खेल समाचार

View All
Published / 2026-06-25 19:57:01
फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर भी दिखने लगा है सोने की बढ़ती कीमत का असर

फीफा विश्व कप ट्रॉफी पर भी दिखा सोने की बढ़ती कीमतों का असर, चार साल में दोगुने से अधिक हुई वृद्धि  

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (नयी दिल्ली)। वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में आयी तेज बढ़ोतरी का असर खेल जगत की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर भी दिखायी दे रहा है जहां फीफा विश्व कप ट्रॉफी में मौजूद सोने का मूल्य बढ़कर लगभग 7.13 लाख डॉलर ( लगभग 6.73 करोड़ रुपये) पहुंच गया है। वित्तीय बाजार डेटा प्रदाता एलएसईजही  के मुताबिक यह आंकड़ा 2022 विश्व कप के समय की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।  

विश्व कप ट्रॉफी 18 कैरेट सोने से निर्मित है और इसका कुल वजन 6.175 किलोग्राम है जिसमें लगभग 4.93 किलोग्राम शुद्ध सोना शामिल है। भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक व्यापार अनिश्चितता और आर्थिक विकास की धीमी रफ्तार के बीच सोने की कीमतों में आयी तेजी ने ट्रॉफी के मूल्य को भी नयी ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।  

एलएसईजी मेटल्स रिसर्च के वरिष्ठ धातु विश्लेषक देबाजित साहा ने कहा, सोने की कीमतों में हाल के उच्चतम स्तरों से कुछ नरमी आयी है, लेकिन दीर्घकालिक रुझान अब भी बेहद उल्लेखनीय बना हुआ है। खिलाड़ियों के लिए विश्व कप ट्रॉफी का महत्व अमूल्य है, लेकिन इसमें मौजूद सोने का मूल्य दिलचस्प आंकड़ा पेश करता है कि वर्षों में कीमती धातु की कीमत कितनी तेजी से बढ़ी है। 

जब अर्जेंटीना ने 2022 में कतर में आयोजित विश्व कप जीता था तब ट्रॉफी के सोने का मूल्य लगभग 2.77 लाख डॉलर आंका गया था। वहीं 1974 विश्व कप से पहले वर्तमान डिजाइन की शुरूआत के समय इसकी कीमत करीब 25,000 डॉलर थी। विश्व की प्रमुख खेल ट्रॉफियों में फीफा विश्व कप ट्रॉफी अकेली ऐसी ट्रॉफी है जो सोने से बनी है। 

इसके मुकाबले यूएफा चैंपियंस लीग और यूएफा यूरोपा लीग की ट्रॉफियां स्टर्लिंग सिल्वर से बनी हैं, जिनकी अनुमानित धातु-आधारित कीमत क्रमश: 16,950 डॉलर और 22,600 डॉलर है। अमेरिका में इंडियापोलिस 500 (मोटर रेसिंग प्रतियोगिता) के विजेता को दी जाने वाली बोर्ग-वार्नर टॉफी सबसे मूल्यवान और भारी ट्रॉफियों में शामिल है।

1.62 मीटर ऊंची इस ट्रॉफी में लगभग 69 किलोग्राम स्टर्लिंग सिल्वर है, जिसकी अनुमानित धातु कीमत 1.56 लाख डॉलर है। फीफा 2026 विश्व कप का आगाज 11 जून को अमेरिका में हुआ था। 48 टीमों के इस टूर्नामेंट का फाइनल 19 जुलाई को खेला जायेगा।

Published / 2026-06-24 18:29:38
वंशिका-शिवा ने आर्ईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत

आर्ईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप: वंशिका-शिवा ने जीता रजत, भारत 16 पदकों के साथ टॉप पर कायम 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। जर्मनी के सुहल में चल रही कररऋ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। भारत ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम जूनियर स्पर्धा में एक और रजत पदक जीतकर अपनी कुल पदक संख्या 16 तक पहुंचा दी है। इसके साथ ही भारतीय दल पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। 

वंशिका चौधरी और शिवा नरवाल ने दिलाया सिल्वर 

भारतीय जोड़ी वंशिका चौधरी और शिवा नरवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम जूनियर इवेंट में संयमित और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। दोनों निशानेबाजों ने पूरे मुकाबले में शानदार तालमेल दिखाया और भारत को एक और पोडियम फिनिश दिलायी। 

भारत के खाते में अब 16 पदक 

इस रजत पदक के साथ भारत की कुल पदक संख्या 16 हो गयी है, जिसमें 5 स्वर्ण, 4 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय निशानेबाज व्यक्तिगत, टीम और मिक्स्ड टीम सभी वर्गों में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसकी बदौलत भारत पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। 

शिवा नरवाल का दमदार दिन, व्यक्तिगत स्पर्धा में भी जीता सिल्वर 

इससे पहले शिवा नरवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। वहीं युग प्रताप सिंह राठौर ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम कर भारत को डबल पोडियम फिनिश दिलायी। इसके अलावा 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में शिवा नरवाल, संदीप बिश्नोई और चिराग शर्मा की तिकड़ी ने रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और सफलता डाली। 

प्रीतम केंड्रे ने जीता गोल्ड, महिला टीम को मिला कांस्य 

भारत को बड़ी सफलता तब मिली जब प्रीतम केंड्रे ने 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। यह इस चैंपियनशिप में भारत का पांचवां स्वर्ण पदक रहा। वहीं 25 मीटर पिस्टल जूनियर महिला टीम स्पर्धा में अंजलि महेंद्र भागवत, परिशा गुप्ता और निथिला आइवी डार्लिंग प्रवीण क्रिस्टोफर की तिकड़ी ने कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया। 

भारत का दबदबा बरकरार 

आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2026 में भारतीय दल का दबदबा लगातार देखने को मिल रहा है। युवा निशानेबाजों की बेहतरीन फॉर्म ने भारत को पदक तालिका में सबसे आगे बनाये रखा है और आने वाले मुकाबलों में भी पदकों की उम्मीद बढ़ा दी है। 

Published / 2026-06-24 18:24:06
इंग्लैंड ग्रुप में टॉप पर रहने का प्रबल दावेदार : हैरी केन

हैरी केन को भरोसा- घाना से ड्रॉ के बावजूद इंग्लैंड ग्रुप में टॉप पर रहने का प्रबल दावेदार 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप एल मुकाबले में इंग्लैंड और घाना के बीच खेला गया मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इंग्लैंड पूरे मैच में गेंद पर अधिक नियंत्रण रखने और कई आक्रमण करने के बावजूद गोल नहीं कर सका। 

हालांकि कप्तान हैरी केन का मानना है कि यह नतीजा उनकी टीम की ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने की संभावनाओं को प्रभावित नहीं करेगा। क्रोएशिया के खिलाफ पहले मैच में शानदार जीत दर्ज करने वाली इंग्लैंड की टीम घाना के खिलाफ जीत की उम्मीद लेकर उतरी थी, लेकिन अफ्रीकी टीम के मजबूत रक्षात्मक खेल ने उसे रोक दिया। 

यह ऐसा मैच था जिसे हम जीत सकते थे 

मैच के बाद हैरी केन ने स्वीकार किया कि इंग्लैंड के पास जीत हासिल करने के पर्याप्त मौके थे, लेकिन टीम उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी। उन्होंने कहा, यह ऐसा मैच था जिसे हम जीत सकते थे, लेकिन हम अपने मौकों का फायदा नहीं उठा सके। 

हमारे पास कुछ अच्छे अवसर आए, लेकिन घाना ने बेहतरीन डिफेंस किया। उनके कुछ खिलाड़ी काउंटर अटैक में भी काफी खतरनाक थे। केन ने माना कि मुकाबला आसान नहीं था और घाना ने पूरे मैच में अनुशासित फुटबॉल खेली। 

आखिरी मिनटों में मिले मौके, लेकिन गोल नहीं आया 

इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में दबाव बढ़ाया और मैच के अंतिम चरण में कई मौके बनाये। केन खुद एक महत्वपूर्ण अवसर को गोल में नहीं बदल पाए, जबकि निको ओ रेली का एक शानदार प्रयास क्रॉसबार से टकरा गया। 

केन का मानना है कि घाना के खिलाड़ी मैच के अंत तक थकने लगे थे, जिससे इंग्लैंड को कुछ अतिरिक्त मौके मिले, लेकिन टीम निर्णायक फिनिश नहीं कर सकी। उन्होंने कहा, हमने मैच के दौरान लगातार सुधार किया। आखिरी हिस्से में हमें कुछ अच्छे मौके मिले, लेकिन गेंद गोल में नहीं जा सकी। कभी-कभी फुटबॉल में ऐसा भी होता है। 

ग्रुप में मजबूत स्थिति में है इंग्लैंड 

हालांकि इंग्लैंड जीत हासिल नहीं कर पाया, लेकिन केन ने टीम की स्थिति को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि पहले मैच में मिली जीत और घाना के खिलाफ क्लीन शीट टीम के लिए अच्छे संकेत हैं।

 केन ने कहा, विश्व कप में हर मैच अलग चुनौती लेकर आता है। हमने टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत की है और अभी भी हमारे पास ग्रुप में शीर्ष पर रहने का शानदार मौका है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम अब अगले मुकाबले पर पूरा ध्यान लगायेगी, जहां उसका सामना पनामा से होगा। 

अब पनामा पर नजर 

इंग्लैंड का अगला मुकाबला पनामा के खिलाफ होगा और टीम जीत के साथ ग्रुप चरण समाप्त करना चाहेगी। केन ने कहा कि विश्व कप को दो हिस्सों में देखा जाता है- ग्रुप चरण और नॉकआउट चरण। उनका लक्ष्य पहले ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करना और फिर नॉकआउट मुकाबलों की तैयारी करना है। कप्तान के मुताबिक, इंग्लैंड सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और टीम को विश्वास है कि वह अपने अभियान को मजबूती के साथ आगे ले जायेगी।

Published / 2026-06-24 18:21:55
आइसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में गिल को दूसरा स्थान

वनडे रैंकिंग में गिल की लंबी छलांग, कोहली को पीछे छोड़ा; बुमराह की बराबरी पर पहुंचे मैट हेनरी 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। विभिन्न प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग के शिखर पर भारत के जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल कर लिया है। 

टेस्ट बल्लेबाजी में जो रूट फिर बने नंबर-1 

टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग के शीर्ष पर भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने एक बार फिर नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 और 77 रन की पारियों की बदौलत रूट दो स्थान ऊपर चढ़े हैं। उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी हैरी ब्रुक और आॅस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड को पीछे छोड़ते हुए अपने करियर में 12वीं बार शीर्ष स्थान पर वापसी की है। 

वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल और ईशान किशन की लंबी छलांग 

हालिया प्रदर्शन के बाद शुभमन गिल तीन पायदान के फायदे के साथ वनडे बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर आ गये हैं। वह शीर्ष पर काबिज डेरिल मिचेल से अब महज 24 रेटिंग अंक पीछे हैं। भारत के ही ईशान किशन ने भी महत्वपूर्ण प्रगति की है और वह 21 स्थानों की छलांग लगाकर वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में संयुक्त रूप से 43वें स्थान पर पहुंच गये हैं। 

भारतीय गेंदबाजों को भी हुआ फायदा 

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय गेंदबाजों को भी रैंकिंग में फायदा मिला है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 16 स्थान ऊपर चढ़कर वनडे गेंदबाजों में 22वें स्थान पर पहुंच गये हैं। प्रसिद्ध कृष्णा 34 पायदान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 58वें और आॅलराउंडर वाशिंगटन सुंदर 17 स्थान ऊपर चढ़कर इसी सूची में संयुक्त रूप से 71वें स्थान पर पहुंच गये हैं। 

टेस्ट में मैट हेनरी का ऐतिहासिक कमाल, बुमराह की बराबरी की 

टेस्ट क्रिकेट में, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंचने वाले अपने देश के केवल तीसरे खिलाड़ी बन गये हैं। द ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मैच जिताऊ 11 विकेट लेने के बाद उन्होंने शीर्ष पर भारत के जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली है। 

नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका के कागिसो रबाडा को पीछे छोड़ने के बाद से बुमराह अकेले शीर्ष पर बने हुए थे, लेकिन हेनरी के शानदार प्रदर्शन ने न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज में 1-1 की बराबरी दिला दी और उन्हें शीर्ष स्थान साझा करने का मौका दिया। 

हेनरी अब जैक काउवी (जिन्होंने 1947 में यह उपलब्धि हासिल की थी) और न्यूजीलैंड के दिग्गज रिचर्ड हैडली (जो 1984 और 1990 के बीच इस स्थान पर रहे थे) के क्लब में शामिल हो गये हैं। हेनरी की मौजूदा रेटिंग 870 अंक है, जिसे आईसीसी रैंकिंग के इतिहास में केवल दो न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने पार किया है: हैडली (जिन्होंने 1985 में 909 अंक छुए थे) और पूर्व कप्तान केन विलियमसन (जिन्होंने 2021 में 919 की बल्लेबाजी रेटिंग हासिल की थी)।

Published / 2026-06-23 20:37:19
टीम इंडिया की श्री चरणी बनी नंबर-1 गेंदबाज

महिला टी-20 विश्व कप के बीच 21 वर्षीय बायें हाथ की खिलाड़ी बनीं दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर श्री चरणी ने आईसीसी महिला टी-20 गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। 21 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर ने 753 रेटिंग अंकों के साथ इंग्लैंड की चार्ली डीन को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 पोजिशन पर कब्जा जमाया। इंग्लैंड की लिंसी स्मिथ दो स्थान फिसलकर तीसरे नंबर पर पहुंच गयी हैं। 

विश्व कप में तोड़ा पूनम यादव का बड़ा रिकॉर्ड 

श्री चरणी इस समय महिला टी-20 विश्व कप 2026 में शानदार लय में हैं। उन्होंने अब तक तीन मुकाबलों में 10 विकेट चटकाये हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने तीन विकेट लेकर पूनम यादव का एक ही टी20 विश्व कप संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब उनके पास न्यूजीलैंड की अमेलिया केर के एक संस्करण में सर्वाधिक विकेट लेने के विश्व रिकॉर्ड को भी तोड़ने का मौका है। 

बांग्लादेश के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में होंगी सबसे बड़ी उम्मीद 

भारतीय टीम अब 25 जून को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ अहम मुकाबला खेलेगी। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। ऐसे में श्री चरणी से एक बार फिर टीम को बड़ी उम्मीदें होंगी। 

टॉप-10 रैंकिंग में हुए कई बड़े बदलाव 

गेंदबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन चार स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गयी हैं। पाकिस्तान की सादिया इकबाल दो स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें स्थान पर हैं। वहीं इंग्लैंड की लॉरेन बेल चार स्थान फिसलकर सातवें और भारत की दीप्ति शर्मा तीन स्थान नीचे खिसककर आठवें नंबर पर पहुंच गई हैं। वेस्टइंडीज की कप्तान हेले मैथ्यूज नौ स्थान की छलांग लगाकर 11वें स्थान पर पहुंच गयी हैं। 

आस्ट्रेलिया की किम गर्थ ने भी लगायी लंबी छलांग 

आस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज किम गर्थ ने 25 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर टॉप-20 में जगह बनायी है। उन्होंने विश्व कप में अब तक तीन मैचों में पांच विकेट लिये हैं। बल्लेबाजों की रैंकिंग में आॅस्ट्रेलिया की बेथ मूनी दूसरे स्थान पर पहुंच गयी हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट तीसरे नंबर पर खिसक गयीं। भारत की शेफाली वर्मा छठे स्थान पर पहुंच गयी हैं और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉप-10 में एंट्री कर ली है। दूसरी ओर जेमिमा रोड्रिग्स एक स्थान फिसलकर 14वें नंबर पर पहुंच गयी हैं।

Published / 2026-06-23 20:36:03
गोल्डन बूट की रेस में मेसी, एम्बापे और हॉलैंड

मेसी, एम्बापे और हालैंड के बीच गोल्डन बूट की टक्कर 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (फिलाडेल्फिया)। लियोनेल मेसी, किलियन एम्बापे और एर्लिंग हालैंड तीनों ने दो-दो गोल किए जिससे वर्ल्ड कप गोल्डन बूट की दौड़ फुटबॉल के तीन सबसे बड़े सितारों के बीच मुकाबले में बदल गयी। 

अपने 39वें जन्मदिन से दो दिन पहले, मेसी ने डलास स्टेडियम में आॅस्ट्रिया के खिलाफ अर्जेंटीना की 2-0 की जीत में दोनों गोल किये, जिससे उनके करियर के वर्ल्डर् कप गोल की संख्या रिकॉर्ड 18 हो गयी। अर्जेंटीना के कप्तान अब दो मैचों में पांच गोल के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वालों की सूची में सबसे आगे हैं। 

कुछ घंटों बाद फिलाडेल्फिया में, एम्बापे ने भी ऐसा ही किया और दो गोल किये, जिससे फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराया, जबकि हाफटाइम के दौरान लगभग दो घंटे तक तूफान के कारण खेल रुका रहा। अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे फ्रांस के कप्तान ने तीन टूर्नामेंटों में कुल 16 वर्ल्ड कप गोल कर लिये हैं और पूर्व रिकॉर्ड-धारक मिरोस्लाव क्लोज की बराबरी कर ली है।  

न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में हालैंड ने दो गोल किये और नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से हराकर राउंड आॅफ 32 में जगह पक्की की। अपने पहले वर्ल्ड कप में खेल रहे 25 वर्षीय खिलाड़ी के नाम अब दो मैचों में चार गोल हैं; वे गोल्डन बूट की दौड़ में एम्बापे के बराबर और मेसी से एक गोल पीछे हैं। 

हालांकि, इराक पर फ्रांस की जीत के बाद एम्बापे ने मेसी के साथ तुलना को ज्यादा महत्व नहीं दिया। एम्बापे ने कहा, लियो हमेशा गोल करते हैं और हमेशा करते रहेंगे। इसलिए मैं यह नहीं देख रहा कि वह क्या कर रहे हैं। मैं बस अपनी टीम की मदद करने पर ध्यान दे रहा हूं। 

फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने कहा कि उनके कप्तान के पास रिकॉर्ड बुक में नया इतिहास रचने का पूरा मौका है। एम्बापे के पूर्व रिकॉर्डधारक मिरोस्लाव क्लोज के 16 वर्ल्ड कप गोल के रिकॉर्ड की बराबरी करने के बाद डेसचैम्प्स ने कहा, रिकॉर्ड तोड़े जाने के लिए ही होते हैं। हालैंड इस दौड़ में एक असली दावेदार के तौर पर उभरे हैं। 

नॉर्वे ने आखिरी बार 1998 में वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था, जो हालैंड के जन्म से दो साल पहले की बात है, इसलिए यह इस स्ट्राइकर का पहला वर्ल्ड कप अभियान है। अभी और भी मैच खेले जाने बाकी हैं, इसलिए गोल्डन बूट की लड़ाई अभी भी खुली हुई है, जिसमें मेसी, एम्बापे और हालैंड तीनों ही दौड़ में शामिल हैं।

Published / 2026-06-23 20:10:06
रिकॉर्ड : विश्वकप में अब मेसी का सबसे ज्यादा गोल

मेसी ने तोड़ा विश्वकप का सबसे बड़ा रिकॉर्ड  

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अर्जेंटीना ने आॅस्ट्रिया को 2-0 से हराया और इस मुकाबले के नायक मेसी रहे। उन्होंने पहले हाफ में शानदार फिनिश के साथ गोल कर विश्वकप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। 

इसके बाद इंजरी टाइम में जूलियन अल्वारेज के शॉट पर रिबाउंड को गोल में बदलते हुए उन्होंने अपना दूसरा गोल दागा। पांच गोल के साथ मेसी फिलहाल गोल्डन बूट की दौड़ में भी शीर्ष पर पहुंच गये हैं।

Published / 2026-06-20 21:51:24
झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग : जमशेदपुर ने धनबाद को हराया

जमशेदपुर स्टीलर्स ने धनबाद डायमंड्स को 31 रनों से हराया 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग 2026 में शनिवार को खेले गये एक बेहद रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने धनबाद डायमंड्स को डीएलएस पद्धति के तहत 31 रनों से करारी शिकस्त दी। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गये इस मैच में जमशेदपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।  

डीएलएस मेथड के तहत धनबाद डायमंड्स को जीत के लिए 185 रन चाहिए थे। जवाब में रनों का पीछा करने उतरी धनबाद डायमंड्स की टीम ने जब 16 ओवरों में 8 विकेट खोकर 153 रन ही बनाये। जमशेदपुर स्टीलर्स को 31 रनों से विजेता घोषित कर दिया गया।  

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की शुरुआत काफी आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज कुमार करण ने महज 14 गेंदों में 2 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 30 रनों की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान कुमार देवब्रत ने 27 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 31 रन बनाये। मध्यक्रम में रवि शर्मा ने 20 गेंदों में 29 रन और नितिन कुमार पांडे ने 21 गेंदों में 34 रनों का उपयोगी योगदान दिया। 

इसके बाद क्रीज पर आए मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने धनबाद के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगायी। कुरैशी ने महज 31 गेंदों में 6 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 68 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम के स्कोर को 220 तक पहुंचाया। धनबाद डायमंड्स की तरफ से शमशाद अहमद ने 4 ओवर में 48 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाये, जबकि सुशांत मिश्रा और मीत जैन को 1-1 सफलता मिली। 

संशोधित लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनबाद डायमंड्स की शुरूआत बेहद खराब रही और टीम लगातार अंतराल पर अपने विकेट गंवाती रही। सलामी बल्लेबाज विकास कुमार विशाल ने 6 गेंदों में 19 रनों की तेज शुरुआत जरूर की लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल सके। 

मध्यक्रम में अतुल सिंह सुरवार ने अकेले संघर्ष करते हुए 21 गेंदों में 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 43 रनों की तेज पारी खेली, जबकि बिनीश दत्ता ने 16 गेंदों में 20 रन और आर्यमन सेन ने 18 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया, लेकिन यह प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुआ और टीम 16 ओवरों में 153 रनों पर ही सिमट गयी।  

जमशेदपुर स्टीलर्स के लिए प्रतीक रंजन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए अपने कोटे में सिर्फ 17 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं अमन कुमार सिंह को भी 2 सफलताएं मिलीं। इसके अलावा हर्ष राणा, ऋतिक अनंत और अनुराग सिंह सेंगर ने भी 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

Page 2 of 225

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse