खेल समाचार

View All
Published / 2022-01-15 13:54:59
विराट कोहली ने टेस्ट की कप्तानी भी छोड़ी

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने वनडे और टी-20 के बाद टेस्ट टीम की कप्तानी भी छोड़ दी है। टीम इंडिया की अगुवाई में विराट ने अभी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली थी जिसमें भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी थी। विराट ने एक ट्विट कर कप्तानी छोड?े की पुष्टि की है। विराट टी-20 विश्व कप से पहले ही टी-20 की कप्तानी छोड़ चुके थे। इसके बाद वह वनडे के कप्तान भी नहीं रहे क्योंकि बीसीसीआई सफेद गेंद फॉर्मेट में किसी एक को ही कप्तान रखना चाहती थी। विराट ने बतौर कप्तान 68 मैच खेले। जिसमें 40 जीत और 17 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। उनका जीत प्रतिशत 58.82 है। बहरहाल, विराट कोहली ने ट्विटर पर कप्तानी छोड़ने के कारणों पर एक लंबा नोट भी डाला है। कोहली ने लिखा है- टीम इंडिया को सही दिशा में ले जाने के लिए रोजाना 7 सालों की मेहनत, कठिन परिक्षम और अथक प्रयास किए हैं। इस दौरान मैंने अपना काम ईमानदारी से निभाया। हर चीज का किसी न किसी मोड़ पर अंत होता है जैसे मेरा टीम इंडिया के लिए टेस्ट कप्तानी का था। इस दौरान करियर में कई तरह के उतार-चढ़ाव रहे लेकिन कभी भी मैंने कोशिश में कोई कमी नहीं रहने दी। मैंने हमेशा कोशिश की है कि जो भी कुछ करूं उसमें अपना 120 फीसदी योगदान दूं। मुझे पता है कि यह ऐसा करने के लिए सही समय नहीं है। लेकिन मेरे दिमाग में इसको लेकर पूरी स्पष्टता है और मैं टीम को लेकर बेईमान नहीं हूं। मैं टीम इंडिया को इतने लंबे समय तक लीड करने का मौका देने के लिए बीसीसीआई का धन्यवाद करना चाहता हूं। इसके साथ ही अपने टीम के साथियों को भी जिन्होंने टीम के विजन को आगे रखते हुए हर स्थिति में हरसंभव प्रयास किया। आप लोगों ने इस इस सफर के और भी यादगार और खूबसूरत बना दिया है। रवि भाई और सहयोगी साथी इस गाड़ी के इंजन रहे, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में निरंतर सफलता दिलाई। आप सभी ने मेरी जिंदगी में बड़ा रोल निभाया। अंत में महेंद्र सिंह धोनी का शुक्रिया जिन्होंने बतौर कप्तान मुझमें विश्वास दिखाया ताकि मैं भारतीय क्रिकेट को आगे ले जा सकूं।

Published / 2022-01-14 15:02:42
केपटाउन टेस्ट : पहली टेस्ट सीरीज जीतने का सपना टूटा

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की सीरीज का निर्णायक टेस्ट केप टाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खत्म हो चुका है। यह मैच साउथ अफ्रीका ने अपने नाम कर लिया है। वहीं, टेस्ट हारने के बाद भारत का दक्षिण अफ्रीका में पहली टेस्ट सीरीज का सपना भी टूटा गया। इस मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी, लेकिन टीम 223 रन बना पाई थी। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए थे। 43 रन की पारी चेतेश्वर पुजारा ने भी खेली थी। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की पहली पारी भारत ने जसप्रीत बुमराह के पांच विकेट के दम पर 210 रन पर समेट दी थी। इस तरह भारत को 13 रन की मामूली बढ़त मिली और फिर भारतीय टीम दूसरी पारी में 198 रन ही बना सकी, जिसमें रिषभ पंत का शतक शामिल था। इस तरह साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 212 रन का लक्ष्य मिला था।

Published / 2022-01-12 17:14:30
तीसरा टेस्ट : दूसरी पारी में भारत का स्कोर 57/2, कुल 70 रनों की बढ़त

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की सीरीज का निर्णायक टेस्ट मैच केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। दूसरे दिन भारतीय टीम के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए हैं। साउथ अफ्रीका की टीम 210 रनों पर सिमट गयी, जिससे भारत को 13 रनों की बढ़त हासिल हुई है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 57 रन बना लिए थे। इस प्रकार भारत की कुल बढ़त 70 रनों की हो गयी। चेतेश्वर पुजारा (9) और कप्तान विराट कोहली (14) क्रीज पर डंटे हुए थे। बता दें कि इससे पहले दूसरे दिन के पहले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने एडेन मार्करम को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका दिया था। इसके बाद उमेश यादव ने केशव महाराज को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई थी। वहीं टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन 223 रन बनाए थे।

Published / 2022-01-11 17:43:59
तीसरा टेस्ट : भारत की पहली पारी 223 पर सिमटी, अफ्रीका 17/1

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा और निर्णायक टेस्ट मैच केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने कप्तान विराट कोहली के 79 रन और चेतेश्वर पुजारा के 43 रन की बदौलत अपनी पहली पारी में 223 रन बनाए हैं। इतिहास रचने के इरादे से उतरी भारतीय टीम ने तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में शुरुआत अच्छी की थी। लेकिन केएल राहुल और मयंक अग्रवाल की जोड़ी पहले विकेट के लिए सिर्फ 31 रन जोड़ सकी। मयंक और राहुल लगातार ओवरों में अपना विकेट गंवा बैठे थे। लंच के बाद चेतेश्वर पुजारा 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अजिंक्य रहाणे भी सिर्फ 12 गेंद खेल सके। उन्हें रबाडा ने कैच आउट करवाया। रहाणे ने 9 रन बनाया। कोहली ने 158 गेंद खेलकर अर्धशतक पूरा किया। वह 201 गेंद में 79 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने 4 और मार्को जेनसेन ने 3 विकेट झटके। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। भारत के पास तीसरा टेस्ट जीतकर दक्षिण अफ्रीका में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने का मौका है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका की टीम एक विकेट के नुकसान पर 17 रन बना चुकी थी। नाईट वॉचमैन की भूमिका में आये केशव महाराज (6) और मर्क्रम (8) क्रीज पर बने हुए थे। इससे पहले भारतीय पेशर जसप्रीत बुमराह ने अफ्रीकी कप्तान एल्गर (3) को पुजारा के हाथों कैच कराकर मेजबान टीम को जोरदार झटका दिया।

Published / 2022-01-11 12:43:01
आइपीएल से वीवो की छुट्टी, 2022 में होगा टाटा आईपीएल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। आईपीएल 2022 में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। टाइटल स्पॉन्सर करने वाली मोबाइल कंपनी वीवो ने लीग के स्पॉन्सरशिप से अपना नाम वापस ले लिया है। टाटा ग्रुप ने वीवो को टाइटल स्पॉन्सर के रूप में रिप्लेस किया है। आईपीएल के चेयरमैन ब्रिजेश पटेल ने भी इसकी पुष्टि की है। मंगलवार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग के दौरान उन्होंने कहा कि हां, टाटा ग्रुप आईपीएल टाइटल स्पॉन्सर के रूप में आ रहा है। आने वाला सीजन यानी आईपीएल 2022 को टाटा आईपीएल के नाम से जाना जाएगा। ब्रिजेश पटेल ने कहा कि वीवो ने अधिकारों के हस्तांतरण का अनुरोध किया था, जिसे गवर्निंग काउंसिल ने पारित कर दिया। इन अधिकारों के हस्तांतरण से भी बीसीसीआई को 440 करोड़ रुपये की ही आमदनी होगी। वीवो के पास अभी भी दो साल की स्पॉन्सरशिप बची हुई थी। अब हस्तांतरण के बाद टाटा इतने समय (दो साल) तक आईपीएल को स्पॉन्सर करेगा। वीवो ने 2018 में आईपीएल के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप 440 करोड़ प्रति वर्ष में खरीदी थी। भारत-चीन सीमा गतिरोध के कारण आईपीएल 2020 सीजन में यह सौदा स्थगित कर दिया गया था। आईपीएल 2022 में आठ की जगह 10 टीमें खेलती दिखाई पड़ेंगी। अहमदाबाद और लखनऊ दो नई फ्रेंचाइजी हैं। बीसीसीआई ने आईपीएल के लिए दो नई टीमों का एलान 25 अक्तूबर को किया था। लखनऊ को आरपीएसजी वेंचर्स लिमिटेड ने 7090 करोड़ रुपये और अहमदाबाद को सीवीसी कैपिटल ने 5625 करोड़ रुपये में खरीदा था।

Published / 2022-01-11 07:54:46
विराट के पास दक्षिण अफ्रीका में पहली टेस्ट सीरीज जीतने का मौका

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच केपटाउन के मैदान पर खेला जा रहा है। इस सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। भारत ने सीरीज का पहला मैच सेंचुरियन के मैदान पर 113 रनों से जीता था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे मैच में वापसी की और जोहानिसबर्ग में सात विकेट से जीत दर्ज की। अब तीसरा मैच निर्णायक हो चुका है और केपटाउन में जीत दर्ज करने वाली टीम ही सीरीज भी अपने नाम करेगी। भारतीय टीम अब तक दक्षिण अफ्रीका में कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। ऐसे में विराट कोहली चाहेंगे कि केपटाउन में जीत दर्ज करके भारत उनकी कप्तानी में यहां पहली टेस्ट सीरीज जीते। भारतीय कप्तान विराट कोहली पीठ में तकलीफ के चलते सीरीज का दूसरा मैच नहीं खेले थे। लोकेश राहुल ने इस मैच में भारत की कप्तानी की थी। हालांकि कोहली तीसरे मैच के लिए फिट हो चुके हैं और उनका खेलना तय है। वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज दूसरे टेस्ट के दौरान चोटिल हुए थे और उनकी जगह ईशांत शर्मा को भारतीय टीम में मौका दिया जा सकता है। दूसरे टेस्ट में विराट की जगह हनुमा विहारी को टीम में जगह मिली थी और उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन तीसरे मैच में उन्हें टीम से बाहर जाना होगा।

Published / 2022-01-11 07:49:33
"क्रिकेट के भगवान" को मना रहे सचिव जय शाह, बीसीसीआई में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दुनिया के महान बल्लेबाजों में से एक भारत के सचिन तेंदुलकर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। तेंदुलकर के साथ सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण भारतीय क्रिकेट सबसे बड़े चेहरों में शामिल हैं। मौजूदा समय में गांगुली, बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं तो वहीं द्रविड़ को हाल में टीम इंडिया का हेड कोच बनाया गया है। उन दोनों के अलावा लक्ष्मण को नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) का प्रमुख बनाया गया है। लेकिन तेंदुलकर ही बचे हुए हैं, जिन्हें बीसीसीआई में अबतक कोई जिम्मेदारी नहीं मिली है। हालांकि बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने अब संकेत दिए हैं तेंदुलकर भी बोर्ड के किसी नए रोल में दिख सकते हैं। द टाइम्स आफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा है कि द्रविड़ को हेड कोच और लक्ष्मण को एनसीए हेड चुनने के बाद तेंदुलकर को भी बोर्ड में कोई रोल मिल सकता है। शाह ने कहा है कि वह इसके लिए "क्रिकेट के भगवान" को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि सचिन को सेलेक्शन कमिटी में कोई भूमिका दी जा सकती है। वहीं, सचिन का इस बारे में अबतक कोई बयान नहीं आया है। लेकिन खबरों में कहा गया है कि बीसीसीआई सचिव भारत के महान बल्लेबाज को मनाने का प्रयास कर रहे हैं।

Published / 2022-01-10 17:29:44
आईपीएल 2022 : अहमदाबाद टीम की कप्तानी करते दिखेंगे हार्दिक पंड्या

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2022 के लिए अहमदाबाद फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने का फैसला लिया है। बता दें कि पंड्या को मुंबई इंडियंस ने रिटेन नहीं किया था। हार्दिक 2019 में इंग्लैंड में खेले गए वनडे वर्ल्ड से ही फिटनेस से जूझ रहे हैं। उन्होंने पीठ की सर्जरी भी कराई, लेकिन इसके बावजूद वे बॉलिंग फिटनेस हासिल नहीं कर सके। आईपीएल के पिछले सीजन में उन्होंने बॉलिंग नहीं की। टी-20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में भी उन्होंने बॉलिंग नहीं की। इस कारण पंड्या को आखिरकार भारतीय टीम से अपनी जगह गंवानी पड़ी। साथ ही मुंबई इंडियंस ने भी उन्हें रिटेन न करने का फैसला किया। क्रिकेट पंडितों की मानें तो पंड्या गुजरात के हैं और स्थानीय फैंस के बीच उनकी लोकप्रियता को भुनाने के लिए फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तान बनाया है। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि पंड्या अगर बॉलिंग नहीं भी करते हैं तो भी टीम के लिए फायदे का सौदा साबित होंगे। हार्दिक पंड्या के अलावा अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान के भी अहमदाबाद टीम से जुड़ने की खबर आ रही है। पिछले सीजन में राशिद हैदराबाद की ओर से खेले थे। इस बार उन्होंने खुद को टीम से अलग कर लिया था। इंडियन प्रीमियर लीग में इस साल कुल 10 टीमें होंगी। पिछले महीने टीमों ने अपनी पसंद के अधिकतम चार खिलाड़ियों की लिस्ट आईपीएल प्रबंधन को सौंपी थी। लखनऊ और अहमदाबाद टीम को अपने कुछ खिलाड़ियों की लिस्ट इस महीने के दूसरे सप्ताह तक सौंपनी है। आईपीएल में इस बार मेगा ऑक्शन होना है। यह ऑक्शन 7 और 8 फरवरी को चेन्नई में होगा।

Page 185 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse