बेल्जियम और नीदरलैंड ने विश्व कप फुटबॉल क्वालीफाइंग मैचों में मंगलवार को बड़ी जीत दर्ज की जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गोल दागकर पुर्तगाल को लक्समबर्ग पर 3-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बेल्जियम ने बेलारूस को 8-0 से रौंदकर ग्रुप ई में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा जबकि नीदरलैंड ने जिब्राल्टर को 7-0 से करारी शिकस्त दी और वह ग्रुप जी में तुर्की के बाद दूसरे स्थान पर है। आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करने वाले लक्समबर्ग ने पुर्तगाल के खिलाफ बढ़त हासिल करके एक और उलटफेर की उम्मीद जगाई थी। पुर्तगाल ने हालांकि डिएगो जोल्टा, रोनाल्डो और जाओ पालिन्हा के गोल की मदद से ग्रुप ए में सर्बिया के साथ अपना शीर्ष स्थान बनाए रखा। सर्बिया ने एक अन्य मैच में अजरबेजान को 2-1 से हराया। तुर्की ने लाटविया के खिलाफ अपना मैच 3-3 से ड्रा खेला। तुर्की की तरह रूस भी लगातार तीसरी जीत दर्ज करने में असफल रहा। उसे स्लोवाकिया ने 2-1 से पराजित किया। रूस अब ग्रुप एच में क्रोएशिया के साथ शीर्ष पर है। क्रोएशिया ने एक अन्य मैच में माल्टा को 3-0 से शिकस्त दी। साइप्रस ने स्लोवानिया को 1-0 से हराकर ग्रुप में अपनी पहली जीत दर्ज की।
यूरोप दौरे में अजेय रहने से भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मनोबल बढ़ा हुआ है और कप्तान मनप्रीत सिंह ने उम्मीद जताई कि अर्जेंटीना दौरे में भी टीम अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखने में सफल रहेगी। भारत की 22 सदस्यीय टीम आज सुबह ब्यूनस आयर्स के लिए रवाना हुई जो उसका 2021 में दूसरा दौरा है। इससे पहले उसने पिछले महीने यूरोप का दौरा किया था जहां वह जर्मनी और ग्रेट ब्रिटेन के विरुद्ध अजेय रही थी। एक साल बाद टीम में वापसी करने वाले मनप्रीत ने कहा कि टीम शीर्ष स्तर की टीम से भिडऩे को लेकर उत्साहित है। मनप्रीत ने हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में कहा- पिछले एक साल से प्रतिस्पर्धी हॉकी नहीं खेलना बड़ा झटका था लेकिन महामारी के कारण प्रत्येक टीम के साथ ऐसा हुआ। अर्जेंटीना के इस दौरे में भारतीय टीम मेजबान टीम के खिलाफ कुल 6 मैच खेलेगी। इनमें एफआईएच प्रो लीग के दो मैच भी शामिल हैं जो 11 और 12 अप्रैल को खेले जाएंगे।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने आज दोपहर टी-20, टेस्ट और वनडे रैंकिंग जारी की। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज के बाद केएल राहुल और विराट कोहली को नुकसान उठाना पड़ा है। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी-20 में 52 गेंदों में 92 रन बनाने वाले डेवन कॉनवे जबरदस्त उछाल मारते हुए चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। विराट कोहली पांचवें और केएल राहुल छठे स्थान पर हैं। विराट कोहली वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में अपने शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह गेंदबाजों की सूची में एक पायदान खिसककर चौथे स्थान पर पहुंच गए। कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले और दूसरे वनडे में क्रमश: 56 और 66 रन की पारियां खेली थीं जिससे उनके 870 अंक हो गए हैं। बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में नहीं खेले थे जिससे वह एक पायदान खिसक गए और गेंदबाजों की सूची में 690 अंक से चौथे स्थान पर पहुंच गए। भारतीय सीमित ओवरों के उप कप्तान रोहित शर्मा रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं, वह पाकिस्तान के बाबर आजम से पीछे हैं जबकि लोकेश राहुल 31वें से 27वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑराउंडर हार्दिक पांड्या 35 और 64 रन की पारियां खेलकर बल्लेबाजों में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 42वीं रैंकिंग हासिल करने में सफल रहे और ऋषभ पंत ने शीर्ष 100 में प्रवेश कर लिया है।
रांची। कोरोना का फिर से बढ़ता कहर चैलेंज बनकर आया है। विशेषज्ञ कह रहे हैं कि यह लहर पिछली बार से ज्यादा घातक है। ऐसे में अतिरिक्त सावधानी की दरकार है। इसे देख सिमडेगा में 3 अप्रैल से होनेवाली 11वीं नेशनल जूनियर हॉकी चैंपियनशिप स्थगित करने का फैसला लिया गया है। हॉकी इंडिया और हॉकी झारखंड ने इस संबंध में निर्णय कर लिया है। संघ के प्रमुख भोलानाथ सिंह के अनुसार फिलहाल चैंपियनशिप को स्थिति सामान्य होने तक स्थगित किया गया है। आगे सिमडेगा में ही यह आयोजन किये जाने का प्रयास रहेगा। टूर्नामेंट में आई टीमों को वापस भेजने की भी पहल होगी। इस आधार पर 30 मार्च को सिमडेगा पहुंची चंडीगढ़ की टीम वापस अपने घर लौटेगी। कोरोना संक्रमित निकले प्लेयर्स जानकारी के अनुसार सिमडेगा पहुंचने पर चंडीगढ़ की टीम में शामिल सभी प्लेयर्स और स्टाफ का आवश्यक कोरोना टेस्ट कराया गया, जिसमें तीन संक्रमित पाये गये। इसके बाद हॉकी झारखंड ने बुधवार की सुबह सभी वैसी टीमों को सूचित कर दिया, जो इस टूर्नामेंट में शामिल होने को सिमडेगा के लिये निकल चुकी थीं। दिल्ली स्टेशन पर हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश की टीम आ चुकी थी। इसी तरह अन्य राज्यों की टीम बुधवार की शाम अपने अपने गृह राज्यों से निकलने वाली थी। कुल 28 टीम इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाली थी। सबको टूर्नामेंट स्थगित किये जाने की सूचना हॉकी झारखंड की ओर से जारी कर दी गयी है। गौरतलब है कि सिमडेगा में मार्च के 10 से 18 मार्च तक नेशनल सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन हॉकी झारखंड ने हॉकी इंडिया और सिमडेगा जिला प्रशासन के सहयोग से किया था। इस टूर्नामेंट के दौरान भी खिलाड़ियों और अन्य ऑफिशियल का कोरोना टेस्ट कराया गया था। इसी तरह सिमडेगा में 3 अप्रैल से 12 अप्रैल तक होने वाले नेशनल जूनियर के लिये भी सबका टेस्ट जरूरी कराना जरूरी बनाया गया था। टूर्नामेंट की तैयारी पूरी हो चुकी थी। पर ऐन वक्त पर कोरोना केस सामने आने पर इसे बाद में आयोजित किये जाने का विचार हुआ।
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें एडिशन के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को कप्तान नियुक्त् किया है। पंत चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह लेंगे जो कंधे में चोट के कारण इस टी20 लीग से बाहर हो गए हैं। श्रेयस का बायां कंधा इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज के पहले वनडे में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गया था। बतौर कप्तान पंत पहली बार आईपीएल में उतरेंगे। 23 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज पंत ने इससे पहले घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की कप्तानी की है। पंत साल 2017 में सैयद मुश्ताक अली ट्रोफी में दिल्ली के कप्तान थे। दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को पंत को कप्तान बनाए जाने की घोषणा अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर की। दिल्ली कैपिटल्स ने लिखा, ऋषभ पंत आईपीएल 2021 में हमारे कप्तान होंगे। पंत का हाल का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट, टी20 और वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है।
भारतीय सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी मैच में 30 गेंदों पर 60 रन की आक्रामक पारी के दम पर मंगलवार को जारी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय की ताजा रैंकिंग में बल्लेबाजों में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। पिछले सप्ताह शीर्ष स्थान पर पहुंचने वाली शैफाली ने अंतिम मैच की इस पारी के दम पर 26 रेटिंग अंक हासिल किए और अब उनके 776 रेटिंग अंक हो गए हैं। इस युवा भारतीय बल्लेबाज ने आस्ट्रेलिया की बेथ मूनी पर 35 अंक की बढ़त बना ली है। शैफाली के साथ पारी की शुरुआत करने वाली स्मृति मंधाना ने 28 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए थे। इससे वह एक पायदान ऊपर छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। बाएं हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ ने 12 रन देकर तीन विकेट लिए थे। इससे उन्होंने गेंदबाजी रैकिंग में 12 पायदान की लंबी छलांग लगाई है और वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 13वीं रैंकिंग पर पहुंच गई है। तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी भी 15 पायदान ऊपर 56वें स्थान पर पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका ने यह श्रृंखला 2-1 से जीती थी। उसकी कप्तान सुन लुस बल्लेबाजी रैंकिंग में एक पायदान आगे 37वें जबकि तेज गेंदबाज टुमी सेखुखुने गेंदबाजी रैंकिंग में सात स्थान ऊपर 42वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
हर साल पूरी दुनिया आईपीएल का बेसब्री से इंतजार करती है। विश्व की सबसे रोमांचक टी-20 लीग शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में हर फ्रैंचाइजी ने अपनी कमर कस ली है। बीसीसीआई भी पूरी तरह तैयार है, लेकिन इस बार 14वें सीजन में कई नए नियम नजर आएंगे। बोर्ड ने बड़ा बदलाव करते हुए ऑन फिल्ड सॉफ्ट सिग्नल को हटाने का फैसला लिया है। साथ ही अब हर टीम को 90 मिनट के भीतर ही अपनी पारी खत्म करनी होगी। क्रिकबज के मुताबिक, बीसीसीआई ने सभी आठ आईपीएल टीम को एक मेल भेजा है, जिसमें इन सारे बदलावों के बारे में बताया गया है। मैच को तय समय में पूरा करने के उद्देश्य से प्रत्येक पारी के 20वें ओवर को 90 मिनट में खत्म करना होगा, पहले नियम 20वें ओवर को 90वें मिनट पर शुरू करने का था। देरी या रुकावट वाले मैचों में, जहां निर्धारित समय में 20 ओवर न हो पाएं इसमें हर ओवर के लिए 4 मिनट 15 सेकंड अतिरिक्त हो सकते हैं। आसान भाषा में ऐसे समझिए हर घंटे में औसतन 14.11 ओवर फेंकने होंगे इसमें टाइम-आउट शामिल नहीं होगा मैच की एक पारी 90 मिनट में खत्म होनी चाहिए खेल के लिए 85 मिनट और पांच मिनट टाइम-आउट चौथे अंपायर की बढ़ी शक्ति अगर कोई भी टीम समय बर्बाद करती हुई पाई जाती है तो चौथे अंपायर का रोल अहम हो जाएगा। सजा के तौर पर संशोधित ओवर-रेट नियम लागू करने और बल्लेबाजी पक्ष को चेतावनी देने की शक्तियां उन्हें दी गईं हैं। सॉफ्ट सिग्नल नियम के संबंध में, BCCI ने कहा कि ऑन-फील्ड अंपायर के संकेत का तीसरे अंपायर के निर्णय पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सॉफ्ट सिग्नल और शॉर्ट रन पर बड़े फैसले इसके मुताबिक, मैच के दौरान अब कोई भी मैदानी अंपायर थर्ड अंपायर से मदद लेते वक्त सॉफ्ट सिग्नल का इशारा नहीं करेगा। यह फैसला अंपायरिंग हित में लिया गया जिससे थर्ड अंपायर को अपना फैसला देने में किसी भी तरह की अड़चन न आए और न ही इसकी वजह से कोई विवाद हो। बीसीसीआई ने शॉर्ट रन नियम में भी संशोधन किया। अब थर्ड अंपायर शॉर्ट रन पर ऑन-फील्ड अंपायर की कॉल की भी जांच कर सकता है और मूल निर्णय को पलट सकता है।
विश्व रैंकिग में शीर्ष पर काबिज ऑस्ट्रेलियाई महिला टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी मियामी ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सोमवार को उन्होंने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेलारूस की 14वीं वरीय और तीन बार की मियामी ओपन चैंपियन विक्टोरिया अजारेंका को 6-1, 1-6, 6-2 से हराया। बार्टी की यह तीन सेट वाले पिछले 20 मुकाबलों में 17वीं जीत है। बार्टी का अगला मुकाबला आर्यना सबलेंका से होगा। अन्य मुकाबले में दूसरे नंबर की खिलाड़ी जापान की नाओमी ओसाका ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए लगातार 23वीं जीत दर्ज की। उन्होंने बेल्जियम की 16वीं वरीय एलिस मर्टेंस को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। ओसाका के सामने अब ग्रीस की खिलाड़ी मारिया सक्कारी की चुनौती होगी। बता दें कि ओसाका लगभग एक साल से अजेय है और इस दौरान उन्होंने पिछले महीने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के रूप में अपना चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इनके अलावा महिलाओं के एकल मुकाबले में यूक्रेन की पांचवीं वरीय एलीना स्वितोलिना ने ढाई घंटे तक चले मुकाबले में नौवीं वरीय पेत्रा क्वितोवा को 2-6, 7-5, 7-5 से हराया और क्वार्टर फाइनल में पहुंची। स्वितोलिना ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की और आखिरी के सेट अपने नाम कर मैच में बाजी मारी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse