खेल समाचार

View All
Published / 2021-11-28 11:20:14
IND v NZ: विल यंग आउट, न्यूजीलैंड को जीत के लिए चाहिए 280 रन

एबीएन डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में खेला जा रहा है। भारत ने अपनी दूसरी पारी 234 रन पर घोषित कर दी है और न्यूजीलैंड के सामने 284 रन का लक्ष्य है। न्यूजीलैंड ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट के नुकसान ने चार रन बनाए। भारतीय टीम ने पहली पारी में श्रेयस अय्यर की शतकीय पारी की मदद से 345 रन बनाए। वहीं न्यूजीलैंड ने टॉम लैथम के 95 रन की पारी की मदद से 296 रन बनाए। भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट अक्षर पटेल ने हासिल किए। अक्षर ने 5 कीवी बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। चौथा दिन : • न्यूजीलैंड द्वारा लक्ष्या का पीछा करते हुए पारी की शुरूआत खराब रही और टीम ने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ही अपना विकेट गंवा लिया। विल यंग अश्विन की गेंद पर 2 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। • भारत ने अपनी दूसरी पारी 234 रन पर घोषित कर दी और पहली पारी के बढ़त के अनुसार भारत ने न्यूजीलैंड को 284 रन का लक्ष्य दिया है। • विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने अपना अर्धशतक पूरा किया और अक्षर पटेल के साथ साझेदारी निभाई। साहा ने 61 रन बनाए तो वहीं अक्षर ने 28 रन की पारी खेली। • श्रेयस अय्यर 65 रन बनाकर साउथी की गेंद पर टॉम ब्लंडेल के हाथों कैच आउट हो गए। • अश्विन 5 चौकों की मदद से 32 रन बनाकर जेमीसन की गेंद पर बोल्ड हुए। • भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा अपना खाता खोलने में नाकाम रहे और दूसरी ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इस दौरान गेंदबाजी पर साउथी थे। • ओपनर मयंक अग्रवाल 53 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 17 रन बनाकर टिम साउथी की गेंद पर लाथम के हाथों कैच आउट होकर पवेलियन लौटे। • कप्तान अजिंक्य रहाणे एक बार फिर फेल साबित हुए। वह 15 गेंदों पर मात्र 4 रन ही बना सके और एजाज पटेल की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। • चेतेश्वर पुजारा 33 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 22 रन बनाकर जैमीसन की गेंद पर टॉम ब्लंडेल के हाथों कैच आउट हो गए।

Published / 2021-11-27 13:17:38
भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट : तीसरे दिन का खेल खत्म, भारत के पास 63 रन की बढ़त

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 14 रन बना लिए हैं और उसके पास फिलहाल 63 रनों की बढ़त हो गई है। चेतेश्वर पुजारा (9*) और मयंक अग्रवाल (4*) रन बनाकर क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जेमीसन ने विकेट लिया। इससे पहले तीसरे दिन भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जोरदार वापसी की। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों द्वारा पहले विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने संयम बनाए रखा और कीवी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। इसके बाद अश्विन ने पहली सफलता दिलाई और फिर अक्षर पटेल ने न्यूजीलैंड के मध्यक्रम को तोड़कर रख दिया। भारतीय गेंदबाजों ने 167 रन देकर न्यूजीलैंड के 10 विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 296 रन पर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड की तरफ से टॉम लाथम ने 95 और विल यंग ने 89 रन बनाए। भारत की तरफ से अक्षर ने पांच जबकि अश्विन ने तीन विकेट अपने नाम किए। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 296 रन बनाकर आॅलआउट हो गई है। इसके आधार पर भारत के पास अब 49 रनों की बढ़त है। तीसरे दिन मेहमान टीम ने 129/0 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और 22 रन जोड़े। इसके बाद अश्विन ने जहां विल यंग को 89 रन के स्कोर पर आउट किया तो वहीं उमेश ने लंच से ठीक पहले कप्तान विलियमसन को चलता किया। इससे पहले कि न्यूजीलैंड की टीम संभल पाती अक्षर पटेल ने एक के बाद एक विकेट गिराने शुरू कर दिए। उन्होंने अश्विन के साथ मिलकर चायकाल के बाद पूरी कीवी टीम को 300 रन के अंदर ही समेट दिया। न्यूजीलैंड की तरफ से टॉम लाथम ने 95 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली तो वहीं विल यंग ने भी 89 रन बनाए। भारत की तरफ से अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे और पांच विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा अश्विन ने भी तीन विकेट चटकाए।

Published / 2021-11-26 15:35:09
कोविड के नए स्वरूप के कारण भारत के दक्षिण अफ्रीकी दौरे को लेकर चिंता

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दक्षिण अफ्रीका में दहशत पैदा करने वाले कोविड-19 के नए स्वरूप के कारण भारत के अगले महीने के दौरे को लेकर चिंता पैदा हो गयी है और आगामी दिनों में खिलाड़ियों के लिये पृथकवास के नियमों में बदलाव हो सकता है। भारत को 17 दिसंबर से शुरू होने वाले अपने लगभग सात सप्ताह के दौरे में तीन टेस्ट, तीन वनडे और चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। ये मैच चार स्थानों जोहानिसबर्ग, सेंचुरियन, पार्ल और केपटाउन में खेले जाएंगे। देश के उत्तरी हिस्से में मामले बढ़ रहे हैं और टेस्ट सीरीज के कम से कम दो स्थलों जोहानिसबर्ग और प्रिटोरिया (सेंचुरियन के करीब) में इस नये स्वरूप की चपेट में आ सकते हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को पीटीआई से कहा, ‘देखिए जब तक हमें क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) से वहां की स्थिति का पता नहीं चल जाता तब तक हम अपने अगले कदम के बारे में नहीं बता पाएंगे। वर्तमान कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम को मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज समाप्त होने के बाद आठ या नौ दिसंबर को रवाना होना है।

Published / 2021-11-26 13:55:04
IND vs NZ Test, Day 2: विकेट को तरसे भारतीय गेंदबाज, न्यूजीलैंड का स्कोर 129/0

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बिना विकेट गंवाए 129 रन बना लिए हैं। ओपनर्स विल यंग 180 गेंदों पर 75 रन और टॉम लाथम 165 गेंदों पर 50 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत ने पहली पारी में 345 रन बनाए थे। श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 105 रन की पारी खेली थी। पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल भारत से 216 रन पीछे है। भारतीय टीम 345 रन पर ऑलआउट हुई : भारतीय टीम ने शुक्रवार को चार विकेट पर 258 रन से आगे खेलना शुरू किया और 87 रन जोड़कर 345 रन पर ऑलआउट हो गई। रवींद्र जडेजा के रूप में दूसरे दिन टीम इंडिया को पहला झटका लगा। वे अपने स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ सके और 50 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा 1 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान श्रेयस ने डेब्यू टेस्ट की डेब्यू पारी में सेंचुरी लगाई। श्रेयस अय्यर ने लगाया शतक : श्रेयस भारत की तरफ से डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले 16वें बल्लेबाज हैं। इसके अलावा वह भारत के तीसरे क्रिकेट हैं जिन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाया है। डेब्यू पारी में शतक जड़ने वाला श्रेयस 13वें भारतीय क्रिकेटर हैं। अपनी ही जमीन पर ये कारनामा करने वाले श्रेयस 10वें भारतीय क्रिकेटर हैं। वह 171 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्के की मदद से 105 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें साउदी ने विल यंग के हाथों कैच कराया। न्यूजीलैंड की टीम शानदार बल्लेबाजी : जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि, इस दौरान किस्मत ने भी कीवी बल्लेबाजों का खूब साथ दिया। लाथम तीन बार डीआरएस पर बच गए। वहीं, विल यंग को भी एक बार जीवनदान मिला। उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया और भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। लाथम ने टेस्ट करियर की 20वीं फिफ्टी और यंग ने दूसरी फिफ्टी लगाई।

Published / 2021-11-25 14:44:22
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट : डेब्यू टेस्ट में श्रेयस 75 रन बनाकर नाबाद, पहले दिन जडेजा ने भी जड़ा अर्धशतक

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट गंवाकर 258 रन बना लिए हैं। रवींद्र जडेजा 100 गेंदों पर 50 रन और श्रेयस अय्यर 75 रन बनाकर नाबाद हैं। श्रेयस का यह डेब्यू टेस्ट भी है। न्यूजीलैंड की ओर से सभी विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए। काइल जेमीसन को तीन और टिम साउदी को एक विकेट मिला। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे इस टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। टीम इंडिया ने पहले चार विकेट 145 के स्कोर पर गंवा दिए थे। मयंक अग्रवाल 13 रन बना सके। वहीं, चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे एक बार फिर फेल रहे। पुजारा 26 रन और रहाणे 35 रन बनाकर आउट हुए। शुभमन गिल ने टेस्ट करियर की चौथी फिफ्टी लगाई। वे 93 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। शुभमन ने सात पारियों के बाद फिफ्टी लगाई। वह (22 साल 78 दिन) कानपुर में टेस्ट फिफ्टी लगाने वाले दूसरे युवा भारतीय बने। इसका रिकॉर्ड एमएल जससिम्हा (21 साल 288 दिन) के नाम है। चार विकेट गिरने के बाद श्रेयस अय्यर और रवींद्र जडेजा ने पारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 208 गेंदों पर 113 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम इंडिया की पारी को संभाला। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे श्रेयस ने सूझबूझ वाली पारी खेली और 94 गेंदों पर अपनी पहली फिफ्टी पूरी की। डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में 50 से ज्यादा का स्कोर बनाने वाले अय्यर भारत के 47वें खिलाड़ी बने। साथ ही टेस्ट डेब्यू में न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 से ज्यादा का स्कोर बनाने वाले चौथे भारतीय रहे। उनसे पहले सुरेंदर अमरनाथ (124), कृपाल सिंह (100*), देवांग गांधी (75) और बापू नादकर्णी (68*) यह कारनामा कर चुके हैं। जडेजा ने भी समझदारी वाली पारी खेली और खराब गेंदों पर शॉट लगाए और अच्छी गेंदों को जाने दिया। उन्होंने इस दौरान टेस्ट करियर की 17वीं फिफ्टी लगाई। ऐसा कहा जा रहा था कि इस मैदान पर स्पिनर्स को मदद मिलेगी, लेकिन भारत के सभी विकेट कीवी तेज गेंदबाजों ने लिए। जेमीसन ने 3 और साउदी ने एक विकेट लिया।

Published / 2021-11-24 10:18:41
भारत अगले चार महीने में सात टेस्ट खेलने हैं

एबीएन डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत की जीत टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बहुत जरूरी है। इस सीरीज में भारत दोनों मैच जीतकर टेस्ट चैंपियनशिप के 24 अंक जुटा सकता है। यह सीरीज जीतने के बाद प्वाइंट्स टेबल में बाकी टीमों से काफी आगे हो जाएगा। अभी भी टीम इंडिया प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर है, लेकिन पाकिस्तान और वेस्टइंडीज जीत प्रतिशत के मामले में भारत से ज्यादा पीछे नहीं हैं। ऐसे में यह सीरीज जीतकर टीम इंडिया पाकिस्तान से फासला बनाना चाहेगी। क्या है टीम इंडिया का शेड्यूल : न्यूजीलैंड के बाद भारत को दक्षिण अफ्रीका में तीन टेस्ट खेलने हैं। यह दौरा भारत के लिए आसान नहीं होगा। इसके बाद श्रीलंका भारत आकर दो मैच खेलेगी। यह सीरीज भारत आसानी से जीत सकता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद भारत के पांच में से तीन मैच अफ्रीका में हैं। यहां टेस्ट मैच जीतना भारत के लिए मुश्किल होगा। इसलिए भारत चाहेगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में हर हाल में जीत हासिल करे। पाकिस्तान भी बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहा है और पूरी संभावना है कि पाकिस्तान यह सीरीज जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर आ सकता है। हालांकि भारत न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर पहले नबंर पर बना रह सकता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मिलेंगे 24 प्वाइंट्स : आईसीसी के नियमों के अनुसार एक मैच जीतने पर विजेता टीम को 12 अंक मिलते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों मैच जीतकर भारत 24 अंक हासिल कर सकता है। इसके बाद अफ्रीका में होने वाली सीरीज में 36 अंक और श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में चैंपियनशिप के 24 अंक दांव पर होंगे। अगर भारत न्यूजीलैंड को हराता है तो इस टेस्ट चैंपियनशिप में कीवी टीम की शुरुआत ही खराब होगी। न्यूजीलैंड ने अब तक 2021-2023 की चैंपियनशिप में कोई मैच नहीं खेला है।

Published / 2021-11-24 03:18:40
2 अप्रैल से आईपीएल 2022 की शुरुआत, खेले जाएंगे 74 मैच

एबीएन डेस्क। अगले साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग की तारीखों को ऐलान हो गया है। हालांकि दुनिया की इस सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का शेड्यूल फाइनल नहीं हुआ है। बीसीसीआई ने आंतरिक रूप से प्रमुख हितधारकों को यह जानकारी दी है कि 2 अप्रैल वह संभावित तारीख है जब टूर्नामेंट शुरू हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार 10 टीमें खेलने वाली हैं और कुल 74 मैच खले जाएंगे। इस दौरान सभी टीमें 14-14 मैच खेलेंगी, जिसमें सात अपने होम ग्राउंड पर और सात मैच विपक्षी टीम के होम ग्राउंड पर होने हैं। गौरतलब है कि आईपीएल 2021 का खिताब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर अपने नाम किया था, तो ऐसे में डिफेंडिंग चैम्पियन होने के नाते पहले मैच में सीएसके का सामना पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस के बीच होगा। क्रिकबज के मुताबिक, बीसीसीआई में इस बात पर भी सहमति बन गई है कि अगला सीजन 60 दिनों से भी ज्यादा दिनों तक चलने वाला है। जून के पहले सप्ताह में फाइनल मैच कराए जाने की बात हो रही है, जिसकी संभावित तारीख 4 या 5 जून है।

Published / 2021-11-23 14:49:00
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज : चोटिल केएल राहुल की जगह लेंगे सूर्यकुमार

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के ओपनर लोकेश राहुल चोट के चलते टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। सूर्यकुमार इंग्लैंड दौरे में भी भारतीय टीम का हिस्सा थे। हालांकि उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। बीसीसीआई ने ट्वीट कर बताया कि राहुल की बायीं जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव है और वो टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में भारतीय टीम ने मंगलवार को जमकर पसीना बहाया, लेकिन राहुल इसमें शामिल नहीं थे। वो चोट के चलते प्रैक्टिस में भी शामिल नहीं हुए। उनकी मांसपेशियों में खिंचाव है और मैनेंजमेट उन्हें आराम देना चाहता है ताकि वो अफ्रीका दौरे से पहले पूरी तरह फिट रहें। अभ्यास के दौरान शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल ने पारी की शुरुआत की और पहले टेस्ट में भी यही दोनों भारत के सलामी बल्लेबाज हो सकते हैं। वहीं टीम के उपकप्तान चेतेश्वर पुजारा ने भी बल्लेबाजी की। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में सूर्यकुमार यादव या श्रेयस अय्यर को टेस्ट करियर शुरू करने का मौका मिलेगा। इससे पहले कयास लगाये जा रहे थे कि राहुल और मयंक के ओपनिंग करने पर गिल चौथे नंबर पर खेल सकते हैं, लेकिन राहुल के चोटिल होने के बाद गिल ही भारत के लिए पारी की शुरुआत करेंगे। लोकेश राहुल कई महीनों से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। पहले उन्होंने इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज में हिस्सा लिया फिर आईपीएल 2021 और अंत में टी-20 वर्ल्डकप भी खेला। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी वो तीनों मैच खेले। इस दौरान राहुल ने क्रीज पर काफी समय बिताया और खूब रन भी बनाए। इसी वजह से उन्हें काफी थकान भी हुई और चोट के चलते वो टीम से बाहर हो चुके हैं। पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा (उप-कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), केएस भारत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

Page 193 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse