच ड्रॉ रहा है। वहीं, मेजबान दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड इस मैदान पर औसत रहा है। उसने यहां 43 टेस्ट मैच खेले हैं, जहां उसे 19 में जीत मिली है। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर जोहानिसबर्ग में अफ्रीकी टीम ने भारत के खिलाफ पहली जीत दर्ज की। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है। केप टाउन में आखिरी टेस्ट खेला जाएगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेस्सी कोविड-19 जांच में नेगेटिव आने के बाद तड़के फ्रांस के लिए रवाना हुए। संक्षिप्त शीतकालीन अवकाश के बाद वापसी करने से पहले हुई कोरोना वायरस की जांच में वह पॉजिटिव पाए गए थे। रविवार को हुई घोषणा में पेरिस सेंट जर्मेन के 4 खिलाड़ी कोविड-19 पॉजिटिव थे जिसमें मेस्सी भी शामिल थे। वह रोजारियो में अपने घर में पृथकवास पर थे। पेरिस सेंट जर्मेन ने इस हफ्ते अभ्यास शुरू किया था। इससे टीम में और खिलाडिय़ों के संक्रमित होने की आशंका है।
एबीएन डेस्क। बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच बांग्लादेश ने आठ विकेट से जीत लिया है। टेस्ट क्रिकेट में यह पहला मौका है, जब कीवी टीम बांग्लादेश से कोई मैच हारी है। वहीं बांग्लादेश पहली टीम है, जिसने 2017 के बाद न्यूजीलैंड जाकर कोई टेस्ट मैच जीता है। बांग्लादेश के लिए इस मैच में सात विकेट लेने वाले इबादत हसन को प्लेयर ऑप द मैच चुना गया है। उन्होंने दूसरी पारी में 46 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए और कीवी टीम को 169 के स्कोर में समेटने में अहम योगदान दिया। न्यूजीलैंड ने पिछले साल जून में भारत को हराकर टेस्ट चैंपियनशिप जीती थी, लेकिन अब बांग्लादेश ने उसे हराकर बड़ा उलटफेर किया है। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 328 रन बनाए। कीवी टीम के लिए डेवोन कॉन्वे ने 122, हेनरी निकोलस ने 75 और विल यंग ने 52 रन की पारी खेली। वहीं बांग्लादेश के लिए मेंहदी हसन और शोरिफुल इस्लाम ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि कप्तान मोमिनुल हक को दो विकेट मिले। इसके जवाब में बांग्लादेश ने पहली पारी में 458 रन का बड़ा स्कोर बनाया। बांग्लादेश के लिए सभी बल्लेबाजों ने अच्छा योगदान दिया। सबसे ज्यादा 88 रन कप्तान मोमिनुल हक ने बनाए। वहीं लिटन दास ने 86, महमुदुल हसन ने 78 और शान्तो ने 64 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने चार, नील वैगनर ने तीन और टिम साउदी ने दो विकेट लिए।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी को 229 रन पर समेट दिया है। शार्दुल ठाकुर की कहर बरपाती गेंदों के सामने अफ्रीकी टीम नहीं टिक सकी और दूसरे दिन नौ विकेट गंवा दिए। शार्दुल ने आज के दिन 61 रन देकर सात विकेट झटके। यह किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा दक्षिण अफ्रीका में बेस्ट स्पेल है। इससे पहले हरभजन सिंह ने 2010-11 में केप टाउन में 120 रन देकर सात विकेट लिए थे। फिलहाल दूसरी पारी में भारतीय ओपनर्स केएल राहुल और मयंक अग्रवाल क्रीज पर हैं। भारतीय टीम ने पहली पारी में 202 रन बनाए थे। इस हिसाब से दक्षिण अफ्रीका ने भारत पर 27 रन की बढ़त हासिल कर ली है। दक्षिण अफ्रीका ने मंगलवार को एक विकेट पर 35 रन से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान डीन एल्गर और कीगन पीटरसन ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद कप्तान केएल राहुल ने शार्दुल ठाकुर को बॉलिंग पर लगाया। शार्दुल ने कप्तान को नाराज नहीं किया और एल्गर को पंत के हाथों कैच कराकर साझेदारी तोड़ी। वह 120 गेंदों पर 28 रन बना सके। इसी बीच पीटरसन ने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक जड़ा। एल्गर को आउट करने के बाद शार्दुल ने पीटरसन को भी मयंक के हाथों कैच कराया। पीटरसन ने 118 गेंदों पर 62 रन की पारी खेली। इसके बाद शार्दुल ने वान डर डुसेन (1) को भी जल्दी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद तेम्बा बावुमा और वेरेन ने पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। शार्दुल ने वेरेन (21) को एलबीडब्ल्यू कर इस साझेदारी को तोड़ा। इस बीच बावुमा ने टेस्ट करियर की 17वीं फिफ्टी लगाई। हालांकि, इसके बाद वह अपना विकेट गंवा बैठे। शार्दुल ने बावुमा (51) को पंत के हाथों कैच कराया। रबाडा को शून्य पर शमी ने सिराज के हाथों कैच कराया। इसके बाद केशव महाराज और मार्को जेन्सन ने आठवें विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। बुमराह ने महाराज को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने 21 रन की पारी खेली। इसके बाद शार्दुल ने जेन्सन और एनगिडी को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की पारी को 229 रन पर समेट दिया। शार्दुल ने सात विकेट झटके। इसके अलावा शमी को दो और बुमराह को एक विकेट मिला।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse