एबीएन डेस्क, रांची। भारत की स्टार महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पेरिस में चल रहे तीरंदाजी विश्व कप में इतिहास रच दिया। विश्व कप स्टेज 3 में रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा को 6-0 से जीतकर स्वर्ण पदक की अपनी हैट्रिक पूरी। इस जीत के साथ दीपिका दुनिया की नंबर 1 महिला तीरंदाज बन गई हैं। विश्व तीरंदाजी ने सोमवार को अपनी ताजा रैंकिंग जारी की जिसमें दीपिका को पहला स्थान मिला। दीपिका कुमारी ने दूसरी बार तीरंदाजी में यह उपलब्धि हासिल की है। रांची से ताल्लुक रखने वाली 27 वर्षीया दीपिका ने साल 2012 में पहली बार तीरंदाजी में शीर्ष स्थान हासिल किया था। रविवार को दीपिका ने व्यक्तिगत और मिश्रित स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किए। सोमवार को विश्व तीरंदाजी की तरफ से आधिकारिक ट्वीट कर कहा गया, दीपिका कुमारी ने विश्व तीरंदाजी में पहली रैंक हासिल कर ली है। दीपिका कुमारी ने पहले अंकिता भकत और कोमालिका बारी के साथ महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में मैक्सिको को आसानी से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद उन्होंने अपने पति अतनु दास के साथ 0-2 से पिछड़ने के बाद नीदरलैंड के सेफ वान डेन और गैब्रिएला की जोड़ी को 5-3 के अंतर से हराते हुए गोल्ड मेडल पर निशाना साधा। इसके बाद रांची की राजकुमारी ने रूस की 17वीं रैंक प्राप्त एलिना ओसीपोवा को 6-0 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता। दीपिका के ओवर आॅल पदकों की बात की जाए तो 9 स्वर्ण, 12 रजत और 7 कांस्य पदक जीतने में सफल रही हैं।
एबीएन डेस्क। ओलिंपिक से पहले भारतीय शूटिंग के लिए एक अच्छी खबर आई है। क्रोएशिया में चल रहे शूटिंग वर्ल्ड कप में भारत को तीसरा मेडल मिला है। यह 10 मीटर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में मनु भाकर और सौरभ चौधरी ने दिलाया। यह भारतीय जोड़ी 387 पॉइंट के साथ दूसरे नंबर पर रही। मिक्स्ड इवेंट के फाइनल में मनु और सौरभ को रशियन जोड़ी वितालिना बत्सरश्किना और अर्तेम चेर्नोसोव ने हराया। अब तक भारत टूर्नामेंट में एक सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर 9वें नंबर पर काबिज है। रूस 7 मेडल 3 गोल्ड, 3 सिल्वर और एक ब्रॉन्ज के साथ टॉप पर काबिज है।
एबीएन डेस्क। सोलह टीमों के बीच इस साल होने वाला टी20 विश्व कप 17 अक्तूबर से 14 नवंबर तक यूएई में हो सकता है। माना जा रहा है कि स्थगित आईपीएल-14 के मैच 19 सितंबर से 15 अक्तूबर तक यूएई में होंगे और उसके बाद विश्व कप का आजोजन होगा। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, देश में कोरोना की स्थिति के कारण हम भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप के आयोजन को यूएई में शिफ्ट कर सकते हैं। हम स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं। खिलाड़ियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। हम जल्द ही अंतिम फैसला लेंगे। पिछले साल वैश्विक क्रिकेट कैलेंडर को बाधित करने वाले कोविड-19 महामारी के साथ, आईसीसी ने 2020 विश्व कप को स्थगित कर दिया था, जो मूल रूप से आॅस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाला था। इसके बाद यह फैसला किया कि भारत में 2021, जबकि आॅस्ट्रेलिया में 2022 संस्करण खेला जाएगा। पहले दौर में चार टीमें करेंगी क्वालिफाई : मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक राउंड-1 में 12 मैच होंगे जबकि 8 टीमें शामिल होंगी। इनमें से चार (प्रत्येक समूह से शीर्ष दो) सुपर 12 के लिए क्वालिफाई करेंगी। आठ टीमों (बांग्लादेश, श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड, स्कॉटलैंड, नामीबिया, ओमान, पापुआ न्यू गिनी) में से क्वालिफाई हुईं चार टीमें शीर्ष आठ रैंकिंग वाली टी20 टीमों में शामिल होकर सुपर 12 में पहुंचेंगी। पहला दौर यूएई के एक स्थल के अलावा ओमान में होगा जिससे सुपर 12 के मैचों के लिए यूएई के मुख्य मैदानों की पिचों को तैयार करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। सुपर-12 चरण में होंगे 30 मैच : पर 12 का चरण, जिसमें 30 मैच शामिल हैं, 24 अक्तूबर से शुरू होने की संभावना है। सुपर 12 में टीमों को छह-छह के दो समूहों में विभाजित किया जाएगा, जो यूएई में तीन स्थानों (दुबई, अबू धाबी और शारजाह) में खेला जाएगा। इसके बाद तीन प्लेआफ मैच होंगे दो सेमीफाइनल और फाइनल।
एबीएन डेस्क, रांची। बतौर कप्तान विराट कोहली ने अपना लोहा मनवाया है लेकिन उनके कब्जे में आइसीसी की एक भी ट्रॉफी नहीं है। यह पहली बार नहीं है जब कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया फाइनल में पहुंचकर हार गई हो, पिछले चार वर्षों में ये तीसरी बार है, जब टीम इंडिया आईसीसी का खिताब जीतने से चूक गयी है। विराट के नेतृत्व में टीम 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थी लेकिन पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद 2019 के वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारकर टीम इंडिया का तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना टूटा था। तीनों प्रारूपों में महेंद्र सिंह धोनी से कप्तानी का दायित्व संभालने के बाद विराट कोहली के पास पहली बार आइसीसी ट्रॉफी जीतने का मौका था लेकिन वो फिर से नाकाम रहे। डब्ल्यूटीसी फाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस निराश हैं। फैंस ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने कोहली को कप्तानी से हटाने तक की मांग कर दी। वहीं, किसी ने कहा कोहली टीम इंडिया को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) न बनाएं। बता दें कि कोहली आइपीएल की फे्रंचाइजी आरसीबी के कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में ये टीम एक बार भी आईपीएल का खिताब नहीं जीती है।
रांची। देश के लिए ओलंपिक गोल्ड जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है, अब झारखंड में सिमडेगा की बेटी सलीमा टेटे को यह मौका मिला है। सलीमा टेटे का चयन टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। अब सलीमा टोक्यो ओलंपिक में महिला हॉकी में भारत को गोल्ड दिलाने के लिए जी-जान लगाती नजर आएंगी महिला हॉकी की राष्ट्रीय टीम में सिमडेगा की बेटी सलीमा टेटे के साथ झारखंड की निक्की प्रधान का भी चयन किया गया है। झारखंड की दोनों बेटियों के भारत की महिला हॉकी टीम में चयन से झारखंड और सिमडेगा के खेल जगत में जबर्दस्त उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं और खिलाड़ियों के लिए ‘चक दे इंडिया’ का संदेश दिया है। सिमडेगा की बेटी सलीमा टेटे के चयनित होने पर सिमडेगा जिले में खास तौर से उत्साह का माहौल है। सलीमा के चयन पर स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। उनका कहाना है कि करीब 40 वर्षों के बाद सलीमा के रूप में सिमडेगा ने ओलंपिक के लिए भारत के लिए खेलने वाला हॉकी खिलाड़ी दिया है। झारखंड की दो बेटियों के ओलंपिक में चयन पर उनको और उनके परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा है। इस कड़ी में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी ट्वीट कर दोनों को बधाई दी है। ओलंपिक के लिए चयनित भारतीय महिला हॉकी का स्क्वॉड : गोलकीपर- सविता, डिफेंडर: दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान (झारखंड), गुरजीत कौर, उदिता, मिडफिल्डर- निशा, नेहा, सुशील चानू पुखरांबम, मोनिका, नवजोत कौर, सलीमा टेटे (झारखंड), फारवर्ड- रानी, नवनीत कौर, ललरेमसिआमी, वंदना कटारिया, शर्मिला देवी।
एबीएन डेस्क। एक तरफ जहां पुरुषों की क्रिकेट में टेस्ट को सर्वश्रेष्ठ आंका जाता है तो दूसरी ओर महिलाओं के बीच यह प्रारूप लगभग गायब-सा रहता है। भारतीय टीम के इंग्लैंड दौरे को ही ले लीजिए। लगगभ 7 वर्ष बाद भारतीय महिला टीम टेस्ट मैच खेलने के लिए उतरी है। भारतीय टीम सात साल में पहला टेस्ट खेल रही है। टीम ने पिछला टेस्ट नवंबर 2014 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैसुरू में खेला था। लंबा अंतराल होने का असर यह है कि 5 खिलाड़ियों ने यहां डेब्यू किया। मैच की बात करें तो इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हीथर नाइट ने काउंटी ग्राउंड में एकमात्र टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस बीच कप्तान नाइट के लिए भी यह ऐतिहासिक लम्हा है। वह इंग्लैंड की तरफ से आज 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच में कप्तानी कर रही हैं। भारत की ओर शेफाली वर्मा, ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर, विकेटकीपर तानिया भाटिया और ऑफ स्पिनर स्नेह राणा टेस्ट में डेब्यू कर रही हैं। इंग्लैंड की ओर से सोफिया डंकली ने भी इस मैच से टेस्ट में पदार्पण किया है। डंकली पहली अश्वेत महिला बन गई हैं जो इंग्लैंड महिला टेस्ट टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम करीब सात साल बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेल रही है। टेस्ट मैच की विजेता टीम को चार अंक मिलेंगे जबकि ड्रॉ होने पर दोनों टीमों को 2-2 अंक मिलेंगे।
एबीएन डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की। बल्लेबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं, भारतीय कप्तान विराट कोहली (814 रेटिंग अंक) चौथे स्थान पर पहुंच गए। बता दें कि स्मिथ से पहले नंबर एक पर न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन थे। मगर चोटिल होने के कारण विलियमसन (886 रेटिंग अंक) इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में नहीं खेले थे, जिससे वह स्मिथ से पांच रेटिंग अंक खिसक गए और बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। स्मिथ के 891 रेटिंग अंक हैं। टॉप 10 में शामिल अन्य भारतीयों में कोहली के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (747 अंक) और स्टार सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (747 अंक) मौजूद हैं जिन्होंने अपना संयुक्त छठा स्थान बरकरार रखा है। बता दें कि स्मिथ ने पिछले साल बॉक्सिंग डे टेस्ट के बाद पहली बार शीर्ष स्थान हासिल किया। टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में टीम इंडिया के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (850 अंक) ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस (908 अंक) के बाद दूसरे स्थान पर कायम हैं। वह शीर्ष 10 गेंदबाजों में एकमात्र भारतीय भी हैं। वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में 412 रेटिंग अंक से शीर्ष पर बरकरार हैं। भारत के रविंद्र जडेजा (386 अंक) और अश्विन (353 अंक) क्रमश: दूसरे और चौथे स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हैनरी अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 307 अंक और 64वें स्थान पर पहुंचे जबकि एजाज पटेल ने भी करियर के अभी तक सर्वाधिक 323 अंक जुटाए। डेवोन कॉन्वे ने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखी, जिससे वह संयुक्त 61वें स्थान पर हैं। इस रैंकिंग अपडेट में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट भी शामिल है। क्विंटन डिकॉक इससे चेतेश्वर पुजारा के साथ संयुक्त 12वें स्थान पर पहुंच गए।
एबीएन डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार को कर दिया गया। 15 सदस्यीय टीम में दो विकेटकीपर और 5 पेसर्स का चयन हुआ है। भारतीय टीम इस प्रकार है : रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप कप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, ऋधिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse