खेल समाचार

View All
Published / 2021-11-21 10:55:03
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ आज मिला मौका तो युजवेंद्र चहल रच सकते हैं इतिहास

एबीएन डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर होने वाले इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा कई बदलाव कर सकते हैं, क्योंकि टीम सीरीज को पहले ही अपने नाम कर चुकी है। आज जिन खिलाड़ियों के भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की उम्मीद है, उसमें एक नाम लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का भी है। चहल को अब तक सीरीज में एक भी मैच नहीं खेलने का मौका मिला है, ऐसे में आज रोहित अक्षर पटेल की जगह उनको प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकते हैं। आज मौका मिलने की सूरत में चहल एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। बता दें कि अभी तक भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के नाम भारत की तरफ टी-20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में आराम दिया गया है। उनके नाम अब तक टी-20 फॉर्मेट में 66 विकेट दर्ज हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर 63 विकेट के साथ चहल विराजमान हैं। चहल आज अगर खेलते हैं और चार विकेट झटक लेते हैं तो वे टी-20 फॉर्मेट में एक बार फिर सबसे ज्यादा विकेट लेने भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे।

Published / 2021-11-20 15:54:36
आइपीएल 2022 : अगला सीजन भी खेलेंगे धोनी, बोले- चेन्नई में ही खेलना चाहता हूं आखिरी टी-20

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2021 के फाइनल मैच में कोलकाता को हराकर चौथी बार चैंपियन बनने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने जीत का जश्न शनिवार को मनाया। चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में धोनी के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टैलिन, एन श्रीनिवासन, बीसीसीआई सेक्रेट्री जय शाह और दिग्गज क्रिकेटर कपिलदेव भी शामिल हुए। चेन्नई को फाइनल जिताने के बाद धोनी भारतीय टीम के साथ जुड़ गए थे और मेंटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके भारत लौटने के बाद चेन्नई ने अपने कप्तान के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान धोनी ने कहा कि वो अपना आखिरी मैच चेन्नई में ही खेलेंगे। धोनी ने कहा कि उन्होंने हमेशा ही प्लान करके क्रिकेट खेला है। उनका आखिरी मैच रांची में था। उन्होंने भारत में जो आखिरी वनडे मैच खेला वह रांची में था और उनका आखिरी टी-20 मैच चेन्नई में ही होगा। वो चाहे अगले साल हो या अगले पांच सालों में हो। इस समारोह में वो खिलाड़ी शामिल नहीं हुए जो अपने देश के लिए या घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं। इस कार्यक्रम में बीसीसीआई के सेक्रेट्री जय शाह भी शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि आईपीएल का अगला सीजन भारत में ही खेला जाएगा। ऐसे में धोनी अगला सीजन खेल सकते हैं और चेन्नई में घरेलू फैंस के सामने क्रिकेट को पूरी तरह से अलविदा कह सकते हैं। उन्होंने अचानक से ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था और आॅस्ट्रेलिया के दौरे पर विराट को कप्तान बनाया गया था। वहीं कोरोनाकाल में जब खेल से जुड़ी सभी तरह की गतिविधियां रुकी हुई थीं, तब धोनी ने वनडे और टी-20 क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था। अब वो चेन्नई के मैदान में फैंस के सामने अपना करियर खत्म करना चाहेंगे।

Published / 2021-11-20 14:52:36
आइपीएल 2022 : भारत में ही होगा इंडियन प्रीमियर लीग का अगला संस्करण

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आयोजन भारत में ही होगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में इस बात की जानकारी दी। बीसीसीआई सचिव ने कहा, मुझे पता है कि आप चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में खेलते हुए देखना चाहते हैं और ऐसा जल्दी ही होने वाला है। उन्होंने कहा, आईपीएल के 15वें सीजन का आयोजन भारत में होगा और दो नई टीमों के जुड़ने से यह पहले से और रोमांचक होगा। हमारे सामने मेगा आॅक्शन होने वाला है और ऐसे में नए समीकरण देखना दिलचस्प होगा। गौरतलब है कि आईपीएल 2021 के पहले चरण का आयोजन भारत में किया गया था लेकिन कोरोना महामारी के बढ़ते मामले को देखते हुए इसे बीच में हो रोकना पड़ा और फिर बाद में सितंबर-अक्तूबर में यूएई में इसका आयोजन किया गया। इससे पहले आईपीएल 2020 का आयोजन भी यूएई में ही किया गया था। भारत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हो चुकी है। टी-20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर है और तीन मैचों की टी-20 सीरीज के दो मुकाबले खेल चुकी है। मैचों के दौरान दर्शकों को स्टेडियम में एंट्री भी दी गई है। बात करें आईपीएल 2022 की तो लखनऊ और अहमदाबाद दो नई फ्रैंचाइजी होंगी जो लीग से जुड़ेंगी। इसके साथ टी-20 लीग में टीमों की संख्या भी आठ से बढ़कर 10 हो जाएगी।

Published / 2021-11-19 18:21:45
पन्त ने छक्के के साथ टीम इंडिया को दिलाई सीरीज, भारत 2-0 से आगे

रांची। टीम इंडिया ने रांची में टी-20 सीरीज पर कब्‍जा जमा लिया। रांची के जेएससीए स्‍टेडियम में खेले गये सीरीज के दूसरे मुकाबले में कीवी टीम को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुये भारतीय टीम ने कीवी टीम को 153 रन पर रोक दिया। जवाबी पारी खेलने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। पहले विकेट के लिए रोहित और राहुल की जोड़ी ने 13.2 ओवर में 117 रन जोड़े। राहुल ने शानदार बल्‍लेबाजी करते हुये 49 गेंद में 65 रनों की पारी खेली। कप्‍तान रोहित शर्मा ने भी शानदार बल्‍लेबाजी की। रोहित ने 36 गेंद में 55 रनों की पारी खेली। मैच की सबसे खास बात रही कि भारत के दोनों ओपनर रोहित और राहुल ने छक्‍के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं पंत ने छक्‍के के साथ मैच को खत्‍म किया। 17.2 ओवर में टीम ने लक्ष्‍य को हासिल कर लिया। भारत की तरफ से आर अश्विन ने सबसे किफायती गेंदबाजी की। अश्विन ने 4 ओवर में 19 रन देकर एक विकेट झटके, हर्षल पटेल को दो, भुवनेश्‍वर कुमार, दीपक चाहर और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला।

Published / 2021-11-18 17:16:21
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मैच में कोई व्यवधान नहीं, समय पर होगा मैच

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच पूर्व की भांति रांची के जेएससीए स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार कोई व्यवधान आड़े नहीं आएगा। अधिवक्ता धीरज कुमार की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने याचिका निस्तारित करते हुए इस मुद्दे को ओपन रखा है। याचिका की सुनवाई के लिए चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन एवं जस्टिस एसएन प्रसाद की खंडपीठ गुरुवार की शाम पांच बजे बैठी। सुनवाई के दौरान कहा गया कि कोविड-19 गाइड लाइन का उल्लंघन कर किस परिस्थिति में पूरी क्षमता के साथ मैच आयोजित करने की अनुमति दी गई। चूंकि यह मामला अंतरराष्ट्रीय मामला है। इसलिए तत्काल किसी भी प्रकार का आदेश नहीं दिया जा सकता है। धीरज कुमार ने जनहित याचिका दायर कर यह आरोप लगाया था कि राज्य सरकार ने जेएससीए को पूरी दर्शक क्षमता के साथ मैच कराने की अनुमति देकर कोविड-19 का उल्लंघन किया है। ऐसे में इस तरह के आयोजन से कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है। चूंकि मैच का आयोजन शुक्रवार को होना है, टिकट बेचा जा चुका है। इसलिए अदालत ने किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं किया, पर इस मुद्दे को खुला रखा है। सुनवाई के बाद याचिका निष्पादित कर दी गई।

Published / 2021-11-17 17:37:21
राहुल द्रविड़ की कोचिंग और रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत की विजयी शुरुआत, सूर्य चमके

जयपुर। भारतीय टीम के नवनियुक्त कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी मेजबानी में भारत को विजयी शुरुआत दिलाई। जिसमें सूर्यकुमार यादव की चमकदार पारी देखने को मिली। बताते चलें कि पहले टी-20 मुकाबले में भारत ने न्‍यूजीलैंड को 5 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। मुकाबला जयपुर में खेला गया। भारत ने पहले टी-20 मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए NZ ने 164/6 का स्कोर बनाया। गुप्टिल (70) टॉप स्कोरर रहे। 165 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 19.4 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाकर मैच जीत लिया। सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्‍यादा 62 रन बनाये। रोहित शर्मा ने भी 48 रनों की पारी खेली। ऋषभ पंत 17 गेंद में 17 रन बनाकर नाबाद रहे। पंत ने विजयी चौका लगाया। टागरेट का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 31 गेंदों पर 50 रन जोड़े। इस जोड़ी पर ब्रेक मिचेल सेंटनर ने राहुल (15) को आउट कर लगाया। दूसरे विकेट के लिए NZ के गेंदबाजों को फिर संघर्ष करना पड़ा। रोहित और सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर 59 रन जोड़े। इस साझेदारी को बोल्ट ने रोहित (48) का विकेट लेकर तोड़ा। NZ के लिए तीसरा विकेट भी बोल्ट के खाते में ही आया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव (62) को बोल्ड किया। श्रेयस अय्यर (5) का विकेट टिम साउदी ने हासिल किया। अंतिम ओवर में वेंकटेश अय्यर (4) डेरिल मिचेल की गेंद पर आउट हुए।

Published / 2021-11-17 12:59:31
सौरव गांगुली बने आईसीसी क्रिकेट समिति के अध्यक्ष

दुबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की क्रिकेट समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह अपने पूर्व भारतीय टीम के साथी अनिल कुंबले की जगह पर यह पद संभालेंगे, जिन्होंने 2012 में नियुक्ति के बाद से तीन बार तीन-तीन वर्षों के लिए यह पदभार संभाला है। आईसीसी ने बुधवार को इसकी पुष्टि की है। आईसीसी के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने एक बयान में कहा, आईसीसी पुरुष क्रिकेट समिति के अध्यक्ष के पद पर सौरव गांगुली का स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक और बाद में एक प्रशासक के रूप में उनका अनुभव हमें आगे बढ़ते हुए हमारे क्रिकेट निर्णयों को आकार देने में मदद करेगा। मैं पिछले नौ वर्षों में उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए अनिल को भी धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके कार्यकाल में डीआरएस के अधिक नियमित और लगातार आवेदन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय खेल में सुधार और संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के मामलों को हल करने के लिए एक मजबूत प्रक्रिया पर काम किया गया।

Published / 2021-11-16 17:38:37
चैंपियंस ट्रॉफी की वापसी: 2024 से टी-20 और वनडे विश्व कप के फॉर्मेट में होगा बदलाव, जानें कैसा होगा नया फॉर्मेट

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने 2024 से 2031 तक के बीच होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट्स के मेजबानों का एलान कर दिया है। भारत 2024 से लेकर 2031 तक तीन आईसीसी टूर्नामेंट्स की मेजबानी करेगा। इसमें 2026 टी-20 विश्व कप, 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वनडे विश्व कप शामिल है। हालांकि, 2029 चैंपियंस ट्रॉफी को छोड़ दिया जाए, तो बाकी दो टूर्नामेंट्स में भारत अकेला मेजबान नहीं होगा। 2026 टी-20 विश्व कप की भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से मेजबानी करेंगे। वहीं, 2031 वनडे विश्व कप की मेजबानी भारत और बांग्लादेश करेंगे। इसके साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट की वापसी हुई है। 2018 में इस टूर्नामेंट को कैंसिल कर टी-20 विश्व कप को इसकी जगह जोड़ा गया था। 2017 में खेले गए पिछले चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट को पाकिस्तान ने जीता था। वह 2025 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भी करेगा। आईसीसी ने पहले ही टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी के फॉर्मेट में बदलाव का एलान कर दिया है। पुरुष वनडे और टी-20 विश्व कप में टीमों की संख्या भी बढ़ाई गई है। वनडे विश्व कप में अब 14 टीमें और टी-20 वर्ल्ड कप में 20 टीमें खेलेंगी। पुरुष वनडे विश्व कप 2003 के बाद 2027 में पहली बार सुपर-6 फॉर्मेट में खेला जाएगा। वहीं, 2024 से टी-20 विश्व कप के फॉर्मेट में भी बदलाव किया जाएगा। इस साल और 2022 में टी-20 विश्व कप सुपर-12 फॉर्मेट में खेला गया था। वहीं, 2024 के बाद टी-20 विश्व सुपर-8 के फॉर्मेट में खेला जाएगा। पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी में टॉप-8 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें कुल 15 मैच होंगे। 4-4 टीमों के 2 ग्रुप होंगे। टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और फिर फाइनल खेला जाएगा। पुरुष टी-20 विश्व कप अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होना है। इसके बाद यह टूर्नामेंट 2024 में खेला जाएगा। इसमें 20 टीमें होंगी और कुल मिलाकर 55 मैच खेले जाएंगे। 2024 के बाद 2026, 2028 और 2030 में भी यह टूर्नामेंट खेला जाएगा। 2024 से वर्ल्ड कप में 5-5 टीमों के चार ग्रुप होंगे। हर ग्रुप की टॉप दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी, जो कि एक नॉकआउट स्टेज होगा। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल खेला जाएगा। 2014 में इसे ग्रुप लेवल में खेला गया था। 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप सुपर-10 फॉर्मेट में हुआ था। 2021 में टी-20 वर्ल्ड कप सुपर-12 फॉर्मेट में हुआ था। 2022 में भी यह ऐसे ही खेला जाएगा। पुरुष वनडे विश्व कप 2027 और 2031 में खेला जाएगा। इसमें 14 टीमें होंगी और 54 मैच खेले जाएंगे। राउंड रॉबिन फॉर्मेट को भी हटा दिया गया है। अब फिर से सुपर-6 के फॉर्मेट में टूर्नामेंट खेला जाएगा। इस फॉर्मेट में आखिरी बार 2003 वर्ल्ड कप खेला गया था। 7-7 टीमों के दो ग्रुप बनाए जाएंगे। इसके बाद सुपर-6 के मुकाबले होंगे। फिर सेमीफाइनल और फाइनल खेला जाएगा। 2025 से हर 2 साल पर टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल होगा। 2018 में शुरू हुए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप को मौजूदा फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) में कोरोना की वजह से काफी नुकसान हुआ था। अगले एफटीपी में हर दो साल पर यह टूर्नामेंट होगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2025, 2027, 2029 और 2031 में खेले जाएंगे। हालांकि, इसके लिए क्वालिफिकेशन प्रोसेस पॉइंट पर्सेंटेज होगा या पॉइंट सिस्टम होगा, यह आईसीसी ने अभी नहीं बताया है। प्रक्रिया जो भी हो, पर फाइनल में टेबल में टॉप पर रहने वाली दो टीमें ही भिड़ेंगी।

Page 194 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse