खेल समाचार

View All
Published / 2021-10-27 05:38:02
भारत को मिला पाकिस्तान का साथ, न्यूजीलैंड को हराया तो सेमीफाइनल में जगह पक्की

एबीएन डेस्क। पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की कर ली है। ऐसा इसलिए क्योंकि पाक टीम ने ग्रुप-2 में भारत और न्यूजीलैंड जैसी दो बड़ी टीमों को हराया है। पाकिस्तान की इस जीत ने भारत की सेमीफाइनल की राह थोड़ी आसान कर दी है। अब भारत को जरूरत है कि वह न्यूजीलैंड को हराए और इसके बाद लगातार तीन मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करे। टीम इंडिया अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ हारती है तो सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल हो जाएगी। पहले जो नतीजे हम बताने जा रहे हैं, उसमें हम यह मान कर चल रहे हैं कि ग्रुप-2 की बड़ी टीमें यानी भारत, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड छोटी टीमों को यानी अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामीबिया को हराने में कामयाब होगी। 1. इस स्थिति में टीम इंडिया अगर न्यूजीलैंड को हराती है तो पाकिस्तान टीम के 10 अंक होंगे और वह ग्रुप में पहले स्थान पर रहेगी। वहीं, भारत आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहेगा। न्यूजीलैंड के छह अंक रहेंगे। ऐसे में पाकिस्तान और भारत पहले और दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे। इस स्थिति में भारत का सामना ग्रुप-1 में टॉप पर रहने वाली टीम से होगा। ग्रुप-1 में टॉप पर रहने की दावेदार इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका है। 2. वहीं, अगर न्यूजीलैंड की टीम भारत को हरा देती है तो पाकिस्तान के 10 अंक ही रहेंगे, लेकिन इस स्थिति में न्यूजीलैंड के आठ अंक होंगे और भारत के सिर्फ छह अंक रह जाएंगे। ऐसे में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी। वहीं, भारतीय टीम सेमीफाइनल के रेस से बाहर हो जाएगी।

Published / 2021-10-26 16:37:08
हॉकी में झारखंड की बेटियों का कमाल, क्‍वार्टर फाइनल में पंजाब को 6-2 चटाई धूल

सिमडेगा। सिमडेगा में हो रही 11वीं राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के सातवें दिन क्वार्टर फाइनल में झारखंड की बेटियों ने कमाल कर दिया। यहां की टीम की खिलाड़ियों ने पंजाब को 6-2 से शिकस्‍त दी। अब झारखंड की टीम अब सेमीफाइनल में पहुंच गई है।क्वार्टर फाइनल में भी झारखंड की खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। आज हरियाणा ने ओडिशा को 5-3 से हराकर सेमीफाइनल में स्‍थान बनाया। इससे पहले झारखंड की टीम ने प्री क्वार्टर फाइनल मैच में केरल को हराया था। झारखंड ने केरल को 10-0 से करारी शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में स्‍थान बनाया था। बता दें कि सिमडेगा में हो रहे इस चैंपियनशिप में देश के 26 राज्यों की खिलाड़ी भाग ले रही हैं। 30 अक्टूबर तक होने वाली इस खेल प्रतियोगिता का सीएम हेमंत सोरेन ने उद्घाटन किया था। समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ सह भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा शामिल हो सकते हैं।

Published / 2021-10-26 10:07:43
7090 करोड़ में लखनऊ की फ्रेंचाइजी बिकी, 502 करोड़ रुपये में थी जयपुर की फ्रेंचाइजी

एबीएन डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग में अब टीमों की संख्या आठ से बढ़कर 10 हो गई है। आईपीएल के 15वें सीजन से अहमदाबाद और लखनऊ की एक-एक फ्रेचाइज़ी मैदान में उतरेगी। अगले साल यानी 2022 में होने वाले मेगा ऑक्शन में अब 10 टीमें हिस्सा लेंगी और दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए बोलियां लगाएंगी। सोमवार को दुबई में हुई नीलामी में आरपीएसजी ग्रुप ने लखनऊ और सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स ने अहमदाबाद की फ्रेचाइज़ी खरीदी। इन दोनों फ्रैंचाइजियों के लिए 10 से अधिक पार्टियों ने बोलियां लगाई, जिसमें आरपीएसजी ने 7090 करोड़ और सीवीसी ने 5625 करोड़ की बड़ी बोली के साथ बाजी मारी। बीसीसीआई ने इस बार नई टीमों की खरीद के लिए 2000 करोड़ रुपये का बेस प्राइस तय किया था। जिसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड 3500-4000 करोड़ की कमाई की उम्मीद कर रहा था लेकिन सोमवार को उसे अनुमान से अधिक की बोलियां मिली। आईपीएल की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इस बार मैनचेस्टर यूनाइटेड के मालिक समेत दुनियाभर से कई नामी हस्तियों ने भी टीम खरीदने की इच्छा जताई थी। अब जब दो नई टीमों के नाम और उनके द्वारा लगाई गई बोली का एलान हो गया है तो ऐसे में आइए जानते हैं आईपीएल की बाकी टीमों की ब्रांड वैल्यू और उनकी उस समय की कीमत। बैंगलोर की फ्रेंचाइजी को विजय माल्या के यूनाइटेड स्पिरिट ग्रुप ने करीब 837 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि अब भारत सरकार द्वारा भगोड़ा घोषित माल्या इस टीम के मालिक नहीं हैं। चेन्नई की फ्रेंचाइजी को इंडिया सीमेंट्स ने 682 करोड़ रुपये में अपने नाम किया था। महेंद्र सिंह धोनी इस फ्रेंचाइजी के कप्तान हैं, जिसे दो साल के लिए लीग से बैन भी किया जा चुका है। दिल्ली की फ्रेंचाइजी जीएमआर ग्रुप ने 630 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा था। हैदराबाद के लिए डेक्कन क्रॉनिकल ने 802 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी और टीम को खरीदा था। जयपुर के लिए इमर्जिंग मीडिया ने 502 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। कोलकाता की टीम के लिए बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने 563 करोड़ रुपये की बोली लगाई। मोहाली यानी पंजाब की फ्रेंचाइजी के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा, व्यवसायी नेस वाडिया, करण पॉल और डाबर के मोहित बर्मन ने मिलकर 570 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी और जीता था। पांच बार की चैंपियन मुंबई के लिए मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने 839 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी।

Published / 2021-10-25 05:36:59
ICCWC T20 IND vs PAK: रिजवान और बाबर की जोड़ी ने तोड़ा नौ साल पुराना रिकॉर्ड

एबीएन डेस्क। पाकिस्तान ने भारत को हराकर टी-20 विश्व कप का आगाज जीत के साथ किया। ग्रुप-2 के अपने पहले मैच में युवा पाक टीम ने अनुभवी खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम को 10 विकेट से हराया। इस जीत में पाकिस्तान के ओपनर्स मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम ने मुख्य भूमिका निभाई। दोनों ने नाबाद 152 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान टीम को शानदार जीत दिलाई। नौ साल पुराना रिकॉर्ड टूटा : इस जीत के साथ ही रिजवान और बाबर ने नौ साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। 152 रन की साझेदारी पाकिस्तान के किसी भी विकेट के लिए भारत के खिलाफ टी-20 में सबसे बड़ी साझेदारी रही। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक के नाम था। इन दोनों ने 2012 में अहमदाबाद में चौथे विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की थी। इस जीत ने पाकिस्तान के विश्व कप में भारत को न हरा पाने के सूखे को भी खत्म कर दिया। 29 साल में पहली बार जीता पाकिस्तान : 29 साल के विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान ने पहली बार भारत को शर्मनाक तरीके से हराया है। दरअसल, टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच विश्व कप के इतिहास का पहला मुकाबला 1992 में खेला गया था और तबसे भारत एक बार भी पाकिस्तान से वर्ल्ड कप के मैचों में नहीं हारा था, लेकिन ये सिलसिला आज टूट गया। वनडे और टी-20 विश्व कप मिलाकर टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 13 मैच खेले हैं। टी-20 विश्व कप में दोनों के बीच छह मैच हुए हैं। इसमें से पांच भारत और पाकिस्तान ने एक मैच जीता है। वहीं, वनडे विश्व कप में दोनों टीमें सात बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इन सभी में भारत ने जीत दर्ज की है।

Published / 2021-10-23 14:58:08
आस्ट्रेलिया की विजयी शुरुआत, दक्षिण अफ्रीका को पांच विकेट से पीटा

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आस्ट्रेलिया ने अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका को यहां शनिवार को टी-20 विश्व कप 2021 के पहले मुकाबले में पांच विकेट से हराकर पूरे अंक हासिल किये। आॅस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को ग्रुप एक के इस मुकाबले में नौ विकेट पर 118 रन के मामूली स्कोर पर रोकने के बाद 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 121 रन बनाकर टूनार्मेंट में विजयी शुरूआत की। लक्ष्य मुश्किल नहीं था और कप्तान आरोन फिंच के शून्य और डेविड वार्नर के 14 रन बनाकर टीम के 20 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट जाने के बाद स्टीवन स्मिथ ने 34 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 35 रन ,ग्लेन मैक्सवेल ने 21 गेंदों में 18 रन , मार्कस स्टॉयनिस ने 16 गेंदों में तीन चौकों के सहारे नाबाद 24 और विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने 10 गेंदों में दो चौकों के सहारे नाबाद 15 बनाकर टीम को जीत दिला दी। मैच में 19 रन पर दो विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को प्लेयर आॅफ द मैच का पुरस्कार मिला। टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकाई टीम शुरूआत से ही संघर्ष करती दिखी, जिसके चलते वह 20 ओवर में नौ विकेट पर 118 रन ही बना सकी। आॅस्ट्रेलियाई गेंदबाजों, खास कर जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और एडम जम्पा ने कसी हुई गेंदबाजी के जरिए तीनों सलामी बल्लेबाजों को बांध कर रखा। परिणामस्वरूप दबाव में आकर उन्होंने अपना विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक के साथ ओपनिंग करने आए कप्तान तेम्बा बावुमा सबसे पहला शिकार बने। पार्ट टाइम गेंदबाज ग्लेन मैक्सवेल ने उन्हें आउट किया। उन्होंने दो शानदार चौकों की मदद से सात गेंदों पर 12 रन बनाए। वहीं डी कॉक एक चौके की मदद से 12 गेंदों पर सात, जबकि आखिरी अभ्यास मैच में पाकिस्तान के खिलाफ विस्फोटक शतक जड़ने वाले रैसी वान डेर डुसेन तीन गेंदों पर दो रन बना कर आउट हुए। शीर्ष क्रम के फ्लॉप रहने के बाद मध्य क्रम के बल्लेबाज एडेन माक्ररम ने पारी को संभाला, जिसमें हेनरिक क्लासेन ने उनका साथ दिया, हालांकि क्लासेन लंबी पारी नहीं खेल पाए और दो चौकों की मदद से 13 गेंदों पर 13 रन बना कर आउट हो गए। इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर ने माक्ररम के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 34 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मिलर हालांकि अपना स्वभाविक खेल नहीं खेल पाए और बगैर कोई बाउंड्री लगाए 18 गेंदों पर 16 रन बना कर अपना विकेट गंवा दिया, लेकिन माक्ररम दूसरे छोर पर टिके रहे और तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 36 गेंदों पर 40 रन की अहम पारी खेली। वहीं अंत में तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा ने भी एक चौके और एक छक्के के सहारे 23 गेंदों पर 19 रन बनाए। उनके इस योगदान की वजह से टीम 118 के स्कोर तक पहुंच पाई। आॅस्ट्रेलिया की तरफ से जोश हेजलवुड ने चार ओवर में 19, एडम जम्पा ने चार ओवर में 21 और मिचेल स्टार्क ने चार ओवर में 32 रन देकर दो-दो विकेट लिए। वहीं पैट कमिंस और ग्लेन मैक्सवेल को भी एक-एक विकेट मिला।

Published / 2021-10-23 12:56:03
टी-20 वर्ल्ड कप : करीब पांच साल बाद भारत और पाकिस्तान आमने-सामने

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी-20 विश्व कप का आगाज हो चुका है। रविवार को होने वाले महामुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। टॉस आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा। दोनों टीमें करीब पांच साल बाद टी-20 में आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी टी-20 मुकाबला 19 मार्च 2016 को खेला गया था। तब आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया था। भारत और पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप में पांच बार भिड़ चुके हैं। भारत ने इन सभी मैचों में पाकिस्तान को हराया। ओवरआॅल टी-20 में दोनों टीम आठ बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें टीम इंडिया ने सात और पाकिस्तान ने एक मैच जीता है। सात में से एक मैच (2007) भारत ने टाई के बाद बॉल आउट में जीता था। टी-20 के अलावा वनडे वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा जीत हासिल की है। साल 1992 से 2019 विश्व कप के बीच दोनों टीमों के बीच कुल सात मुकाबले हुए हैं। सातों बार टीम इंडिया ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। मुंबई में 2008 आतंकी हमले के बाद से भारत ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। वहीं, लाइन आॅफ कंट्रोल पर लगातार सीजफायर का उल्लंघन और फरवरी 2019 में हुए पुलवामा हमले के बाद से यह संबंध और बिगड़ गए थे। दोनों टीमों के बीच 2007-08 के बाद से कोई टेस्ट सीरीज नहीं खेली गई है। सिर्फ आईसीसी टूनार्मेंट्स के जरिए ही भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आए हैं। आतंकी हमले और सीजफायर उल्लंघन का नतीजा यह हुआ कि भारत और पाकिस्तान ने पिछले नौ साल में एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली है। दोनों के बीच पिछली टी-20 और वनडे सीरीज दिसंबर 2012 में खेली गई थी। टी-20 सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी, वहीं वनडे सीरीज को पाकिस्तान ने 2-1 से जीता था। 2007 में पहला टी-20 विश्व कप खेला गया था। पहले ही विश्व कप के ग्रुप स्टेज के 10वें मैच में दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं। तब पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने पहले बैटिंग की और रॉबिन उथप्पा के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट पर 141 रन बनाए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम भी 20 ओवर में सात विकेट पर 141 रन ही बना सकी थी। मिस्बाह उल हक ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए थे। उस वक्त सुपर ओवर नहीं होता था, बल्कि उसकी जगह बॉल आउट खेले जाते थे। जिसमें दोनों टीमों की ओर से एक-एक करके पांच बार गेंदबाजों को विकेट पर हिट करना था। भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा और हरभजन सिंह ने विकेट पर हिट किया और वे सफल रहे। जबकि पाकिस्तान की ओर से उमर गुल, यासिर अराफात और शाहिद अफरीदी मिस कर गए और भारत ने यह मैच जीत लिया। ग्रुप स्टेज के बाद फाइनल में भी दोनों टीमों की भिड़ंत हुई। भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला लिया। गौतम गंभीर के 54 बॉल पर 75 रन और रोहित शर्मा के 16 बॉल पर 30 रन की बदौलत भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर कुल 157 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान के टॉप आॅर्डर के बल्लेबाज धाराशाई हो गए। रुद्र प्रताप सिंह, इरफान पठान और जोगिंदर शर्मा के आगे पाकिस्तान टीम की एक न चली। 141 रन तक पाक टीम ने नौ विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, मिस्बाह उल हक तब भी क्रीज पर थे। आखिरी ओवर में पाकिस्तान टीम को जीत के लिए 13 रन की जरूरत थी। धोनी ने चाल चलते हुए बॉल जोगिंदर शर्मा के हाथों में दिया। ओवर की दूसरी बॉल पर मिस्बाह ने छक्का लगाया। तीसरी बॉल पर उन्होंने फाइन लेग पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, पर बॉल में स्पीड कम होने के कारण बॉल बाउंड्री लाइन क्रॉस नहीं कर पाई और श्रीसंत के हाथों में चली गई। भारत ने यह मैच पांच रन से जीता। भारत के विश्व चैंपियन बनने के बाद पाकिस्तान भी कहां चुप रहने वाला था। पाक टीम इस टूनार्मेंट के दूसरे संस्करण में चैंपियन बनी। इसमें भारत से उसका सामना नहीं हुआ। वहीं, 2010 वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमें नहीं भिड़ीं। 2012 में भारत और पाकिस्तान का सुपर-8 राउंड में मुकाबला हुआ। पाकिस्तान टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन पर आॅलआउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य 17वें ओवर में हासिल कर लिया। विराट कोहली 61 बॉल पर 78 रन बनाकर नॉटआउट रहे। वीरेंद्र सहवाग ने 29 रन और युवराज सिंह ने 19 रन की नाबाद पारी खेली। 2014 टी-20 विश्व कप में एक बार फिर भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 130 रन बनाए। जवाब में भारत ने 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट ने 36 रन और सुरेश रैना ने 35 रन की पारी खेली।

Published / 2021-10-22 14:57:47
भारत-इंग्लैंड : अगले साल जुलाई में होगा पांचवां टेस्ट मैच, भारत के पास 2-1 की बढ़त

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच स्थगित होने वाला पांचवा टेस्ट मैच अगले साल जुलाई 2022 में होगा। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी। मैनचेस्टर में होने वाला यह निर्णायक टेस्ट मैच शुरू होने से कुछ ही देर पहले कोरोना महामारी की वजह से स्थगित करना पड़ा था। इसे लेकर हालांकि संशय बना हुआ था लेकिन अब ईसीबी ने इसपर स्थिति साफ कर दी है। ईसीबी से शुक्रवार को आधिकारिक बयान में कहा, इंग्लैंड और भारत के बीच पांचवां टेस्ट मैच रि-शेड्यूल कर दिया गया है और अब इसका आयोजन अगले साल जुलाई 2022 में होगा। ईसीबी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, मैनचेस्टर में होने वाले पांचवें टेस्ट मैच में भारत कोरोना महामारी के बढ़ते खतरे की वजह से अपनी टीम मैदान में नहीं उतार पाया था, जिसके वजह से मुकाबले को स्थगित करना पड़ा था। हालांकि अब इसका आयोजन एक जुलाई 2022 से बर्मिंघम के एजबेस्टन में किया जाएगा। टेस्ट मैच को अगले साल के लिए रिशेड्यूल करने की वजह से भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली सीमित ओवर की सीरीज के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। दोनों टीमों के बीच इसी साल 4 अगस्त से 4 सितंबर के बीच चार टेस्ट मैच खेले गए। इसमें पहला मुकाबला बारिश की वजह से बराबरी पर खत्म हुआ था। जबकि भारत ने लॉर्ड्स में दूसरा और दी ओवल में चौथा टेस्ट मैच जीता था। वहीं इंग्लैंड को हेडिंग्ले में जीत हासिल हुई थी। भारत फिलहाल पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बनाए हुए है।

Published / 2021-10-20 19:08:57
भारत ने लगातार दूसरा वार्म अप मैच जीता, ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराया

एबीएन डेस्क। दुबई के मैदान पर टी-20 विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हो रहे अभ्यास मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर उन्हें 152 रनों तक रोक दिया। ऑस्ट्रेलिया की शुरूआत खराब रही थी। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने जोरदार शुरूआत की। एक बार फिर से केएल राहुल ताबड़तोड़ शॉट लगाते नजर आए। राहुल ने 31 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 39 रन बनाए। वहीं, रोहित ने 60 रन बनाकर टीम इंडिया को जीत की ओर बढ़ा दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी लेकिन भारत ने कसी हुई गेंदबाजों से उन्हें बांध कर रख दिया। टीम इंडिया को पहली सफलता दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर मिली। भारतीय स्पिनर अश्विन ने आईपीएल में फ्लॉप रहे डेविड वार्नर को पगबाधा आऊट किया। अश्विन यही नहीं रुके। इससे अगली ही गेंद पर उन्होंने मिचेल मार्श को भी रोहित के हाथों कैच आऊट करा दिया। 6 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरोन फिंच ने पारी संभालने की कोशिश की लेकिन जैसे ही रविंद्र जडेजा गेंदबाजी के लिए आए फिंच चकमा खा गए। एक मिस शॉट उनके पैड पर लगा और अंपायर ने बिना देरी किए उन्हें पगबाधा आऊट करार दे दिया। हालांकि इसके बाद स्टीव स्मिथ और मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को संभाल लिया। मैक्सवेल ने जहां 28 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाए तो वहीं, स्टीव स्मिथ ने 48 गेंदों में सात चौकों की मदद से 57 रन बनाए। अंत के ओवरों में स्टोइनिस ने तेजतर्रार बल्लेबाजी का जलवा दिखाया और 25 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 41 रन बनाकर अपनी टीम को 150 के पास पहुंचा दिया। भारतीय गेंदबाजों की बात की जाए तो अश्विन ने दो ओवर में 8 रन देकर दो विकेट लिए जबकि जडेजा, राहुल चाहर और भुवनेश्वर कुमार 1-1 विकेट लेने में सफल रहे। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने जोरदार शुरूआत की। एक बार फिर से केएल राहुल ताबड़तोड़ शॉट लगाते नजर आए। राहुल ने 31 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 39 रन बनाए। वहीं, रोहित ने 60 रन बनाकर टीम इंडिया को जीत की ओर बढ़ा दिया। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया से मिले 153 रनों के लक्ष्य का पीछा करते मजबूत शुरूआत की। केएल राहुल और कप्तान रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े। राहुल ने 39 तो फस्र्ट डाऊन पर उतरे सूर्यकुमार यादव ने भी अच्छे हाथ दिखाए। इस दौरान रोहित शर्मा भी आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने 41 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 60रन बनाए और टीम इंडिया को जीत की ओर बढ़ा दिया। बता दें कि टीम इंडिया टी-20 विश्व कप टाइटल के लिए फेवरेट मानी जा रही है। टीम ने पहले अभ्यास मैच में इंगलैंड को 7 विकेट से हराया था। भारत की ओर से केएल राहुल और ईशान किशन ने अर्धशतक लगाए थे जबकि अंत के ओवरों में रिषभ पंत ने भी हाथ खोलते हुए तीन छक्के लगाए थे।

Page 197 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse