खेल समाचार

View All
Published / 2021-09-08 17:28:38
रोहित-पुजारा बाहर, मोहम्मद शमी मैनचेस्टर टेस्ट खेलने के लिए फिट

एबीएन डेस्क। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चोट से उबर गए हैं और इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में 10 सितंबर से शुरू होने वाले टेस्ट मैच में खेलने के लिये तैयार भी हैं। शमी और इशांत शर्मा को हल्की चोटों के कारण ओवल टेस्ट में विश्राम दिया गया था, जिसमें भारत ने 157 रन से जीत दर्ज कर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 से बढ़त हासिल की थी। पता चला है कि शमी ने बुधवार को टीम के अभ्यास सत्र में भाग लिया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शमी फिट हैं और जब शमी फिट हैं तो वे स्वत: पसंद हो जाते हैं। शमी के फिट होने से कप्तान विराट कोहली और एकमात्र उपलब्ध कोच विक्रम राठौड़ को 5वें मैच से पहले विकल्पों पर विचार करने में मदद मिलेगी। सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा (घुटने की चोट) और चेतेश्वर पुजारा (टखने की चोट) भी चोटिल हैं और वे अब भी चिकित्सा टीम की निगरानी में हैं। रोहित की चोट में तेजी से सुधार हो रहा है और उनके खेलने की पूरी संभावना है लेकिन चिकित्सा टीम से हरी झंडी मिलने के बाद ही निर्णय किया जाएगा। यदि रोहित सही समय पर फिट नहीं हो पाते हैं तो मयंक अग्रवाल, अभिमन्यु ईश्वरन और पृथ्वी शॉ में से किसी एक को मौका दिया जाएगा। पुजारा की अनुपस्थिति में हनुमा विहारी और सूर्यकुमार यादव में किसी को अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है।

Published / 2021-09-06 15:56:00
IND vs ENG: ओवल में भारत की ऐतिहासिक जीत, इंग्लैंड को 157 रनों से रौंदा, सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

एबीएन डेस्क। भारत ने चौथे टेस्ट के आखिरी दिन इंग्लैंड को 157 रनों से हराकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। ओवल के मैदान पर भारत ने 50 साल बाद जीत दर्ज की है। इससे पहले इस मैदान पर पहली और आखिरी बार भारत ने 1971 में टेस्ट मैच जीता था। इस मैच में भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 368 रनों का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में मेजबान टीम 210 रन पर ही सिमट गई और मैच हार गई। बता दें कि भारत की दूसरी पारी 466 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया की तरफ से रोहित शर्मा (127) ने शतक जड़ा। इसके अलावा चेतेश्वर पुजारा (61), शार्दुल ठाकुर (60) और ऋषभ पंत ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, इंग्लैंड की तरफ से दूसरी पारी में क्रिस वोक्स ने तीन जबकि मोईन अली और ओली रॉबिन्सन ने दो-दो विकेट झटके थे।

Published / 2021-09-05 13:09:49
बड़ी खबर : टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री कोरोना संक्रमित, कई सदस्य हुए आइसोलेट

लन्दन। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी चौथे मुकाबले के बीच एक परेशान करने वाली खबर आई है। दरअसल, भारतीय टीम के हेड कोच रवि शास्त्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद भरत अरुण, बॉलिंग कोच, आर श्रीधर, फील्डिंग कोच और नितिन पटेल फिजियोथेरेपिस्ट को आइसोलेट कर दिया है।बीसीसीआई के एक आधिकारिक ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री का पीसीआर टेस्ट हुआ है और वे टीम होटल में रहेंगे। वे भारतीय टीम के साथ यात्रा नहीं करेंगे। वहीं भारतीय टीम के शेष सदस्यों ने खुद को दो दिन के आइसोलेशन में रखा है। साथ ही जब तक उनकी निगेटिव रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक इन सभी सदस्यों को आइसोलेशन में रहना होगा। इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में चल रहे चौथे टेस्ट के लिए खेल जारी रखने की अनुमति दी गई है।

Published / 2021-09-05 07:30:07
टोक्यो पैरालंपिक : कृष्णा नागर ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाड़ी को हराकर बैडमिंटन में जीता गोल्ड

एबीएन डेस्क। कृष्णा नागर रविवार को टोक्यो पैरालिंपिक में बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए है। योयोगी नेशनल स्टेडियम में कृष्णा ने पुरुष एकल एसएच 6 के फाइनल में चू मान काई को तीन गेम में 21-17, 16-21, 17-21 से हराकर गोल्ड जीता। राजस्थान के रहने वाले 22 वर्षीय कृष्णा ने अपनी BWF विश्व रैंकिंग की बदौलत टोक्यो में पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई किया था। उन्होंने अप्रैल में दुबई 2021 पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में दो स्वर्ण पदक जीते थे। दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय का कद छोटा है जिसके बारे में उसके परिवार को तब पता चला जब कृष्ण दो वर्ष के थे। बड़े होकर यह स्वीकार करते हुए कि वह कुछ खेलों में भाग नहीं ले पाएंगे, कृष्णा ने महसूस किया कि वह तेजी से दौड़ सकते हैं इसलिए दौड़ना पहली पसंद बन गया। हालांकि अपने चचेरे भाई से प्रोत्साहित होकर उन्होंने 2014 में बैडमिंटन में कदम रखा और तीन साल बाद उन्होंने गंभीरता से इस खेल को खेलना शुरू किया।

Published / 2021-09-02 04:19:39
रोनाल्डो ने दो गोल के साथ तोड़ा सर्वाधिक गोल का रिकॉर्डस, 2-1 से जीता पुर्तगाल

एबीएन डेस्क। दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पेनल्टी पर गोल करने से चूक गए लेकिन इसके बावजूद विश्व कप क्वालीफाइंग ग्रुप ए में आयरलैंड पर पुर्तगाल की 2-1 की जीत में दो गोल के साथ पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल का रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफल रहे। आयरलैंड को 45वें मिनट में जॉन इगान ने बढ़त दिलाई। रोनाल्डो ने इसके बाद 89वें मिनट में अपना 110वां गोल दागते हुए पुर्तगाल को बराबरी दिलाई और ईरान के पूर्व स्ट्राइकर अली देई के पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल के रिकॉर्ड को तोड़ा। रोनाल्डो ने इसके बाद इंजरी टाइम में 180वें मैच में अपना 111वां गोल दागकर आयरलैंड के प्रशंसकों का दिल तोड़ दिया और पुर्तगाल की जीत सुनिश्चित की। रोनाल्डो ने मैच के बाद कहा, मैं बहुत खुश हूं, सिर्फ इसलिए नहीं कि मैंने रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि उन विशेष लम्हों के लिए जो हमें मिले। मैच के अंतिम लम्हों में दो गोल करना इतना मुश्किल होता है लेकिन टीम ने जो किया मुझे उसकी सराहना करनी होगी। हमने अंत तक विश्वास बनाए रखा। रोनाल्डो के लिए हालांकि मुकाबले की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और आयरलैंड के गोलकीपर गेविन बजुनु ने 15वें मिनट में उनकी पेनल्टी किक रोक दी। रोनाल्डो ने 2004 यूरोपीय चैंपियनशिप में पुर्तगाल के लिए जब अपना पहला गोल किया था तो गेविन सिर्फ दो साल के थे। इस जीत से पुर्तगाल की टीम चार मैचों में 10 अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर चल रही है। सर्बिया की टीम उससे तीन अंक पीछे है लेकिन वह बुधवार को नहीं खेली। लग्जमबर्ग ने अजरबेजान को 2-1 से हराया और सर्बिया से एक अंक पीछे तीसरे स्थान पर चल रहा है।

Published / 2021-08-31 09:35:40
Tokyo Paralympics: टोक्यो में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास सिंहराज

एबीएन डेस्क। पैरालंपिक में भारत के सिंहराज अडाना ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा एसएच-1 के फाइनल में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने यह पदक 216.8 अंकों के साथ अपनी झोली में डाला। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद हर कोई तारीफ कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। हरियाणा के बहादुरगढ़ से ताल्लुक रखने वाले शूटर सिंहराज का सफर टोक्यो पैरालंपिक तक आसान नहीं रहा। अपने इस सफर के दौरान उन्हें कई झंझावातों से पार पाना पड़ा। दिव्यांगता उन्हें कभी निशानेबाज बनने से नहीं रोक पाई। आर्थिक तंगी के चलते उन्हें अपनी ट्रेनिंग लगातार जारी रखने और परिवार की मदद करने के लिए काफी मुश्किलों का सामना किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इंटरव्यू में उन्होंने कहा था उनके निशानेबाज बनने के स्वपन को पूरा करने के लिए उनकी पत्नी को अपनी ज्वैलरी तक बेचनी पड़ी थी। साक्षात्कार के दौरान उन्होंने पीएम से कहा था, शूटिंग बहुत ही खर्चीला खेल है और मेरे लिए यह आसान नहीं था। मेरे शूटिंग के सपने को पूरा करने करने के लिए मेरी पत्नी ने अपने जेवरात बेच दिए थे।

Published / 2021-08-30 15:56:58
पांच दिनी राज्यस्तरीय शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूर्नामेंट एक से, फाइनल पांच को

रांची। शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिनी राज्य स्तरीय शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूनार्मेंट-2021 का उद्घाटन एक सितंबर की सुबह 10 बजे से होगा। खेल प्रभारी विनोद खलखो और न्यास सदस्य रुपम ने बताया कि रांची जिला अंतर्गत मांडर प्रखंड के बुढ़खुखरा स्थित खेल मैदान में आयोजित फुटबॉल टूनार्मेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि ग्रामीण एसपी नौशाद आलम करेंगे। एक सितंबर का उद्घाटन मैच टीवीएस शोरुम मांडर और महाराजा मद्रा मुंडा स्पोर्टिग रातू के बीच खेला जाएगा। इसके अलावा बुधवार को छह अन्य लीग मैच भी खेले जाएंगे। टूनार्मेंट का फाइनल पांच सिंतबर को होगा। मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष, झारखंड प्रदेश कांग्रेस सह माननीय विधायक मांडर विधानसभा क्षेत्र बंधु तिर्की मुख्य अतिथि होंगे। शहीद एतवा उरांव स्मारक न्यास के तहत शहीद एतवा उरांव फुटबॉल टूनार्मेंट पिछले 22 वर्षों से लगातार मांडर प्रखंड के बुढ़ाखुखरा स्थित खेल मैदान में होते आ रहा है। शहीद एतवा उरांव को मरणोपरांत 1998 में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया गया है। यह पदक अबतक झारखंड और बिहार में किसी को भी नहीं मिला है। उन्होंने जून 1996 में अपनी जान की परवाह किए बगैर कोयल नदी में आठ लोगों को बचाने के बाद शहीद हो गए थे।

Published / 2021-08-30 13:06:22
स्टुअर्ट बिन्नी ने क्रिकेट को कहा अलविदा

एबीएन डेस्क। भारतीय आॅलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का एलान कर दिया है। भारत के लिए छह टेस्ट, 14 वन-डे और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले बिन्नी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच (टी-20) 27 अगस्त 2016 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। बिन्नी ने बयान में कहा, मैं आपको सूचित करना चाहता हूं कि मैंने प्रथम श्रेणी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने से मुझे बहुत खुशी मिली और मुझे इस पर गर्व है। बिन्नी ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड, विभिन्न टीमों, साथी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने एक खिलाड़ी के रूप में आगे बढ़ने में उनकी मदद की।

Page 201 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse