खेल समाचार

View All
Published / 2021-04-04 15:15:57
तोक्यो ओलंपिक के दावेदारों सहित 35 रोइंग खिलाड़ियों को कोविड का दूसरा टीका लगा

तोक्यो ओलंपिक क्वालीफिकेशन की तैयारी कर रहे रोअर सहित कुल 35 भारतीय रोइंग खिलाड़ियों को कोविड-19 का दूसरा टीका लगा जिससे वे देश में पूर्ण टीकाकरण लगवाने वाला देश का पहला खेल समूह बना। पुणे के सेना खेल संस्थान (एएसआई) में शनिवार को 35 रोइंग खिलाड़ियों के अलावा कुछ कोचों और अन्य सहयोगी स्टाफ को भी दूसरा कोविड टीका लगा। भारतीय रोइंग संघ की अध्यक्ष राजलक्ष्मी सिंह देव ने बताया, 35 रोइंग खिलाड़ियों के अलावा कुछ कोचों और एएसआई पुणे के सहयोगी स्टाफ को शनिवार को दूसरा टीका लगा। इन 35 खिलाड़ियों में वे खिलाड़ी भी शामिल हैं जिन्हें तोक्यो में पांच से सात मई तक होने वाली विश्व रोइंग एशिया ओसियाना महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन रेगाटा स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए चुना गया है। राजलक्ष्मी ने उम्मीद जताई कि भारतीय रोअर 23 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहेंगे। हमें उम्मीद हैं कि हमारी दो नाव ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी, हमें तोक्यो में होने वाली इस स्पर्धा से क्वालीफाई करने की उम्मीद है। रियो ओलंपिक 2016 के लिए सिर्फ दत्तु बब्बन भोकानल ने पुरुष एकल स्कल्स में क्वालीफाई किया था और 13वें स्थान पर रहे थे। भोकानल ने 2018 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। एएसआई पुणे में ट्रेनिंग कर रहे और ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके भारतीय तीरंदाजों को भी कोविड-19 का पहला टीका लग चुका है और उन्हें दूसरा टीका अगले हफ्ते लगेगा जिसके बाद वे 19 अप्रैल से गुआटेमाला सिटी में होने वाले विश्व कप चरण एक में हिस्सा लेने के लिए रवाना होंगे। टीकाकरण अभियान के तहत आठ शीर्ष भारतीय तीरंदाजों अतनु दास, तरूणदीप राय, प्रवीण जाधव और बी धीरज (रिजर्व), दीपिका कुमारी, अंकित भकत, कोमोलिका बारी और मधु वेदवान (रिजर्व) सहित अन्य तीरंदाजों को टीके लग चुके हैं। भारतीय सीनियर दल में शामिल कोचों और सहयोगी स्टाफ सहित सभी 16 सदस्यों को पहला टीका लग चुका है।

Published / 2021-04-03 14:47:02
दिल्ली कैपिटल्स टीम से जुड़े स्टीव स्मिथ, ऋषभ पंत की कप्तानी में खेलेंगे

मुंबई। दिल्ली कैपिटल्स के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी स्टीव स्मिथ शनिवार को मुंबई स्थित होटल पहुंचकर टीम से जुड़ गए। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एक सप्ताह के लिए आइसोलेशन में रहेंगे। दिल्ली कैपिटल्स फ्रैंचाइजी के एक बयान में कहा, दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ शनिवार को टीम होटल पहुंचे। स्मिथ एक सप्ताह के लिए संगरोध में रहेंगे। स्मिथ, जिन्होंने पिछले सत्र में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया और 25.91 की औसत से सिर्फ 311 रन बना सके थे, को जयपुर फ्रैंचाइजी ने रिलीज कर दिया था। हालांकि, उन्हें इस सीजन में 2.2 करोड़ रुपये की कीमत पर दिल्ली कैपिटल्स ने चुना था। दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच मोहम्मद कैफ ने नीलामी के बाद कहा था कि वे भाग्यशाली हैं कि स्मिथ इतने सस्ते में टीम को मिल गए। पिछले सीजन में उपविजेता रही दिल्ली कैपिटल्स टीम की कमान इस साल विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के हाथों में है। दिल्ली की टीम 10 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2021 के अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी।

Published / 2021-04-03 13:53:06
शिक्षा विभाग की बेहतर पहल पर झारखंड में पहली बार खेलकूद का वार्षिक कैलेंडर तैयार

रांची। शिक्षा विभाग ने पहली बार स्कूलों में खेलकूद के लिए वार्षिक कैलेंडर बनाया है। इसे लेकर स्कूली शिक्षा साक्षरता विभाग की ओर से तमाम जिला शिक्षा पदाधिकारियों को भी जानकारी दी गई है। इस कैलेंडर के तहत स्कूलों में खेलकूद से जुड़ी तमाम गतिविधियों की जानकारी है। स्कूली शिक्षा साक्षरता विभाग की ओर से पहली बार स्कूलों के लिए तैयार किए गए इस कैलेंडर में खेलकूद से जुड़ी तमाम बारीकियों को बताया गया है। साथ ही स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने के लिए उन तमाम खेलों का भी जिक्र इस कैलेंडर में है। कैलेंडर में भारत के 10 प्रमुख खेलों के बारे में जानकारी दी गई है। स्कूलों के बीच खेलकूद की प्रतिस्पर्धा कब आयोजित होगी इसका पूरा विवरण दिया गया है। अंतर विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता को लेकर बजट तैयार किया गया है। 11वीं और 12वीं में शारीरिक शिक्षा और खेलकूद को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना है। इसकी तैयारी विभाग की ओर से की जा रही है। नई शिक्षा नीति पर जोर नई शिक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए विभाग इस पर जोर दे रही है और इसे लेकर देश के विभिन्न शिक्षा प्रणाली का अध्ययन भी किया जा रहा है। राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की स्थिति, कितने शिक्षक कार्यरत हैं, इसका आकलन किया जा रहा है। फिलहाल लगभग 850 शारीरिक शिक्षक कार्यरत हैं। इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विभाग ने जोर दिया है। जल्द ही तमाम विद्यालयों को इस कैलेंडर के संबंध में जानकारी दी जाएगी। नए सत्र से खेलकूद गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

Published / 2021-04-03 11:43:14
IPL 2021: बीसीसीआई की दो टूक, कोरोना के कितने भी मामले आएं नहीं बदले जाएंगे आयोजन स्थल

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने साफ किया कि कोरोना के कितने भी मामले आएं लेकिन अब आयोजन स्थल में बदलाव नहीं किए जाएंगे। पिछले कुछ दिनों से आईपीएल खेलने वाले कई खिलाड़ी कोरोना संक्रमण के शिकार हुए हैं। बीसीसीआई की मानें तो मैच अपने तय शेड्यूल के मुताबिक पहले से निर्धारित शहरों में ही खेले जाएंगे। बीते साल की तरह इस बार भी मुंबई में कोरोना संक्रमण की जद में है और वहां प्रतिदिन हजारों की तादाद में कोविड-19 के नए मामले आ रहे हैं। हाल ही में दिल्ली कैपटिल्स के खिलाड़ी अक्षर पटेल कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके अलावा वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम के 10 ग्राउंड्समैन और बीसीसीआई आईपीएल आयोजन टीम के सात सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

Published / 2021-04-02 15:32:45
रोजर फेडरर बने स्विटजरलैंड टूरिज्म के ब्रांड एम्बेसडर

दुनिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर नई भूमिका में नजर आएंगे। 20 ग्रैंड स्लैम जीत चुके फेडरर ने इसकी जानकारी खुद अपने ट्विटर अकाउंट पर दी। फेडरर को स्विटजरलैंड का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले फेडरर ने स्विस नेशनल टूरिजम बोर्ड के साथ लंबे समय का करार किया है। उनका टूरिज्स बोर्ड के साथ जुड़ने का मकसद देश में पर्यटन को बढ़ावा देना है। अब रोजर फेडरर स्विटजरलैंड टूरिज्म के साथ मिलकर वैश्विक तौर पर देश में पर्यटन को बढ़ावा देने पर काम करेंगे। कोरोना वायरस महामारी के चलते दुनियाभर में पर्यटन के क्षेत्र में इसका व्यापक असर पड़ा है। स्विटजरलैंड टूरिज्म के कार्यकारी अधिकारी मार्टिन निगेदर के मुताबिक, देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोजर फेडरर उचित व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि देश और उसकी प्रकृति ने रोजर फेडरर के करियर में बेहतरीन योगदान दिया है। स्विटजरलैंड का टूरिज्म ब्रांड एम्बेसडर बनाए जाने के बाद रोजर फेडरर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, मैंने हमेशा यही सोचा कि जब टेनिस कोर्ट पर कदम रखूं तो स्विटजरलैंड का प्रतिनिधित्व करूं। उन्होंने कहा कि जहां मेरा नाम जाए वहां देश का झंडा हो। मैं पिछले 22 साल से ऐसा कर रहा हूं जिस पर मुझे गर्व है, देश के टूरिज्म के साथ जुड़ना मेरे लिए खुशी की बात है।

Published / 2021-04-02 11:57:07
जापान के कोविड प्रभावित क्षेत्रों में रद्द हो सकती है ओलंपिक मशाल रिले

तोक्यो 2020 की प्रमुख सीको हाशिमोतो ने शुक्रवार को कहा कि जिन क्षेत्रों में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं वहां ओलंपिक मशाल रिले को रद्द किया जा सकता है। हाशिमोतो ने तोक्यो में नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा, एक टीम है जिसने (मशाल रिले में) भाग लेने से इन्कार कर दिया है। प्रत्येक क्षेत्र में वायरस की स्थिति लगातार बदल रही है, इसलिए हमें जल्द से जल्द निर्णय लेने की आवश्यकता है लेकिन साथ ही आखिरी क्षणों में बदलाव के लिये भी हमारा रुख लचीला होना चाहिए। समिति अप्रैल के आखिर में जापान में दर्शकों की संख्या को अंतिम रूप देगी। हाशिमोतो से जब तीन अप्रैल से शुरू होने वाली कुछ परीक्षण प्रतियोगिताओं को रद्द करने के बारे में पूछा गया, उन्होंने कहा जिस माहौल में खिलाड़ी सुरक्षित महसूस करें, उसमें हम प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाने के लिये प्रतिबद्ध हैं। हमें इस पर कड़ी मेहनत करनी होगी।

Published / 2021-04-02 10:57:46
कोरोना संक्रमित सचिन अस्पताल में भर्ती

कोरोना से संक्रमित पूर्व भारतीय क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उन्होंने यह फैसला बेहद सावधानी बरतने के चलते लिया है तथा उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द ही अपने घर लौटेंगे। इस बात की जानकारी सचिन ने खुद दी है। उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट में कहा, डॉक्टरों की सलाह पर मैं अस्पताल में भर्ती हो गया हूं। मैं जल्द ही स्वस्थ होकर अस्पताल से लौटूंगा। आप सभी लोग मेरे लिए प्रार्थना कर रहे हैं, इसके लिए मैं आप सभी को धन्यवाद देता हूं। सचिन ने साथ ही भारत की दो अप्रैल 2021 को विश्व कप जीतने की दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर सभी भारतीयों और अपने टीम साथियों को शुभकामनाएं दी। सचिन का यह छठा और आखिरी विश्व कप था। उल्लेखनीय है कि 47 वर्षीय सचिन गत 27 मार्च को कोरोना से संक्रमित पाए गए थे और इसके बाद उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया था। छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुई रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टी-20 टूर्नामेंट में सचिन की अगुवाई में भारत चैंपियन बना था। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को पराजित किया था। उसके एक सप्ताह बाद सचिन ने सोशल मीडिया के जरिए अपना प्रशंसकों को बताया कि वह कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें इसके हल्के लक्षण हैं। रायपुर टूर्नामेंट से सचिन के अलावा युसूफ पठान, इरफान पठान और सुब्रमण्यम बद्रीनाथ भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं, हालांकि ये तीनों होम क्वारंटीन में हैं। सचिन ने 2013 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का समापन 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों, 34357 रनों और विश्व कप विजेता पदक के साथ किया था।

Published / 2021-04-01 14:30:36
न्यूजीलैंड ने बंगलादेश को किया 3-0 से क्लीन स्वीप

शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों मार्टिन गप्टिल (44) और फिन एलेन (71) की आतिशी पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने बंगलादेश को यहां तीसरे और आखिरी टी-20 मुकाबले में 65 रन से हरा कर 3-0 से क्लीन स्वीप कर श्रृंखला जीत ली। बारिश के कारण मुकाबला दस ओवर का रहा। टॉस हारने के बाद पहली बल्लेबाजी करने उतरे न्यूजीलैंड ने 10 ओवर में चार विकेट पर 144 रन का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें गुप्तिल और एलेन का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जबकि बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए बंगलादेश की टीम 9.3 ओवर में 76 रन पर ही ढेर हो गई। गुप्तिल ने जहां एक चौके और पांच छक्कों की मदद से 19 गेंदों पर 44 तो वहीं एलेन ने दस चौकों और तीन छक्कों के सहारे 29 गेंदों पर 71 रन की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली।

Page 212 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse