खेल समाचार

View All
Published / 2021-04-19 11:42:51
युवा विश्व मुक्केबाजी : भारत ने 4 पदक पक्के किए

एबीएन डेस्क। एशियाई चैम्पियन विंका और अलफिया पठान उन चार भारतीय मुक्केबाजों में शामिल हैं जिन्होंने पोलैंड के किलसे में चल रही पुरूष और महिला युवा विश्व चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। गीतिका और पूनम दो अन्य मुक्केबाज हैं जिन्होंने अंतिम चार चरण में जगह बनायी और इन्होंने देश के लिए कम से कम कांस्य पदक कर लिए। सभी चारों मुक्केबाजों ने अपने क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। पानीपत की मुक्केबाज विंका ने 60 किग्रा वर्ग में अपनी कोलंबियाई प्रतिद्वंद्वी कैमिलो कैमेला को 5-0 से पराजित किया जबकि 2019 एशियाई जूनियर चैम्पियन अलफिया (81 किग्रा से अधिक) ने भी इसी अंतर से हंगरी की मुक्केबाज रेका हॉफमैन को शिकस्त दी। पूनम ने 57 किग्रा वर्ग में कजाखस्तान की नाजेर्के सेरिक पर 5-0 से आसान जीत से सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गीतिका (48 किग्रा) ने फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमानिया की एलिजाबेथ ओस्तान पर शुरू से ही मुक्कों की बरसात कर दी जिससे रैफरी को पहले राउंड में ही मुकाबला रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा और हरियाणा की इस मुक्केबाज को विजेता घोषित कर दिया गया। वहीं एक अन्य महिला मुक्केबाज खुशी (81 किग्रा) को क्वार्टरफाइनल में तुर्की की बुसरा इसिलदार से हार मिली। पुरूषों के वर्ग में मनीष (75 किग्रा) और सुमित (69 किग्रा) ने क्रमश: जोर्डन के अब्दल्लाह अलाराग और स्लोवाकिया लाडिस्लाव होरवाथ पर 5-0 के समान अंतर से जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। इस बीच आकाश गोरखा (60 किग्रा) और विनीत (81 किग्रा) आगे नहीं बढ़ सके जिन्हें अंतिम 16 के मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

Published / 2021-04-18 09:49:09
एशियाई वेटलिफ्टिंग: मीरा ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता कांस्य

एबीएन डेस्क। स्नैच में पहली दो लिफ्ट फेल होने पर तीसरी में 86 किलो उठाने के बाद मीरा ने कोच विजय शर्मा से यही शब्द बोले। स्नैच के बाद मीरा को क्लीन एंड जर्क की तीन लिफ्ट उठाने के लिए 10 मिनट का ब्रेक मिला। यहीं कोच विजय ने मीरा को प्रोत्साहित किया और कहा अब क्लीन एंड जर्क में नहीं चूकना है, जो तुमने प्रैक्टिस में किया है, उसे यहां जस का तस उतारकर दिखाना है। मीरा ने ठीक वही किया और क्लीन एंड जर्क में 119 किलो वजन उठाकर विश्व और एशियाई कीर्तिमान रच डाला। हालांकि मीरा चीन की स्वर्ण पदक विजेता होऊ झीहुई (213 किलो) और चीन की ही रजत विजेता जियांग हुई हुआ (207 किलो) से पीछे रहीं लेकिन 205 किलो वजन उठाकर उन्होंने अपने जीवन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर यह बता दिया कि टोक्यो ओलंपिक में पदक उनकी पहुंच में है। नहीं थी विश्व कीर्तिमान की उम्मीद : ताशकंद में चल रही एशियाई चैंपियनशिप में बतौर रेफरी मौजूद इंडियन वेटलिफ्टिंग संघ के महासचिव सहदेव यादव एक लाइन में साफ करते हैं। उन्हें इस विश्व कीर्तिमान की उम्मीद नहीं थी। मीरा का प्रदर्शन हैरतअंगेज है। विजय ने कल ही साफ किया था कि मीरा खुद से मुकाबला करेंगी। वह चीनियों के संघर्ष में नहीं फंसेंगी। हालांकि शुरूआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। स्नैच में 85 किलो की पहली दो लिफ्ट फेल होने पर मीरा दबाव में थीं, लेकिन कोच ने कहा कि चिंता की जरूरत नहीं है। यहां अच्छा नहीं भी होता है तो भी ओलंपिक टिकट के लिए यहां सिर्फ भाग लेना ही जरूरी है। तुम प्रैक्टिस में तो इतना आराम से कर रही हो। इसके बाद मीरा ने कहा सर, तीसरी लिफ्ट में 85 नहीं 86 किलो कर दीजिए और मीरा ने यह लिफ्ट उठाकर दिखा दी। स्नैच में वह चौथे स्थान पर थीं। क्लीन एंड जर्क में चीनियों को पीछे छोड़ रहीं अव्वल : क्लीन एंड जर्क में मीरा ने तीनों लिफ्ट उठाने का कारनामा किया। उन्होंने पहली 113, दूसरी 117 और तीसरी 119 किलो की लिफ्ट उठा स्नैच में पहले, दूसरे स्थान पर रहीं दोनों चीनी लिफ्टरों को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले उनका क्लीन एंड जर्क में सर्वश्रेष्ठ 2019 की विश्व चैंपियनशिप में 114 किलो था। हालांकि उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 115 किलो उठाया था। लेकिन विजय का कहना है कि राष्ट्रीय के बजाय अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्म पर प्रदर्शन करना मुश्किल होता है।

Published / 2021-04-16 07:41:57
कुलदीप-चहल के लिए आई बुरी खबर, लेकिन शुभमन-सिराज की बल्ले-बल्ले

एबीएन डेस्क। भारतीय कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भारतीय क्रिकेट बोर्ड केंद्रीय अनुबंधों की शीर्ष श्रेणी में बरकरार हैं। ग्रेड ए प्लस के खिलाड़ियों को 7-7 करोड़ रुपये की राशि मिलती है। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को ग्रेड ए में कर दिया गया है, जिसमें पांच करोड़ रुपये मिलते हैं, पहले वह बी ग्रेड में थे। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ग्रेड ए में कायम हैं। शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज को उनका पहला केंद्रीय अनुबंध मिला है जो ग्रेड सी है और इसकी राशि एक करोड़ रुपये की है। शार्दुल ठाकुर ग्रेड बी में आ गए हैं। कुलदीप-चहल को झटका कुछ खिलाड़ियों का दर्जा घटाया गया है जिसमें कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल बड़ा नाम है। एक समय दोनों भारत के तुरुप के इक्के माने जाते थे, लेकिन बीते वक्त में प्रदर्शन में गिरावट तो आई ही टीम में स्थायी जगह भी नहीं बची। पिछले साल कुलदीप यादव को ए कैटेगरी में जगह मिली थी, लेकिन इस बार वह सीधे सी ग्रेड में आ गए हैं। वहीं चहल को बीते साल बीसीसीआई ने बी ग्रेड का अनुबंध दिया था। इस साल उन्हें सी ग्रेड में रखा है। इन दोनों खिलाड़ियों को सालाना एक करोड़ रुपये मिलेंगे। किस ग्रेड में कौन : ग्रेड-ए प्लस (07 करोड़): विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह ग्रेड-ए (05 करोड़): आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, शिखर धवन, केएल राहुल, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या ग्रेड-बी (03 करोड़): ऋधिमान साहा, उमेश यादव, भुवनेश्वर, शार्दुल ठाकुर और मयंक अग्रवाल ग्रेड-सी (01 करोड़): कुलदीप यादव, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, शुभमन गिल, हनुमा विहारी, अक्षर पटेल, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल और मोहम्मद सिराज

Published / 2021-04-16 07:25:39
ओलंपिक में 98 दिन शेष: खेल रद्द करना अब भी विकल्प

एबीएन डेस्क। जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के दो शीर्ष अधिकारियों ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में आमूल-चूल बदलाव हो सकते हैं। एक ने तो यहां तक सुझाव दे दिया कि इन्हें अब भी रद्द किया जा सकता है और दूसरे ने कहा कि अगर वे इसे आयोजित भी करते हैं तो इसका आयोजन दर्शकों के बिना हो सकता है। एलडीपी के महासचिव तोशिहिरो निकाई ने टोक्यो ओलंपिक के लिए 100 दिन की उलटी गिनती शुरू होने के एक दिन बाद ही यह रद्द होने का सुझाव दिया। उन्होंने यह टिप्पणी जापान के टीबीएस टीवी द्वारा रिकॉर्ड किए गए शो में की। निकाई ने कहा, अगर खेलों को आयोजित करना असंभव दिखता है तो इन्हें निश्चित रूप से रद्द किया जाना चाहिए। अगर ओलंपिक की वजह से संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी होती है तो ओलंपिक कराने का कोई मतलब नहीं होगा। यह पूछने पर कि क्या रद्द किया जाना अब भी एक विकल्प है तो निकाई ने कहा, निश्चित रूप से। लेकिन उन्होंने साथ ही यह भी कहा, जापान के लिए सफल ओलंपिक करना महत्वपूर्ण है। यह एक बड़ा मौका है। मैं इन्हें सफल बनाना चाहता हूं।

Published / 2021-04-15 11:08:57
विश्वनाथन आनंद के पिता का निधन

एबीएन डेस्क। पांच बार के विश्व चैम्पियन विश्वनाथन आनंद के पिता के विश्वनाथन का बीमारी के बाद यहां गुरूवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्होंने शहर के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। दक्षिण रेलवे के पूर्व महाप्रबंधक विश्वनाथन के दो बेटे और एक बेटी है। आनंद की पत्नी अरूणा ने कहा- आनंद का उन्होंने काफी साथ दिया। उन्होंने आनंद की विश्व चैम्पियनशिप में सारी जीत देखी। उन्होंने अपने बेटे को अच्छे संस्कार दिये और आनंद की उपलब्धियों पर उन्हें गर्व था।

Published / 2021-04-13 11:32:39
भुवनेश्वर ने जीता आईसीसी का खास पुरस्कार

एबीएन डेस्क। भारतीय टीम के अनुभवी और स्टार तेज गेंदबाज ने चोट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दमदार वापसी की। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके लिए आईसीसी तरफ से उन्हें इनाम भी मिला है। भुवनेश्वर को आईसीसी की वोटिंग में मार्च महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है। बता दें कि भुवी के अलावा पुरुष वर्ग में अन्य खिलाड़ियों में अफगानिस्तान के शीर्ष लेग स्पिनर राशिद खान और जिम्बाब्वे के सीन विलियम्स का नाम भी शामिल था। लेकिन वोटिंग के बाद भारतीय तेज गेंदबाज को विजेता घोषित किया गया है। बात करें भुवनेश्वर के प्रदर्शन की तो पिछले माह उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे खेले थे और 4.65 के इकॉनमी रेट से छह विकेट चटकाए थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले थे, जिसमें 6.38 की शानदार इकॉनमी रेट के साथ चार विकेट झटके थे। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई सफेद गेंद की सीरीज में वह दोनों टीमों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। अन्य दावेदारों में राशिद ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपनी टीम की जीत के दौरान 11 विकेट झटके और इसके बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3-0 की जीत में छह विकेट भी हासिल किए। वहीं जिम्बाब्वे से सीन विलियम्स ने अफगानिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट खेले जिसमें उन्होंने कुल 264 रन बनाए और दो विकेट प्राप्त किए। उन्होंने इसके बाद तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले, जिसमें उन्होंने 128.57 के स्ट्राइक रेट से 45 रन बनाए।

Published / 2021-04-12 08:52:09
टोक्यो ओलंपिक में संक्रमितों को अलग होटल में रखने की तैयारी

एबीएन डेस्क। टोक्यो ओलंपिक के लिए आने वाले खिलाड़ियों में अगर कोविड-19 के मामूली लक्षण पाए जाते हैं तो उन्हें होटल में क्वारंटीन में रखा जा सकता है। जापान की समाचार एजेंसी को कहा कि आयोजक खेल गांव के समीप एक होटल में 300 कमरे बुक करने की योजना पर काम रहे हैं। एजेंसी ने इस योजना की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी। यह कमरे उन खिलाड़ियों या कोचिंग स्टाफ के लिए होंगे जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं है। इन योजनाओं से ओलंपिक और पैरालंपिक के महामारी के दौरान आयोजन को लेकर जोखिम के अंदाजे का पता चलता है। 47 शहरों से गुजरेगी मशाल : टोक्यो ओलंपिक की 121 दिवसीय टॉर्च रिले शुरू हो गई है जो 23 जुलाई को टोक्यो में उद्घाटन समारोह के साथ समाप्त होगी। मशाल रिले की शुरुआत फुकुशिमा से हुई जो 2011 के भूकंप, सुनामी और परमाणु संयंत्रों से रिसाव की त्रासदी झेल चुका है। उस हादसे में करीब 18000 लोग मारे गए थे। टॉर्च सबसे पहले अजुसा इवाशिमिझू ने थामी थी जो 2011 महिला विश्व कप जीतने वाली जापान की टीम की अहम सदस्य थी। इस रिले में करीब 10000 धावकों के भाग लेने की उम्मीद है जो जापान के 47 शहरों से गुजरेगी। कोरोना महामारी के कारण पिछले साल ओलंपिक स्थगित हो गए थे। आयोजक और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने विदेश से आने वाले दर्शकों पर रोक लगा रही है। अभी यह घोषणा की जानी बाकी है कि स्थलों पर कितने लोग एकत्रित हो सकते हैं। टोक्यो, ओसाका और आसपास कोविड-19 संक्रमण बढ़ रहा है। हाल ही में वहां रोकथाम के लिए कड़े कदम घोषित किए गए हैं।

Published / 2021-04-11 16:32:43
शूट आउट में भारतीय हॉकी टीम ने अर्जेन्टीना को हराया

एबीएन डेस्क। हरमनप्रीत सिंह और गोलकीपर पीआर श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यहां एफआईएच प्रो लीग के रोमांचक पहले मैच में ओलंपिक चैंपियन अर्जेन्टीना को शूट आउट में हराया। दो बराबरी की टीमों के बीच हुए इस मुकाबले में भारत को 21वें मिनट में मैन आफ द मैच हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त दिलाई लेकिन मार्टिन फरेरो ने 28वें और 30वें मिनट में दो गोल दागकर मेजबान टीम को 2-1 से आगे कर दिया। अर्जेन्टीना की टीम ने इसके बाद मैच के अंतिम लम्हों तक अपनी बढ़त को बरकरार रखा। हालांकि जब भारत की हार लगभग तय लग रही थी तब हरमनप्रीत ने 60वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर एक और गोल दागकर भारत को 2-2 से बराबरी दिला दी। इस ड्रॉ से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलना सुनिश्चित हुआ। भारत ने इसके बाद शूट आउट में गोलकीपर श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बोनस अंक हासिल किया। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार शूट आउट जीतने वाली टीम को बोनस अंक मिलता है। भारत पिछले एक साल से अधिक समय में पहला प्रो लीग मैच खेल रहा था। श्रीजेश ने शूट आउट में लुकास विला, फरेरो और इग्नेसियो ओर्टिज के प्रयासों को नाकाम किया जिसके बाद दिलप्रीत सिंह ने अर्जेन्टीना के अनुभवी गोलकीपर जुआन विवाल्डी को छकाकर वन-आन-वन शूट आउट में भारत की जीत सुनिश्चित की। इस नतीजे की बदौलत भारत ने एफआईएच प्रो लीग तालिका में सात मैचों में 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अर्जेन्टीना इतने ही मैचों में 11 अंक के साथ छठे स्थान पर है। हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, मुझे लगता है कि सबसे महत्वपूर्ण चीज यह थी कि हमने कभी हार नहीं मानी। हम अंतिम मिनट तक चुनौती दे रहे थे और यही कारण है कि हम यह नतीजा हासिल करने में सफल रहे। दूसरे मैच में सुधार के बारे में पूछे जाने पर हरमनप्रीत ने कहा, हमें आज काफी कार्ड दिखाए गए (फाउल के कारण) इसलिए मुझे लगता है कि हमें इसमें सुधार करने की जरूरत है। हमें यह ध्यान में रखना होगा जिससे कि अगले मैच में हमें कोई कार्ड नहीं दिखाया जाए। दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।

Page 210 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse