खेल समाचार

View All
Published / 2021-03-29 05:42:46
पुरुष-महिला ट्रैप टीम को भी स्वर्ण, विश्व कप में श्रेष्ठ प्रदर्शन

आईएसएसएफ शूटिंग विश्व कप में पुरुष और महिला ट्रैप शूटिंग टीम ने विश्व कप में अंतिम दिन 2 स्वर्ण पदक जीत लिए। इसके साथ ही भारत ने कुल 15 स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य पदकों के साथ शूटिंग विश्व कप के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को अंजाम दिया। भारत की महिलाओं ने ट्रैप टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। भारत की तरफ से श्रेयांशी सिंह, मनीषा कीर और राजेश्वरी कुमारी ने टीम ट्रैप स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण जीता। फाइनल में भारतीय महिलाओं ने कजाकस्तान की टीम को 6 , 0 से चित किया। भारतीय टीम ने कजाखस्तान की मारिया दिमित्रियेंको, आईजान दोशमागेमबेतोवा, सारसेंकुल रिसबेकोवा को 6-0 से परास्त किया। वहीं ट्रैप की पुरुष स्पर्धा में काइनन चेन्नई, पृथ्वीराज थोंडाईमान और लक्ष्य की टीम ने स्लोवाकिया के माइकल स्लेमका, एड्रियन ड्रोब्नी और फिलिप मारीनोव को 6, 4 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले आज भारत ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम स्पर्धा में दम दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। भारत की ओर से विजयवीर सिंधु, गुरप्रीत सिंह और आदर्श सिंह 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहे। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक अमेरिका के कीथ सैंडरसन, जैक हॉब्सन लेवर्ट और हेनरी टर्नर लेवर्ट की टीम ने 10-2 के अंतर से भारतीय टीम पर जीत दर्ज कर जीता। दूसरे क्वलीफिकेशन में भारत के गुरप्रीत सिंह, विजयवीर सिंधु और आर्दश सिंह की टीम ने 184, 178 और 190 अंक अर्जित करते हुए 552 का स्कोर किया। जबकि इस मुकाबले अमेरिकी टीम ने 571 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

Published / 2021-03-28 17:22:15
देशवासियों को दिया होली का तोहफा, वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा

पुणे में खेले गए तीन मैच की वनडे सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को हराते हुए 2-1 से सीरीज अपने नाम की। सांस थाम देने वाले मैच का फैसला अंतिम ओवर में हुआ। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने भरपूर कोशिश की, लेकिन अपनी टीम ही हार नहीं टाल पाए। होली से एक दिन पहले ही टीम इंडिया ने देश को खुशियां मनाने का मौका दिया है। पुणे में रविवार रात खेले गए तीसरे वनडे को अपने नाम करते हुए विराट सेना ने 2-1 से श्रृंखला भी जीती । यह घरेलू सरजमीं पर इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छठी सीरीज जीत भी है। यह टीम इंडिया की घर में खेली लगातार तीसरी सीरीज जीत है। कोहली की टोली ने दिसंबर 2019 में वेस्टइंडीज और जनवरी 2020 में ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी थी।

Published / 2021-03-27 14:51:25
पहले हॉकी इंडिया जूनियर और सब-जूनियर वीमेंस एकेडमी नेशनल चैंपियनशिप-2021 की विजेता बनी साई एकेडमी

जमशेदपुर/भुवनेश्वर। ‘साई एकेडमी’ ने ओडिशा नवल टाटा हाकी हाई परफार्मेंस सेंटर (ओएनटीएचएचपीसी) द्वारा आयोजित प्रथम हाकी इंडिया जूनियर और सब-जूनियर वीमेंस एकेडमी नेशनल चैम्पियनशिप-2021 ट्राफी जीत ली है। साई एकेडमी ने जूनियर कैटेगरी के फाइनल में मध्य प्रदेश एकेडमी को 2-1 से हराकर ट्राफी जीती, जबकि ओडिशा नवल टाटा हाकी एचपीसी ने खालसा हाकी एकेडमी को 5-1 से हरा कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इससे पहले 25 मार्च, 2021 को सब-जूनियर कैटेगरी के फाइनल में कांटे की टक्कर वाले मैच में साई एकेडमी ने एक पेनाल्टी शूटआउट के बाद ओडिशा नवल टाटा हाकी एचपीसी 2-2 (4-5) को पराजित कर विजेता बना। सब-जूनियर कैटेगरी में मध्य प्रदेश की भूमीक्षा साहू और जूनियर कैटेगरी में खालसा हाकी एकेडमी, अमृतसर की तरनप्रीत कौर को सर्वश्रेष्ठ स्कोरर घोषित किया गया। यह टूर्नामेंट 17 मार्च को शुरू हुआ और 26 मार्च, 2021 को समाप्त हुआ, जिसमें जूनियर वीमेंस कैटेगरी में 14 हाकी इंडिया-संबद्घ एकेडमी टीमों और सब-जूनियर कैटेगरी में 10 टीमों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम की मेजबानी पैरेंट बडी ‘हाकी इंडिया’ के संरक्षण में ओडिशा के खेल व युवा सेवा विभाग और ओडिशा नवल टाटा हाकी हाई परफारमेंटस सेंटर ने किया। क्वार्टर फाइनल तक सभी लीग मैच प्राकृतिक प्रकाश में खेले गए, जबकि सेमीफाइनल व फाइनल कलिंगा हाकी कम्प्लेक्स मेन स्टेडियम में फ्लड लाइट में खेला गया। मैच के बाद समापन समारोह में मुख्य अतिथि और ओडिशा के खेल व युवा सेवा विभाग के प्रधान सचिव विशाल कुमार देव तथा हाकी प्रमोशन काउंसिल, ओडिशा के चेयरमैन पद्मश्री दिलीप तिर्की ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर प्रताप सत्पथी, महासचिव, हाकी ओडिशा, अश्विनी मोहंती, रेसीडेंस एक्जीक्यूटिव, टाटा स्टील, भुवनेश्वर, राजीव सेठ, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, ओएनटीएचएचसी, सुधीर दिगिकर, सीईओ, अपोलो हस्पीटल, भुवनेश्वर और वरुण कप्पल, रिजनल मैनेजर, टाटा ट्रस्ट, भुवनेश्वर आदि उपस्थित थे। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए ओडिशा के खेल व युवा सेवा विभाग के प्रधान सचिव विशाल के देव ने कहा, आप सभी ने अपने शानदार प्रदर्शन के साथ एक छाप छोड़ी है और यह भविष्य की कई अन्य उपलब्धियों के लिए आपकी बुनियाद होगी। कलिंगा स्टेडियम में मैचों के दौरान आपका उत्साह और ऊर्जा अभूतपूर्व थी। हम आप सभी पर गर्व करते हैं। यह वो जगह है, जहां आपके हाकी लीजेंड्स और आइकन ने खेला है और यही वो जगह है, जहां आप खेले हैं। इसलिए, आप जीते या हारे हों, इस टूर्नामेंट से प्राप्त यह आपकी सबसी बड़ी उपलब्धि होगी। चाणक्य चौधरी, चेयरमैन, हाकी ऐस फाउंडेशन और वाईस प्रेसिडेंट, कारर्पोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा, टाटा स्टील हमारे देश में खेलों की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हमेशा प्रतिबद्घ रही है। ओडिशा नवल टाटा हाकी एचपीसी इसी दिशा में हमारा एक प्रयास है। भुवनेश्वर में ओडिशा सरकार के खेल व युवा सेवा विभाग के सहयोग से पहली बार हाकी इंडिया जूनियर और सब-जूनियर वीमेंस एकेडमी नेशनल चैम्पियनशिप की मेजबानी करना हमारे लिए सम्मान की बात है। टूर्नामेंट के दस दिनों में पूरे भारत से आए 24 टीमों के 400 से अधिक खिलाड़ियों ने कौशल और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को और सभी प्रतिभागियों को भी मेरी हार्दिक बधाई।ओडिशा नवल टाटा हाकी हाई परफर्मेंस सेंटर (एचपीसी) की स्थापना भुवनेश्वर में की गई थी, जिसमें हाकी में खेल की शीर्ष प्रतिभाओं को तैयार करने और विश्व स्तर के खिलाड़ियों का निर्माण करने की दृष्टि थी। इसे हकी ऐस फाउंडेशन के सहयोग से टाटा ट्रस्ट्स और टाटा स्टील के तत्वावधान में, खेल व युवा सेवा विभाग, सरकार द्वारा स्थापित किया गया था और 13 अगस्त, 2019 को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और टी वी नरेंद्रन, सीईओ और एमडी, टाटा स्टील द्वारा लन्च किया गया था। एचपीसी को भुवनेश्वर में तीन-स्तरीय टाटा ओडिशा हाकी कार्यक्रम के तहत शुरू किया गया था, जो राज्य में खेल प्रतिभाओं के पोषण के लिए टाटा स्टील, टाटा ट्रस्ट्स और ओडिशा सरकार की एक संयुक्त पहल है, जिसे खेल के लिए एक पोषक केंद्र के रूप में पहले ही ख्याति मिल चुकी है। भारतीय हाकी में नवल एच टाटा के योगदान, एक उत्कृष्ट खेल प्रशासक के रूप में उनकी उपलब्धियों और खेलों के प्रति जुनून का जश्न मनाने के लिए उनके सम्मान में एचपीसी का नामकरण किया गया है। नवल एच टाटा ने अखिल भारतीय खेल परिषद (एआईसीएस) के प्रेसिडेंट, भारतीय हाकी महासंघ (आईएचएफ) के प्रेसिडेंट और पंद्रह वर्षों तक अंतर्राष्टÑीय हाकी महासंघ (आईएचएफ) के वाईस चेयरमैन समेत कई अन्य प्रतिष्ठित पदों को सुशोभित किया।

Published / 2021-03-27 11:40:44
झारखंड कोल्हापुर में राष्ट्रीय जूनियर गर्ल्स हॉकी प्रतियोगिता के लिए चुनी गई तेजस्विनी

तेजस्विनी पुंडलिक खराडे का चयन राज्य जूनियर हॉकी टीम में 3 से 12 अप्रैल तक सिमडेगा में होने वाली राष्ट्रीय जूनियर गल्र्स हॉकी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। खराडे ने भोगवती कॉलेज के हॉकी खिलाड़ी के रूप में करवीर तहसील के हसूर-दुमाला में भाई सी बी पाटिल हाईस्कूल में अपनी शिक्षा पूरी की। पुणे में बालेवाडी में चल रहे एक पूर्व-प्रतियोगिता शिविर में तेजस्विनी के अलावा सानिका झांगे और पूनम पाटिल को भी टीम में चुना गया है।

Published / 2021-03-27 11:36:07
हार के बाद बदले तेवरों और रणनीति के साथ उतरेगी टीम इंडिया

इंग्लैंड के हाथों दूसरे मैच में करारी हार से सबक लेते हुए भारतीय क्रिकेट टीम यहां रविवार को होने वाले तीसरे और निर्णायक एक दिवसीय मैच में बदले हुए तेवरों और नयी रणनीति के साथ देशवासियों की होली में जीत के रंग भरने के इरादे से खेलेगी। बल्लेबाजों की ऐशगाह पिच पर इंग्लैंड ने पिछले मैच में 20 छक्के लगाकर 337 रन के मुश्किल लक्ष्य को आसान बना डाला। खराब फॉर्म में चल रहे स्पिनर कुलदीप यादव और कृणाल पंड्या ने उनका काम आसान कर दिया। भारतीय कप्तान विराट कोहली को रविंद्र जडेजा की इतनी कमी कभी महसूस नहीं हुई होगी जितनी पिछले मैच में ।जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स ने भारतीय स्पिनरों को मनचाहे स्ट्रोक्स लगाकर खूब रन बनाए। गेंदबाजी में कुलदीप ने आठ छक्के गंवाये जो किसी भी भारतीय गेंदबाज से ज्यादा हैं। उन्होंने दूसरे मैच में 84 और पहले में 64 रन दिये थे। वहीं कृणाल ने छह ओवर में 12 की औसत से 72 रन दे डाले। ऐसे में इन दोनों की जगह लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और वाशिंगटन सुंदर को उतारा जा सकता है। चहल भले ही सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं है लेकिन कोहली के पास कोई विकल्प भी नहीं है। कृणाल भी बल्लेबाजी के दम पर टीम में जगह पा सकते हैं लेकिन खराब गेंदबाजी को देखकर स्पष्ट है कि वह दीर्घकालिन विकल्प नहीं हैं। बल्लेबाजी में 336 रन का स्कोर खराब नहीं था लेकिन बल्लेबाजी की शैली में बदलाव की जरूरत है। भारतीय टीम आखिरी 15 ओवर में तेजी से खेलने पर भरोसा करती आई है और यह परिपाटी पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने स्थापित की थी। कई बार यह दांव चल जाता है लेकिन विश्व चैम्पियन इंग्लैंड ने दिखा दिया है कि मददगार पिच पर शुरू से ही हमला बोलना सही रहता है। इससे बाद में ऋषभ पंत और हार्दिक पंड्या जैसे बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका मिल जाता है। कप्तान कोहली ने दोनों मैच में अर्धशतक बनाया लेकिन उनसे शतक की उम्मीद है। कोहली ने हालांकि कहा कि वह रिकॉर्ड के लिये नहीं खेलते। उन्होंने कहा कि मैने अपने जीवन में कभी शतक के लिये नहीं खेला। यही वजह है कि मैं इतने कम समय में इतने शतक बना भी सका। यह टीम की जीत में योगदान की बात है। आपके शतक के बावजूद टीम नहीं जीत रही है तो वह किस काम का। कोहली ने आखिरी एक दिवसीय शतक अगस्त 2019 में बनाया था। हार्दिक फिनिशर की भूमिका में होंगे लेकिन हाल ही में संपन्न टी20 श्रृंखला को छोड़कर उन्होंने ज्यादा गेंदबाजी नहीं की है। टीम प्रबंधन को इस पर विचार करना होगा। तेज गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार के साथ यॉर्कर विशेषज्ञ टी नटराजन को उतारा जा सकता है। वैसे शारदुल ठाकुर फॉर्म में हैं लेकिन उन्हें आराम देने पर मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा में से एक के लिये जगह बनती है। दूसरी ओर इंग्लैंड के हौसले इस जीत से बढे हैं और बेन स्टोक्स का फॉर्म में आना राहत की बात है।

Published / 2021-03-27 11:30:11
सीएसके से जुड़े जडेजा

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हुए भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपनी आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के शिविर में शामिल हो गए हैं, जो वर्तमान में मुंबई में चल रहा है। टीम अगले महीने शुरू हो रहे आईपीएल 2021 सत्र के लिए प्रशिक्षण और तैयारियां कर रही हैं। अंगूठे की चोट से उम्मीद से पहले उबरे जडेजा लंबे क्रिकेट ब्रेक के बाद वापसी कर रहे हैं। भारत के इस हरफनमौला खिलाड़ी को जनवरी 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में बाएं अंगूठे में गंभीर फ्रैक्चर का सामना करना पड़ा था और इसके बाद से वह क्रिकेट नहीं खेल पाए थे। इसके चलते उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पूरी श्रृंखला से बाहर होना पड़ा। यहां तक कि आईपीएल में उनकी उपलब्धता पर भी संदेह बन गया था, लेकिन जडेजा उम्मीद से पहले चाेट से उबर कर सीएसके के साथ जुड़ने के लिए मुंबई पहुंच गए हैं। फिलहाल जडेजा दक्षिण मुंबई के एक होटल में सात दिन के अनिवार्य क्वारंटीन में हैं, जिसके बाद वह टीम के साथ प्रशिक्षण में भाग लेंगे। जडेजा ने हाल ही में बेंगलुरु की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अपना प्रशिक्षण शुरू किया और यही से वह मुंबई के लिए रवाना हुए।

Published / 2021-03-26 16:02:48
वनडे सीरीज 1-1 से बराबर: पिछले 5 वनडे में टीम इंडिया चौथी बार इंग्लैंड से हारी

इंग्लैंड ने टीम इंडिया को दूसरे वनडे में 6 विकेट से हराकर 3 मैच की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी है। अब निर्णायक और आखिरी मुकाबला 28 मार्च को पुणे में ही खेला जाएगा। भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 5 वनडे में चौथी बार हार मिली है। एक जीत मौजूदा सीरीज के पहले वनडे में मिली थी, जो इंडिया ने 66 रन से जीता था। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया के लिए ओपनर लोकेश राहुल ने 114 बॉल पर 108 रन की पारी खेली। हालांकि उनकी इस पारी पर इंग्लिश ओपनर जॉनी बेयरस्टो का शतक भारी पड़ा। बेयरस्टो ने 112 बॉल पर 124 रन बनाते हुए इंग्लैंड को जिताया।

Published / 2021-03-26 12:11:54
संजीव-तेजस्विनी की मिश्रित युगल जोड़ी को 50 मीटर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण

दिल्ली में चल रहे आईएसएसएफ शूटिंग विश्व कप में भारत के निशानेबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत की संजीव राजपूत और तेजस्विनी सावंत की मिश्रित युगल जोड़ी ने 50 मीटर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना साथा। वहीं इस स्पर्धा का कांस्य पदक भी भारत के नाम रहा। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और सुनिथि चौहान की मिश्रित युगल जोड़ी भारत को कांस्य पदक दिलाने में सफल रही। भारत की इस युगल जोड़ी ने फाइनल में सेरही कुलीश और अन्ना इलिना को 31-29 से पटखनी दी। वहीं ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और सुनिथि चौहान ने अमेरिका की तिमोथी शेरी और वर्जिनिया थेशर को 31-15 से हराया। कुल मिलाकर ये भारत का 11 गोल्ड मेडल था।

Page 216 of 219

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse