खेल समाचार

View All
Published / 2021-10-18 07:19:17
T-20 World Cup 2021: भारत-इंग्लैंड के बीच आज खेला जाएगा वार्म-अप मैच

इंडियन प्रीमियर लीग 2021 में भारतीय टीम के सितारों को देखने के बाद अब समय आ गया है कि उनका एक्शन नीली जर्सी में देखने को मिले। टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया अपना अभियान शुरू करने से पहले आज इयोन मॉर्गन की टीम इंग्लैंड के खिलाफ वार्म-अप मैच खेलेगी। हालांकि इस मैच को आधिकारिक दर्जा नहीं दिया गया है। यह मैच उन भारतीय खिलाड़ियों के लिेए फायदेमंद होगा जिन्होंने हाल ही में आईपीएल के दौरान संघर्ष कर रहे थे। दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला यह मुकाबला भले ही अभ्यास मैच हो लेकिन इसे जीतने लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगा। आइए आपको बताते हैं कि भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले वार्म-अप मैच का लाइव प्रसारण कब, कहां और कैसे देख सकते हैं। आईसीसी टी-20 विश्व कप में भारत और इंग्लैंड के बीच वार्म-अप मैच 18 अक्तूबर यानी सोमवार को खेला जाएगा भारत और इंग्लैंड के बीच वार्म-अप मैच आईसीसी एकेडमी ग्राउंड दुबई में खेला जाएगा। भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाने वाला वार्म-अप मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले वार्म-अप मैच का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। यहां पर फैंस हिंदी और अंग्रेजी भाषा में लाइव मैच का आनंद ले सकते हैं।

Published / 2021-10-17 07:52:21
टी-20 वर्ल्ड कप आज से, जानें पाकिस्तान के अलावा किन टीमों से भिड़ेगा भारत

नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप आज यानी रविवार से शुरू होने जा रहा है। 17 अक्तूबर से 14 नवंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ओमान में होने वाले इस टूर्नामेंट के मुख्य स्टेज में 12 टीमें खेलेंगी। आठ टीमें पहले से ही तय हैं, वहीं चार टीमें क्वालीफाई कर पहुंचेंगी। खेले जाएंगे 45 मैच : 17 से 22 अक्तूबर तक क्वालीफाइंग राउंड और 23 अक्तूबर से 8 नवंबर तक सुपर-12 राउंड के मुकाबले चलेंगे। 10 और 11 नवंबर को सेमीफाइनल खेला जाएगा। 14 नवंबर को दुनिया को नया टी-20 चैंपियन मिल जाएगा।क्वालीफाइंग राउंड में 15 और सुपर-12 राउंड में 30 मैचों का आयोजन होगा। इस तरह पूरे टूर्नामेंट को मिलाकर 45 मैच खेले जाएंगे। विश्व कप में इस प्रकार होंगे मुकाबले : शुरुआती राउंड में क्वालीफाइंग मैच खेले जाएंगे।इसमें 8 टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। चार-चार टीमों के दो ग्रुप बनाए गए हैं। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-12 स्टेज के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर-12 में छह-छह के दो ग्रुप बनाए गए हैं। एक टीम पांच मैच खेलेगी। सुपर-12 ग्रुप 20 मार्च 2021 की रैंकिंग के आधार पर तय किए गए हैं। सुपर-12 राउंड के बाद दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल के बाद दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। सुपर-12 की टीमें : ग्रुप-1: ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, A1, B2. ग्रुप-2 : भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, B1, A2. कैसे मिलेंगे पॉइंट्स : ग्रुप स्टेज में हर मैच के बाद जीतने वाली टीम को दो अंक दिए जाएंगे। मैच टाई होने की स्थिति में सुपर ओवर से फैसला होगा। किसी कारण अगर सुपर ओवर नहीं हो पाया या मैच रद्द हो गया तो दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिलेगा। ग्रुप राउंड के बाद दो टीमों के एक जैसे अंक रहने पर नेट रन रेट के आधार पर यह फैसला होगा कि आगे कौन सी टीम बढ़ेगी। टी-20 वर्ल्ड कप: भारत का शेड्यूल (सुपर-12 राउंड में) भारत vs पाकिस्तान: 24 अक्तूबर – दुबई – शाम 7:30 बजे भारत vs न्यूजीलैंड: 31 अक्तूबर- दुबई – शाम 7:30 PM भारत vs अफगानिस्तान: 3 नवंबर – अबू धाबी – शाम 7:30 PM भारत vs B1: 5 नवंबर- दुबई – शाम 7:30 बजे भारत vs A2: 8 नवंबर- दुबई – शाम 7:30 बजे पहली बार डीआरएस का इस्तेमाल : पहली बार टी-20 विश्व कप में डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) का इस्तेमाल होगा। हर टीम को डीआरएस के दो मौके दिए जाएंगे। 2016 में इसका प्रयोग नहीं हुआ था। मैच टाई होने पर कैसे होगा फैसला : मैच टाई होने की स्थिति में दोनों टीमें सुपर ओवर खेलेंगी। अगर सुपर ओवर भी टाई हो जाता है, तो टीमें तब तक सुपर ओवर खेलती रहेंगी जब तक मैच का फैसला ना आ जाए। यदि मौसम या किसी वजह से सुपर ओवर नहीं हो पाया, तो मैच को टाई घोषित किया जाएगा। सुपर-12 में कोई रिजर्व डे नहीं : ग्रुप के मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। वहीं, सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व डे है। यदि सेमीफाइनल नहीं हो पाया तो जो टीमें सुपर-12 राउंड में बेहतर प्रदर्शन कर के आई होंगी वे फाइनल में पहुंच जाएंगी। फाइनल में भी किसी कारण मैच पूरा नहीं हो पाया तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा। विजेता टीमों को मिलेंगे करोड़ों रुपये : वर्ल्ड कप में विजेता टीम को लगभग 12 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। वहीं रनर-अप टीम को लगभग छह करोड़ रुपये की रकम मिलेगी। वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को तीन करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

Published / 2021-10-16 10:46:37
राहुल द्रविड़ बने टीम इंडिया के मुख्य कोच, मिलेंगे 10 करोड़ रुपये

नई दिल्ली। रवि शास्त्री के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ अब मुख्य कोच के रूप में भारतीय क्रिकेट टीम की कमान संभालेंगे। द्रविड़ टी20 विश्व कप के बाद रवि शास्त्री सहित मौजूदा कोचिंग स्टाफ का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह पद संभालेंगे। सूत्रों के अनुसार, द्रविड़ राष्ट्रीय टीम के कोच बनने के लिए सहमत हो गए हैं। माना जा रहा है कि वह 2023 तक मुख्य कोच के रूप काम करेंगे। इससे पहले यह चर्चा थी कि द्रविड़ न्यूजीलैंड के साथ आगामी घरेलू श्रृंखला के लिए अंतरिम कोच के पद के लिए सबसे आगे चल रहे हैं। फिलहाल इस बात की पुष्टि हो गई है कि वह भारतीय टीम के अगले कोच होंगे। आईपीएल 2021 फाइनल के बाद बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि द्रविड़ ने पुष्टि की है कि वह भारतीय टीम के अगले मुख्य कोच होंगे। वह जल्द ही एनसीए के मुख्य कोच के रूप में पद छोड़ देंगे। माना जा रहा है कि द्रविड़ ने आईपीएल के फाइनल मैच के दौरान अपनी सहमति दी है। यह सहमति दुबई में उस समय बनी जब बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिव जय शाह ने द्रविड़ के साथ बैठक की। इस दौरान टी-20 वर्ल्ड कप के बाद मुख्य कोच के रूप में काम करने के लिए द्रविड़ को तैयार कर लिया गया। फिलहाल फील्डिंग कोच आर श्रीधर की जगह पर कोई निर्णय नहीं किया लिया गया है।सूत्रों के अनुसार, द्रविड़ को दो साल के अनुबंध पर तैयार किया गया है। इस दौरान द्रविड़ को 10 करोड़ रुपये वेतन मिलेगा। उन्हें पिछले महीने एनसीए प्रमुख के रूप में फिर से नियुक्त किया गया था। लेकिन बीसीसीआई को भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए एक मजबूत उम्मीदवार की जरूरत थी। वहीं पारस म्हाम्ब्रे को बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी दी गयी है।

Published / 2021-10-15 18:21:33
आईपीएल 2021 : कोलकाता को 27 रनों से हराकर चेन्नई चौथी बार बना चैंपियन

एबीएन डेस्क।चेन्नई सुपर किंग ने 27 रनों से कोलकाता नाईट को हराकर चौथी बार आईपीएल खिताब अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में चेन्नई की टीम ने कोलकाता नाइट राइडर को हरायी। बेहतर शुरुआत के बाद कोलकाता की टीम लड़खड़ा गई और फिर संभल नहीं पाई। रविंद्र जडेजा, दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी की। चेन्नई की तरफ से डुप्लेसिस ने शानदार बैटिंग केते हुए शानदार 86 रन बनाए। वहीं कोलकाता की तरफ से वेंकटेश अय्यर और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने अर्धशतकीय पारी खेली। मगर जोड़ी टूटते ही कोलकाता की टीम लड़खड़ा गई।रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 27 रनों से पराजित कर दिया। अंतिम ओवरों तक चले इस मैच में धोनी की टीम ने एक बार फिर से शवों का दिल जीत लिया है। बताते चलें कि फाफ डू प्लेसिस की 86 रनों की पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने पूरे 20 ओवर में 192 रन पर 3 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए थे। जवाबी पारी खेलने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 165 रन ही बना सकी। जिसमें शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर ने अर्धशतकीय पारी खेली। चेन्नई की ओर से शार्दुल ठाकुर ने तीन रविंद्र जडेजा ने दो और जोश हेजलवुड ने दो विकेट लिए।

Published / 2021-10-13 14:32:56
टी-20 वर्ल्ड कप : नये अवतार में नजर आयेगी कोहली एंड कंपनी, टीम इंडिया की नयी जर्सी लॉन्च

एबीएन टीम। बीसीसीआई ने टीम इंडिया की नई जर्सी लॉन्च कर दी है। इस जर्सी में भारत के कुछ खिलाड़ियों का एक पोस्ट बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। बताते चलें कि यूएई और ओमान में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में अब महज 8 दिन शेष रह गये हैं। इसे लेकर टीमों का यूएई पहुंचना जारी है। टीम इंडिया की बात करें, तो अधिकतर खिलाड़ी वहां पहले से ही मौजूद हैं, क्योंकि अभी आईपीएल 2021 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। वहीं इस विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम नए अवतार में दिखेगी। इस विश्व कप में टीम नई जर्सी में दिखेगी, जिसे आज लॉन्च किया गया। बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर इसे जारी किया है। साथ ही बीसीसीआई की किट स्पांसर एमपीएल स्पोर्ट्स ने भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इस जर्सी को लॉन्च किया है। जो फोटो बीसीसीआई ने जारी की है उसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और केएल राहुल इस नई जर्सी को पहने हुए नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 17 अक्टूबर से हो रही है, लेकिन टीम इंडिया को अभियान 24 अक्टूबर से होगी, जिसमें पाकिस्तान से भारत की पहली भिड़ंत होगी। इसके बाद टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 31 अक्टूबर को खेलना है। वहीं टीम इंडिया अब 18 अक्टूबर की शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार) से दुबई के आईसीसी अकेडमी ग्राउंड में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच में उतरेगी। भारतीय क्रिकेट टीम का दूसरा अभ्यास मैच 20 अक्टूबर को दुबई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा।

Published / 2021-10-10 14:06:20
ICC T20 World Cup: यूएई और ओमान में हर मैच के दौरान होंगे दो ड्रिंक्स ब्रेक

एबीएन डेस्क। आईसीसी ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए एक नया नियम लागू किया है। संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट में ड्रिंक्स ब्रेक का प्रावधान किया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् द्वारा रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार टूर्नामेंट के हर मैच के दौरान प्रत्येक पारी में ढाई मिनट का ब्रेक होगा। यानी हर मैच में दो बार ढाई मिनट और कुल पांच मिनट का ब्रेक होगा। आईसीसी के इस नियम से खिलाड़ियों को जहां रणनीति बनाने का मौका मिलेगा वहीं प्रायोजकों को कमाई में फायदा होगा। क्रिकेट की अंतरराष्ट्रीय संस्था ने इसके अलावा दो नए नियम लागू करने का भी फैसला किया। डीआरएस लागू होगा : पुरुषों की टी-20 टूर्नामेंट में पहली बार निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) का इस्तेमाल किया जाएगा। यह प्रणाली कुछ ही दिनों बाद शुरू होने वाले टी-20 विश्व कप मैचों में उपलब्ध होगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा जारी खेल शर्तों के मुताबिक, 17 अक्तूबर से खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में प्रत्येक टीम को प्रति पारी के आधार पर दो डीआरएस मिलेंगे। न्यूनतम ओवरों की संख्या बढ़ाई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने देरी और बारिश से बाधित मैचों के लिए न्यूनतम ओवरों की संख्या बढ़ाने का भी फैसला किया है। टी-20 विश्व कप के ग्रुप मैचों के दौरान प्रत्येक टीम को डकवर्थ लुइस पद्धति से परिणाम तय करने के लिए कम से कम पांच ओवर तक बल्लेबाजी करने की आवश्यकता होगी। वहीं, सेमीफाइनल और फाइनल के लिए परिणाम को प्रभावित करने के लिए प्रत्येक टीम को कम से कम 10 ओवर तक बल्लेबाजी करने की जरूरत होगी।

Published / 2021-10-09 02:50:35
एफआईएच : महिला हॉकी प्रो लीग के इस सत्र में खेलेगी भारतीय टीम, 13 अक्तूबर से होगी शुरूआत

एबीएन डेस्क। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने कहा कि भारत और स्पेन आगामी महिला हॉकी प्रो लीग में सिर्फ इस सत्र के लिए वैकल्पिक टीमों के रूप में खेलेंगे। महिला एफआईएच हॉकी प्रो लीग का तीसरा सत्र 13 अक्तूबर से शुरू होगा। इस दिन ओलंपिक एवं विश्व चैंपियन नीदरलैंड की टीम बेल्जियम से भिड़ेगी। एफआईएच ने कहा कि हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और स्पेन की महिला टीमें एफआईएच हॉकी प्रो लीग ‘हॉकी एट इट्स बेस्ट’ के तीसरे सत्र में भाग लेंगी। दोनों टीमें सिर्फ इस सत्र के लिए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की जगह लेंगी। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीमें चौथे सत्र में फिर से प्रो लीग में शामिल होंगी। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने इस लीग के साथ-साथ पिछले महीने आगामी एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप और एफआईएच हॉकी इंडोर विश्व कप से भी नाम वापस ले लिया था। उन्होंने यह फैसला अपनी-अपनी सरकारों द्वारा लगाए गए कोविड-19 संबंधित अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों को देखते हुए लिया था। भारत और स्पेन दोनों ने हाल ही में टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया था।

Published / 2021-10-08 09:24:51
विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: अंशु मलिक सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं

एबीएन डेस्क। भारत की महिला पहलवान अंशु मलिक ने नॉर्वे के ओस्ले में चल रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। वे ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं। 57 किलोग्राम भार वर्ग में अंशु को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। अंशु फाइनल में अमेरिका की हेलेन मारौलिस के हाथों 4-1 से हार गईं। हार के बाद अंशु दर्द से जूझती दिखीं और रो पड़ीं। हालांकि, उन्होंने एक रिकॉर्ड अपने नाम किया। अंशु इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं थीं। 19 साल की अंशु ने सेमीफाइनल में जूनियर यूरोपीय चैंपियन सोलोमिया विंक को तकनीकी दक्षता के आधार पर हराया था। वहीं भारत की दिग्गज पहलवान सरिता मोर ने कांस्य पदक जीता। 59 किग्रा वर्ग के ब्रॉन्ज मेडल मैच में सरिता ने स्वीडन की सारा लिंडबोर्ग को 8-2 से हराया। विश्व चैंपियनशिप 2021 में वह मेडल जीतने वाली दूसरी महिला पहलवान बनीं। ओवरऑल पदक जीतने वाली वह छठी महिला पहलवान हैं। अंशु और सरिता के अलावा भारत की चार महिला पहलवानों ने विश्व चैंपियनशिप में मेडल जीता था, लेकिन सभी को कांस्य पदक मिला था। अंशु से पहले गीता फोगाट और बबीता फोगाट ने 2012 में, पूजा ढांडा ने 2018 और विनेश फोगाट ने 2019 में कांस्य पदक अपने नाम किया था।

Page 198 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse